सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत,दूसरा घायल:तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर,दोनों उछलकर 20 फीट दूर जाकर गिरे

उदयपुर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर करीब 20 फीट दूर जाकर गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एमबी अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया। हादसा गोवर्धन थाना विलास क्षेत्र में उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर बोरी कुआ नाल के पास रविवार शाम 6:30 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चला रहे युवक प्रदीप मीणा के​ सिर और पैर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक अजीत मीणा बुरी तरह घायल हो गया। टक्कर मारने वाला कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और हाईवे पर जाम के हालत बन गए। सूचना पर गोवर्धन विलास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। मजदूरी कर गांव लौट रहे थे युवक एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान प्रदीप पिता होमा मीणा निवासी आत्मन कोटड़ा, ऋ़षभदेव के रूप में हुई है। उसका साथी खोड़ी मउड़ी परसाद निवासी अजीत मीणा घायल हुआ है। जिसका एमबी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि दोनों कई दिनों से कोटड़ा में मजदूरी कर रहे थे। दोनों मजदूरी से लौटकर अपने गांव जा रहे थे। तभी ये हादसा हो गया। इको चालक मौके से फरार हो गया। मृतक का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया गया। परिजनों की रिपोर्ट के बाद पुलिस कार ड्राइवर की तलाश में जुटी है।

जहरीली गैस से भरे कुएं से गौवंश को सुरक्षित निकाला:घंटों चला रेस्क्यू अभियान, गौ रक्षक दल व पुलिस ने संयुक्त प्रयास से बचाई जान

डीग के कामां रोड स्थित छः मोरा क्षेत्र में रविवार शाम एक पुराने कुएं में गौवंश गिर गया। कुएं में जहरीली गैस होने और अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बन गया। सूचना मिलते ही बजरंगी गौ रक्षक दल और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कई घंटों की मशक्कत, रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से गौवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव दल की सराहना करते हुए खुले और पुराने कुओं को सुरक्षित करने की मांग की। जहरीली गैस से चुनौतीपूर्ण बना रेस्क्यू घटना की सूचना मिलते ही बजरंगी गौ रक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। कुएं में जहरीली गैस होने के कारण अभियान जोखिम भरा हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने संभाला मोर्चा शहर कोतवाली के सीआई रामनरेश मीणा, उप निरीक्षक अमर सिंह और उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और बचाव दल को आवश्यक सहयोग प्रदान किया, जिससे अभियान व्यवस्थित ढंग से चलाया जा सका। घंटों की मशक्कत के बाद मिली सफलता कुएं की गहराई और जहरीली गैस के बीच बजरंगी गौ रक्षक दल के सदस्यों ने रस्सियों और अन्य उपकरणों का उपयोग कर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गौवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। युवा नेता और गौ रक्षक दल ने निभाई अहम भूमिका बचाव अभियान के दौरान युवा नेता नरेश फौजदार भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने पूरी कार्रवाई की निगरानी की और गौ रक्षक दल तथा पुलिस को आवश्यक सहयोग व व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं। अभियान में बजरंगी गौ रक्षक दल के रवि, दीपक, सचिन, भंवर, दुआ, कृष्णा और शंकर सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खुले कुओं को सुरक्षित करने की मांग स्थानीय लोगों ने बजरंगी गौ रक्षक दल और पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई तथा साहस की सराहना की। उनका कहना था कि यदि समय पर रेस्क्यू नहीं होता तो गौवंश की जान बचाना मुश्किल हो सकता था। लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खुले और पुराने कुओं को ढकने अथवा उनके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाने की मांग की।

कोटपूतली में सैनी विकास संगठन की बैठक:सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी गठित, 20 नवंबर विवाह सम्मेलन होगा

कोटपूतली आदर्श नगर स्थित सैनी सभा भवन कार्यालय में सैनी विकास संगठन (रजि.) की बैठक आयोजित की गई। प्रधान संरक्षक देवी सहाय सैनी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान चार जोड़ों का पंजीकरण भी किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से बबलू बबेरवाल को अध्यक्ष बनाया गया। वहीं दाताराम सैनी और आनंद दुवारिया को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। संजय दहिया को सचिव, लक्ष्मण बागड़ी और मोहित सैनी को कोषाध्यक्ष तथा नरेश सैनी और रविन्द्र सैनी को प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। 20 नवंबर को होगा विशाल सम्मेलन संगठन का 7वां विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन 20 नवंबर 2026 (शुक्रवार, देवउठनी एकादशी) को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर परिचय सम्मेलन भी होगा। इसके पूर्व कई परिचय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनकी तिथियां 2 अगस्त, 16 अगस्त, 6 सितंबर, 20 सितंबर, 4 अक्टूबर और 21 अक्टूबर तय की गई हैं। गांव-गांव तक होगा प्रचार बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन का व्यापक प्रचार-प्रसार गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जोड़ों का पंजीकरण सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर श्यामलाल सैनी, राधेश्याम सैनी और प्रमोद सैनी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

उदयपुर में मेनारिया समाज के 6 हजार लोगों की महाप्रसादी:300 साल पुरानी परंपरा: मेवाड़ में अच्छी बारिश के लिए चारभुजानाथ को लगाया 11 क्विंटल चूरमे का भोग

उदयपुर के पानेरियों की मादड़ी में मेनारिया समाज ने अपनी सदियों पुरानी अनूठी परंपरा को इस साल भी श्रद्धा के साथ निभाया। मेवाड़ क्षेत्र में अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना को लेकर रविवार को होली चौक नोहरे में भगवान श्री चारभुजानाथजी की पारंपरिक सामूहिक महाप्रसादी का आयोजन किया गया। करीब 300 साल से चली आ रही धार्मिक परंपरा में समाज के हर परिवार ने हिस्सा लिया। इस खास मौके पर भगवान चारभुजानाथ को 11 क्विंटल चूरमा, चावल और दाल का महाभोग लगाया गया। आयोजन के दौरान समाज की महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाए और इंद्रदेव से अच्छी बारिश व जनकल्याण की प्रार्थना की। महाप्रसादी में समाज के करीब 700 परिवारों के 6000 से ज्यादा महिला, पुरुष और बच्चों ने मिलकर प्रसाद ग्रहण किया। इस बड़े आयोजन की व्यवस्थाओं को संभालने में समाज के सैकड़ों युवाओं ने दिनभर सेवा की और श्रमदान दिया। इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए शुरू की थी परंपरा ग्राम सभा अध्यक्ष बंशीलाल मेनारिया ने बताया- रियासतकाल से ही मेनारिया समाज का मुख्य व्यवसाय खेती-बाड़ी रहा है। पुराने समय में जब समय पर बारिश नहीं होती थी, तब इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए भगवान चारभुजानाथ की महाप्रसादी रखने की यह परंपरा शुरू हुई थी। इसे समाज आज भी पूरी निष्ठा से निभा रहा है। पहले महिलाओं ने किया भोजन, फिर पुरुषों ने बंशीलाल मेनारिया ने बताया- मेनारिया समाज की खास परंपरा यह भी है कि किसी भी सामूहिक प्रसादी या सामाजिक कार्यक्रम में सबसे पहले मातृशक्ति यानी महिलाओं को सम्मानपूर्वक भोजन कराया जाता है, उसके बाद ही पुरुष प्रसाद ग्रहण करते हैं। ग्राम सभा के प्रवक्ता कैलाश मेनारिया ने बताया- बरसों से समाज में यह अटूट विश्वास रहा है कि इस महाप्रसादी के आयोजन के बाद मेवाड़ संभाग में अच्छी बारिश जरूर होती है। इसी आस्था के चलते समाज के सभी परिवार मिलकर आर्थिक सहयोग करते हैं। श्रमदान के जरिए इस ऐतिहासिक परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। इस धार्मिक कार्यक्रम में ग्राम सभा के महामंत्री किशनलाल नेतावत, कोषाध्यक्ष कैलाश सखावत सहित ग्राम सभा के सभी पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद रहे।

बहू को बचाने नहर में कूदा जेठ, दोनों की मौत:तेज बहाव में डूबे, गोताखोर ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाला शव

