हॉस्टल में स्टूडेंट्स से मारपीट मामले में क्रॉस केस दर्ज:16 साल के नाबालिग को बंधक बनाकर पीटा था, वीडियो बनाकर रंगदारी मांगने का आरोप

सीकर में बाॅयज हाॅस्टल में बाउंसर्स के स्टूडेंट्स से मारपीट के मामले में क्रॉस केस दर्ज हो गया है। उसी हॉस्टल में रहने वाले एक स्टूडेंट के पिता ने पीड़ित दोनों स्टूडेंट्स समेत कुल 3 स्टूडेंट मारपीट करने, निर्वस्त्र कर वीडियो बनाने और फिर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़ित छात्र के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि बेटे की हालत बिगड़ने पर उसे नवलगढ़ के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित के पिता ने रिपोर्ट दी है कि 25 जून की रात करीब 11 बजे हॉस्टल में रहने वाले 3 स्टूडेंट्स ने 16 वर्षीय नाबालिग का कपड़े से मुंह बंद कर दिया ताकि वह चिल्ला न सके और उसे जबरन उठाकर अपने कमरे में ले गए। रिपोर्ट के अनुसार कमरे में ले जाकर तीनों स्टूडेंट्स ने नाबालिग को निर्वस्त्र कर दिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। नाबालिग के सिर, पीठ, आंख और कान पर गंभीर वार किए, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं और पीठ पर चोट के गहरे निशान हैं। तीनों‌ स्टूडेंट्स ने मारपीट‌ का मोबाइल में वीडियो भी बना लिया। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने नाबालिग को डराया-धमकाया और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसों (रंगदारी) की मांग की। मारपीट के बाद नाबालिग अगले दिन घर लौट आया। उसने परिजनों को तबियत खराब होने और चक्कर आने की बात कहकर खुद को कमरे में बंद कर लिया। रिपोर्ट के‌ अनुसार दिनों तक वह गहरे सदमे में रहा। जब उसकी तबीयत अत्यधिक बिगड़ गई और चक्कर आने बंद नहीं हुए, तब उसने रोते हुए अपने परिजनों को इस पूरी आपबीती की जानकारी दी। परिजन तुरंत उसे लेकर नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। नाबालिग के परिजनों की रिपोर्ट पर सीकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना का कथित वीडियो जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *