ब्रेकिंग न्यूज़
रिश्वत के आरोपों के बाद मोठपुर थानाधिकारी सस्पेंड:कॉन्स्टेबल को किया लाइन हाजिर, एसपी ने जारी किए आदेश

बारां एसपी ने रिश्वत मांगने के आरोपों के बाद मोठपुर थानाधिकारी देवकरण चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि कॉन्स्टेबल कुलदीप को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। एसपी के आदेश के अनुसार उप निरीक्षक देवकरण चौधरी के खिलाफ पुलिस थाना मोठपुर के मामले में गंभीर अनियमितता, लापरवाही और दोषपूर्ण अनुसंधान के आरोप हैं। उन पर मामले की जांच में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है।
इस आधार पर उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संचित पुलिस लाइन बारां रहेगा। सूत्रों के अनुसार, यह मामला थानाक्षेत्र में काम कर रही एक कंपनी के पाइप चोरी की घटना से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। युवती के बयान पक्ष में करवाने के बदले में मांगे थे 50 हजार
गौरतलब है कि एसीबी ने हाल ही में देवकरण चौधरी और कॉन्स्टेबल कुलदीप के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया था। आरोप है कि परिवादी के बेटे को पुलिस कार्रवाई में राहत दिलाने और भगाकर ले गई युवती के बयान परिवादी के पक्ष में करवाने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। गोपनीय सत्यापन के दौरान कॉन्स्टेबल कुलदीप द्वारा 20 हजार रुपए लेने की पुष्टि हुई थी। ट्रैप की भनक लगने पर शेष राशि नहीं ली गई।
सत्यापन में रिश्वत मांगने और राशि लेने की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में कॉन्स्टेबल कुलदीप को पुलिस लाइन हाजिर किया गया है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *