ब्रेकिंग न्यूज़
आपराधिक मामले में 2 दोषियों को 7-7 साल की जेल:20-20 हजार जुर्माना लगाया, जमा नहीं कराने पर भुगतना होगा अतिरिक्त कारावास

जिले के तारानगर स्थित अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने आठ साल पुराने एक आपराधिक मामले में फैसला सुनाया है। कोर्ट ने दो आरोपियों को सात-सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई और उन पर 20-20 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया। कोर्ट ने तारानगर निवासी जगदीश उर्फ पप्पू और अजय कुमार को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दोषी ठहराया। अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि यदि आरोपी अर्थदंड जमा नहीं कराते हैं, तो उन्हें एक-एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। इस मामले में राज्य सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज कुमार स्वामी ने पैरवी की। न्यायालय के इस फैसले के साथ ही आठ साल पुराने इस प्रकरण का न्यायिक पटाक्षेप हो गया है।

करौली में रोजगार उत्सव की तैयारियां पूरी:मुंशी स्टेडियम में 1,555 नवनियुक्त कार्मिकों का होगा सम्मान

करौली में शनिवार को जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 1,555 नवनियुक्त कार्मिकों का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। सुबह 10 बजे मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम में आयोजित समारोह में उन्हें वेलकम किट, राजकीय दायित्वों से संबंधित पुस्तिका और मुख्यमंत्री का बधाई संदेश दिया जाएगा। वहीं, राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा, ताकि सभी नवचयनित कार्मिक मुख्यमंत्री के संबोधन से जुड़ सकें। तैयारियां पूरी, व्यापक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन ने रोजगार उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल पर पंजीकरण, स्वागत, बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, सुरक्षा और पार्किंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। जनसेवा के प्रति करेंगे प्रेरित रोजगार उत्सव का उद्देश्य केवल नवनियुक्त कार्मिकों का स्वागत करना नहीं, बल्कि उन्हें जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करना भी है। समारोह के दौरान उन्हें उनकी भूमिका और कर्तव्यों से संबंधित उपयोगी जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे अपनी सेवाओं का बेहतर निर्वहन कर सकें। नोडल अधिकारी और प्रशासन की अपील यह आयोजन जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा के निर्देशन में होगा। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सर्वेश गुप्ता को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी इन्द्रेश तिवारी को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन ने सभी चयनित कार्मिकों से निर्धारित समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण कराने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

नवनेरा परियोजना में अधिग्रहित भूमि पर खेती प्रतिबंधित:किसानों को चेतावनी, बुवाई की तो होगी कार्रवाई; 7 गांवों में काम शुरू

बूंदी जिले में नवनेरा-गलवा-बीसलपुर-ईसरदा लिंक परियोजना के तहत अधिग्रहित सात गांवों की जमीन पर अब किसान खेती नहीं कर सकेंगे। प्रशासन ने सार्वजनिक सूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि अधिग्रहित भूमि पर जुताई, बुवाई या फसल बोने पर फसल को होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित किसान की होगी। प्रशासन ने हिदायत दी है कि सरकारी आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ राजकीय कार्रवाई भी की जाएगी। सात गांवों की भूमि परियोजना के लिए अधिग्रहित राजस्थान वाटर ग्रिड कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीआईयू) कोटा के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि नवनेरा बैराज के डिलीवरी सिस्टर्न से मेज एनीकट तक फीडर निर्माण के लिए गुहाटा, कोटाखुर्द, लबान, दहीखेड़ा, डपटा, रामगंज और खरायता गांवों की भूमि अधिग्रहित की गई है। भूमि अर्जन अधिनियम-2013 के तहत 28 मई 2025 को अवार्ड जारी किया जा चुका है। अधिकांश किसानों को मिल चुका मुआवजा परियोजना से प्रभावित अधिकांश किसानों को मुआवजा वितरित किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुआवजा प्राप्त कर चुके या मुआवजे की प्रक्रिया में शामिल सभी किसान अधिग्रहित भूमि पर किसी भी प्रकार की कृषि गतिविधि नहीं कर सकेंगे। जुताई-बुवाई करने पर किसान खुद होंगे जिम्मेदार प्रशासन के अनुसार अधिग्रहित भूमि पर जुताई, बुवाई, खाद-बीज डालना या फसल उगाने जैसे कार्य प्रतिबंधित हैं। यदि इसके बावजूद कोई किसान खेती करता है और निर्माण कार्य के दौरान उसकी फसल को नुकसान होता है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित हितधारी की होगी। ऐसे मामलों में किसी प्रकार का नुकसान दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्देशों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई विभाग ने बताया कि किसानों को पहले भी इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है। अब सार्वजनिक सूचना जारी कर दोबारा चेतावनी दी गई है कि सरकारी निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी राजकीय कार्रवाई की जाएगी

एसएमबी कॉलेज के विज्ञान ब्लॉक में दरारें:6.72 करोड़ का घटिया सामान लगाने का आरोप, स्टूडेंट्स ने जांच की मांग उठाई

सेठ मथुरादास बिनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नाथद्वारा में बने नए विज्ञान ब्लॉक की हालत को लेकर स्टूडेंट्स ने विरोध किया। स्टूडेंट्स ने कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। स्टूडेंट्स का कहना है कि डीएमएफटी फंड से 6.72 करोड़ रुपए की लागत से बना भवन अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही उसमें कई जगह दरारें आ गई हैं। शुरू होने से पहले ही भवन में दिखीं दरारें स्टूडेंट्स ने शिकायत में बताया कि डीएमएफटी फंड से करीब 6.72 करोड़ रुपए खर्च कर विज्ञान ब्लॉक बनाया गया है। भवन का अभी तक उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही कई जगह दरारें आ गई हैं। छत का प्लास्टर उखड़ गया है और पिलरों के जोड़ पर भी दरारें साफ दिखाई दे रही हैं। घटिया सामान लगाने का आरोप स्टूडेंट्स का आरोप है कि भवन बनाने में गंभीर लापरवाही की गई और घटिया सामान लगाया गया। उनका कहना है कि इसी वजह से नया भवन शुरू होने से पहले ही खराब होने लगा। कॉलेज प्रशासन पर भी लगाए आरोप स्टूडेंट्स का कहना है कि करीब दो महीने पहले कॉलेज प्रशासन ने बिना सही जांच किए भवन अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने ठेकेदार और कॉलेज प्रशासन की मिलीभगत और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। साथ ही भवन की तकनीकी जांच, भवन बनाने में इस्तेमाल सामान की जांच और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। स्टूडेंट्स ने चेतावनी दी है कि अगर सात दिन के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

भारत के प्रधानमंत्री का बनाया फेक वीडियो:छवि बिगाड़ने के लिए AI का किया यूज, फेसबुक पोस्ट डालकर किया वायरल

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है। संवैधानिक पद पर बैठे देश के नेता की छवि बिगाड़ने के लिए यह AI जनरेटेड (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) वीडियो बनाया गया है। इस मामले में मुहाना थाने में बीजेपी के जयपुर शहर प्रवक्ता की ओर से शुक्रवार को FIR दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने बताया कि मुहाना के रामपुरा रोड निवासी खेमचंद शर्मा (39) ने यह रिपोर्ट दर्ज करवाई है। हाईकोर्ट के एडवोकेट खेमचंद शर्मा बीजेपी के जयपुर शहर प्रवक्ता हैं। उनका आरोप है कि फेसबुक पर कार्तिकेय भारद्वाज नाम के व्यक्ति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का AI जनरेटेड वीडियो अपने अकाउंट पर पोस्ट किया है। शिकायत में कहा गया है कि यह वीडियो प्रधानमंत्री पद की गरिमा के विपरीत है और लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला है। यह संवैधानिक पद पर बैठे प्रधानमंत्री के विरुद्ध अविश्वास की भावना पैदा करता है। इसके जरिए लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित देश के नेता की छवि धूमिल की जा रही है। मुहाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोर्ट रीडर की पत्नी का मंगलसूत्र छीन भागे बाइकसवार:टहलते हुए घर लौट रहे थे दंपती; दो दिन बाद भी सुराग नहीं

श्रीगंगानगर कोर्ट में सीनियर रीडर की पत्नी का मंगलसूत्र तोड़ने वालों का सुराग 2 दिन बाद भी पुलिस को नहीं लगा है। सीनियर पेशकार नरेंद्र सिंह बताया कि पति-पत्नी 1 जुलाई की रात 8.55 बजे टहलने निकले थे। घर लौटते वक्त जवाहरनगर थाना इलाके में 100 फीट रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया जिसमें बाइक सवार दोनों आरोपी CCTV में नजर आए। सफेद शर्ट पहने युवक बाइक चला रहा था। जबकि पीछे लाल टीशर्ट में बैठे उसके साथी ने गले से मंगलसूत्र तोड़ा। जवाहरनगर थाना पुलिस कर रही सर्च डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सीनियर पेशकार नरेन्द्र सिंह की पत्नी अंजूबाला ने बताया- हम फ्रेंड्स विहार गली नंबर-1 में रहते हैं। बुधवार रात 8.55 बजे मैं पति के साथ घर से टहलने निकली थी। हम दोनों अग्रसेन चौक से एसएसबी रोड की ओर पैदल जा रहे थे। 100 फीट रोड के पास पीछे से तेज स्पीड से आए बाइक सवार दो युवकों में से एक ने झपट्टा मारकर मेरे गले से मंगलसूत्र छीन लिया। घटना इतनी जल्दी हुई कि हम कुछ समझ ही नहीं पाए। वारदात का एहसास हुआ तो हमने शोर मचाया। आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। अंजूबाला ने रिपोर्ट में बताया- दोनों युवकों ने अपने चेहरा सफेद रंग के साफे से ढक रखा था जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। बाइक चला रहे युवक ने सफेद रंग की शर्ट पहनी हुई थी जबकि पीछे बैठे युवक ने लाल रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी। एएसआई जसवीर सिंह ने कहा- महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। अभी मामले की जांच जारी है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की है। आरोपी युवकों की पहचान होते ही जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

40 साल के डॉक्टर की हार्टअटैक से मौत:सीने में दर्द होने पर डॉक्टर पत्नी के साथ चेकअप करवाने पहुंचे, अस्पताल में दम तोड़ा

दौसा जिला हॉस्पिटल में पोस्टेड 40 साल के डॉक्टर की जयपुर में हार्टअटैक से मौत हो गई। डॉ. हिमांशु शर्मा की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। जयपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल में चेकअप के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका है। डॉ. हिमांशु शर्मा शुक्रवार को अपने जयपुर स्थित घर पर थे। सीने में दर्द होने पर सुबह करीब 10 बजे पत्नी के साथ चेकअप करवाने मालवीय नगर स्थित राजस्थान हॉस्पिटल पहुंचे थे। यहां उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ देर में दम तोड़ दिया। 2 दिन पहले भी हुआ था सीने में दर्द
जानकारी के अनुसार, डॉ. हिमांशु को 2 दिन पहले भी सीने में दर्द हुआ था। इसके बाद उन्होंने इसे मामूली समझकर टेबलेट ले ली थी। एहतियात के तौर पर वे छुट्टी लेकर जयपुर चले गए थे। डॉ. हिमांशु की पत्नी डॉ. अनुराधा शर्मा भी जयपुर के जयपुरिया गवर्नमेंट हॉस्पिटल में डॉक्टर के पद पर पोस्टेड हैं। डॉक्टर हिमांशु शर्मा के 2 बेटियां हैं। 2023 से दौसा जिला हॉस्पिटल में पोस्टेड
पीएमओ डॉ. आरके मीणा ने बताया- सुबह करीब 11 बजे डॉ. हिमांशु शर्मा के असामयिक निधन की सूचना मिली थी। डॉ. हिमांशु शर्मा 2023 से दौसा जिला अस्पताल में पोस्टेड थे। वे हंसमुख स्वभाव के थे। हिमांशु शर्मा के मिलनसार स्वभाव के कारण मरीजों और हॉस्पिटल स्टाफ से उनके घनिष्ठ संबंध थे। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक के कारण मौत की आशंका है। हालांकि फाइनल रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी। अब ग्राफिक से समझिए… क्यों आता है हार्ट अटैक ………………………..
ये खबरें भी पढ़ें… एक्सरसाइज कर रहे कॉन्स्टेबल की हार्ट अटैक से मौत:SI एग्जाम की कर रहे थे तैयारी, पुलिस लाइन मैदान में अचेत होकर गिरे सवाई माधोपुर में पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह पुलिस लाइन ग्राउंड में एक्सरसाइज कर रहे थे, अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। पूरी खबर पढ़िए पिता की हार्टअटैक से मौत के-बाद बेटी ने किया सुसाइड:शव को देखते ही तालाब की तरफ दौड़ी और लगा दी छलांग बीकानेर में हार्ट अटैक से पिता की मौत के बाद बेटी ने सुसाइड कर लिया। पिता का शव देखकर युवती ने खेत में बने पोंड (तालाब) में छलांग लगा दी। पूरी खबर पढ़िए

