ब्रेकिंग न्यूज़
जनसंख्या स्थायित्व में झालावाड़ राज्य में चौथे स्थान पर:जनसंख्या रोकथाम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित

झालावाड़ में विश्व जनसंख्या दिवस 2026 के अवसर पर एक वर्चुअल सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, संस्थाओं और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभूदयाल मीणा ने झालावाड़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान और उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. अरविंद कुमार नागर को सम्मानित किया। झालावाड़ जिले को राज्य में चौथे स्थान पर रहने के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। समारोह में अंश एड पैरा मेडिकल फाउंडेशन को सर्वश्रेष्ठ गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के रूप में 2 लाख रुपए का पुरस्कार मिला। व्यक्तिगत श्रेणी में सीएचसी भवानीमंडी की एलएचवी आशा वर्मा को प्रथम स्थान के लिए 10 हजार रुपए और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त डग पंचायत समिति, सीएचसी चौमहेला, पीएचसी रीछवा और भालता, कुमठिया, सलोतिया और सारोलाकलां ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों व एएनएम को भी सम्मानित किया गया। डॉ. अरविंद कुमार नागर ने बताया कि वर्ष 2025-26 में जिले ने महिला नसबंदी, पीपीआईयूसीडी और अंतरा इंजेक्टेबल जैसे परिवार कल्याण कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने कहा कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में चिकित्सा विभाग सभी स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस वर्चुअल कार्यक्रम में राज्य स्तर से मिशन निदेशक, अतिरिक्त मिशन निदेशक, निदेशक आरसीएस और निदेशक जन स्वास्थ्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। जिला स्तर पर जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार नागर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रभु लोधा, जिला कार्यक्रम समन्वयक (आशा, आईईसी, डीएनओ), सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी और ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सहित चिकित्सा विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

'क्रिमिनल डस्टिंग' में 5 वाहन चोर पकड़े, 37 बाइकें बरामद:झालावाड़ का शातिर चोर भी शामिल, कई राज्यों में करता था वारदातें

कोटा ग्रामीण पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग’ के तहत पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 37 चोरी की बाइकें बरामद की हैं। गिरोह कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों में झालावाड़ जिले के सुनेल थाना क्षेत्र का टीकम भील भी शामिल है। कई जिलों में फैला था वाहन चोरी का नेटवर्क पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से सक्रिय थे और कोटा ग्रामीण, कोटा शहर, बूंदी, बारां, झालावाड़ तथा पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इनके खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। सुनसान स्थानों पर खड़ी बाइकों को बनाते थे निशाना जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और मुख्य सड़कों के किनारे सुनसान जगहों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में छिपा देते थे, ताकि पुलिस आसानी से उन तक नहीं पहुंच सके। सीसीटीवी, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक, मुखबिर तंत्र और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। सघन जांच और निगरानी के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। झालावाड़ पुलिस की भी रही अहम भूमिका इस अभियान में झालावाड़ कोतवाली के कांस्टेबल धर्मेंद्र और संदीप ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सूचना और समन्वय से गिरोह तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिली। बरामद बाइकों के मालिकों की तलाश शुरू पुलिस अब बरामद 37 मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन सुपुर्द करने की प्रक्रिया में जुटी है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से झालावाड़ सहित आसपास के जिलों में दर्ज कई वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हो सकता है। साथ ही, बाइक चोरी की अन्य वारदातों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की भी संभावना है।

साइबर ठगी मामले में 'म्यूल अकाउंट' धारक गिरफ्तार:खाते में ठगी की रकम जमा की जा रही थी, 2 राज्यों से मिली थी शिकायत

डीडवाना-कुचामन पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में ‘म्यूल अकाउंट’ धारक अरमान छींपा उर्फ लीलिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी की रकम जमा करने और निकालने के लिए किया जा रहा था। उसके इस खाते के खिलाफ दो अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज थीं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में की गई। जसवंतगढ़ थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त संदिग्ध बैंक खातों की सूची की जांच के दौरान यूको बैंक के एक खाते की पड़ताल की गई। जांच में पता चला कि यह खाता सुजानगढ़, चूरू निवासी अरमान छींपा (20) के नाम पर संचालित था। समन्वय पोर्टल पर जांच करने पर इस खाते से जुड़ी दो राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें मिलीं। इनमें एक मामले में पीड़ित से 50,500 रुपए और दूसरे मामले में 15,400 रुपए की ऑनलाइन ठगी कर रकम इसी खाते में जमा की गई थी और फिर निकाल ली गई। तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जसवंतगढ़ थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस ने ‘म्यूल अकाउंट’ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक और मोबाइल नंबर का उपयोग साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए करते हैं। ऐसे खातों को ‘म्यूल अकाउंट’ कहा जाता है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी राजेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल सुखाराम, कॉन्स्टेबल मुकेश मीणा, कॉन्स्टेबल मुकेश और मोहम्मद सलीम शामिल थे। पुलिस ने बताया कि कॉन्स्टेबल मुकेश मीणा और कॉन्स्टेबल मुकेश का इस कार्रवाई में विशेष योगदान रहा। पुलिस की अपील: पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या मोबाइल वॉलेट इस्तेमाल करने के लिए न दें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या जिला साइबर हेल्पलाइन 8000372519 पर सूचना दें।

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन लूटने की कोशिश:धक्का देकर गिराया,कॉलोनी के गेट बंद करने पर फंसे बदमाश; सीढ़ियों से बाइक लेकर भागे

उदयपुर में चेन स्नेचर्स की घटनाएं बढ़ती जा रही है। शनिवार सुबह शहर के मोगराबाड़ी कॉलोनी में मॉर्निंग वॉक पर निकली 77 वर्षीय महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन लूटने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वे सड़क पर गिरकर चोटिल हो गईं। घटना के बाद भागते वक्त बदमाशों ने एक अन्य महिला की चेन छीनने की भी कोशिश की। शहर के मोगरावाड़ी में रहने वाली कमला कावड़िया (77) पत्नी चांद सिंह कावड़िया सुबह टहलने निकली थीं। मोगराबाड़ी कॉलोनी के गेट से मुख्य सड़क पर पहुंचते ही बाइक पर आए दो युवकों ने उनकी चेन झपटने की कोशिश की। महिला ने चेन बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया। गिरने से महिला की गर्दन और कोहनी पर चोट आई है। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान कच्ची बस्ती क्षेत्र में निवर्तमान पार्षद पति रवि ने तत्काल मोगराबाड़ी कॉलोनी के दोनों प्रवेश द्वार बंद करा दिए। कॉलोनी की बनावट ऐसी है कि दोनों गेट बंद होने के बाद वाहनों के निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं बचता, जिससे दोनों बदमाश अंदर ही फंस गए। भागने का रास्ता नहीं मिलने पर आरोपी मोटरसाइकिल लेकर उस संकरे पैदल मार्ग तक पहुंचे, जहां उदियापोल की ओर जाने वाली ऊंची सीढ़ियां बनी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने लोगों को बताया कि आरोपियों ने बाइक से सीढ़ियां चढ़ने और उतरने का जोखिम उठाया। इस दौरान एक युवक संतुलन बिगड़ने से गिर पड़ा, लेकिन साथी ने बाइक संभाल ली और दोनों शिवाजी नगर कम्युनिटी हॉल होते हुए सर्वऋतु विलास कॉलोनी की ओर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागते समय आरोपियों ने सर्वऋतु विलास कॉलोनी में भी एक अन्य महिला से चेन छीनने का प्रयास किया, हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो सके। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत है। लोगों ने शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने, संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर लूट का खुलासा जल्द होगा:IG राहुल प्रकाश पीड़ित परिवार से मिले, बोले- पिछले दिनों हुई वारदात का कुछ घंटों में खुलासा किया

आईजी राहुल प्रकाश आज अलवर में शालीमार स्थित जीएसटी अधिकारी के घर पहुंचे। इन्हीं जीएसटी अधिकारी के घर कुछ दिन पहले बदमाशों ने डकैती करनी की कोशिश की थी। राहुल प्रकाश ने परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस अपराधियों तक काफी हद तक पहुंच चुकी है। तीन से चार दिन में मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इसके बाद पुलिस इन्वेस्टिगेशन बिल्डिंग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आईजी ने कहा- पिछले दिनों कुछ वारदात हुई हैं, लेकिन कई मामलों का खुलासा एक-दो घंटे और 24 घंटे के भीतर भी किया गया है। शालीमार डकैती में पुलिस को अहम सुराग मिलने में थोड़ा समय लगा, लेकिन अब जांच अंतिम चरण में है। मंत्री के नाम से फर्जी अकाउंट बनाने वाले की जांच होगी वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के नाम से बनाए गए फर्जी फेसबुक अकाउंट के मामले में भी आईजी ने जांच कराने की बात कही। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर उन्होंने बताया- नो-पार्किंग में खड़े भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, क्योंकि ऐसे वाहनों से कई हादसे और मौतें हो चुकी हैं। व्यापारियों ने बताई परेशानी दौरे के दौरान व्यापारियों ने भी आईजी से मुलाकात कर शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने और बाहरी असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की। इस पर आईजी ने एसपी को निर्देश दिए कि ऐसी सभी शिकायतें तत्काल दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। ये भी पढ़ें… जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर लूट:परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाया, बचाने आए बेटे का सिर फोड़ा; बदमाशों ने आम भी खाए अलवर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश (50) के परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश 25 लाख से ज्यादा की ज्वेलरी और 40 हजार रुपए कैश लूट ले गए। विरोध करने पर असिस्टेंट कमिश्नर के बेटे का सिर फोड़ दिया। घटना आज (शनिवार) सुबह करीब 6-7 बजे के बीच की है। (पूरी खबर पढ़ें)

कुपवाड़ा के शहीद मुकुट बिहारी मीणा को श्रद्धांजलि:8वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन

झालावाड़ में शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए आर्मी कमांडो मुकुट बिहारी मीणा की 8वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। खानपुर रोड स्थित अंबेडकर भवन के समीप बने शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनकी पत्नी अंजना मीणा, पुत्री आरवी, सैनिकों, पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूत के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस दौरान पौधारोपण भी किया गया और अतिथियों व शहीद परिवारों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। पत्नी-बेटी ने दी श्रद्धांजलि, जुटे सैनिक और नागरिक श्रद्धांजलि सभा में शहीद की पत्नी अंजना मीणा और पुत्री आरवी ने स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। झालावाड़ सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे लोगों ने भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में नागा रेजीमेंट के सदस्य, पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। ‘राजस्थान वीरों की धरती है’ समारोह के मुख्य अतिथि जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बीसीएस शेखावत ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि राजस्थान वीर योद्धाओं की धरती है और देश के लगभग हर युद्ध में यहां के सैनिकों का योगदान गौरवपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि शहीद मुकुट बिहारी मीणा जैसे सैनिकों ने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। ऐसे वीरों से युवाओं को देशसेवा की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने शहीद परिवारों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। पौधारोपण कर दिया सेवा और स्मृति का संदेश कार्यक्रम के दौरान शहीद की स्मृति में पौधारोपण किया गया। अतिथियों, सहयोगियों और अन्य शहीद परिवारों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में शहीद की धर्मपत्नी अंजना मीणा ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। आतंकियों से मुठभेड़ में दिया था सर्वोच्च बलिदान आर्मी कमांडो मुकुट बिहारी मीणा खानपुर क्षेत्र के लडानिया गांव के निवासी थे। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित कुपवाड़ा के जंगलों में आतंकियों की तलाश के लिए चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान उनकी आतंकवादियों से मुठभेड़ हुई। देश की रक्षा करते हुए उन्होंने बहादुरी से आतंकियों का मुकाबला किया और वीरगति को प्राप्त हुए। उनका बलिदान आज भी क्षेत्र के युवाओं के लिए देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा बना हुआ है। पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए सैनिक विश्राम गृह, झालावाड़ में समस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पेंशन, पारिवारिक पेंशन, ईसीएचएस, सीएसडी, रिकॉर्ड, अनुदान और आश्रितों से जुड़े मामलों की सुनवाई कर समाधान किया गया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर बी.सी.एस. शेखावत ने कहा कि अधिकतम मामलों का निस्तारण झालावाड़ में ही कराया जाएगा, ताकि पूर्व सैनिकों को अन्य स्थानों की यात्रा नहीं करनी पड़े। कार्यक्रम के दौरान परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

कोटपूतली-बहरोड़ के पुलिस महकमे में फेरबदल:20 पुलिस अधिकारियों का तबादला, एसपी ने जारी किए आदेश

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने शनिवार को पुलिस निरीक्षक और उप निरीक्षक स्तर के 20 अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेशों के तहत विभिन्न थानों, शाखाओं और चौकियों में नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। कई थानों और शाखाओं में नए थाना प्रभारियों की तैनाती तबादला सूची के अनुसार नीमराना, बानसूर, पनियाला, महिला थाना, यातायात शाखा, शाहजहांपुर, कंट्रोल रूम, बहरोड़, हर्सौरा, विराटनगर, प्रागपुरा, बहरोड़ सदर, डीसीबी, कोटपूतली थाना और जापानी जोन चौकी (नीमराना) सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद पुलिस विभाग की ओर से किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों की नियुक्ति से विभिन्न थानों और शाखाओं में कार्यप्रणाली को गति मिलने के साथ पुलिसिंग को और अधिक मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्कूल शिक्षक के एपीओ होने पर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन:ग्रामीणों ने कार्रवाई को षड्यंत्र बताया, मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

जिले के एक सरकारी स्कूल में एक व्याख्याता के खिलाफ लगे आरोपों और उसके बाद हुई विभागीय कार्रवाई को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ग्रामीण और स्कूल प्रबंधन समिति (SDMC) के सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंच गए और शिक्षक के खिलाफ इस पूरी कार्रवाई को षड्यंत्र बताया। दरअसल, सरकारी स्कूल में कार्यरत एक व्याख्याता के विरुद्ध एक छात्रा ने शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए थे। पत्र में उल्लेख किया गया कि व्याख्याता लंबे समय से अभद्र आचरण कर रहे थे। इस शिकायत की संवेदनशीलता को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक, बीकानेर ने कार्रवाई करते हुए व्याख्याता को प्रशासनिक कारणों से एपीओ (APO) कर दिया है। विभाग ने मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच टीम भी बनाई है। ​ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर लगाए गंभीर आरोप
​शनिवार को सैकड़ों ग्रामीण और SDMC सदस्य कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने शिक्षक के खिलाफ लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से निराधार और मनगढ़ंत बताया। ​प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप है कि यह एक राजनीतिक साजिश है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

पटवारी ट्रांसफर लिस्ट में विधायक शैलेश सिंह का नाम:बालोतरा से डीग हुआ तबादला, संबंधित पटवारी कार्यभार ग्रहण करने से वंचित

राज्य सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी पटवारियों की ट्रांसफर लिस्ट में एक बड़ी मानवीय त्रुटि सामने आई है। सूची के क्रमांक 609 पर सेवानिवृत्त सैनिक एवं पटवारी नरेंद्र सिंह के स्थान पर गलती से डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह का नाम दर्ज हो गया। आदेश जारी होने के बाद यह चूक सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रही है। वहीं, विधायक के पास भी कई फोन आने से परेशान हैं। बालोतरा से डीग के सोनगांव में तबादला जानकारी के अनुसार पटवारी नरेंद्र सिंह का ट्रांसफर नवोडा को बेरा पाटोदा, जिला बालोतरा से डीग जिले के सोनगांव में किया जाना था, लेकिन टाइपिंग के दौरान उनके नाम के स्थान पर विधायक शैलेश सिंह का नाम दर्ज हो गया। इस त्रुटि के कारण संबंधित पटवारी फिलहाल स्थानांतरण आदेश के आधार पर नया कार्यभार ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। सरकारी आदेश में विधायक का नाम दिखाई देने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग इसे प्रशासनिक लापरवाही बता रहे हैं, जबकि कुछ ने सरकारी दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। विभाग ने अभी तक नहीं जारी किया आधिकारिक बयान सूत्रों के अनुसार यह पूरी तरह टाइपिंग संबंधी मानवीय त्रुटि है और राजस्व विभाग जल्द ही संशोधित आदेश (कोरिजेंडम) जारी कर स्थिति स्पष्ट कर सकता है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

अजमेर में 654 पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर:17 थाना प्रभारी, 15 एसआई, 122 एएसआई और 500 कॉन्स्टेबल बदले, जानें किसे कहां मिली पोस्टिंग

अजमेर जिले के पुलिस महकमे में शनिवार को बड़ा फेरबदल किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने एक साथ 654 पुलिसकर्मियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इनमें 17 थाना अधिकारी (इंस्पेक्टर), 15 सब इंस्पेक्टर, 122 एएसआई और 500 कॉन्स्टेबल शामिल हैं। आदेश के अनुसार सभी कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से नए पदभार स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत पुलिसकर्मियों को भी बदला गया है। 17 थाना प्रभारियों को नई जिम्मेदारी तबादला सूची के अनुसार भवानी सिंह को मदनगंज, नरपतराम बाना को किशनगढ़, रोशन सामरिया को गेगल, अशोक विष्णु को पुष्कर, करण सिंह को नसीराबाद सिटी, राधेश्याम चौधरी को नसीराबाद सदर, जयवंत सिंह को श्रीनगर, हरीश चौधरी को मांगलियावास, जगदीश प्रसाद को केकड़ी शहर, मुकेश चौधरी को केकड़ी सदर, सुरेंद्र सिंह को भिनाय, ओमप्रकाश मीना को आदर्श नगर, पारुल यादव को महिला थाना, अनिल कुमार शर्मा को अपराध शाखा, पुरखाराम को साइबर थाना तथा कल्पना राठौड़ को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अपराध एवं अनुसंधान) कार्यालय में लगाया गया है। 15 सब इंस्पेक्टर भी बदले सब इंस्पेक्टर स्तर पर बनवारी मीणा को सावर, नाहर सिंह मीणा को सराना, जगदीश प्रसाद को बोराडा, राजेश कुमार भादवा को अलवर गेट, दुर्गा लाल मीणा को सरवाड़, रामप्रसाद मीणा को भिनाय, नरेंद्र सिंह को नसीराबाद सदर, करण सिंह को केकड़ी शहर, रूप सिंह को केकड़ी सदर, गोविंद कुमार को कार्य प्रणाली शाखा, नारायण सिंह को मदनगंज, राजमल को अरांई, अर्जुन लाल को सिविल लाइंस और दिलीप कुमार को अपराध शाखा भेजा गया है। पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में गति लाने की कवायद माना जा रहा है। इसके अलावा 122 एएसआई और 500 कॉन्स्टेबलों की अलग-अलग ट्रांसफर लिस्ट भी जारी की गई है।