विवाहिता को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर रेप:युवक-दोस्तों पर देह शोषण का आरोप, परीक्षा देने जाते समय कार में बैठाकर ले गया
चूरू में एनटीपीसी की परीक्षा देने जा रही एक विवाहिता से कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार विवाहिता राजलदेसर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसकी शादी 18 जुलाई 2021 को सुजानगढ़ तहसील के एक गांव में हुई थी। इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती रतनगढ़ के 24 वर्षीय एक युवक से हुई थी। विवाहिता ने बताया कि 19 जून को उसकी एनटीपीसी की परीक्षा थी। उसके पिता उसे रतनगढ़ के संगम चौराहे पर छोड़कर चले गए। वहां युवक कार लेकर आया और उसे सीकर चलने को कहा। वह उसके साथ कार में चली गई। युवक उसे एक होटल में ले गया, जहां उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे वह बेहोश हो गई। देर रात होश आने पर उसने खुद को निर्वस्त्र पाया और युवक भी निर्वस्त्र था। युवक ने उसकी अश्लील तस्वीरें दिखाकर वायरल करने की धमकी दी और उसे दो-तीन दिन तक होटल में रोके रखा। 21 जून को वह अपने घर वापस आ गई। 24 जून को युवक ने फोन कर उसे राजलदेसर-सिमसिया सड़क मार्ग पर बुलाया। वहां उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर सूरत ले गया। इस दौरान गाड़ी दूसरा युवक चला रहा था। सूरत में एक अन्य युवक भी मिला, जिसने कमरे की व्यवस्था की। वहां भी युवक ने अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उससे दुष्कर्म किया। विवाहिता के अनुसार इस दौरान दो-तीन अन्य युवकों ने भी उसका देह शोषण किया। बाद में इन लोगों ने विवाहिता को राजसमंद में छोड़ दिया। उसके पिता और अन्य परिजन उसे वहां से गांव लेकर आए। परिजनों के पूछने पर विवाहिता ने पूरी घटना बताई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया मामले की जांच कर रहे हैं।