चूरू के तारानगर थाना क्षेत्र के खरतवास गांव में रविवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। नहर में डूबने से जेठ और बहू की मौत हो गई। बहू को बचाने के प्रयास में जेठ ने भी नहर में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों की जान चली गई। ग्रामीणों और पुलिस ने बहू का शव तुरंत बाहर निकाल लिया, जबकि गोताखोर ने घंटों की मशक्कत के बाद जेठ का शव बरामद किया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। खेत में काम के दौरान हुआ हादसा तारानगर थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई ने बताया कि खरतवास निवासी जयवीर धानक की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार दोपहर गांव के प्रेमसिंह के खेत में राजूराम (38) और उनकी बहू धापा देवी (36) मूंगफली की फसल की निराई-गुड़ाई कर रहे थे। इसी दौरान धापा देवी खेत के पास से गुजर रही नहर से पानी निकालने गई थी। पैर फिसला, बचाने के प्रयास में दूसरी जान भी गई नहर से पानी निकालते समय धापा देवी का अचानक पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गई। उनकी चीख सुनकर राजूराम तुरंत मौके पर पहुंचा और धापा देवी बचाने के लिए बिना देर किए नहर में कूद गया। हालांकि, नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों बह गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों और गोताखोर की मदद से निकाले गए शव घटना की सूचना मिलते ही तारानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई के नेतृत्व में ग्रामीणों की मदद से धापा देवी का शव जल्द ही बाहर निकाल लिया गया। वहीं, तेज बहाव में बह गए राजूराम की तलाश के लिए गोताखोर नरेंद्र गगोर को बुलाया गया। उन्होंने कई घंटे की मशक्कत के बाद शाम को राजूराम का शव भी नहर से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पोस्टमार्टम के दौरान धापा देवी के पीहर पक्ष के लोग भी मौजूद रहे। एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। धापा देवी और राजूराम की पत्नी सगी बहनें हैं और दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी। हादसे के बाद खरतवास गांव में शोक का माहौल है।

पूर्व सरपंच के भाई की संदिग्ध स्थिति में मौत:आरोप- नशीला पदार्थ देकर की हत्या; अजमेर के जेएलएन अस्पताल में जुटे लोग

नागौर के पीह गांव के पूर्व सरपंच और प्रशासक अमरचंद जाजड़ा के भाई देवकरण जाजड़ा की अजमेर में संदिग्ध स्थिति में रविवार को मौत हो गई। पुलिस ने देवकरण के शव को अजमेर के जेएलएन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। इसमें हत्या का संदेह भी किया जा रहा है। गेगल थाना पुलिस जांच में जुटी है। अमरचंद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाई देवकरण को नशीला पदार्थ देकर उनकी हत्या की साजिश रची गई। वहीं मृतक का एक वीडियो भी सामने आया है, जो मरने से पहले का बताया जा रहा है। देवकरण की पत्नी गंगा पीटीआई है। उनका एक बच्चा भी है। पुलिस ने बताया- गेगल थाना क्षेत्र के गांव छातड़ी में देवकरण की बॉडी मिली। परिजन उसे लेकर जेएलएन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूर्व सरपंच भाई ने जताई हत्या की आशंका पूर्व सरपंच और प्रशासक अमरचंद जाजड़ा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लिखा- आज मेरा परिवार गहरे दुःख में है। मेरे बड़े भाई देवकरण जाजड़ा की अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई है। उन्हें कोई नशीला पदार्थ देकर उनकी हत्या की बड़ी साजिश रची गई। सोशल मीडिया पर हत्या और नशे के ओवरडोज से मौत का दावा घटना के बाद सोशल मीडिया पर देवकरण से जुड़े कई वीडियो शेयर किए रहे हैं। इसमें मौत के अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट के अनुसार- कुछ लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। वहीं कुछ नशे के ओवरडोज के कारण मौत का दावा कर रहे हैं। वहीं फिलहाल अजमेर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मौत के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस प्रशासन या मेडिकल टीम ने अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर की पोस्ट सांसद हनुमान बेनीवाल ने मामले में सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए दुख जताया है। उन्होंने लिखा- नागौर संसदीय क्षेत्र के डीडवाना-कुचामन जिले की ग्राम पंचायत पीह के सरपंच और भारतीय जनता पार्टी के नेता अमरचंद जाजड़ा के भाई देवकरण की अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद है। स्थानीय लोगों के अनुसार- प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है। नागौर संसदीय क्षेत्र के डीडवाना – कुचामन जिले की ग्राम पंचायत – पीह के सरपंच व भारतीय जनता पार्टी के नेता श्री अमरचंद जाजड़ा के भाई देवकरण की अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद है,स्थानीय लोगों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह…— HANUMAN BENIWAL (@hanumanbeniwal) July 5, 2026
विधायक रामनिवास गावड़िया ने भी की पोस्ट परबतसर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पीह के सरपंच और भारतीय जनता पार्टी नेता अमरचंद जाजड़ा के भाई देवकरण की अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु का समाचार दुःखद है। परबतसर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पीह के सरपंच एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता श्री अमरचंद जाजड़ा जी के भाई श्री देवकरण जी की अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है।स्थानीय लोगों के अनुसार प्रथम…— Ramniwas Gawriya (@RamniwasGawriya) July 5, 2026
इनपुट: प्रकाश तंवर, नागौर

