महिला थाने में ASI की हार्ट अटैक से मौत:ड्यूटी के दौरान सांस लेने में हुई थी परेशानी; 3 महीने पहले हुआ था प्रमोशन
दौसा के महिला थाने में तैनात ASI की शनिवार रात ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। ASI गिरधारी लाल मीणा (56) थाने में ड्यूटी ऑफिसर की जिम्मेदारी निभा रहे थे। महिला थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया- रात 11:30 बजे गिरधारी लाल की तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी होने लगी। इसके बाद वे अचेत हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरके मीणा ने बताया- ASI को बेचैनी और घबराहट की शिकायत पर इमरजेंसी यूनिट में इलाज के लिए लेकर आए थे। प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। 3 महीने पहले हुआ था प्रमोशन गिरधारी लाल मूल रूप से अलवर जिले के प्रतापगढ़ क्षेत्र के हमीरपुर के रहने वाले थे। उनके परिवार में एक बेटा और तीन बेटी हैं। उन्होंने पुलिस विभाग में करीब 35 साल तक सेवाएं दीं। वे लंबे समय तक दौसा कोतवाली थाने में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर भी कार्यरत रहे। करीब तीन माह पहले प्रमोशन के बाद ASI बने थे। प्रमोशन के बाद उनका ट्रांसफर महिला थाने में किया गया था। पुलिस अफसरों ने दी श्रद्धांजलि रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव हमीरपुर ले गए। … यह खबर भी पढ़ें… सेना के जवान की हार्ट अटैक से मौत:आखिरी बार हुई थी पत्नी से बात, कहा था- जल्द 5 दिन की छुट्टी लेकर आऊंगा कोटपूतली-बहरोड़ जिले के सेना के जवान की सोमवार को ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। पावटा क्षेत्र के गांव लाड़ा का बास निवासी नायब सूबेदार बनवारी लाल खोजा (47) यूपी में मेरठ कैंट में तैनात थे। (पूरी खबर पढ़ें)

