ब्रेकिंग न्यूज़
वर्ल्ड अपडेट्स:फिनलैंड में हैदराबाद के छात्र का शव मिला, 2 महीने से लापता था; पुलिस बोली- हत्या के सबूत नहीं

फिनलैंड में पिछले दो महीने से लापता हैदराबाद के 18 साल के छात्र का शव समुद्र से बरामद हुआ है। फिनलैंड पुलिस ने कहा है कि शुरुआती जांच में हत्या के सबूत नहीं मिले हैं। परिवार ने भारत सरकार से उनका शव जल्द भारत लाने में मदद की अपील की है, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। छात्र की पहचान मणिदीप को रुप में हुई है, जो 2025 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए फिनलैंड गया था। 5 मई को वह ट्रेन से राजधानी हेलसिंकी पहुंचा और आखिरी बार एक मार्केट स्टोर में नजर आया। परिवार के मुताबिक, 5 मई को मणिदीप ने मां से आखिरी बार बात की थी। उसने बताया था कि वह एक बेकरी में हैं और जल्द घर लौटेगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और कोई संपर्क नहीं हो सका। मामले के बाद फिनलैंड की जांच एजेंसियों, हेलसिंकी पुलिस और कोस्ट गार्ड ने कई हफ्तों तक तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार 9 जुलाई को समुद्र से उनका शव बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… हिजबुल का डिप्टी चीफ बोला- कश्मीर के हर कब्रिस्तान में पाकिस्तानी आतंकियों की कब्र रऊफ डार, श्रीनगर। पाकिस्तान के आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के डिप्टी चीफ शमशीर खान ने पहली बार खुलकर माना है कि कश्मीर में पाकिस्तानी आतंकी मारे गए और वहीं दफन हैं। PoK के मुजफ्फराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान शमशीर ने कहा, “कश्मीर का कोई कब्रिस्तान ऐसा नहीं है, जहां पाकिस्तान से आए आतंकियों की कब्र न हो।” शमशीर का यह बयान इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि पाकिस्तान हमेशा यह कहता रहा है कि उसका जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन हिजबुल के सीनियर कमांडर के इस बयान को पाकिस्तान से आए आतंकियों की मौजूदगी की खुला कबूलनामा माना जा रहा है। भारत लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि पाकिस्तान आतंकियों को ट्रेनिंग, हथियार और घुसपैठ में मदद देता है। पाकिस्तान इन आरोपों से लगातार इनकार करता रहा है। वेनेजुएला भूकंप में अब तक 4,118 की मौत, हजारों लोग अब भी लापता वेनेजुएला में 24 जून को आए दो शक्तिशाली भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,118 हो गई है। सरकार ने शुक्रवार को बताया कि 16,740 लोग घायल हुए हैं, जबकि हजारों लोग अब भी लापता हैं। लगातार 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों ने तटीय राज्य ला गुआइरा में भारी तबाही मचाई। कई बहुमंजिला इमारतें पूरी तरह ढह गईं और पूरे इलाके मलबे में बदल गए। सरकारी रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो चुका है, लेकिन कई परिवार अब भी अपने लापता रिश्तेदारों की तलाश में मलबा खंगाल रहे हैं। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र ने राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए करीब 300 मिलियन डॉलर की आपात मदद की अपील की है। वहीं, वेनेजुएला सरकार ने विदेशों में फ्रीज की गई अपनी संपत्तियां राहत कार्यों के लिए जारी करने की मांग की है। बहामास में फ्लेमिंगो एयर का छोटा विमान क्रैश, सभी यात्रियों 10 की मौत बहामास के नॉर्थ एंड्रोस इलाके में शुक्रवार को फ्लेमिंगो एयर का एक छोटा यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक यात्री को जिंदा निकाला गया था, लेकिन बाद में उसने भी दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच के मुताबिक, सेसना 402C विमान ने राजधानी नासाउ से उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद पायलट ने तकनीकी दिक्कत की जानकारी दी, जिसके बाद विमान जंगल वाले इलाके में गिर गया। हादसे के बाद बहामास सरकार ने एहतियात के तौर पर फ्लेमिंगो एयर की सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं। इसी दिन एयरलाइन के एक अन्य विमान में भी तकनीकी खराबी आने के बाद उसे वापस नासाउ लौटना पड़ा था। लैंडिंग के बाद उसमें आग लग गई, हालांकि उस विमान के सभी यात्री सुरक्षित बच गए। सरकार और विमान दुर्घटना जांच एजेंसी हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फ्लेमिंगो एयर ने भी जांच में पूरा सहयोग देने और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। बांग्लादेश में जम्मू-कश्मीर का गलत नक्शा दिखाया, भारतीय महिला अधिकारी ने बीच कार्यक्रम में टोका बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शुक्रवार को आयोजित एक सेमिनार के दौरान जम्मू-कश्मीर का गलत नक्शा दिखाए जाने पर भारतीय उच्चायोग की अधिकारी ने बीच कार्यक्रम में ही आपत्ति जताई। यह मामला तब सामने आया, जब बांग्लादेश के पूर्व उच्चायुक्त अहमद तारिक करीम SAARC पर प्रस्तुति दे रहे थे। प्रेजेंटेशन में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया। इस पर भारतीय उच्चायोग में सेकंड सेक्रेटरी पूजा कुमारी झा ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए कहा, “यह गलत नक्शा है। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है।” करीम ने सफाई देते हुए कहा कि नक्शा सिर्फ प्रेजेंटेशन के लिए इस्तेमाल किया गया था और यह वास्तविक सीमाएं नहीं दिखाता। हालांकि पूजा झा ने दोबारा भारत का पक्ष रखते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर को इस तरह दिखाना गलत है। इसके बाद करीम ने भारत की आपत्ति स्वीकार करते हुए कहा, “आपकी बात दर्ज कर ली गई है।” यह घटना ढाका में SAARC पर आयोजित एक सेमिनार के दौरान हुई, जिसमें बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद भी मौजूद थीं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पाकिस्तान में पेट्रोल 13.18 और डीजल 13.80 रुपया महंगा:पेट्रोल 310.71 और हाई-स्पीड डीजल 323.30 रुपया लीटर मिल रहा, नई कीमतें 11 जुलाई से लागू

पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल के दाम में 13.18 रुपया (पाकिस्तानी रुपया) प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल में 13.80 रुपया प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 310.71 रुपया और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 323.30 रुपया लीटर हो गई है। नई कीमतें 11 जुलाई से लागू हो गई हैं। फरवरी से शुरू हुआ था बढ़ने का सिलसिला हालिया बढ़ोतरी के बावजूद दोनों ईंधन अपनी रिकॉर्ड ऊंचाई (पीक लेवल) से नीचे बने हुए हैं। 3 अप्रैल को डीजल की कीमत 520.35 रुपया प्रति लीटर के ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंच गई थी। ईंधन की कीमतों में यह तेजी 28 फरवरी को अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद देखने को मिली थी, जब डीजल 281 रुपया प्रति लीटर के स्तर पर था। वहीं दूसरी ओर, पेट्रोल की कीमत भी 3 अप्रैल को 458.41 रुपया के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी, जिसकी शुरुआत मार्च के पहले हफ्ते में 266 रुपया प्रति लीटर से हुई थी। IMF की शर्तों के कारण बढ़ा टैक्स, डीजल पर 80 रुपया तो पेट्रोल पर 70 रुपया लेवी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की कड़ी शर्तें भी शामिल हैं। सरकार ने 1 जुलाई से ‘क्लाइमेट सपोर्ट लेवी’ को दोगुना करके 5 रुपया प्रति लीटर कर दिया है, जबकि इसके बदले पेट्रोलियम लेवी में मामूली कटौती की गई है। इस बदलाव के बाद वर्तमान में डीजल पर पेट्रोलियम लेवी करीब 80 रुपया प्रति लीटर है। वहीं, पेट्रोल पर पेट्रोलियम लेवी 70 रुपया प्रति लीटर के साथ 5 रुपया की क्लाइमेट सपोर्ट लेवी अलग से वसूली जा रही है। एक लीटर ईंधन पर 100 रुपया तक टैक्स, कस्टम ड्यूटी भी शामिल सरकार वर्तमान में हाई-स्पीड डीजल (HSD) पर कुल 101 रुपया प्रति लीटर का टैक्स वसूल रही है। इसमें 16 रुपया प्रति लीटर कस्टम ड्यूटी, पेट्रोलियम लेवी, क्लाइमेट सपोर्ट लेवी और इनलैंड फ्रेट इक्वलाइजेशन मार्जिन शामिल हैं। पेट्रोल की बात करें तो इस पर कुल टैक्स 95 रुपया प्रति लीटर बैठता है, जिसमें 20 रुपया प्रति लीटर कस्टम ड्यूटी के साथ-साथ पेट्रोलियम और क्लाइमेट लेवी जोड़ी गई है। इसके अलावा, सरकार केरोसिन पर 21 रुपया प्रति लीटर और लाइट डीजल ऑयल पर 16 रुपया प्रति लीटर पेट्रोलियम लेवी वसूल रही है।

पाली में रीडिंग लेने गए डिस्कॉम टेक्नीशियन से मारपीट:आरोप-पुराना बकाया रुपए जोड़कर बिल दिया तो पीटा, जातिसूचक शब्द भी बोले

पाली शहर के केरिया दरवाजा स्थित धोबियों की गली में बिजली विभाग के एक टेक्नीशियन के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि मीटर रीडिंग लेने और बिजली बिल जारी करने पहुंचे कर्मचारी के साथ विवाद किया गया, मारपीट की गई और उसका विभागीय प्रिंटर भी तोड़ दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मीटर रीडिंग और बिल जारी करने पहुंचे थे कर्मचारी रिपोर्ट के अनुसार सीएसडी फर्स्ट एईएन कार्यालय में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत दौलतराम ने बताया कि 5 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे वह विभागीय कार्य के तहत विद्युत मीटर की रीडिंग लेने और बिल जारी करने के लिए केरिया दरवाजा स्थित धोबियों की गली पहुंचे थे। इसी दौरान मोहम्मद अमान, रमजान पुत्र मोहम्मद अली घोसी और अन्य लोगों ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। जातिसूचक शब्द बोलने और मारपीट का आरोप पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और गालियां दीं। विरोध करने पर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान विभागीय बिलिंग प्रिंटर छीनकर जमीन पर पटक दिया गया, जिससे वह टूट गया। बिजली बिल को लेकर हुआ विवाद रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने बिजली बिल में पुराने बकाया की राशि जोड़ने का आरोप लगाया और इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। परिवार के अन्य सदस्यों के पहुंचने का भी आरोप दौलतराम ने आरोप लगाया कि बाद में परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े फाड़ दिए गए और गला दबाने का प्रयास किया गया। पीड़ित किसी तरह मौके से निकलकर बाहर आया और अपने सहकर्मियों व अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने पर विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित वहां से लेकर गए। कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजस्थान-कल से एक और बड़ी परीक्षा, 12 लाख कैंडिडेट:गुजराती सब्जेक्ट के लिए केवल एक पोस्ट, सबसे ज्यादा मैथ्स में; जानें- एंट्री के क्या हैं नियम

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से सीनियर टीचर भर्ती एग्जाम कल से शुरू होगा। परीक्षा में 12 लाख 30 हजार से ज्यादा कैंडिडेट्स रजिस्टर्ड हैं। ये इस साल होने वाली बड़ी परीक्षाओं में से एक है। एग्जाम के लिए 27 जिलों में 1221 सेंटर बनाए गए हैं। ये भर्ती कुल 9,651 पदों पर की जाएगी। सबसे कम पोस्ट गुजराती में, मैथ्स में सबसे ज्यादा पद। एग्जाम को चार वर्गों में बांटा गया है। एग्जाम 12 से 18 जुलाई 2026 तक होगी। एक घंटे पहले मिलेगी एंट्री एग्जाम सेंटर पर अभ्यर्थियों को एग्जाम शुरू होने के 60 मिनट पहले तक ही एंट्री दी जाएगी। कैंडिडेट्स को एग्जाम सेंटर पर ऑरिजनल आधार कार्ड लेकर जाना होगा। यदि मूल आधार कार्ड पर फोटो पुरानी अथवा अस्पष्ट है तो अन्य फोटो युक्त पहचान-पत्र, वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस जिसमें नई और कलर फोटो स्पस्ष्ट रूप से हो, उसे लेकर एग्जाम सेंटर पर जा सकेंगे। इसके साथ ही कैंडिडेट्स को प्रवेश-पत्र पर नया रंगीन फोटो लगाना होगा। किसी के बहकावे में नहीं आएं आरपीएससी की ओर से आयोजित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि किसी दलाल, मीडिएटर, या अपराधी के बहकावे में नहीं आएं। यदि कोई परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग या अन्य कोई प्रलोभन व झांसा देता है तो प्रमाण सहित इस संबंध में जांच एजेंसी एवं आयोग कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर सूचित करें। परीक्षा में अनुचित साधन अपनाए जाने या अनुचित कार्यों में लिप्त होने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के उपाय) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपए तक का जुर्माना और चल-अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त की जा सकती है। पहले 6500, फिर 10537 व अब 9651 पदों पर भर्ती इस भर्ती का मूल विज्ञापन (संख्या 07/2025-26) पिछले साल 17 जुलाई 2025 को 10 विषयों के कुल 6,500 पदों के लिए जारी किया गया था। बाद में माध्यमिक शिक्षा विभाग से मिले प्रस्ताव के अनुसार पदों को बढ़ाकर पहले 10,537 किया गया था। जिसे नियमानुसार दोबारा संशोधित कर 9,651 किया गया। अलग-अलग सब्जेक्ट की परीक्षाओं को चार ग्रुप में बांटा ग्रुप A- इसमें सोशल साइंस विषय है। इसके अभ्यर्थियों की 12 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान की परीक्षा होगी। दोपहर 3 से 5:30 बजे तक सोशल साइंस की परीक्षा होगी। ग्रुप B- इसमें हिंदी विषय है। इस सब्जेक्ट के अभ्यर्थियों की 13 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान की परीक्षा होगी। दोपहर 3 से 5:30 बजे तक हिंदी की परीक्षा होगी। ग्रुप C- इसमें साइंस और संस्कृत सब्जेक्ट है। इन विषयों के सभी अभ्यर्थियों की 14 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान की परीक्षा होगी। इसके बाद दोपहर 3 से 5:30 बजे तक साइंस विषय की परीक्षा होगी। 15 जुलाई को सुबह 10 से 12:30 बजे तक संस्कृत विषय के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। ग्रुप D- इसमें गणित, इंग्लिश, उर्दू, पंजाबी, सिंधी और गुजराती सब्जेक्ट रखे गए हैं। इन सब्जेक्ट के सभी अभ्यर्थियों की 16 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान की परीक्षा होगी। इसके बाद दोपहर 3 से 5:30 बजे तक गणित विषय के अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 17 जुलाई को सुबह 10 से 12:30 बजे तक इंग्लिश और दोपहर 3 से 5:30 बजे तक उर्दू विषय के अभ्यर्थियों की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 18 जुलाई को सुबह 10 से 12:30 बजे तक पंजाबी और दोपहर 3 से 5:30 बजे तक सिंधी और गुजराती सब्जेक्ट के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। 27 जिलों में 1221 एग्जाम सेंटर बनाए …. ये खबर भी पढ़िए…. एमडीएस यूनिवर्सिटी में एडमिशन आवेदन की डेट बढ़ाई:अब स्टूेडेंट्स 24 जुलाई तक भर सकेंगे फॉर्म, 27 को होगी काउंसलिंग महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, सर्टिफिकेट एवं पीजी डिप्लोमा पाठ्‌यक्रमों में प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि को 24 जुलाई तक बढ़ा दिया है।(पूरी खबर पढें)

अनिमेष विदेश में सबसे तेज 100 मीटर दौड़ने वाले भारतीय:10.14 सेकेंड में रेस पूरी की; जर्मनी में अपने रिकार्ड को बेहतर किया

अनिमेष कुजूर विदेश में सबसे तेज 100 मीटर दौड़ने वाले भारतीय बने हैं। उन्होंने शुक्रवार को जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर चैलेंजर में 100 मीटर दौड़ 10.14 सेकेंड में पूरी की। 23 साल के अनिमेष ने विदेश में सबसे तेज दौड़ने के मामले में अपना ही रिकॉर्ड बेहतर किया है। यह उनका पर्सनल बेस्ट भी है। वह फाइनल में दूसरे स्थान पर रहे। साउथ अफ्रीका के आर. म्लेंगा 10.03 सेकेंड के साथ पहले स्थान पर रहे। यह भारत का दूसरा सबसे तेज समय अनिमेष का 10.14 सेकेंड का समय भारत के इतिहास का दूसरा सबसे तेज 100 मीटर प्रदर्शन है। नेशनल रिकॉर्ड 10.09 सेकेंड का है, जिसे गुरिंदरवीर सिंह ने इसी साल रांची में फेडरेशन कप में बनाया था। 24 घंटे में तीन बार टूटा था रिकॉर्ड मई में फेडरेशन कप के दौरान भारतीय स्प्रिंट में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। गुरिंदरवीर सिंह ने 10.17 सेकेंड का समय निकाला और अनिमेष का रिकॉर्ड तोड़ा। इसके बाद अनिमेष ने 10.15 सेकेंड दौड़कर उससे बेहतर प्रदर्शन किया। अगले ही दिन गुरिंदरवीर ने 10.09 सेकेंड का समय निकालकर भारत के सबसे तेज धावक बने। कॉमनवेल्थ गेम्स में रहेंगी नजरें अनिमेष कुजूर पहले ही 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारत की 100 मीटर और 200 मीटर टीम में जगह बना चुके हैं। जर्मनी की प्रतियोगिता के बाद वे पोलैंड के स्पाला में भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर से जुड़ेंगे। इसके बाद वे ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उसेन बोल्ट के नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड 100 मीटर दौड़ का वर्ल्ड रिकॉर्ड जमैका के उसेन बोल्ट के नाम दर्ज है। उन्होंने यह रिकॉर्ड 2009 की वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था। 100 मीटर रेस के 4 बड़े रिकॉर्ड्स ओलिंपिक गेम्स में 1984 से अब तक अश्वेत ही 100 मीटर चैंपियन 1896 में मॉडर्न ओलिंपिक की शुरुआत हुई थी। 1928 तक 100 मीटर के चैंपियन श्वेत एथलीट रहे। 1932 में एडी टोलन पहले अश्वेत ओलिंपिक 100 मीटर चैंपियन बने। 1984 से 2024 तक ओलिंपिक में अश्वेत एथलीट ही 100 मीटर चैंपियन रहे। 2020 टोक्यो ओलिंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट लेमॉन्ट मार्सेल जैकब्स के पिता अफ्रीकी मूल के थे, जबकि मां इटैलियन थीं। इसलिए उन्हें भी ब्लैक एथलीट में गिना गया। ———————————————-

जयपुर में दिनदहाड़े महिला को हिप्नोटाइज कर लूटे गहने:बच्चे को स्कूल से लेने जा रही थी, 2 बदमाशों ने एड्रेस पूछने के बहाने रोका

जयपुर में हिप्नोटाइज कर एक महिला से गहने लूटने का मामला सामने आया है। शुक्रवार दोपहर वह बच्चों को स्कूल लेने घर से निकली थी। एड्रेस पूछने के बहाने दो बदमाशों ने रास्ते में रोक गहने उतरवा लिए। महेश नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की तलाश कर रही है। भगवान की कृपा करने की कहकर किया हिप्नोटाइज पुलिस ने बताया- महेश नगर के अवधपुरी निवासी रिटायर्ड तहसीलदार मेवाराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उनकी बहू गायत्री देवी के साथ वारदात हुई है। दोपहर करीब 1:45 बजे वह बच्चों को स्कूल से लेने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में मिले दो युवकों ने एड्रेस पूछने के बहाने उसे रोक लिया। बातचीत के दौरान भगवान की कृपा प्राप्त करने की कहकर हिप्नोटाइज कर लिया। बदमाशों के कहे अनुसार गायत्री ने हाथ में पहनी सोने की अंगुठी, नाक का सोने का कांटा उतरवा लिया। बिना पीछे देखे 10-15 कदम चलने को कहकर गहने लेकर दोनों बदमाश फरार हो गए। कुछ देर बाद गायत्री को अपने साथ लूट की वारदात होने का पता चला। महेश नगर थाना पुलिस ने सूचना पर पहुंच वारदातस्थल पर लगे CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में कैद हुए दोनों बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है। देखिए PHOTOS…

स्पोर्ट्स अपडेट:सर्वेश कुशारे डायमंड लीग में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय हाई जम्पर; आयरलैंड के खिलाफ मैथ्यूज ने 159 रन बनाए

महाराष्ट्र के 31 साल के हाई जम्पर सर्वेश कुशारे ने डायमंड लीग में इतिहास रचते हुए मोनाको मीट में तीसरा स्थान हासिल किया। वे डायमंड लीग में पॉडियम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय हाई जम्पर और ओवरऑल चौथे भारतीय एथलीट बन गए हैं। इससे पहले नीरज चोपड़ा, विकास गौड़ा और मुरली श्रीशंकर ही यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। सर्वेश ने 2.26 मीटर की छलांग लगाकर टोक्यो ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुतज एसा बारशिम, इटली के जियानमार्को तांबेरी और अमेरिका के जूवॉन हैरिसन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा। यूक्रेन के ओलेह डोरोशचुक (2.32 मीटर) ने गोल्ड और ब्रिटेन के जैक किमनि (2.30 मीटर) ने सिल्वर जीता। नासिक के एक प्याज किसान के बेटे सर्वेश ने बचपन में खेत के कचरे और कपास से बने अस्थायी गद्दे पर अभ्यास शुरू किया था। दो सप्ताह पहले ही उन्होंने भुवनेश्वर में 2.31 मीटर की छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इस प्रदर्शन के बाद वे मौजूदा सीजन में एशिया के नंबर-1 हाई जम्पर और दुनिया के संयुक्त चौथे सर्वश्रेष्ठ जम्पर बन गए हैं। स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़ें… वेस्टइंडीज महिला टीम का वनडे में सबसे बड़ा रन चेज आयरलैंड के ब्रेडी में आयरिश टीम और वेस्टइंडीज महिला टीम के बीच खेले गए वनडे में वेस्टइंडीज ने अपने इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज किया। टीम ने 270 रन का लक्ष्य सिर्फ एक विकेट खोकर 35.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के दौरान कप्तान हेली मैथ्यूज (159*) और रीआना ग्रिमंड (91) ने पहले विकेट के लिए 258 रन की साझेदारी की, जो वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट के इतिहास में किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले आयरिश टीम ने 50 ओवर में 269 रन बनाए थे। एमी हंटर ने 96 रन बनाए, जबकि वेस्टइंडीज की ओर से एफी फ्लेचर ने 4 और हेली मैथ्यूज ने 3 विकेट लिए। जवाब में मैथ्यूज ने पहले गेंद से 3 विकेट लिए और फिर बल्ले से नाबाद 159 रन बनाकर टीम को रिकॉर्ड जीत दिलाई। तजिंदर सिंह ने 27 गेंदों में नाबाद 66 रन की पारी खेली मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में एमआई न्यूयॉर्क ने सिएटल ऑर्कास को 17 रन से हराकर प्लेऑफ की रेस में मजबूत बढ़त बनाई। टीम के अब 9 मैचों में 10 अंक हो गए हैं और वह बेहतर नेट रन रेट के आधार पर सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूयॉर्क ने 12 ओवर में 73 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तजिंदर सिंह और कप्तान कीरोन पोलार्ड ने छठे विकेट के लिए 41 गेंदों में 80 रन जोड़े। पोलार्ड ने 54 रन बनाए, जबकि तजिंदर ने 27 गेंदों में नाबाद 66 रन की पारी खेली। आखिरी ओवर में उन्होंने 20 रन बटोरकर टीम का स्कोर 8 विकेट पर 179 रन तक पहुंचाया। सिएटल के कप्तान मार्कस स्टोइनिस ने 5 विकेट लिए। 180 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिएटल ने 16वें ओवर तक 1 विकेट पर 144 रन बना लिए थे। टिम सीफर्ट (88) और मैथ्यू ब्रीत्ज़के (44) ने दूसरे विकेट के लिए 117 रन जोड़े। लेकिन ब्रीत्ज़के के आउट होने के बाद टीम आखिरी 26 गेंदों में 5 विकेट गंवाकर सिर्फ 18 रन ही जोड़ सकी और 17 रन से मैच हार गई। न्यूयॉर्क के लिए पोलार्ड और रोमारियो शेफर्ड ने 2-2 विकेट लिए। जेएसडब्ल्यू इंस्पायर कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियनगेम्स में टीम इंडिया का स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस और लाइफस्टाइल पार्टनर जेएसडब्ल्यू ग्रुप का एक्टिववियर ब्रांड JSW इंस्पायर 2026 में होने वाले ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल, जापान एशियन गेम्स, डकार यूथ ओलिंपिक और रियाद एशियन इंडोर एंड मार्शल आर्ट्स गेम्स में भारतीय दल का आधिकारिक स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस और लाइफस्टाइल पार्टनर होगा। भारतीय खिलाड़ी इन सभी प्रतियोगिताओं में JSW इंस्पायर की आधिकारिक किट पहनेंगे। JSW स्पोर्ट्स के संस्थापक एवं निदेशक पार्थ जिंदल ने कहा कि नई किट खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। वहीं, IOA अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि JSW लंबे समय से भारतीय खेलों का सहयोगी रहा है। धाविका पारुल चौधरी और मुक्केबाज प्रीति साई पवार ने भी नई किट को खिलाड़ियों के प्रदर्शन के लिहाज से उपयोगी बताया।

रेप के आरोपी ने जमानत मिलते ही 6 हत्याएं कीं:पहले पत्नी-बच्चों, फिर पीड़ित और उसके परिवार को मार डाला, तेलंगाना की घटना

तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में नाबालिग से रेप के एक आरोपी ने शुक्रवार रात जमानत पर बाहर आते ही 6 हत्याएं कर दीं। पहले उसने अपनी 30 साल की पत्नी, 4 साल और 18 महीने के दो बेटों की हत्या की। इसके बाद वह करीब 6 किलोमीटर दूर दूसरे गांव पहुंचा। जहां उसने 17 साल की रेप पीड़ित, उसकी मां और नानी को भी मार दिया। लड़की ने 16 मई को पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत आरोपी राजकुमार के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया था। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें… परिवार बोला- पहले ही मारने की धमकी दी थी लड़की के मामा नरेश ने बताया, उसने मेरी चाची और भांजी की हत्या कर दी। उसने पहले भी लड़की को परेशान किया था और उस पर POCSO के तहत मामला दर्ज किया गया। उसने धमकी दी थी वह एक-दो हफ्ते में पूरे परिवार को मार डालेगा। मामला दर्ज होने के बाद भी उसे पूछताछ या रिमांड के लिए नहीं ले जाया गया। उसके परिवार को पता था कि वह कहां है, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी और मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। घटना के 20 दिन बाद हमने उन्हें फिर से बताया कि वह घूम रहा है और कह रहा है कि वह लड़की को मार डालेगा। उन्होंने कहा कि वे उसे ढूंढ रहे हैं। मामला दर्ज होने के सिर्फ दो दिन बाद ही वह जमानत पर बाहर आ गया था। उसने रिश्वत दी थी और मामला दबा दिया गया। अब उसने लड़की की हत्या कर दी है और यह सब पुलिस की लापरवाही की वजह से हुआ है। उन्हें सस्पेंड किया जाना चाहिए और आरोपी को हमारे हवाले कर देना चाहिए। क्या है पॉक्सो कानून POCSO एक विशेष कानून है, जो नाबालिग बच्चों के खिलाफ होने वाले यौन अपराधों की रोकथाम और सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए 2012 में लागू किया गया था। ————————- ये खबर भी पढ़ें… रेप-मर्डर के दोषी को फांसी की सजा: पुणे में 65 साल के व्यक्ति ने 3 साल की बच्ची से रेप किया था महाराष्ट्र के पुणे जिले में 3 साल की बच्ची से रेप और हत्या करने के आरोपी 65 साल के दोषी भीमराव कांबले को विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। कोर्ट का यह फैसला वारदात के 60 दिन में आया है। अदालत ने इस मामले को रेयरेस्ट ऑफ रेयर श्रेणी का बताते हुए कहा कि आरोपी का कृत्य बेहद क्रूर, अमानवीय और बर्बर था। पूरी खबर पढ़ें…

552 तहसीलदारों को किया इधर-उधर:रेवेन्यू बोर्ड ने जारी की लिस्ट; कइयों के जिले बदले, कई जिले में ही एडजस्ट

रेवेन्यू बोर्ड अजमेर ने 552 तहसीलदारों के ट्रांसफर किए गए हैं। इनमें अधिकांश का जिला व पद बदले गए हैं। वहीं कुछ को जिले में ही एडजस्ट किया गया है। इस संबंध में रजिस्ट्रार महावीर प्रसाद की ओर से आदेश जारी किए गए है। यहां देखें पूरी लिस्ट….

हाईकोर्ट ने पूछा-आवासीय भवन में संचालित कोचिंग वैध या नहीं:सरकार और अधिकारियों को रिपोर्ट पेश करने के आदेश, 23 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

राजस्थान हाईकोर्ट ने एक याचिका की सुनवाई के दौरान धार्मिक स्थल की आड़ में संभावित अतिक्रमण और आवासीय क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थान की वैधता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने राजेंद्र प्रसाद मित्तल की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि यह स्पष्ट किया जाए कि क्या राजस्थान धार्मिक भवन एवं स्थान अधिनियम, 1944 के प्रावधानों के विपरीत कहीं भी मंदिर या धार्मिक निर्माण किया जा सकता है। अधिकारी नहीं सुनते कोर्ट ने यह भी जानना चाहा कि क्या धार्मिक भावनाओं की आड़ में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण को वैध माना जा सकता है। याचिकाकर्ता का कहना है कि उनके कार्यस्थल के बाहर स्थित मंदिर परिसर में असामाजिक तत्व एकत्र होकर नशा करते हैं, जिसकी शिकायत अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 23 जुलाई को होगी अगली सुनवाई हाईकोर्ट ने साथ ही यह भी जांचने के निर्देश दिए कि आवासीय भवन में किराए पर संचालित कोचिंग संस्थान संबंधित नियमों के अनुरूप वैध हैं या नहीं। कोर्ट ने संबंधित अधिकारी को रिपोर्ट सहित अगली सुनवाई पर उपस्थित रहने के आदेश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 23 जुलाई को होगी।