ब्रेकिंग न्यूज़
डूंगरपुर में ग्रामीण विकास मिशन की समीक्षा:4.26 लाख जॉब कार्ड और नए रोजगार अवसरों पर फोकस

भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के अतिरिक्त महानिदेशक महेंद्र कुमार उज्जैनिया के नेतृत्व में केंद्रीय दल ने रविवार को डूंगरपुर में विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025 की समीक्षा की। बैठक में जिले में जारी 4.26 लाख जॉब कार्ड, 5.44 लाख सक्रिय श्रमिकों की स्थिति और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा हुई। साथ ही रेलवे स्टेशन पर कुल्हड़ स्टॉल, स्कूलों के विकास कार्य और अन्य आधारभूत परियोजनाओं को मिशन से जोड़ने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर जिला परिषद के ईडीपी सभागार में आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर देशलदान सहित केंद्रीय और राज्य स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। केंद्रीय दल के सदस्य डिप्टी सेक्रेटरी प्रभात कुमार, अंडर सेक्रेटरी घनश्याम मीणा और जयपुर से आए अधिशासी अभियंता संजय खंडेलवाल ने मिशन के तहत जिले में संचालित गतिविधियों और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों को योजनाओं के पारदर्शी संचालन, प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। 4.26 लाख जॉब कार्ड, 5.44 लाख सक्रिय श्रमिक जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हनुमान सिंह राठौड़ ने जिले की उपलब्धियां प्रस्तुत करते हुए बताया कि अब तक 4.26 लाख जॉब कार्ड जारी किए जा चुके हैं। जिले में 8.24 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, जिनमें से 5.44 लाख सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। रोजगार के साथ विकास कार्यों को भी मिलेगी गति अतिरिक्त महानिदेशक महेंद्र कुमार उज्जैनिया ने कहा कि मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है। अब इस मिशन के तहत रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ विकासोन्मुखी कई नए प्रकार के कार्य भी कराए जा सकेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कुल्हड़ स्टॉल और स्कूल विकास के प्रस्ताव सीईओ हनुमान सिंह राठौड़ ने बताया कि लघु उद्योग भारती के सहयोग से रेलवे स्टेशन पर मिट्टी के कुल्हड़ों की स्टॉल स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इससे स्थानीय कुम्हारों और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी हेमंत पंड्या ने बताया कि स्कूल मैदानों के समतलीकरण, चारदीवारी निर्माण और अन्य आधारभूत विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। जलदाय विभाग और पीएचईडी के अधिकारियों ने भी अपने विभागों से संबंधित प्रस्तावित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। अधिकारी रहे मौजूद बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रकाश चंद्र रैगर, जिला परिषद सीईओ हनुमान सिंह राठौड़, एसीईओ बाबूलाल, अधिशासी अभियंता महेश ओझा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *