ज्वेलर से 50 लाख के जेवरात लूटने की कोशिश:आंखों में मिर्ची डालकर बैग छीना; बाइक पर भागे दो बदमाश
जयपुर में ज्वेलर की आंखों में मिर्च डालकर 50 लाख के जेवरातों से भरा बैग लूटने की कोशिश की। ज्वेलर के पीछे आ रहे उनके पिता आए तो बदमाश भाग गए। मामला आमेर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात का है। आमेर थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बाइक पर सवार थे बदमाश थानाधिकारी ने बताया कि ज्वेलर अरुण प्रजापति की अकबरी मस्जिद के पास रानीसती नाम से दुकान है। वह मंलगवार रात दुकान को बंद कर फुलबाग कॉलोनी स्थित अपने घर जा रहा था। उसके पास एक बैग में करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर भी थी। रास्ते में संस्कार स्कूल के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसकी आंखों में मिर्ची डाल दी और जेवर से भरा बैग लूटने की कोशिश की। ज्वेलर के पिता प्रेम प्रजापति दूसरी बाइक से पीछे आ रहे थे। उन्होंने देखा कि दो युवक उनके बेटे से बैग छीनने की कोशिश कर रहे हैं। पिता को देखकर बदमाश घबरा गए और भाग गए। ज्वेलर ने आमेर थाने में आरोपियों के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज कराया है।

