बारिश में भी NTA के खिलाफ स्टूडेंट्स का धरना जारी:तिरपाल का टेंट बनाया, छाते लेकर लगाए नारे; इस्तीफे की मांग दोहराई
झुंझुनूं में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और पेपर लीक के मामलों के विरोध में Gen Z के 11वीं और 12वीं के स्कूली स्टूडेंट्स का धरना मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर मूसलाधार बारिश के बावजूद स्टूडेंट्स डटे रहे। उन्होंने तिरपाल और प्लास्टिक से अस्थायी टेंट बनाया, छाते लेकर प्रदर्शन जारी रखा और NTA को निरस्त करने व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। फोटोज में देखें… बारिश भी नहीं रोक सकी छात्रों का प्रदर्शन मंगलवार को शहर में अचानक तेज मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। आमतौर पर ऐसी स्थिति में प्रदर्शन स्थल खाली हो जाते हैं, लेकिन यहां स्टूडेंट्स अपनी जगह से नहीं हटे। बारिश शुरू होते ही स्टूडेंट्स ने तिरपाल और प्लास्टिक की मदद से अस्थायी टेंट तैयार कर लिया। इसके बाद हाथों में छाते लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर सड़क पर ही प्रदर्शन जारी रखा। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ थीम से कर रहे प्रदर्शन इस आंदोलन की खास बात इसका अलग तरीका है। ‘चेंज मोड ऑन’ ग्रुप के नेतृत्व में चल रहा यह प्रदर्शन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ थीम पर आधारित है। स्टूडेंट्स के इस तरीके की जिलेभर में चर्चा हो रही है। बच्चों के प्रदर्शन को देखकर झुंझुनूं के कई अन्य छात्र संगठन भी धरना स्थल पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया। स्टूडेंट्स का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रा बोली- संविधान ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार दिया है धरना स्थल पर बारिश के बीच बैठी 12वीं क्लास की छात्रा अनुप्रिया ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर स्कूली और कॉलेज के स्टूडेंट्स के साथ पुलिस ने जिस तरह कार्रवाई की, वह गलत और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का अधिकार देता है। वहां किसी तरह की अशांति नहीं थी, फिर भी स्टूडेंट्स के साथ बर्बरता की गई। उन्होंने कहा कि वे इसके खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे। लोकतंत्र बचाने के लिए सड़क पर उतरने की बात धरने में शामिल एक अन्य छात्र ने कहा कि वे केवल अपने लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़क पर उतरे हैं, ताकि देश का हर नागरिक बिना किसी डर के अपना हक मांग सके। कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान स्टूडेंट्स लगातार नारेबाजी करते रहे। धरना स्थल पर “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “NTA को निरस्त करो” और “छात्र एकता जिंदाबाद” के नारे लगाए गए।

