ब्रेकिंग न्यूज़
अलवर में आज और कल हल्की बारिश के आसार:20-22 जुलाई को बिजली गिरने का अलर्ट जारी, IMD ने दी खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह

अलवर में आज और कल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार रात शहर के कुछ इलाकों में करीब 20 मिनट तक अच्छी बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में बूंद तक नही गिरी। देर रात हुई बारिश से लोगों को दिन-भर की उमस से राहत मिली। इन दिनों जिले का मौसम लगातार करवट ले रहा है। कभी घने बादल छा जाते हैं तो कभी तेज धूप निकल जाती है, जिससे उमस और गर्मी का असर बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शनिवार को जिले में सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 18 और 19 जुलाई को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं 20 से 22 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। इस बार जिले में मानसून की बारिश सामान्य से काफी कम हुई है। पिछले वर्ष की तुलना में अब तक आधी भी बारिश नहीं होने से किसानों के साथ-साथ प्रकृति प्रेमियों की चिंता भी बढ़ गई है। अच्छी बारिश होने पर सरिस्का, सिलीसेढ़ झील, बालाकिला और वाटरफॉल जैसे पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। वहीं नदियों, बांधों और जलाशयों में पानी भरने का इंतजार भी लोगों को है। अब सभी की नजरें मानसून के फिर से सक्रिय होने और अच्छी बारिश पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *