जोधपुर में फिर 5 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी:तीन ICU में; 1 वेंटिलेटर पर, उम्मेद हॉस्पिटल का दावा-सभी रेफर होकर आईं
जोधपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद फिर प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आय है। पिछले दो दिन में 5 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी है। इन सभी का इलाज उम्मेद हॉस्पिटल में चल रहा है। उम्मेद हॉस्पिटल के सुप्रीडेंट डॉ. मोहन मकवाना ने बताया कि प्रसूताएं अलग-अलग सेंटर से रेफर हुई थीं। एक को वेंटिलेटर पर रखना पड़ा था। बाकी की हालत में सुधार है। वैसे मेडिसिन सभी को एक जैसी दी जा रही है। ऐसे में मेडिसिन को लेकर कोई संशय नहीं है। फिर भी डायरेक्शन मिले तो जांच करवा दी जाएगी। डिलीवरी के दौरान ज्यादा ब्लड लॉस हुआ डॉ. मोहन मकवाना ने बताया कि इन पांचों प्रसूताओं की डिलीवरी के बाद ब्लड लॉस ज्यादा हो गया था। इसकी वजह से इनकी तबीयत बिगड़ी और हायर सेंटर रेफर किया गया। इनमें से चार को आईसीयू में एडमिट किया गया था। इनमें से एक वेंटिलेटर पर है। जबकि तीन अब भी आईसीयू में एडमिट हैं। एक प्रसूता सामान्य वार्ड में एडमिट है। पांच प्रसूताएं अलग-अलग सेंटर से हुईं रेफर एक महीने में 13 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी पिछले एक महीने में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 13 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। इससे पहले 20 जून को भी पावटा के डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 8 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद इनमें से 2 को पहले मथुरादास माथुर हॉस्पिटल और फिर एम्स में रेफर किया गया था। जबकि 6 प्रसूताओं का इलाज पावटा के ही डिस्ट्रीक्ट हॉस्पिटल में चला था। हालांकि इसके बाद इनकी तबीयत में सुधार हुआ और फिर सभी को छुट्टी दे दी गई थी। इस मामले में हुई ओटी, दवाई और प्रसूताओं की सभी जांच सामान्य आई थी। गलत खून चढ़ाने से बिगड़ी थी प्रसूता की तबीयत इससे पहले उम्मेद हॉस्पिटल में ही धापू नाम की एक प्रसूता को गलत खून चढ़ाने का मामला सामने आया था। इस मामले को भी अस्पताल प्रशासन ने दबाए रखा। धापू की 11 जुलाई को नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। लेकिन, खून की कमी के चलते उसे बावड़ी से उम्मेद हॉस्पिटल रेफर किया गया था। यहां उसे 11 जुलाई को ओ पॉजिटिव खून चढ़ाया गया। लेकिन, एक नाम की दो प्रसूता होने से गफलत हो गई थी, जिससे उसे ओ पॉजिटिव की जगह बी पॉजिटिव ग्रुप का खून चढ़ा दिया गया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और यूरिन बंद हो गया था। किडनी में इन्फेक्शन हो गया और उसे 13 जुलाई को महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया। जहां उसका डायलिसिस चल रहा है और अभी वह आईसीयू में एडमिट है। जांच कमेटी की रिपोर्ट में लापरवाही आई सामने इस मामले को लेकर शुक्रवार को ही जांच कमेटी ने मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा को रिपोर्ट सौंपी थी। इसमें बताया गया कि बिना क्रॉस चेक किए प्रसूता को गलत खून चढ़ाया गया था। साथ में ये भी बताया गया कि इसमें रेजिडेंट डॉक्टर्स से लेकर लैब टेक्नीशियन और नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही थी। इसे लेकर अब नोटिस देने की तैयारी की जा रही है। …. ये खबर भी पढ़िए… 1. गलत ब्लड से यूरिन बंद हुआ,प्रसूता की किडनी में इन्फेक्शन:उम्मेद हॉस्पिटल में O+ की जगह B+ ब्लड चढ़ाया; परिजन बोले-खून चढ़ाते ही कंपकपी छूटने लगी जोधपुर के उम्मेद अस्पताल में एक प्रसूता को गलत ब्लड चढ़ाने का मामला सामने आया है। जोधपुर जिले के डावरा बावड़ी निवासी धापू भील (24) को सामान्य प्रसव के बाद एनीमिया व अन्य कारणों से उम्मेद अस्पताल रेफर किया गया था। (पढ़िए पूरी खबर) 2. भीलवाड़ा MGH से रेफर प्रसूता की उदयपुर में मौत:परिजन बोले- ऑपरेशन के समय पेट में गंदा पानी रहने से संक्रमण फैला, लापरवाही बरती भीलवाड़ा से गंभीर हालत में उदयपुर रेफर की गई 19 साल की ज्योति कुमारी की 13 जुलाई को उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरी खबर पढ़िए…

