रेवाड़ी में बोलेरो पलटने से 6 श्रद्धालु घायल:रॉन्ग साइड में जाकर ट्राले से टकराई; खाटू श्याम से लौटते समय हादसा

रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया। निखरी फ्लाईओवर के पास खाटू श्याम धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए रॉन्ग साइड में चली गई और एक ट्रॉला से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार कई श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, राजस्थान नंबर की बोलेरो कार जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। वाहन में खाटू श्याम धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु सवार थे। निखरी फ्लाईओवर के पास अचानक ड्राइवर का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद बोलेरो डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड में पहुंच गई और सामने से आ रहे ट्रॉला से टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी पलट गई। महिलाओं समेत सभी को आई चोटें बताया जा रहा है कि बोलेरो में महिलाओं समेत 7 श्रद्धालु सवार थे। हादसे में महिलाओं सहित सभी यात्रियों को चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे के एक हिस्से पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। राहगीरों ने दिखाई तत्परता हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवा दिया गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों की पहचान और वे किस क्षेत्र के रहने वाले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। साथ ही उन्हें किस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसका भी अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *