1.72 करोड़ रुपए के साइबर फ्रॉड का आरोपी गिरफ्तार:प्रोडक्ट खरीदे बिना ही रिवॉर्ड एप में सेंध लगाई; अब तक 5 पकड़े
एशियन पेंट्स के मास्टरस्ट्रोक रिवॉर्ड ऐप में तकनीकी सेंध लगाकर करीब 1 करोड़ 72 लाख 86 हजार 297 रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में दौसा साइबर थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है, जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। 11 अगस्त को सामने आया था मामला पुलिस के अनुसार, एशियन पेंट्स लिमिटेड के एजीएम ने 11 अगस्त 2025 को साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी के मास्टरस्ट्रोक रिवॉर्ड प्रोग्राम में तकनीकी खामी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने बिना कोई उत्पाद खरीदे ट्रायल एंड एरर पद्धति से फर्जी क्यूआर कोड (QR Code) जनरेट किए और रिवॉर्ड सिस्टम का दुरुपयोग कर कंपनी को 1.72 करोड़ रुपए से अधिक का आर्थिक नुकसान पहुंचाया। एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर क्राइम के पुलिस उपाधीक्षक बृजेश मीना के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए सोनू सैनी (23) निवासी काला काकरा वाली ढाणी, लालसोट को गिरफ्तार किया। पहले चार लोगों की होगी चुकी है गिरफ्तारी पुलिस ने बताया कि इससे पहले अनिल कुमार सैनी, विष्णु कुमार सैनी, रिकु सैनी और राहुल सैनी को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी सोनू सैनी से गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर इस मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

