स्लीपर-सेल बबीता धाकड़ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कोर्ट में पेशी:15 दिन की न्यायिक हिरासत बढ़ी, खदीजा को सुरक्षा कारणों से जेल से ही किया गया पेश

आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़कर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा की सोमवार को जयपुर जिला अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई। अदालत ने उसकी न्यायिक हिरासत 15 दिन के लिए बढ़ाते हुए जेल में ही रखने के आदेश दिए हैं। जयपुर जिला अदालत के सीजेएम-2 की कोर्ट में सोमवार को बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी कराई गई। सुरक्षा कारणों के चलते उसे जेल से कोर्ट नहीं लाया गया। पेशी से पहले एटीएस की टीम ने अदालत में आरोपी का वारंट पेश किया। सुनवाई के दौरान अदालत ने बबीता धाकड़ की न्यायिक हिरासत 15 दिनों के लिए बढ़ा दी और उसे जेल में ही रखने के आदेश दिए। इससे पहले शनिवार को सात दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद एटीएस ने उसे जयपुर की वेकेशन कोर्ट में पेश किया था, जहां से दो दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। राजस्थान एटीएस ने बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा को 20 जून को जयपुर से गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में थी और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी गतिविधियों में शामिल थी। गिरफ्तारी के बाद एटीएस ने उससे सात दिन तक गहन पूछताछ की। फिलहाल बबीता धाकड़ न्यायिक हिरासत में जेल में है। एटीएस मामले की जांच जारी रखते हुए उसके संपर्कों, डिजिटल सबूतों और कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *