ब्रेकिंग न्यूज़
तीन थाना इलाकों से तीन बाइक चोरी:मंडी से पैसे और मोबाइल समेत बाइक चोरी हुई; पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

अलवर शहर में बाइक चोर लगातार सक्रिय बने हुए हैं। कोतवाली, अरावली विहार और एनईबी थाना क्षेत्र से तीन मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले सामने आए हैं। तीनों मामलों में संबंधित थानों ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मिर्जापुर निवासी जितेंद्र चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 जुलाई को वह कंपनी गार्डन में कवरेज के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल (आरजे-02-वीबी-3486) कंपनी गार्डन के पीछे अशोक लेमिनेशन के पास खड़ी की थी। करीब 45 मिनट बाद लौटे तो बाइक गायब मिली। बाइक पर “PRESS” लिखा हुआ था, जिससे उसकी पहचान आसानी से हो सकती है। दूसरा मामला अरावली विहार थाना क्षेत्र का है। ग्रीन पार्क, मालवीय नगर निवासी माधुरी सैन ने बताया कि 15 जुलाई की शाम उनके घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल (आरजे-02-डीएफ-9398) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी हैं। तीसरा मामला एनईबी थाना क्षेत्र का है। हादरहेड़ा निवासी राजकुमार ने रिपोर्ट में बताया कि 7 जुलाई को वह सब्जी मंडी खरीदारी करने गए थे। बारिश शुरू होने पर उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (आरजे-02-डीजे-7125) के बॉक्स में ओप्पो रेनो 14 5जी मोबाइल और 3,500 रुपये रख दिए। सब्जी लेकर लौटे तो बाइक सहित मोबाइल और नकदी भी चोरी हो चुके थे। तीनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *