सनातन धर्म कॉलेज में छात्रा से छेड़छाड़, लाइब्रेरी का संविदा कर्मी गिरफ्तार हुआ
भास्कर न्यूज|ब्यावर राजकीय सनातन धर्म महाविद्यालय में शुक्रवार दोपहर छात्रा से छेड़छाड़ के बाद माहौल गर्मा गया। छात्रा ने आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर की लाइब्रेरी में वहां काम करने वाले संविदा कर्मी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। सूचना पर साकेत नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपी संविदा कर्मी को हिरासत में ले लिया गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर महाविद्यालय में द्वितीय वर्ष की एक छात्रा पढ़ाई करने के लिए कॉलेज की लाइब्रेरी में गई थी। इसी दौरान वहां कार्यरत संविदा कर्मी रेलड़ा निवासी श्रवण कुमार ने छात्रा को अकेली देख छेड़छाड़ कर दी। छात्रा ने शोर मचाया। लाइब्रेरी और आसपास मौजूद अन्य विद्यार्थी तुरंत मौके पर एकत्रित हो गए। छात्रा शिकायत लेकर प्राचार्य कक्ष में पहुंची। घटना की जानकारी मिलने पर कॉलेज प्रशासन ने छात्रा के परिजनों को कॉलेज बुलाया। साकेत नगर थाना पुलिस को भी सूचित किया। आरोपी युवक श्रवण कुमार को थाने ले गई। कॉलेज में ढाई साल से कार्यरत था आरोपी : आरोपी श्रवण कुमार ढाई साल से राजकीय सनातन धर्म महाविद्यालय की लाइब्रेरी में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। साकेत नगर थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया ने कहा कि आरोपी को फिलहाल शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया है। महाविद्यालय प्रबंधन अथवा पीड़ित छात्रा के परिजनों से औपचारिक शिकायत मिलते ही आरोपी युवक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

