हेरोइन तस्करी: एक ही परिवार के तीन और सदस्य गिरफ्तार:'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत 30.41 ग्राम हेरोइन बरामद
हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने 30.41 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में एक ही परिवार के तीन और सदस्यों को गिरफ्तार कर तस्करी के संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। इससे अब गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार के सदस्य मिलकर हेरोइन की खरीद-फरोख्त और सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। तीनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पहले महिला सदस्य हुई थी गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, सुरेशिया निवासी बॉबी उर्फ बॉबी कल्याण (29), राहुल उर्फ राहुल कल्याण (32) और सन्नी उर्फ शनि कल्याण (24) को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले 29 जून को इसी परिवार की महिला सदस्य इच्छा देवी उर्फ इच्छो को 30.41 ग्राम हेरोइन के साथ जंक्शन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद से उसके दो बेटे और एक अन्य परिजन फरार चल रहे थे। तकनीकी निगरानी से तीनों दबोचे पुलिस ने लगातार निगरानी और तकनीकी इनपुट के आधार पर फरार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश करने के बाद तीनों को पुलिस रिमांड पर लिया गया, जबकि इच्छा देवी पहले ही न्यायिक अभिरक्षा में भेजी जा चुकी है। पूरे परिवार के तस्करी नेटवर्क का खुलासा जांच में सामने आया है कि इच्छा देवी अपने दो बेटों और जेठ के लड़के के साथ मिलकर गिरोह बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रही थी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों, मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और खरीद-बिक्री के पूरे तंत्र की जानकारी जुटा रही है। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत की गई। एएसपी अरविंद और सीओ सिटी मीनाक्षी के सुपरविजन में जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कस्वा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहले भी दर्ज हैं एनडीपीएस के मामले पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसी अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और पूरे ड्रग नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। एसपी बी. आदित्य ने पहले ही स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