पूर्व उपराष्ट्रपति को CMHO टीम ने गलत ब्लड ग्रुप लिखा:धनखड़ की जयपुर में हुई एंजियोप्लास्टी; SMS हॉस्पिटल भेजे गए लेटर से गलती पकड़ में आई

जयपुर में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की एंजियोप्लास्टी हुई है। वहीं सीएमएचओ टीम से बड़ी चूक भी हो गई। गलत ब्लड ग्रुप रिजर्व रखने के लिए लिख दिया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही गलती सुधार ली गई। दरअसल, धनखड़ के निजी सचिव की तरफ से आए प्रोटोकॉल लेटर में ‘A’ पॉजिटिव ब्लड की व्यवस्था के निर्देश थे। सीएमएचओ ने SMS हॉस्पिटल प्रशासन को O नेगेटिव ब्लड ग्रुप रिजर्व रखने के लिए लिख दिया। दोनों लेटर एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचा तो अलग-अलग ग्रुप देखकर डॉक्टरों ने तुरंत सूचना दी। इसके बाद ‘A’ पॉजिटिव ब्लड के लिए दोबारा लेटर भेजा गया। रूटीन चेकअप के लिए हॉस्पिटल पहुंचे थे धनखड़ धनखड़ रूटीन चेकअप के लिए शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट से सीधे जवाहर सर्किल स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचे। यहां उन्हें भर्ती करके ​रूटीन जांचें की गई। हार्ट संबंधी जांच के बाद दोपहर में धनखड़ की एंजियोप्लास्टी की गई। बताया जा रहा है कि धनखड़ की यह विजिट पहले से तय कार्डियक फॉलोअप का हिस्सा थी। हार्ट संबंधी जांच के बाद दोपहर को धनखड़ की एंजियोप्लास्टी की गई। सूत्रों के मुताबिक- धनखड़ के दो स्टेंट लगाए गए हैं। एंजियोग्राफी वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. समीन के. शर्मा की देखरेख में की गई। गलती से O निगेटिव ग्रुप लिखा गया जयपुर सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत ने इस चूक को टाइपिंग मिस्टेक बताया। शेखावत ने कहा- O निगेटिव ब्लड धनखड़ की पत्नी का है। गलती से पूर्व उपराष्ट्रपति के लिए उस ग्रुप का ब्लड चढ़ाने के लिए लिख दिया गया था। हमने लेटर में करेक्शन करके दोबारा SMS हॉस्पिटल भिजवा दिया था। अस्पताल में मिलने पहुंचे गहलोत पूर्व उपराष्ट्रपति के हॉस्पिटल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेता हॉस्पिटल पहुंचे और उनकी कुशलक्षेम पूछी। बता दें कि इससे पहले मार्च 2025 में भी हृदय संबंधी समस्या के चलते जगदीप धनखड़ को नई दिल्ली स्थित एम्स हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। जहां उनका कार्डियक प्रोसीजर हुआ था। इसके अलावा इसी वर्ष 12 जनवरी को अचानक बेहोश होने की शिकायत के बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कर एमआरआई जांच कराई गई थी। 5 जुलाई को दिल्ली जाएंगे धनखड़ 3 और 4 जुलाई को जयपुर में ही रहेंगे। वे 4 जुलाई को लोकभवन में ठहरेंगे। वहीं से 5 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। ……………………………………… ये खबरें भी पढ़ें… धनखड़ बोले- सेहत को लेकर लापरवाही नहीं की:कहा- स्वास्थ्य के लिए इस्तीफा दिया; मुझे दाढ़ी वालों से डर लगता है पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा- मैंने स्वास्थ्य के प्रति कभी लापरवाही नहीं बरती। इस्तीफा देते समय मैंने कभी नहीं कहा कि मैं बीमार हूं। मैंने कहा था कि मैं स्वास्थ्य को अहमियत दे रहा हूं, जो सभी को देनी भी चाहिए। (पूरी खबर पढ़ें) उपराष्ट्रपति-पद से इस्तीफे के बाद पहली बार जयपुर पहुंचे धनखड़:कहा- वाजपेयी के साथ संसदीय डेलिगेशन में 15 दिन यूरोप रहा, वो यादें हमेशा रहेंगी उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद जगदीप धनखड़ पहली बार जयपुर दौरे पर दिसंबर 2025 को आए थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के साथ की यादें ताजा की थीं। (पूरी खबर पढ़ें)

कोतवाली-थाने से 100 मीटर की दूरी पर दुकान में चोरी:चोरों ने चुराए 20 हजार रुपए, पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी भी तोड़ गए

टोंक में कोतवाली थाने से करीब 100 मीटर दूरी पर अज्ञात बदमाशों ने गुरुवार रात को एक दुकान का ताला तोड़कर गल्ले से 20 हजार रुपए चुराकर ले गए। चोरी का पता शुक्रवार सुबह चला। जब पड़ोसी दुकानदारों ने दुकान का ताला टूटा देखा तो मालिक को फोन कर चोरी की सूचना दी। दुकानदार जब दुकान खोलकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर कैश के अलावा दुकान में रखा सामान भी ले गए। दुकानदार ने कोतवाली पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी और वायरिंग को भी तोड़ गए। कोतवाली थाने से करीब 100 मीटर दूरी पर हुई चोरी सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जायजा किया। खास बात यह है कि दुकान कोतवाली थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। चोरों ने रात के समय बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। स्थानीय लोगों ने कहा- कोतवाली थाने के पास की दुकान से चोर चोरी कर चला गया तो फिर गली मोहल्ले की दुकानें कैसे सुरक्षित रहेगी। पीड़ित दुकानदार महसूद अहमद ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद करने की मांग की है। चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष बंसल ने कहा- इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है। कहा- जल्द चोरों को गिरफ्तार कर उनसे चुराया गया माल बरामद करके पीड़ित को सौंपे। पीड़ित दुकानदार महसूद अहमद ने बताया- उसकी सुभाष बाजार से पांच बत्ती के बीच मुख्य बाजार में कोतवाली से करीब 100 मीटर दूरी पर ‘RM लाइनिंग डोरा बटन’ की दुकान है। बीती रात अज्ञात चोरों ने शटर काट कर दुकान में रखें गल्ले से नकदी चुरा ले गए। चोरों ने पहचान छुपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और उनकी वायरिंग भी तोड़ दी। लगातार बढ़ती चोरियों से नाराज़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनीष बंसल ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा- अगर चोरी की घटनाओं पर तुरंत अंकुश नहीं लगा, तो व्यापारी चुप नहीं बैठेंगे और शहर में आंदोलन किया जाएगा।

जयपुर में बंद मकान में मिले बाप-बेटी के सड़े-गले शव:5 दिन पुरानी बताई जा रही बॉडी; 95 साल के बुजुर्ग रेलवे से थे रिटायर्ड

राजधानी जयपुर में एक बंद मकान में बाप-बेटी के सड़े-गले शव मिले हैं। दोनों शव करीब 5 दिन पुराने बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, शव पूरी तरह से डीकंपोज हो चुके थे और घर से आ रही तेज बदबू के कारण अंदर घुसना भी मुश्किल हो रहा था। यह मामला जगतपुरा स्थित आनंद विहार रेलवे कॉलोनी का है। रामनगरिया थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया- स्थानीय लोगों को गुरुवार शाम को ही मकान से हल्की दुर्गंध आने लगी थी, लेकिन तब किसी ने इस पर विशेष ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार सुबह तक दुर्गंध बेहद तेज हो गई। इस बीच पड़ोसियों ने गौर किया कि रोजाना गेट के अंदर फेंके जाने वाले अखबार पिछले कई दिनों से वैसे ही पड़े हुए थे। साथ ही, घर में रहने वाली महिला, जो रोज सुबह अखबार उठाती थी और बाउंड्री पर लगे पौधों को पानी देती थी, वह भी कई दिनों से नजर नहीं आई थी। इन सब बातों से पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। 95 साल के बुजुर्ग रेलवे से थे रिटायर्ड सूचना मिलने पर रामनगरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मकान अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने महावीर शर्मा के दोनों बेटों की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया। अंदर प्रवेश करने पर महावीर शर्मा (95) और उनकी 55 साल की बेटी के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले हैं। महावीर शर्मा रेलवे से रिटायर्ड हैं और उनके दोनों बेटे भी रेलवे कर्मचारी हैं। थानाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत करीब पांच दिन पहले होना प्रतीत हो रही है। शवों की हालत काफी खराब थी, जिससे माना जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हुई थी। मौके पर एफएसएल (FSL) की टीम बुलवाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। मृतक महिला तलाकशुदा थी और लंबे समय से अपने पिता महावीर शर्मा के साथ इसी मकान में रह रही थी। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।