द्वारकाधीश मंदिर के बाहर बृजवासी संघ का प्रदर्शन:युवाओं ने अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई, ट्रस्टी का पुतला फूंका
राजसमंद में बृजवासी संघ के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने रविवार को प्रदर्शन किया। यह कांकरोली स्थित पुष्टिमार्ग की तृतीय पीठ प्रन्यास के द्वारकाधीश मंदिर में अव्यवस्थाओं को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मंदिर के बाहर जमकर नारेबाजी की। मंदिर सलाहकार जयेश शाह का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। मंदिर की पाल को क्षतिग्रस्त करने का आरोप नगर परिषद के पूर्व पार्षद राजू गुर्जर ने आरोप लगाया कि मंदिर विस्तार कार्य के नाम पर ठेकेदार और ट्रस्टी की मिलीभगत से मंदिर की पाल को क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्य का मलबा पवित्र राजसमंद झील में डाला जा रहा है। जिससे पर्यावरण और ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाल पर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन मामलों में कई बार शिकायत करने के बावजूद मंदिर प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। साथ ही वर्षों से मंदिर में सेवा कार्य कर रहे बृजवासी युवाओं को झूठे आरोप लगाकर मंदिर से बाहर किया जा रहा है। इन आरोपों के विरोध में बड़ी संख्या में युवा मंदिर के बाहर इक्ठठा होकर नारेबाजी की और ट्रस्टी का पुतला फूंककर नाराजगी जताई।

