ट्रांसफार्मर में आग से घरों में फैला करंट, 5 घायल:लाइनमैन ने नहीं उठाया फोन,ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप; मुआवजे की मांग
सलूंबर जिले के धारोद-भागपुर गांव में मंगलवार देर रात बिजली बहाल होते ही बड़ा हादसा हो गया। दोपहर करीब 12 बजे से बंद बिजली रात करीब 10 बजे बहाल हुई। बिजली आते ही अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इसके बाद करीब 10 से 15 घरों में तेज करंट फैल गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। करंट की चपेट में आने से 4 महिलाओं समेत 5 जने घायल हो गए।। परिजनों ने सभी घायलों को तुरंत सलूंबर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, घरों की वायरिंग के जरिए लोहे के सामान में करंट फैल गया। जिसकी चपेट में आने से महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों राजेन्द्र सिंह सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद लाइनमैन राजेश को कई बार फोन किया लेकिन उन्होंने फोन अटेंड ही नहीं किया। विभाग के अन्य अधिकारियों को भी सूचना दी गई। इसके बावजूद कोई मौके पर नहीं पहुंचा। काफी देर तक लोग घरों में करंट की वजह से डर के माहौल में रहे। ग्रामीणों ने उठाई अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग घटना के बाद गांव में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, बिजली विभाग के जेईएन संदीप मीणा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मैं मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। मामले की जांच कराई जाएगी। क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत की जा रही है। घायलों की जानकारी ली गई। हालत खतरे से बाहर है।

