नाबालिग से गैंगरेप, 3 होटलों पर चला बुलडोजर:पुलिस को बंधक मिली थी; संचालक समेत 14 आरोपी गिरफ्तार

श्रीगंगानगर में 13 साल की नाबालिग से हुए गैंगरेप मामले में आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन होटलों को तोड़ दिया। बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस और प्रशासन की भारी मौजूदगी में जेसीबी व हाइड्रोलिक मशीनें मौके पर पहुंचीं और होटल खुंगर, जॉय इन तथा होटल सफायर को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। अब पढ़िए … सिलसिलेवार घटनाक्रम 1. छापेमारी में होटल से बंधक मिली थी नाबालिग 23 जून को पुलिस ने शहर के एक होटल में छापेमारी की थी। इस दौरान 13 साल की नाबालिग लड़की बंधक अवस्था में बरामद हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि होटल संचालक और मैनेजर उसे होटल में रखकर अन्य लोगों को बुलाते थे और गैंगरेप करवाते थे। 2. रिक्शा चालक ने होटल संचालकों को बेचा, शहर में फूटा गुस्सा पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक रिक्शा ड्राइवर उसे होटल संचालकों के पास बेच गया था। घटना सामने आने के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन किए। बढ़ते जनदबाव के बाद प्रशासन ने तीनों होटलों पर बुलडोजर कार्रवाई की। 3. तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान बुधवार तड़के हुई कार्रवाई के दौरान एसडीएम नयन गौतम, एएसपी दीपक शर्मा, सीओ सिटी विष्णु खत्री, कोतवाल सहित 50 से अधिक पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। 4. अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी एसपी हरी शंकर ने बताया – मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की जांच जारी है और जो भी इस मामले में आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *