40 साल से बंद पड़ा भवन ट्रैफिक थाना बनेगा:एसपी सतनाम सिंह कल उद्घाटन करेंगे, नई सुविधा मिलेगी
राईका बाग स्थित पुराने बस स्टैंड के समीप लगभग 80 वर्ष पुराने डीएसपी कार्यालय भवन का पुनरुद्धार कर उसे आधुनिक यातायात पुलिस थाना के रूप में तैयार किया गया है। इस नवनिर्मित थाना भवन का उद्घाटन 29 जून को सुबह 10 बजे एसपी सतनाम सिंह करेंगे। यह भवन दशकों से उपेक्षा का शिकार था। इसकी हालत इतनी जर्जर हो गई थी कि इसके उपयोग से दुर्घटना का खतरा बना रहता था। पिछले लगभग 40 वर्षों से यह भवन पूरी तरह खाली पड़ा था और किसी भी सरकारी कार्य के लिए इस्तेमाल नहीं हो रहा था। कुछ समय पूर्व यातायात पुलिस अधिकारियों ने इंडिया स्टील्स के संचालक एवं समाजसेवी रोशन अली नागौरी से इस भवन के जीर्णोद्धार का आग्रह किया था। नागौरी ने इसे जनहित में महत्वपूर्ण मानते हुए जिम्मेदारी संभाली। मुख्य पुलिस थाने पर कार्यभार कम होगा उन्होंने अपने सहयोगियों रामदेव गाडोदिया, बृजेश गुप्ता, प्रवीण अग्रवाल, अब्दुल रशीद और टीकमचंद सोनी के साथ मिलकर भवन के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू करवाया। पुनरुद्धार के बाद भवन को पूरी तरह नया स्वरूप दिया गया है। सभी कमरों का नवीनीकरण किया गया है, और बीच के खुले हिस्से पर टीन शेड लगाकर बैठक तथा अन्य प्रशासनिक गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाया गया है। थाना परिसर के बाहर आमजन और यातायात पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए एक आधुनिक प्याऊ भी स्थापित की गई है। इस नए भवन से मुख्य पुलिस थाने पर कार्यभार कम होगा, जिससे यातायात प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

