मंत्री के आदेश के बाद भी नहीं खुली सील:UIT सचिव ने कहा – जुर्माना जमा कराना होगा, कुछ आवेदन आए, उनकी सील हटवाएंगे
24 जून को अलवर शहर में कोचिंग सील की गई थीं। 25 जून को वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने आदेश दिया था कि चानक की गई इस कार्रवाई से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसलिए कोचिंग संचालकों से एक शपथ पत्र (Affidavit) लेकर तुरंत सील हटाई जाए। लेकिन मंत्री के आदेशों को IAS अधिकारी यूआईटी सचिव स्नेहल धायगुड़े ने नहीं माना। यूआईटी की ओर सील कोचिंग अभी नहीं खुल सकी हैं। वहीं, निगम के कमिश्रनर ने अगले दिन ही कोचिंग से सील हटा दी थी। कोचिंग संचालकों का कहना है कि मंत्री के आदेश पर यूआईटी में शपथ पत्र भी दिया। इसके बावजूद यूआईटी के अधिकारियों ने कोचिंग की सील हटाने से इंकार कर दिया। नगर निगम के कमिश्रन सोहन सिंह नरूका ने कोचिंग की सील अगले दिन 25 जून को ही हटा दी थी। यूआईटी सचिव स्नेहल का कहना है कि बिना अनुमति के चल रहे कोचिंग संचालकों से 500 रुपए प्रति वर्गमीटर से जुर्माना जमा करने को कहा है। जिनके पास अनुमति है, लेकिन नियमों का उल्लंघन है तो 300 रुपए प्रति वर्गमीटर से राशि जमा करानी होगी। इसके बाद 45 दिन में अन्य शर्तों को पूरा करना होगा। इस शर्त पर अनुमति दी जा सकती है। सोमवार को कुछ आवेदन आए हैं। मंगलवार को उनकी सील हटवाएंगे। मंत्री का आदेश: ‘शपथ पत्र दो और सील हटाओ’ बता दें कि बीते 24 जून को प्रशासन ने नियमों की अनदेखी का हवाला देकर 17 कोचिंग और लाइब्रेरी को सील कर दिया था। इसके अगले ही दिन (25 जून को) वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि अचानक की गई इस कार्रवाई से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसलिए कोचिंग संचालकों से एक शपथ पत्र (Affidavit) लेकर तुरंत सील हटाई जाए और उन्हें नियमों की पूर्ति के लिए एक महीने का समय दिया जाए। निगम ने मानी बात, सचिव अपनी जिद पर मंत्री के इस आदेश के बाद अलवर नगर निगम कमिश्नर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने क्षेत्र की चार कोचिंग की सील हटा दी। लेकिन दूसरी तरफ, यूआईटी सचिव ने मंत्री के आदेश को ठंडे बस्ते में डाल दिया। यूआईटी की ओर से सील की गई करीब 7 कोचिंग्स पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कोचिंग के हजारों अभ्यर्थी परेशान कोचिंग संचालक केपी यादव व मौसम खान ने बताया कि सील न हटाए जाने के कारण शहर के कई बड़े कोचिंग संस्थानों के कमरों में ताले लटके हैं। जिससे कई हजार युवा परेशान हैं। शहर में राजस्थान इंस्टीट्यूट,केपी कैंपस, आधार इंस्टीट्यूट, सार्थक इंस्टीट्यूट, आर्यभट्ट इंस्टीट्यूट, जीनियस एकेडमी, एमकेडी नर्सिंग कोचिंग पर सील लगी हुई है।

