कृषि अधिकारी के क्वार्टर से जूते-कपड़े-चार्जर तक ले गए चोर:बोले-छुट्टी पर जयपुर गया था, एक महीने में कॉलोनी में तीसरी चोरी
पाली में कृषि विभाग के एक अधिकारी के सरकारी क्वार्टर का दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोर सामान चोरी कर ले गए। चोर घर से जूते, कपड़े, मोबाइल चार्जर, ट्रॉली बैग, प्रेस, पानी की मोटर और 12 हजार रुपए नकद तक ले गए। घटना के समय अधिकारी जयपुर छुट्टी पर गए हुए थे। कोतवाली थानाधिकारी रविंद्र सिंह खिंची ने बताया कि लोढ़ा स्कूल पैकेज कॉलोनी के सरकारी क्वार्टर में रहने वाले कृषि विभाग के कृषि अधिकारी अभिषेक जितरवाल ने 1 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे मोहर्रम की छुट्टी पर जयपुर गए हुए थे। इसी दौरान 26 जून की दोपहर चोर क्वार्टर का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। चोर क्वार्टर से ट्रॉली बैग, तीन घड़ियां, तीन पंखे, प्रेस, पानी की मोटर, कपड़े, जूते, मोबाइल चार्जर सहित घर में रखे 12 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक महीने में कॉलोनी में तीसरी चोरी कृषि अधिकारी अभिषेक जितरवाल ने बताया कि उनके मोहल्ले में पिछले एक महीने में यह तीसरी चोरी की वारदात है। इससे पहले चोर कृषि अधिकारी राजेश मीणा के घर से पानी की मोटर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीपक सिंह के घर से बर्तन व गैस सिलेंडर तक चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रही चोरियों से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है।

