ब्रेकिंग न्यूज़
डिग्गी-कल्याणजी की 61वीं लक्खी पदयात्रा का पोस्टर लॉन्च:18 अगस्त को जयपुर के ताड़केश्वर मंदिर से होगी रवाना

टोंक जिले के प्रसिद्ध मंदिर डिग्गी कल्याण जी में शनिवार को 61वीं लक्खी पदयात्रा का पोस्टर लॉन्च हो गया। यह पैदल यात्रा 18 अगस्त को जयपुर के ताड़केश्वर मंदिर से शुरू होगी और 22 अगस्त को डिग्गी धाम पहुंचेगी पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम में पदयात्रा से जुड़े पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर यात्रा के सफल आयोजन का संकल्प लिया। विमोचन जयपुर लक्खी पदयात्रा के संचालक श्रीजी शर्मा, पत्रकार मनोज टांक, दीपांशु पाराशर और अन्य श्रद्धालुओं ने किया। पदयात्रा के पदाधिकारी बोले- जयपुर से डिग्गी कल्याणजी तक निकलने वाली लक्खी पदयात्रा वर्षों से आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का प्रतीक रही है। हर साल हजारों श्रद्धालु भगवान श्री कल्याणजी महाराज के दर्शन के लिए पैदल यात्रा कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करते हैं। पोस्टर विमोचन के साथ ही पदयात्रा की तैयारियों को गति देने पर भी चर्चा की गई। पदयात्रा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कल्याणजी महाराज के दर्शन कर यात्रा के सफल एवं मंगलमय आयोजन की प्रार्थना की। लक्खी पदयात्रा की जानकारी 18 अगस्त को यात्रा सुबह 9 बजे जयपुर के ताड़केश्वर मंदिर से शुरू होगी। यात्रा 19 अगस्त को मदरामपुरा/हरसूलिया, 20 अगस्त को फागी और 21 अगस्त को चौसला में रुकेगी। 22 अगस्त को डिग्गी पहुंचने पर शाम 5 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। लक्खी पदयात्रा में राजस्थान और अन्य राज्यों से लाखों भक्त नंगे पैर चलते हैं। डिग्गी कल्याण जी का मंदिर टोंक की मालपुरा तहसील के डिग्गी कस्बे में है। यह स्थान जयपुर से लगभग 75 किलोमीटर की दूरी पर है। इनपुट:दीपांश दीपांशु पाराशर, डिग्गी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *