ब्रेकिंग न्यूज़
कोटा में 2 दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून:एक घंटा बारिश के बाद भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली, आज तेज धूप रही

कोटा और हाड़ौती अंचल में मौसम लगातार बदल रहा है। शुक्रवार को लंबे इंतजार के बाद हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी थी। वहीं, शनिवार सुबह से ही मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली। तेज धूप और हवा में नमी के कारण पूरा शहर उमस की चपेट में है। इससे लोग पसीने से तर-बतर हो रहे है। वहीं, 21 जुलाई से मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेजी से बढ़ेंगी। शुक्रवार को कोटा शहर समेत ग्रामीण इलाकों में करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश दर्ज की गई थी। इससे एक बार तो मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। लेकिन बारिश का यह दौर लंबा नहीं खिंचा। कोटा में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री रहा। गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद थी शुक्रवार को कुल 16.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार की बारिश के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि तापमान में गिरावट आएगी। लेकिन शनिवार सुबह से ही शहर में तेज धूप खिली हुई है। हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस का स्तर काफी बढ़ गया है। इससे राहगीर और बाजार आने वाले लोग पसीने से तर-बतर नजर आ रहे हैं। फसलों को मिली संजीवनी, लेकिन कुछ इलाके अब भी सूखे शुक्रवार को कोटा के साथ-साथ कैथून और खेड़ारामपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई अच्छी बारिश पिछले कई दिनों से सूख रही उड़द, सोयाबीन और धान की फसलों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं रही। हालांकि, भांडाहेड़ा और चारचौमा जैसे क्षेत्र कल भी सूखे रह गए, जहां किसान आज फिर चिलचिलाती धूप के बीच आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। क्यों बदला मौसम और कब मिलेगी राहत मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) इस समय पश्चिम बंगाल और झारखंड के पास सक्रिय है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी उत्तर भारत की ओर बढ़ रही है। आगामी 21 जुलाई से कोटा संभाग में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेजी से बढ़ेंगी। ऐसे में माना जा रहा है कि कोटावासियों को इस मौजूदा धूप और उमस से जल्द ही बड़ी राहत मिलेगी। मौसम केंद्र के अनुसार मानसून का सिस्टम अभी पूरी तरह सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *