ब्रेकिंग न्यूज़
हनुमानगढ़ के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी:आर्द्रता के कारण उमस बढ़ी, अगले चार दिन बारिश होने की संभावना

हनुमानगढ़ जिले में बुधवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया। शाम करीब 4:30 बजे शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि, बारिश के साथ हवा में नमी बढ़ने से उमस भी महसूस की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बूंदाबांदी से दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, लेकिन आर्द्रता बढ़ने के कारण अगले कुछ समय तक उमस बनी रहने की संभावना है। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रही। दोपहर तक गर्मी और उमस से लोग परेशान थे, लेकिन शाम होते-होते मौसम सुहावना हो गया। हल्की बारिश से सड़कों पर धूल बैठ गई और वातावरण में ठंडक महसूस की गई। यदि रात में भी बादल सक्रिय रहते हैं, तो न्यूनतम तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज की जा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार से शनिवार तक जिले में बादलों की गर्जना के साथ बारिश की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 25 जुलाई तक आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। लोगों को खुले मैदानों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक 26 जुलाई से मौसम में कुछ बदलाव आएगा। 26, 27 और 28 जुलाई को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान मौसम खरीफ फसलों, विशेषकर कपास, बाजरा और मूंग के लिए लाभदायक हो सकता है। हालांकि, किसानों को खेतों में जलभराव से बचाव और बिजली कड़कने के दौरान कृषि कार्यों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में मानसूनी गतिविधियां जारी रहने से जिले में बीच-बीच में बारिश का दौर बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *