वकील का अपहरण कर मारपीट का आरोप:10 लाख की फिरौती मांगी, छोटीसादड़ी थाने में मामला दर्ज
प्रतापगढ़ के छोटीसादड़ी कस्बे में एक वकील के कथित अपहरण, मारपीट, लूट और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। छोटीसादड़ी थाने में 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आरोप- वैन में जबरन बैठाया और मारपीट की पीड़ित वकील अभिषेक सोलंकी ने रिपोर्ट में बताया- बुधवार रात वह बालाजी मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे। बड़ीसादड़ी दरवाजे के पास हरिओम तेली और उसके साथियों ने उन्हें एक वैन में जबरन बैठा लिया। आरोप है कि वाहन में उनका मुंह दबाकर बड़ीसादड़ी की ओर ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। उनकी जेब से नकदी, मोबाइल फोन और गले की सोने की चेन छीन ली गई। आरोपियों ने उनसे 10 लाख रुपए और 5 तोला सोना फिरौती के रूप में मांगे। नहीं देने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उन्हें वापस छोटीसादड़ी होते हुए प्रतापगढ़ ले गए। रास्ते में हरिओम तेली ने अपने रिश्तेदारों को वाहन से उतार दिया और मुझे लेकर प्रतापगढ़ कोतवाली पहुंचा। वहां उसने वकील पर ही मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। वकील ने छोटीसादड़ी थाने में शिकायत दी घटना छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र की थी, इसलिए दोनों को छोटीसादड़ी थाने भेज दिया गया। इस दौरान हरिओम तेली मौके से फरार हो गया। बाद में वकील अपने परिजनों और परिचितों के साथ छोटीसादड़ी थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। छोटीसादड़ी थाना प्रभारी परवीन टांक ने बताया- वकील की रिपोर्ट पर अपहरण, मारपीट, लूट और फिरौती मांगने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

