ब्रेकिंग न्यूज़
झालावाड़ में स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस:लाडो योजना का शत-प्रतिशत भुगतान, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, HPV टीकाकरण तेज करने के निर्देश

झालावाड़ में कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने स्वास्थ्य विभाग को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य गतिविधियों में कम से कम 95 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने, लाडो प्रोत्साहन योजना का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने और एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया। स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, लाडो योजना पर जोर मिनी सचिवालय में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे। शुभलक्ष्मी योजना की तीसरी किस्त का भुगतान कर एनओसी जिला मुख्यालय भेजने के भी निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर विशेष निर्देश बैठक में हाई रिस्क प्रेगनेंसी की समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप, सुरक्षित प्रसव, गर्भावस्था का 12 सप्ताह से पहले पंजीकरण, चार एएनसी जांच और संपूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस (9, 18 और 27 तारीख) पर आने वाली सभी गर्भवती महिलाओं की गुणवत्तापूर्ण जांच, इलाज और आवश्यक निदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा संस्थानों में आने वाली गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा जिन प्रसूताओं का नाम जनआधार में दर्ज नहीं है, उन्हें जोड़कर सत्यापन कराने को कहा गया। ग्रामीण शिविरों में आने वाली गर्भवती महिलाओं और अन्य लाभार्थियों की जांच कर जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना भी अनिवार्य किया गया। चिकित्सा विभाग को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य गतिविधियों में कम से कम 95 प्रतिशत उपलब्धि का लक्ष्य दिया गया। एचपीवी टीकाकरण और प्रसूता हेल्प डेस्क का विस्तार जिले में एचपीवी टीकाकरण को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग के सहयोग से चार दिवसीय विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में जिला एचपीवी टीकाकरण में राज्य में चौथे स्थान पर है। बकानी, मनोहरथाना, खानपुर और भवानीमंडी ब्लॉक में कम उपलब्धि पर चिंता जताते हुए टीमवर्क के जरिए सुधार करने को कहा गया। जनाना अस्पताल में शुरू की गई ‘प्रसूता हेल्प डेस्क’ की तर्ज पर उप जिला अस्पताल, सेटेलाइट अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आवश्यकता अनुसार यह सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए गए। दवा उपलब्धता और मौसमी बीमारियों पर फोकस कलेक्टर ने निःशुल्क दवा योजना के तहत आवश्यक दवाओं का पूरा स्टॉक बनाए रखने तथा अतिरिक्त दवाओं को जरूरत वाले जिलों में भेजने के निर्देश दिए। साथ ही मौसमी बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए पहले से कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं तथा जिले के स्वास्थ्य सूचकांकों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में जिला व ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य अधिकारियों और कार्यक्रम प्रबंधकों ने भी विभागीय गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत की। 25 जुलाई को जिला विकास समन्वय समिति की बैठक झालावाड़-बारां सांसद दुष्यन्त सिंह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक 25 जुलाई को सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार में आयोजित होगी। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा ने बताया कि बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। 23 जुलाई को 22 विभागों के ग्रामीण-शहरी सेवा शिविर राज्य सरकार के निर्देशानुसार 23 जुलाई को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में फॉलोअप ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर कमल सिंह यादव ने बताया कि झालावाड़, असनावर, पिड़ावा, भवानीमंडी, गंगधार, अकलेरा, मनोहरथाना और खानपुर उपखंडों की चयनित ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। नगर परिषद झालावाड़ का शहरी शिविर अम्बेडकर भवन तथा अन्य नगरपालिकाओं के शिविर संबंधित कार्यालयों में आयोजित होंगे। 22 विभाग एक ही स्थान पर देंगे सेवाएं इन शिविरों में 22 विभागों की सहभागिता रहेगी, जहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता के अनुसार लाभ, आवेदन, शिकायत निस्तारण और अन्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं तथा आमजन से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *