साधु बनकर छिप रहा था रेप का आरोपी:4 राज्यों के मंदिरों में काट रहा था फरारी; पुलिस ने 10 हजार का इनामी बदमाश पकड़ा

जयपुर पुलिस ने नाबालिग लड़की से रेप कर फरार हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 10 हजार रुपए का यह इनामी आरोपी साधु का वेश धारण कर मंदिरों में छिपा हुआ था। वह पिछले एक साल से चार राज्यों में पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब एक साल पहले नाबालिग लड़की के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया था। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की भनक लगते ही वह फरार हो गया। पुलिस की काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। हाल ही में जयपुर कमिश्नरेट साउथ के हेड कॉन्स्टेबल भीम सिंह को इस इनामी आरोपी के जवाहर सर्किल इलाके में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद साइबर सेल के लोकेश कुमार की मदद से पुलिस टीम ने साधु के वेश में छिपे इस बदमाश को धर-दबोचा। आरोपी पिछले एक साल से साधु का वेश बनाकर हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और राजस्थान के विभिन्न मंदिरों में छिपकर फरारी काट रहा था।

जयपुर में हुई 'रन फॉर हेल्थ' मैराथन:SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल झंडी दिखाकर रवाना किया; डॉक्टर्स ने दौड़ लगाकर हेल्दी रहने का दिया संदेश

जयपुर में डॉक्टर्स डे पर जार्ड (जयपुर एसोसिएशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स) ने पहली बार “रन फॉर हेल्थ” मैराथन का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रेगूलर व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने फ्लैग ऑफ कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. गिरधर गोयल, सीनियर प्रोफेसर डॉ. धीरज जैफ, डॉ. पी.सी. मीणा, डॉ. एन.सी पूनिया और जार्ड के पदाधिकारी उपस्थित रहे। हेल्दी रहने का दिया संदेश इस मैराथन में सीनियर रेजिडेंट्स, जूनियर रेजिडेंट्स, एमबीबीएस छात्र-छात्राओं, मेडिकल कॉलेज फैकल्टी सदस्यों और अलग-अलग प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जार्ड ने पहली बार कराया आयोजन जार्ड अध्यक्ष डॉ. राजपाल सिंह मीना ने बताया- जार्ड की तरफ से ये पहली बार मैराथन आयोजित की गई है। कार्यक्रम को सभी प्रतिभागियों और चिकित्सा समुदाय का भरपूर सहयोग और सराहना मिली। आयोजन सफलतापूर्वक और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण विज्ञापन मामले में नोटिस जारी:सरकार ने 7 दिन में जवाब मांगा, ऐसे कंटेंट को ब्लॉक करने और हटाने को कहा

इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेट को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों को लेकर सरकार ने पैरेंट कंपनी Meta को नोटिस भेजा। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार कंपनी को 7 दिन में इस नोटिस का जबाव देना होगा। ये नोटिस 4 जुलाई को जारी किया गया है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार IT मिनिस्ट्री ने इंस्टाग्राम को अपने प्लेटफॉर्म पर बाल यौन शोषण को बढ़ावा देने वाले या ऐसे कंटेंट तक पहुंच बनाने वाले सभी विज्ञापनों को तुरंत ब्लॉक करने और हटाने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, बीबीसी ने अपनी इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट में बताया था कि इंस्टाग्राम भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़े विज्ञापन दिखा रहा है। इससे पहले सरकार ने 1 जुलाई को Meta को नोटिस जारी कर WhatsApp के यूजरनेम फीचर पर नोटिस भेजा था। BBC रिपोर्ट- Meta पर यौन शोषण से जुड़ा कंटेंट सस्ता मिल रहा भास्कर नॉलेज: भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री का बनाना, रखना अपराध सवाल: भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री पर क्या कानून है? जवाब: बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री को बनाना, रखना, देखना, शेयर करना, बेचना या प्रसारित करना अपराध है। सवाल: IT Act की धारा 67B में क्या सजा है? जवाब: पहली बार दोषी पाए जाने पर 5 साल तक की जेल और 10 लाख रुपए तक जुर्माना। दोबारा अपराध करने पर 7 साल तक की जेल और जुर्माना। सवाल: सोशल मीडिया कंपनियों की क्या जिम्मेदारी है? जवाब: भारत के आईटी, 2021 के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अवैध कंटेंट हटाने के लिए त्वरित कार्रवाई करनी होती है। जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करना होता है। बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट की पहचान और रोकथाम के लिए उचित तकनीकी उपाय करने होते हैं। सवाल: अगर कोई ऐसा कंटेंट दिखे तो क्या करें? जवाब: उसे डाउनलोड, शेयर या फॉरवर्ड न करें। संबंधित प्लेटफॉर्म पर तुरंत रिपोर्ट करें। राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। जरूरत पड़ने पर स्थानीय पुलिस या साइबर सेल को सूचना दें। सवाल: सरकार इस मामले में क्या कर सकती है? जवाब: सोशल मीडिया कंपनी से जवाब मांग सकती है। प्लेटफॉर्म से कंटेंट हटाने का निर्देश दे सकती है। जांच एजेंसियों के जरिए आपराधिक जांच शुरू कर सकती है। नियमों के उल्लंघन पर आईटी कानूनों के तहत कार्रवाई कर सकती है। सवाल: क्या सिर्फ प्लेटफॉर्म ही जिम्मेदार होता है? जवाब: नहीं। ऐसे कंटेंट को अपलोड करने, खरीदने, बेचने, शेयर करने या जानबूझकर प्रसारित करने वाले व्यक्ति भी भारतीय कानून के तहत आपराधिक कार्रवाई के दायरे में आते हैं।

स्कूटी से ढाई लाख चोरी का खुलासा:अंतर्राज्यीय गैंग के 2 बदमाशों को दबोचा, कडिया सांसी गैंग से जुड़े थे

डीडवाना-कुचामन में पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में जिले की कुचामनसिटी थाना पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी में से ढाई लाख रुपए चोरी के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय कडिया सांसी गैंग के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित सांसी और रितिक उर्फ काला को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों पर स्कूटी की डिग्गी से 2 लाख 50 हजार रुपए चोरी कर फरार होने का आरोप है।
कुचामनसिटी थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। झूठी FIR कराने वालों पर कार्रवाई, 2 के खिलाफ इस्तगासा पेश
इधर डीडवाना-कुचामन पुलिस ने झूठी एफआईआर दर्ज कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
इसी कड़ी में पुलिस थाना बडू ने झूठी एफआईआर दर्ज कराने वाले 2 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। उनके खिलाफ कोर्ट में इस्तगासा (शिकायत) पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार झूठी सूचना या रिपोर्ट देने पर 6 महीने से 2 साल तक के कारावास का प्रावधान है। वहीं, गंभीर मामलों में यह सजा 7 साल तक बढ़ सकती है।

लुधियाना में रील के चक्कर में 2 महिलाओं को कुचला:10 मीटर तक घसीटने से एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर; VIDEO सामने आया

लुधियाना में अपनी सहेली के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद महिला बोनट पर अटक गई। थोड़ी दूर जाकर कार के सामने ही जमीन पर गिर पड़ी जिससे उसकी खोपड़ी पर पहिया चढ़ गया। महिला के शरीर की हड्डियां तक टूट गई। महिला को करीब 10 मीटर घसीटने के बाद गाड़ी ड्राइवर वहां से भाग गया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित किया गया। वहीं, उसकी सहेली को भर्ती कर लिया गया। एक्सीडेंट की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक्सीडेंट करने वाला युवक 12वीं पास है। उसे पुलिस ने अब्दुल्लापुर बस्ती से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसकी कार राजस्थान से बरामद हुई। युवक ने रील बनाने के चक्कर में महिलाओं को उड़ा दिया था। जानिए क्या है पूरा मामला… 7 जगह बिकी है कार मृतक हरप्रीत कौर के भतीजे दीप ने बताया कि उसकी बुआ हरप्रीत को टक्कर मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। उन्होंने जब पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस भी जांच में लगी, लेकिन वह खुद भी निजी तौर पर मामले की जांच करवा रहे थे। उन्होंने अपने स्तर पर पता किया तो पता चला कि स्विफ्ट डिजायर कार 7 बार पहले बिक चुकी है। इस बार यह 8वां मालिक है। गाड़ी ने कई टोल पार किए। जब गाड़ी के फास्ट टैग चेक करवाए तो पता चला कि गाड़ी राजस्थान पहुंच चुकी है। राजस्थान से हुई कार बरामद पुलिस को आरोपी की कार राजस्थान से बरामद हुई। आरोपी की पहचान अब्दुल्लापुर बस्ती के रहने वाले अमन कुमार के रूप में हुई है। उसके पास लर्निंग लाइसेंस था। वह कुछ समय पहले ही गाड़ी चलाना सीखा था। उसने रील बनाने के चक्कर में मॉर्निंग वॉक कर रही महिलाओं को कुचल दिया था। इसके बाद यह वीडियो अपने दोस्तों को भी शेयर की। मृतका के परिजन का आरोप है कि आरोपी के पिता की स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। उसने अपने बेटे को बचाने के लिए गाड़ी के फ्रंट शीशे को दुगरी की एक दुकान से बदलवा दिया। उसने सबूत मिटाने की कोशिश की और गाड़ी को घटनास्थल पर न दिखाने की नीयत से राजस्थान ले गया। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… मानसा में दो युवकों की मौत, एक गंभीर, सामने आ रही कार को मारी टक्कर मानसा-भीखी रोड पर स्थित कोटड़ा गांव के पास शनिवार रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना रात करीब 8 बजे एक कार और ट्राले के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर के कारण हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पढ़ें पूरी खबर…

नारनौल में मालगाड़ी से कट कर व्यक्ति की मौत:राजस्थान का रहने वाला, पेंट के काम के सिलसिले में आया, कागजातों से हुई पहचान

महेंदगढ़ जिले के नारनौल में डीएफसी रेलवे लाइन पर माल गाड़ी की चपेट में आने से राजस्थान के एक पेंटर की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। जिसके बाद उसका नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। राजस्थान के सीकर जिला के गांव डाबला निवासी करीब 47 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार रंग पेंट का काम करता था। वह काम के सिलसिले में गांव बसीरपुर आया हुआ था। शनिवार को वह गांव बसीरपुर के पास रेलवे लाइन पार कर रहा था। मालगाड़ी की चपेट में आया इस दौरान गांव बसीरपुर के नजदीक जा रही रेलवे की दिल्ली-मुंबई कोरिडोर डब्ल्यूडीएफसी लाइन पर जा रही माल गाड़ी की चपेट में आ गया। इसकी सूचना जीआरपी चौकी नारनौल काे दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लिया। जीआरपी ने कराया पोस्टमार्टम जिसके बाद मृतक की शिनाख्त उसके पास मिले कागजातों से हुई। जीआरपी ने इसकी सूचना परिजनों को दी। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए शव का नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा डेडबॉडी परिजनों को सौंप दी।

बरखेड़ा-बरबेली मुख्य सड़क बदहाल:बारिश में गांव का संपर्क कटने का खतरा, जगह जगह गहरे गड्ढे

झालावाड़ जिले के खानपुर उपखंड मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर और गोलाना मुख्य हाईवे से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बरखेड़ा की मुख्य संपर्क सड़क जर्जर हालत में है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बरखेड़ा से बरबेली मोड़ तक जाने वाली यह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिस पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित पीलिया खाल की पुलिया करीब 10 महीने पहले क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी, हेल्पलाइन नंबर 181 और स्थानीय विधायक को भी सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पुलिया की मरम्मत न होने से स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। गांव में भारी वाहनों का प्रवेश लगभग बंद हुआ
सड़क और पुलिया की खराब स्थिति के कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों की बस अब गांव तक नहीं पहुंच पा रही है। इसके साथ ही भारी वाहनों का गांव में प्रवेश भी लगभग बंद हो गया है। बरखेड़ा से मतवासा नहर की ओर जाने वाला कच्चा वैकल्पिक मार्ग भी लगातार बारिश के कारण कीचड़ और गड्ढों से भर गया है, जिससे ग्रामीणों के लिए आवागमन और अधिक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क और पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई, तो लगातार हो रही बारिश के बीच बरखेड़ा गांव का खानपुर मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क और पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में कुलदीप सिंह राजपूत, जगदीश, रामबिलास मीणा, महावीर नागर, संजय, रामेश्वर नागर, मांगीलाल मीणा और राकेश सहित कई ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।

एमडी-डोडा पोस्त व देसी पिस्टल के साथ 2 युवक गिरफ्तार:नाकाबंदी में पकड़ी कार, आरोपियों से 8 मोबाइल भी जब्त

