ब्रेकिंग न्यूज़
प्रसूताओं की देखभाल के लिए हर केंद्र पर हेल्प डेस्क के निर्देश

भास्कर न्यूज | झालावाड़ झालावाड़ के मिनी सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत भुगतान 100 प्रतिशत सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। शुभलक्ष्मी योजना की तृतीय किश्त के भुगतान के लिए जिला मुख्यालय पर एनओसी भेजने को कहा गया। बैठक में हाई रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान, नियमित फॉलोअप और सुरक्षित प्रसव पर फोकस करने के निर्देश दिए गए। गर्भावस्था का पंजीकरण 12 सप्ताह से पहले कराने और चार एएनसी जांच अनिवार्य रूप से कराने पर जोर दिया गया। संपूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर 9, 18 और 27 तारीख को आने वाली सभी गर्भवती महिलाओं की गुणवत्तापूर्ण जांच, उपचार और निदान कराने को कहा गया। चिकित्सा संस्थानों में आने वाली गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिन प्रसुताओं का नाम जनआधार में शामिल नहीं है, उनका नाम जोड़कर सत्यापन कराने को कहा गया। कलेक्टर ने ग्रामीण शिविरों में गर्भवती महिलाओं और आमजन की जांच कराने और जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित विभागीय गतिविधियों में कम से कम 95 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का लक्ष्य तय किया गया। एचपीवी टीकाकरण के लिए शिक्षा विभाग के साथ मिलकर चार दिवसीय विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि जिला राज्य में एचपीवी टीकाकरण में चौथे स्थान पर है, लेकिन बकानी, मनोहरथाना, खानपुर और भवानीमंडी ब्लॉक में उपलब्धि कम रही। इन क्षेत्रों में टीम वर्क से सुधार के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *