ब्रेकिंग न्यूज़
अमरनाथ यात्रा में कोई कचरा नहीं फैलेगा:ऐसा करने वाली देश की पहली धार्मिक यात्रा; 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालु शामिल

अमरनाथ यात्रा देश की पहली ‘जीरो लैंडफिल पिलग्रिमेज’ बनने जा रही है। तीन जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली इस यात्रा में चार लाख से ज्यादा श्रद्धालु शामिल होंगे। बावजूद इसके कोई कचरा लैंडफिल में नहीं जाएगा। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 को ‘जीरो लैंडफिल पिलग्रिमेज’ बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसके तहत यात्रा मार्ग पर निकलने वाले कचरे को संसाधन में बदला जा रहा है। खच्चरों के गोबर से बायोगैस बनाई जाएगी। प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए वाटर एटीएम लगाए गए हैं और पूरे मार्ग पर वैज्ञानिक तरीके से ठोस व तरल कचरे का प्रबंधन किया जा रहा है। यह पहल स्वाहा रिसोर्स मैनेजमेंट और जम्मू-कश्मीर के ग्रामीण स्वच्छता विभाग कर रहा है। 700 मीट्रिक टन कचरा निकलेगा अनुमान है कि यहां करीब 700 मीट्रिक टन कचरा निकलेगा। इसके लिए बालटाल व पहलगाम दोनों मार्गों पर डस्टबिन लगाए हैं और विशेष सफाई दल तैनात किए गए हैं, जो ठोस और तरल दोनों प्रकार के कचरे का संग्रह और वैज्ञानिक निस्तारण कर रहे हैं। ग्रामीण स्वच्छता विभाग की महानिदेशक अनु मल्होत्रा बताती हैं कि यात्रा शुरू होने के पहले दिन से ही सफाईकर्मी लगातार कचरा एकत्र कर रहे हैं और हाई-एंड मशीनों के जरिए उसका वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है। अमरनाथ गुफा में शिवलिंग पूरी तरह पिघला अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक बर्फ का शिवलिंग लगभग पूरी तरह पिघल गया है। अभी यात्रा के पांच दिन ही बीते हैं। 57 दिन चलने वाली यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी। यात्रा के पहले चार दिनों में करीब 86 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में दर्शन किए। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को पांचवें दिन यह संख्या 1 लाख के पार पहुंचने की उम्मीद है। यात्रा के लिए इस साल 4 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। यानी कि अभी 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का दर्शन करना बाकी है। पूरी खबर पढ़ें… 9 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन स्लॉट बुक, प्रशासन बोला- नए यात्री कुछ दिन रुकें जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बिना रजिस्ट्रेशन करवाए अमरनाथ पहुंच रहे यात्रियों से कहा है कि वे अपनी यात्रा कुछ दिन के लिए टाल दें। प्रशासन के मुताबिक, 9 जुलाई तक सभी रजिस्ट्रेशन स्लॉट पूरी तरह भर चुके हैं। ऐसे में अगर कोई यात्री बिना रजिस्ट्रेशन बालटाल या पहलगाम रूट से आगे बढ़ने की कोशिश करेगा तो उसे चेक पॉइंट्स पर रोक दिया जाएगा। उसे 9 जुलाई के बाद ही आगे बढ़ने दिया जाएगा।अधिकारियों ने कहा कि रविवार से केवल रजिस्टर्ड यात्री ही कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। अमरनाथ गुफा में शिवलिंग पूरी तरह पिघला अमरनाथ का हिम शिवलिंग किसी बर्फ के ब्लॉक को तराशकर नहीं बनाया जाता, बल्कि यह प्राकृतिक आइस स्टैलेग्माइट है। जैसे चूना-पत्थर की गुफाओं में जमीन से खनिज जमा होकर स्टैलेग्माइट बनते हैं, उसी तरह अमरनाथ गुफा में छत से टपकने वाला पानी जमकर बर्फ का शिवलिंग बनाता है। इसका आकार हर साल मौसम, तापमान और पानी की उपलब्धता के अनुसार अलग-अलग होता है। यही इसकी सबसे अनोखी विशेषता है। यात्रा के 2 रूट, एक 48km लंबा लेकिन सरल, दूसरा 14km का लेकिन कठिन चढ़ाई अमरनाथ यात्रा दो रास्तों से की जाती है। पारंपरिक रास्ता 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम से है। दूसरा रास्ता गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल से है। यात्रा 28 अगस्त को खत्म होगी। ——————————————- ये खबर भी पढ़ें… 170 यात्रियों का जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना:खैरथल में श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह, जयकारों से गूंजा वातावरण खैरथल में रविवार को 170 श्रद्धालुओं का जत्था पवित्र बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा श्री अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडल खैरथल के तत्वावधान में आयोजित की गई। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री श्याम मंदिर के सामने एक कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को विदाई दी गई। पूरी खबर पढ़ें…

रूस-ईरान ने क्रिप्टो में ₹9.92 लाख करोड़ का व्यापार किया:दुनिया के बैंकिंग सिस्टम से अलग नेटवर्क बनाया; ड्रोन, तेल और हथियार खरीदे

रूस, ईरान और उत्तर कोरिया ने दुनिया की बैंकिंग व्यवस्था से अलग क्रिप्टो के जरिए एक समानांतर भुगतान सिस्टम खड़ा कर लिया है। क्रिप्टो लेनदेन पर नजर रखने वाली संस्था चेनालिसिस के मुताबिक, 2025 में इन्होंने क्रिप्टो के जरिए ₹9.92 लाख करोड़ का लेनदेन किया है। यह 2024 के मुकाबले 8 गुना ज्यादा है। ये देश इस रकम का इस्तेमाल सिर्फ ट्रेड या बचत के लिए नहीं, बल्कि ड्रोन, हथियारों के पुर्जे, सैन्य तकनीक व तेल के भुगतान में कर रहे हैं। रूस ने अपनी क्रिप्टो करेंसी तैयार की रूस ने रूबल से जुड़ा ए75 टोकन तैयार किया। इसमें रूस में रूबल देकर विदेश में क्रिप्टो से बदला जा सकता है। मई तक इसमें 11.4 लाख करोड़ के लेनदेन हो चुके हैं। नेटवर्क में 41 हजार से ज्यादा खाते व 2.5 लाख ट्रांसफर दर्ज हुए। ईरान ने घरेलू एक्सचेंजों को तेल बिक्री और विदेशी भुगतान की वैकल्पिक पाइपलाइन बना लिया। रिवोल्यूशनरी गार्ड क्रिप्टो से तेल का पैसा लेते हैं और उसे डिजिटल वॉलेट में दूसरे देशों में भेजते हैं। विशेषज्ञ क्रिप्टो को रूस-ईरान के लिए प्रतिबंधों के समानांतर चलने वाली स्थायी वित्तीय व्यवस्था बता रहे हैं। उत्तर कोरिया: क्रिप्टो चोरी से ₹20 हजार करोड़ जुटा हथियार खरीदे उत्तर कोरिया ने क्रिप्टो चोरी को कमाई और हथियार कार्यक्रम का जरिया बना लिया है। 2025 में उसके हैकरों ने 20 हजार करोड़ चुराए। सबसे बड़ी वारदात 21 फरवरी को हुई, जब लाजारस समूह ने बायबिट से 14,310 करोड़ उड़ाए। एफबीआई ने इसे ‘ट्रेडरेटर’ नेटवर्क से जोड़ा। 2016 से उ. कोरिया 263 घटनाओं में 6.75 अरब डॉलर की क्रिप्टो चुरा चुका है। इसे वह मिसाइल व सैन्य उपकरण खरीदने में लगा रहा है। ईरान: सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज का सुप्रीम लीडर के घराने से संबंध ईरान का सबसे बड़ा क्रिप्टो एक्सचेंज नोबाइटेक्स। देश के करीब 70% डिजिटल मुद्रा लेनदेन संभालता है और इसके 1.1 करोड़ उपयोगकर्ता हैं। चीनी नेटवर्क रोज ₹4,200 करोड़ रुपए सफेद कर रहे चीन से जुड़े मनी-लॉन्ड्रिंग नेटवर्क अब ‘लॉन्ड्रिंग-एज-ए-सर्विस’ मॉडल पर काम कर रहे हैं। चेनालिसिस के मुताबिक, चीनी नेटवर्क ₹4,200 करोड़ रोजाना ब्लैक मनी को व्हाइट में बदल रहे हैं। 2025 में इन्होंने ₹1.54 लाख करोड़ को व्हाइट में बदला। ये नेटवर्क प्रतिबंधित देशों के भुगतान और आतंकी फंडिंग की रकम को एक साथ प्रोसेस करते हैं। क्रिप्टो कंपनियों में फर्जी नौकरी; ₹26,700 करोड़ जुटाए फर्जी पहचान, एआई से बने दस्तावेज और डीपफेक इंटरव्यू के जरिए चीन, उत्तर कोरिया व ईरान जैसे देशों के ऑपरेटिव्स ने 40 देशों की क्रिप्टो व तकनीकी कंपनियों में रिमोट नौकरियां हासिल कीं। इस नेटवर्क ने दो वर्षों में ₹26,700 करोड़ जुटाए। कई मामलों में स्थानीय मददगारों ने ‘फर्म’ चलाए, ताकि कर्मचारी उसी देश में काम करता दिखाई दे। —————————————- ये खबर भी पढ़ें… क्रिप्टो मार्केट वैल्यू एक महीने में ₹100 लाख करोड़ घटी:30% कम होकर ₹261 लाख करोड़ पर आई; बिटकॉइन ₹1.10 करोड़ से ₹76 लाख पहुंचा ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट की वैल्यू 3 ट्रिलियन डॉलर से नीचे आ गई है। कॉइनमार्केटकैप के अनुसार अक्टूबर में ये 4.28 ट्रिलियन डॉलर थी, जो अब घटकर 2.95 ट्रिलियन डॉलर पर आ गई है। रुपए में वैल्यू करीब 379 लाख करोड़ से करीब 100 लाख करोड़ घटकर 261 लाख करोड़ हो गई है। यानी, करीब एक महीने में वैल्यू में 30% से ज्यादा की गिरावट आई है। पूरी खबर पढ़ें…

बालोतरा में सड़क हादसे में तीन की मौत, 5 रेफर:स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार से सभी, राहगीरों ने निजी एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल

बालोतरा जिले में जोधपुर नेशनल हाईवे पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भाडिंयावास के पास हुआ, जहां एक स्कॉर्पियो गाड़ी की अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने बताया कि हादसा रविवार आधी रात को हुआ और टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों और मृतकों को निजी एंबुलेंस की सहायता से राजकीय नाहटा अस्पताल, बालोतरा पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पांच घायल जोधपुर रेफर राजकीय नाहटा अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो की टक्कर किसी अज्ञात वाहन से हुई थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

नए वोटर को देना होगा माता-पिता के SIR का ब्योरा:अभी केवल पुराने वोटर्स पर लागू था; चुनाव आयोग बोला- इससे पहचान-रिकॉर्ड मिलाना आसान होगा

चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने वाले नए आवेदकों के लिए भी नया नियम लागू किया है। अब फॉर्म-6 भरकर वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने वाले हर नए वोटर को अपने माता-पिता के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन का ब्योरा भी देना होगा। चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार, यह नियम केवल पुराने मतदाताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पहली बार वोटर बनने वाले आवेदकों पर भी लागू होगा। चुनाव आयोग ने यह नियम क्यों बनाया? फॉर्म-6 के साथ देना होगा घोषणा पत्र EC अधिकारियों ने बताया कि बिहार में जून 2025 में शुरू किए गए SIR अभियान के दौरान फॉर्म-6 के साथ यह घोषणा पत्र जोड़ा गया था। नए मतदाताओं को आवेदन के साथ यह घोषणा भी भरनी होती थी। हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया कि फॉर्म-6 में कोई औपचारिक संशोधन नहीं किया गया है, बल्कि निर्देश जारी कर इस घोषणा को अनिवार्य बनाया गया है। संयुक्त राष्ट्र की आपत्तियों पर EC का जवाब चुनाव आयोग ने संयुक्त राष्ट्र के विशेष रैपोर्तेयर्स द्वारा SIR की पारदर्शिता पर उठाए गए सवालों को खारिज किया है। आयोग का कहना है कि SIR पूरी तरह संवैधानिक और पारदर्शी प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य सभी पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र नाम हटाना है। किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है और यदि किसी का नाम हटता है, तो उसे चुनौती देने का अवसर दिया जाता है। SIR से जुड़ा अपडेट…. चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR को तीन चरणों में लागू किया है। पहला फेज, सबसे पहले SIR बिहार में लागू हुआ। फाइनल वोटर लिस्ट जारी हो चुकी है और यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया था। दूसरा फेज: उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल, गोवा, पुडुचेरी, अंडमान निकोबार, लक्षद्वीप में दूसरे चरण का SIR हुआ। तीसरा फेज: आयोग ने 16 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में SIR शुरू किया है। इनमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तराखंड, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ शामिल हैं। SIR: भारत में 21 साल बाद हो रहा वोटर लिस्ट का रिविजन SIR (Special Intensive Revision) चुनाव आयोग की वह प्रक्रिया है, जिसमें वोटर लिस्ट की पूरी तरह से जांच और अपडेट किया जाता है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना होता है कि वोटर लिस्ट में सिर्फ पात्र और सही मतदाताओं के नाम हों। भारत में SIR करीब 21 साल बाद हो रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक, इससे पहले देशभर में ऐसा बड़ा अभियान 2002 से 2004 के बीच चला था। चुनाव आयोग ने बताया था कि देश में SIR की प्रक्रिया आठवीं बार हो रही है। ————————————- ये खबर भी पढे़ं… सुप्रीम कोर्ट बोला- SIR अवैध नहीं: चुनाव आयोग शर्तों के साथ नागरिकता जांच सकता है; SIR में 13 राज्य-UT में 7.41 करोड़ नाम कटे सुप्रीम कोर्ट ने 27 मई को वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को वैध और संवैधानिक करार दिया था। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने बुधवार को कहा था कि SIR मनमाना नहीं है और चुनाव आयोग को यह प्रक्रिया चलाने का अधिकार है। पूरी खबर पढ़ें…

मंत्री ने मेडिकल-कॉलेज प्रिंसिपल और सुपरिटेंडेंट को कल जयपुर बुलाया:प्रसूताओं की मौत पर लेंगे जानकारी, एसओपी की पालना पर होगी चर्चा

प्रदेशभर में प्रसूताओं की मौत के मामलों को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बीकानेर सहित प्रभावित मेडिकल कॉलेजों के प्रिंसिपल और संबद्ध अस्पतालों के अधीक्षकों(सुपरिटेंडेंट) को सोमवार को जयपुर तलब किया है। स्वास्थ्य भवन में होने वाली बैठक में मंत्री स्वयं अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेंगे। बैठक का मुख्य फोकस ऑपरेशन थियेटर में संक्रमण रोकने के लिए जारी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) की पालना पर रहेगा। यह समीक्षा की जाएगी कि अस्पतालों में निर्धारित गाइडलाइन का पालन हो रहा है या नहीं और यदि नहीं, तो किन स्तरों पर लापरवाही हुई। बीकानेर में अब तक तीन प्रसूताओं की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य प्रसूताएं की हालत अभी भी गंभीर हैं। इसी तरह कोटा, जोधपुर और भीलवाड़ा से भी प्रसूताओं की मौत के मामले सामने आए हैं। प्रारंभिक स्तर पर माना जा रहा है कि ऑपरेशन थियेटर में संक्रमण नियंत्रण संबंधी एसओपी की प्रभावी पालना नहीं होना इन घटनाओं का एक बड़ा कारण हो सकता है। इसी कारण प्रभावित मेडिकल कॉलेजों के प्रबंधन से जवाब-तलब किया गया है। बैठक के बाद सरकार आगे की कार्रवाई और आवश्यक निर्देश जारी कर सकती है।

इंग्लैंड ने बैजबॉल की शुरुआत करने वाले मैकुलम को हटाया:उनकी कोचिंग में आखिरी 9 में से 7 टेस्ट हारे; स्टोक्स भी संन्यास ले चुके

बैजबॉल की शुरुआत करने वाले ब्रेंडन मैकुलम को इंग्लैंड के टेस्ट कोच पद से हटा दिया गया है। उनकी कोचिंग में इंग्लिश टीम को आखरी 9 में से 7 मैचों में हार मिली थी। रविवार को इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बताया की एशेज से पहले टीम में बदलाव करने का सही समय है। हालांकि मैकुलम इंग्लैंड की व्हाइट बॉल कोच बने रहेंगे। दो हफ्ते पहले ही न्यूजीलैंड से घर पर 2-1 से टेस्ट सीरीज हारने के बाद कप्तान बेन स्टोक्स ने अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके साथ ही चार साल से चला आ रहा वह दौर खत्म हो गया, जिसे दुनिया “बैजबॉल” के नाम से जानती है। मैकुलम ने कहा- फैसले का सम्मान करता हूं मैकुलम ने अपने बयान में कहा, ‘मैंने टेस्ट टीम को कोच करना बेहद पसंद किया। जो हमने साथ मिलकर हासिल किया, उस पर मुझे गर्व है। यह पद छोड़ना दुखद है, लेकिन मैं फैसले का सम्मान करता हूं। अब मेरा पूरा फोकस वाइट-बॉल टीमों पर रहेगा।’ मैकुलम-स्टोक्स ने बदली इंग्लैंड की बैटिंग अप्रोच मैकुलम ने 2022 में स्टोक्स के कप्तान बनने के साथ ही टेस्ट कोच का पद संभाला था। शुरुआत उनकी शानदार रही, लेकिन अंत उतना ही निराशाजनकर रहा। उन्होंने शुरुआती 11 मैचों में 10 मुकाबले जीते, लेकिन आखिरी 9 टेस्ट में 7 में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपनी कोचिंग में 27 मैच जीते, 20 में हार मिली और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। कमाल की बात है कि बतौर इंग्लैंड कोच मैकुलम का सफर उनकी होम टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ ही शुरु हुआ था। तब उन्होंने 3-0 से सीरीज जीती थी। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ ही 2-1 की हार के बाद उन्हें टेस्ट कोचिंग से हटा दिया गया है। क्या है बैजबॉल? मैकुलम के कोच बनने से पहले इंग्लैंड पिछले 17 में से सिर्फ 1 टेस्ट मैच जीता था। उन्होंने सोचा कि खिलाड़ियों के मन से हार का डर निकालने के लिए नया तरीका अपनाया- अटैकिंग बल्लेबाजी। उन्होंने बताया कि चाहे स्कोर कुछ भी हो या पिच कैसी भी हो, अटैकिंग बल्लेबाजी करो। मैकुलम का निकनेम बैज था और इस सोच को बैजबॉल नाम दिया गया। इसका मकसद था टेस्ट क्रिकेट को रोमांचक बनाना, जो मैकुलम अपनी बैटिंग के दिनों में करते थे। बैजबॉल से बदला इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट जब इंग्लैंड के हार की वजह बनी बैजबॉल बिना कोच और कप्तान के इंग्लिश टेस्ट टीम न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान स्टोक्स को नाइट क्लब विवाद के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर बैठना पड़ा। ट्रेंट ब्रिज में सीरीज के आखिरी टेस्ट के बीच में ही उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। इसके तीन हफ्ते के भीतर ही मैकुलम की भी विदाई हो गई। अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम फिलहाल बिना कप्तान और बिना कोच के रह गई है। ECB ने नए टेस्ट हेड कोच की तलाश तुरंत शुरू करने की बात कही है। एंड्रयू फ्लिंटॉफ, रिचर्ड डॉसन, रयान कैंपबेल और जस्टिन लैंगर जैसे नाम उम्मीदवारों में शामिल बताए जा रहे हैं। कप्तानी के लिए हैरी ब्रूक सबसे आगे माने जा रहे हैं। अभी की मानें तो मैकुलम 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक वाइट-बॉल में टीम के कोच बने रहेंगे। क्या इंग्लैंड अब पुराने दौर में लौटेगा? बैजबॉल के दौर में इंग्लैंड के ग्राउंड्समैन तेज, फ्लैट और हाई-स्कोरिंग पिचें बनाते रहे हैं। इससे टीम अटैकिंग बल्लेबाजी करती थी। अब मैकुलम और स्टोक्स के जाने के बाद एशेज 2027 से पहले टीम सीमिंग ट्रैक वाली पिचें तैयार कर सकती हैं। इससे टीम के प्रैक्टिस का अंदाज भी बदलेगा। वहीं नए कोच और नए कप्तान पर भी निर्भर करता है कि वे टीम को किस बैटिंग अप्रोच के लिए तैयार करते हैं। ——————————– स्पोर्ट्स की ये खबर भी पढ़ें… दावा- इंग्लैंड दौरे के बाद भारत का कोचिंग स्टाफ बदलेगा:गंभीर के दो भरोसेमंद कोच हट सकते हैं, फील्डिंग कोच दिलीप पर भी दबाव इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो टी-20 सीरीज हारने के बाद भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में बदलाव हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट और बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल टीम से बाहर हो सकते हैं। दोनों का मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद खत्म हो रहा है। पूरी खबर पढ़ें…

जोधपुर में चार घंटे तक कल नहीं आएगी बिजली:चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सहित कई बडे़ इलाके होंगे प्रभावित

जोधपुर शहर में बिजली लाइनों के रखरखाव के चलते कई कॉलोनी में सोमवार को बिजली बंद रहेगी। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सहित कई बडे़ इलाकों में चार घंटे तक बिजली नहीं आएगी। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। सुबह 8 से दोपहर 12 बजे यहां बिजली बंद

उदयपुर में 45 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त:तस्कर छोड़ भागे कार; ANTF की सूचना पर प्रताप नगर थाना पुलिस की कार्रवाई

उदयपुर में प्रताप नगर थाना पुलिस ने 45.420 किलोग्राम डोडा चूरा सहित एक कार जब्त किया। थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया- एएनटीएफ (एंटी नार्कोटिक्स टाक्स फोर्स) की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार जब्त की गई। इसमें 3 प्लास्टिक के कट्टों में अवैध डोडा चूरा भरा था। पुलिस ने बताया- आशापुरा घाटा माताजी स्थित जिंक कॉलोनी देवारी में संदिग्ध वाहनों की निगरानी की जा रही थी। इस दौरान एक स्विफ्ट कार में दो व्यक्ति बैठे हुए दिखे। ड्राइवर साइड का ग्लास पीछे से टूटा हुआ था। पीछे की सीट का विंडो ग्लास भी टूटा होने से मामला संदिग्ध लग रहा था। टीम ने कार का पीछा किया तो कार ड्राइवर तेज गति से भगाते हुए जिंक कॉलोनी की तरफ ले गया। आगे रेलवे लाइन की पटरियां होने से रास्ता नहीं मिला और कार से उतरकर आरोपी गली में भागने लगे। कार की तलाशी ली तो भारी मात्रा में डोडा-चूरा बरामद किया गया। मामले दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश जारी है।

