आर्मी के फर्जी आई-कार्ड के साथ युवक को पकड़ा:बांदनवाड़ा टोल पर दिखाया था कार्ड; कार जब्त
आर्मी के फर्जी आईकार्ड से हाइवे पर टोल बचाने के मामले में एक युवक को पकड़ा गया है। आर्मी इंटेलिजेंस ने बांदनवाड़ा स्थित टोलकर्मियों को टोल से गुजरने के दौरान वाहन चालकों के आर्मी कार्ड सही से जांच करने की हिदायत दी गई। इसके बाद सीकर निवासी कार चालक को पकड़कर भिनाय थाना पुलिस को सौंपा गया। फर्जी आर्मी कार्ड टोल पर दिखाया आर्मी इंटेलिजेंस के सदस्यों ने बताया कि टोल चार्ज बचाने के लिए सैनिक के आई-कार्ड को स्कैन कर उसका दुरुपयोग करने की सूचना मिली थी। इसके बाद बांदनवाड़ा स्थित टोल पर इसकी जानकारी दी गई थी। बांदनवाड़ा टोल से गुजर रही एक कार के चालक ने मंगलवार को आर्मी का आई-कार्ड दिखाकर टोल में छूट देने की बात की गई। आई-कार्ड फर्जी लगने पर टोलकर्मियों ने आर्मी इंटेलिजेंस को सूचना दी। आर्मी इंटेलिजेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आर्मी के आई-कार्ड की जांच की। उक्त कार्ड किसी सैनिक के मूल पहचान पत्र को स्कैन कर रंगीन प्रिंट निकालकर बनाया गया था, जो कि फर्जी है। टोलकर्मियों ने कार चालक सीकर निवासी नीलेश चौधरी को भिनाय थाना पुलिस को सौंप दिया। कार चालक को पाबंद करते हुए कार को 207 एमवी एक्ट में जब्त कर लिया। (इनपुट-सुधीर मित्तल व रियाज अहमद)