चूरू जिले की बीदासर थाना पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार की तलाशी ली, जिसमें सवार युवकों के पास से एमडी, डोडा पोस्त और एक देसी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कार, अवैध हथियार और मादक पदार्थ जब्त कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक बीकानेर रेंज आईजी के आदेश पर क्षेत्र में कड़ी नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान बीदासर से डूंगरगढ़ की ओर जा रही एक कार को रोका गया। कार में 2 युवक सवार थे, जो पुलिस की पूछताछ में घबरा गए और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। संदेह होने पर पुलिस ने कार और युवकों की गहनता से तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवकों के पास से एमडी, डोडा पोस्त और एक देसी पिस्टल मिली। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सांडवा उंटालड़ निवासी 26 वर्षीय रामनारायण नाथ और बाना डूंगरगढ़ निवासी 35 वर्षीय हुकमनाथ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 1.1 ग्राम एमडी, 34 ग्राम डोडा पोस्त और एक अवैध देशी पिस्टल बरामद की है।
पुलिस को युवकों के पास से 8 मोबाइल फोन और कुछ नकद राशि भी मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

झुंझुनू-सीकर फोरलेन पर डेढ़ फीट ऊंची बनाई जा रही सड़क:हल्की बारिश में भी डूब जाती थी, जुलाई अंत तक खत्म होगी जलभराव की परेशानी

मानसून में हर साल झुंझुनू-सीकर फोरलेन पर होने वाले जलभराव से लोगों को जल्द राहत मिलेगी। हवाई पट्टी सर्कल से एफसीआई गोदाम तक करीब आधा किलोमीटर सड़क को नई तकनीक से बनाया जा रहा है। 2.41 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में सड़क को डेढ़ फीट ऊंचा किया जा रहा है और पुराने नाले का भी काम किया जा रहा है। काम जुलाई के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। हल्की बारिश में भी डूब जाती थी सड़क पिछले कई सालों से हवाई पट्टी सर्कल से एफसीआई गोदाम तक का रास्ता बारिश के समय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ था। हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता था। कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो जाते थे। ट्रैफिक जाम लग जाता था और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आम लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ती थी। जलभराव की समस्या खत्म करने के लिए सड़क को मौजूदा स्तर से करीब डेढ़ फीट ऊंचा बनाया जा रहा है। करीब आधा किलोमीटर हिस्से में डिवाइडर के दोनों तरफ 7-7 मीटर चौड़ी सीसी सड़क तैयार की जा रही है।
नाले का भी हो रहा काम डिस्कॉम ऑफिस के सामने सड़क की ऊंचाई 450 एमएम रखी गई है। साथ ही हवाई पट्टी सर्कल तक पुराने नाले का रिनोवेशन किया जा रहा है, ताकि बारिश का पानी सड़क पर जमा होने के बजाय सीधे नगर परिषद के मुख्य ड्रेनेज नाले में पहुंच सके। जुलाई के अंत तक पूरा होगा प्रोजेक्ट प्रोजेक्ट डायरेक्टर परशुराम वर्मा ने बताया कि 2.41 करोड़ रुपए की लागत से यह सड़क बनाई जा रही है। काम मई में शुरू हुआ था और जुलाई के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। सड़क बनने के बाद मानसून में इस हिस्से में जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।

दिल्ली इंटरव्यू देने गया युवक 15 दिन से लापता:मोबाइल भी बंद,परिवार ने दर्ज कराई रिपोर्ट; बिन बताए घर से निकली महिला भी गायब

सीकर में 44 साल के आदमी के लापता होने का मामला सामने आया है। वह करीब 15 दिन पहले विदेश जाने के लिए दिल्ली में इंटरव्यू देने के लिए गया था। आज तक वह वापस नहीं लौटा। युवक का मोबाइल भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। मामले में परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी है। लापता आदमी के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा विदेश में नौकरी के लिए जाना चाहता था। इसी सिलसिले में वह 20 मई को अपने डॉक्यूमेंट और पासपोर्ट लेकर दिल्ली गया था। उसने कहा था कि उसका दिल्ली में इंटरव्यू है इसके लिए वह जा रहा है। इंटरव्यू देने के बाद वापस लौट आएगा। लेकिन इंटरव्यू देने के बाद से लेकर अब तक 15 दिन बीत चुके हैं। युवक का कोई पता नही है। उसके दोनों मोबाइल नंबर अब लगातार स्विच ऑफ आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस टेक्निकल सोर्सेज के आधार पर आदमी का पता लग रही है। 24 साल की महिला भी लापता सीकर जिले में 24 साल की महिला की लापता होने का मामला सामने आया है। जो रात के समय अपने ससुराल से बिना बताए कहीं पर चली गई। महिला के पति ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि 3 जुलाई की रात को वह अपनी पत्नी के साथ ही सोए थे। सुबह जब उठकर देखा तो पत्नी नहीं मिली। फिलहाल पुलिस महिला की तलाश कर रही है।