गुरु मंत्र दीक्षा से लेकर सामाजिक सरोकारों का होगा संगम:जयश्रीमन्नारायण परिवार का गुरु पूर्णिमा महोत्सव-2026 के पोस्टर का हुआ विमोचन

जयपुर में 29 जुलाई को जयश्रीमन्नारायण परिवार की ओर से गुरु पूर्णिमा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। बी-1, कृष्णा नगर द्वितीय, लाल कोठी स्थित आयोजन स्थल पर होने वाले इस महोत्सव में हजारों श्रद्धालु गुरु मंत्र दीक्षा प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम में धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ कन्या भ्रूण हत्या रोकने, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा जैसे विषयों पर भी विशेष संदेश दिया जाएगा। रविवार को महोत्सव के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। पोस्टर का हुआ विधिवत विमोचन रविवार, 12 जुलाई 2026 को आयोजित समारोह में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर जय श्रीमन्नारायण के पूज्य गुरुदेव इन्द्रमणि महाराज, गुरुमाता अम्मा, राजेश कुमार शर्मा (अतिरिक्त निदेशक, पर्यटन विभाग), ओम प्रकाश राजपुरोहित (पूर्व अधिकारी, दूरदर्शन), पी.एस. कलवानिया (संस्थापक, अंतरराष्ट्रीय जाट संसद), हंसा राठौड़ (श्रीपा फैशन डिज़ाइनर एवं सेलिब्रिटी) और आदित्यवर्धन पंचोली (अधिवक्ता, राजस्थान उच्च न्यायालय) सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। गुरु मंत्र दीक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश पूज्य गुरुदेव इन्द्रमणि महाराज ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को गुरु मंत्र दीक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही कन्या भ्रूण हत्या रोकने, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संकल्प भी दिलाए जाएंगे, ताकि आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व भी मजबूत हो। उत्कृष्ट प्रतिभाओं का होगा सम्मान महोत्सव के दौरान शिक्षा, संस्कृति, समाज सेवा, खेल, कृषि, पर्यावरण तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को दादा गुरुदेव श्यामसुंदराचार्य सम्मान एवं गुरुमाता अम्मा शारदादेवी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। महाप्रसाद में शामिल होंगे हजारों श्रद्धालु कार्यक्रम के समापन पर हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद (भंडारे) का लाभ प्राप्त करेंगे। जयश्रीमन्नारायण परिवार ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होकर गुरु कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

ऑटो में सस्ते किराए का झांसा देकर लूटने वाला गिरफ्तार:रास्ते में रोककर सवारियों से गहने लूटता था; पुलिस ने 6 घंटे में ही पकड़ा

बीकानेर के जेएनवीसी थाना पुलिस ने लूट के एक मामले का महज 6 घंटे में खुलासा कर आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कम किराए का झांसा देकर ऑटो में बैठाता था और सुनसान जगह ले जाकर मारपीट कर नकदी, जेवरात व अन्य सामान लूट लेता था। जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस के थानाधिकारी परिवादी मेवराज ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे वह ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने रामपुरा छोड़ने की बात कहकर उसे बैठा लिया। रास्ते में गलियों से घुमाते हुए मेडिकल कॉलेज ग्राउंड के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई। आरोपी ने सोने की मुकरिया (कान की बाली), हाथ का चांदी का कड़ा, अंगूठी और मोबाइल फोन लूट लिया। मामले में जेएनवीसी थाने में मामला दर्ज किया गया। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक (वृत सदर) अनुना कोलिया के सुपरविजन में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना के मात्र 6 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अनिल उर्फ लावा पुत्र लालचंद नायक (29) निवासी गली नंबर-5, अंबेडकर कॉलोनी, थाना जेएनवीसी, बीकानेर को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। शहर के विभिन्न थानों में उसके विरुद्ध कुल 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।