ब्रेकिंग न्यूज़
अलवर में आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य बारात:दूल्हे के रूप में सजकर रूपबास के लिए होंगे रवाना; दुबई से मंगवाई गई पोशाक

अलवर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की बारात निकलेगी। ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर से बुधवार शाम साढ़े 6 बजे भगवान श्रीजगन्नाथ दूल्हे के रूप में भव्य शृंगार कर इंद्र विमान (रथ) पर सवार होकर माता जानकी को ब्याहने रूपबास के लिए रवाना होंगे। भगवान की बारात को लेकर मंदिर परिसर और शहरभर में उत्सव जैसा माहौल है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं और पूरे क्षेत्र में “जय जगन्नाथ” के जयघोष गूंज रहे हैं। मंदिर में भगवान श्रीजगन्नाथ का विशेष शृंगार किया गया। उन्हें दुबई से मंगवाई गई विशेष पोशाक पहनाई गई तथा दुबई से लाया गया इत्र अर्पित किया गया। सुबह भगवान का 11 पवित्र नदियों के जल से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक किया गया। शाम को मंदिर परिसर में रेड कारपेट बिछाकर भगवान को सम्मानपूर्वक इंद्र विमान तक लाया जाएगा, जिसके बाद भव्य बारात रवाना होगी। 6 किलोमीटर दूरी तय कर निकलेगी यात्रा शहर के सुभाष चौक स्थित मंदिर से निकलने वाली रथ यात्रा करीब 6 किलोमीटर की दूरी तय कर रूपबास पहुंचेगी। यह यात्रा लगभग 14 घंटे तक चलेगी। पूरी रात हजारों श्रद्धालु भगवान के रथ के साथ भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच पैदल चलते हैं। रास्ते में पड़ने वाले सभी प्रमुख मंदिरों में भगवान की पूजा-अर्चना की जाएगी, जबकि विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत करेंगे। बारात मार्ग पर शहरवासियों और सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह प्याऊ, भंडारे और श्रद्धालुओं के लिए अन्य व्यवस्थाएं की हैं। शाम होते-होते प्रमुख चौराहों और मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। भगवान के दर्शन के लिए हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। बारिश से मौसम हुआ सुहावना वहीं, सुबह से हो रही बारिश ने पूरे अलवर का मौसम सुहावना बना दिया है। लगातार बरसात के कारण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। ठंडे मौसम के बीच निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की भव्य बारात को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह और भी बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *