कांग्रेस विधायक बोले- छात्रों पर लाठीचार्ज कायराना हरकत:राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर प्रदर्शन किया, नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के सामने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लेने के विरोध में मंगलवार देर शाम को दौसा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक पर धरना दिया और केंद्र सरकार व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एएसपी शंकरलाल मीणा, कोतवाली और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया। विधायक बोले- यह युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास
विधायक दीनदयाल बैरवा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली में विरोध कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना कायराना हरकत है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है और जनता भविष्य के साथ मारपीट करने वालों को कभी माफ नहीं करेगी। इस दौरान दौसा प्रधान प्रहलाद मीणा, सिकंदरा प्रधान सुल्तान बैरवा, पीसीसी सदस्य सुरेन्द्र गुर्जर, हंसराज सिंगवाड़ा, सियाराम दुब्बी, मक्खन डोई, सियाराम सत्तावन, करतार माल, कन्हैया लाल छावड़ी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

