डूंगरपुर: 2 दिन बंद रहेगी बिजली आपूर्ति:220 केवी लाइन निर्माण के चलते कई गांवों में 10-11 घंटे कटौती
उदयपुर-डूंगरपुर 220 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण कार्य के कारण रघुनाथपुरा-मसानिया 11 केवी फीडर से जुड़े गांवों में 20 और 21 जुलाई को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान कई गांवों में 9.5 से 11 घंटे तक की कटौती होगी। दोवड़ा विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (एईएन) ने बताया कि 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन के इरेक्शन कार्य के लिए शटडाउन लिया जाएगा। 20 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक (लगभग 9 घंटे 30 मिनट) बिजली बंद रहेगी। वहीं, 21 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक (लगभग 11 घंटे) विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस निर्धारित शटडाउन से रघुनाथपुरा-मसानिया 11 केवी फीडर से जुड़े सभी गांव और क्षेत्र प्रभावित होंगे। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और सहयोग बनाए रखें। विद्युत विभाग के अनुसार, 220 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इससे भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर और अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

