ब्रेकिंग न्यूज़
सागवाड़ा में बिजली कर्मचारी पर पोल शिफ्टिंग के दौरान हमला:लकड़ी और डंडे से मारपीट, राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज

डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा उपखंड के सेलोता गांव में बिजली निगम के एक लाइनमैन पर सरकारी कार्य के दौरान हमला किया गया। पोल शिफ्टिंग का काम कर रहे लाइनमैन ओमप्रकाश मीणा के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई, जिससे सरकारी काम में बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लाइनमैन ओमप्रकाश मीणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सहायक अभियंता के निर्देश पर उन्हें सेलोता में नवीन पाटीदार के घर के पास बिजली का पोल शिफ्ट करने का आदेश मिला था। जब ओमप्रकाश अपनी टीम कैलाश, दिनेश, रोहित और पुष्पेंद्र के साथ मौके पर पहुंचे और पोल शिफ्टिंग का कार्य शुरू किया। इसी दौरान नवीन पाटीदार, केबलजी पाटीदार, रीता केबल और हंतोक पाटीदार वहां आ गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सरकारी काम रोकने की धमकी दी। जब ओमप्रकाश ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि यह उनके अधिकार क्षेत्र का काम है, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार रीता पाटीदार ने लकड़ी और डंडे से ओमप्रकाश के साथ मारपीट की, जबकि अन्य आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस हमले में ओमप्रकाश के शरीर, गाल, हाथ और पैर पर चोटें आईं। हमले और विरोध के चलते पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा नहीं हो सका। पीड़ित ने घटना की सूचना तुरंत सहायक अभियंता को फोन पर दी। बाद में, उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट और वीडियो सबूतों के साथ उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। अधिकारियों के निर्देश पर पीड़ित ने सागवाड़ा थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *