आदिवासियों के अधिकारों, योजनाओं पर हुआ मंथन:विस्थापन के मुद्दे जताई चिंता, सरमथुरा में सम्मेलन में उमड़े लोग
धौलपुर के सरमथुरा स्थित कन्हैया पैलेस में जिला स्तरीय आदिवासी कांग्रेस सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान आदिवासी समाज के अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और वन अधिकार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि राजस्थान प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोघरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आदिवासी, दलित, पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।
उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा हेतु संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। घोघरा ने यह भी आश्वासन दिया कि सरमथुरा क्षेत्र की समस्याओं को विधायक संजय कुमार के साथ मिलकर विधानसभा में उठाया जाएगा। अभयारण्य के नाम पर विस्थापन के मुद्दे पर जताई चिंता
धौलपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस आदिवासी समाज की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अभयारण्य के नाम पर होने वाले विस्थापन के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भूमि केवल निवास स्थान नहीं, बल्कि लोगों की संस्कृति, परंपरा और भावनाओं से जुड़ी धरोहर है, जिसकी रक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा। प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के संगठन महासचिव हरगुण भोपर और प्रदेश उपाध्यक्ष रितु मीणा ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना आवश्यक है। मिलकर कार्य करने का आह्वान
सम्मेलन की अध्यक्षता जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष रामलखन मीणा ने की। उन्होंने धौलपुर जिले में आदिवासी समाज के हितों और उनकी सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई। पूर्व प्रधान लाखन सिंह खिडोरा ने भी संगठन की एकजुटता और आदिवासी कल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता धनेश जैन ने किया। इस अवसर पर जाटव समाज के जिला अध्यक्ष सुवालाल जाटव, ओबीसी जिला अध्यक्ष सोनू यादव, योगेश शर्मा, रघुवीर मीणा, रामेंद्र मीणा, विनेश, संजय अग्रवाल, पुरुषोत्तम मित्तल, क्यू एम खान सहित जिले के अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

