उदयपुर में बारिश में मौसम को किया ठंडा:रविवार को हल्की धूप निकली, सलूंबर में सबसे ज्यादा 48 और शहर में 6 एमएम बारिश
उदयपुर में पिछले 2 दिनों में हुई बारिश से तापमान में कमी आई है। बारिश के चलते उमस और गर्मी से राहत मिली और तापमान में करीब 32.5 डिग्री बना हुआ है। रविवार को दोपहर तक आसमान में बादलों की आावाजाही होती रही और बारिश का मौसम बनता रहा। हालांकि दोपहर तक बारिश नहीं हुई। सुबह से रूककर हल्की धूप निकली और फिर बादलों के कारण कम हो गई। इससे पहले शनिवार को उदयपुर शहर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री से. और न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री से. दर्ज किया गया। रविवार शाम तक एक बार फिर हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को लेकसिटी में मानूसन की पहली बारिश हुई थी। बाढ़ नियत्रंण केन्द्र से जारी आंकड़ों के अनुसार रविवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में सलूंबर में सबसे ज्यादा 48 एमएम बारिश हुई। वही उदयपुर शहर में सबसे कम 6 एमएम बारिश दर्ज की गई। जयसंमद में 19, देवास में 12 और डाया डैम पर 6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इस सीजन में अब तक उदयपुर में 59 एमएम और सलूंबर में 105 एमएम बारिश हो चुकी है। मानसून की पहली तेज बारिश के बाद उदयपुर के मौसम में ठंडक घुल गई। शनिवार को भी शहर में तेज बारिश का दौर शाम करीब 5 बजे शुरू हो गया था। शहर के अलग-अलग हिस्से में बारिश हुई। शहर के शोभागपुरा 100 फीट रोड पर तेज बारिश के चलते दो पहिया वाहनों पर चल रहे लोग गाड़ियों को रोककर बारिश से बचने का प्रयास करते देखे गए। यहां पर तेज हवा के साथ बारिश हुई। मौसम एक्पपर्ट आरएस देवड़ा ने बताया कि अगले 2-3 दिन बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होगी।