बांसवाड़ा में बजरंग दल का त्रिशूल दीक्षा समारोह:सूरजपोल में गूंजे 'जय श्रीराम' के नारे, शोभायात्रा पर बरसाए फूल

​शहर के ऐतिहासिक सूरजपोल स्थित भजले हनुमान मंदिर में बजरंग दल की ओर से भव्य त्रिशूल दीक्षा समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें 370 युवाओं ने त्रिशूल दीक्षा ली। कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच युवाओं को सनातन धर्म की रक्षा, राष्ट्र सेवा और सामाजिक समरसता का संकल्प दिलाते हुए त्रिशूल दीक्षा प्रदान की गई। ​जयकारों के साथ रवाना हुई भव्य शोभायात्रा
​दीक्षा समारोह संपन्न होने के बाद भजले हनुमान मंदिर परिसर से शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम और वीर हनुमान के जयकारे लगाए गए। शोभायात्रा सूरजपोल से शुरू होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों, चौराहों और प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी। यात्रा का जगह-जगह स्थानीय निवासियों और व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। ​महाआरती और महाप्रसाद के साथ हुआ समापन
​नगर भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा भजले हनुमान मंदिर पहुंची। यहां भगवान की सामूहिक महाआरती की गई, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महाआरती के बाद महाप्रसादी हुई और समारोह का समापन हुआ।

दिल्ली में नवविवाहिता की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत:ढाई महीने पहले हुई थी शादी; परिवार ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया

दिल्ली की लोधी कॉलोनी में एक नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार को एनडीएमसी (NDMC) फ्लैट्स की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण 28 साल की आकृति सुतार गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। एम्स ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक आकृति दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार की रहने वाली थीं और छतरपुर की एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करती थीं। उनकी शादी इसी साल 24 अप्रैल को अरस्तु सिक्का से हुई थी। शादी को अभी ढाई महीने ही हुए थे। आकृति के परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि घटना को आत्महत्या का रूप देकर आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। परिजन बोले- आकृति कभी सुसाइड नहीं कर सकती आकृति के छोटे भाई ने कहा कि उसकी बहन परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी और मानसिक रूप से बेहद मजबूत थी। वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसकी पिटाई करता था और दहेज को लेकर उसे लगातार परेशान किया जाता था। परिजनों के अनुसार, यह लव-कम-अरेंज मैरिज थी। आकृति की दोस्ती पहले अरस्तु की बहन अगस्तिका सिक्का से हुई थी, फिर अरस्तु के साथ उसका रिश्ता बन गया। ऐसे में उसकी मौत बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस परिवार और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर रही है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने और परिवार के आरोपों की पुष्टि के लिए जांच जारी है। दिल्ली-NCR में पत्नी की हत्या की 2 घटनाएं 1. फोन पर बात करने के शक में पत्नी की बैटरी से मारकर हत्या दिल्ली के राणहोला थाना क्षेत्र में रविवार को पति ने बैटरी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने एल्यूमिनियम फॉस्फाइड की गोलियां खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पति को शक था कि उसकी पत्नी किसी से फोन पर बात करती है। आरोपी की बहन ने बताया कि उसका बड़ा भाई और भाभी अलग रहते थे, जबकि वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहती थी। भाई ने फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है और पत्नी की हत्या कर दी है। 2. गुरुग्राम में गर्लफ्रेंड के लिए शादी के 3 महीने बाद पत्नी को मारा एक अन्य मामले में हरियाणा के गुरुग्राम में शादी के महज तीन महीने बाद पत्नी की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पति और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहना चाहता था। इसी वजह से उसने शादी के बाद ही पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली। 21 मई को वह बहाने से पत्नी को अपनी गर्लफ्रेंड के किराए के कमरे पर ले गया, जहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाथरूम में बंद कर दोनों फरार हो गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात के बाद दोनों नेपाल भाग गए थे। करीब एक महीने बाद किसी काम से चोरी-छिपे मानेसर लौटे, जहां पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। —————————— ये खबर भी पढ़ें… नोएडा में 25 साल की महिला की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत, डेढ़ साल पहले एक करोड़ में की थी शादी ग्रेटर नोएडा में 25 साल की महिला की घर की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। करीब डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। महिला के मायके वालों का आरोप है कि बेटी की हत्या की गई।पिता का कहना है कि ससुराल वाले शादी के बाद एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और 51 लाख रुपए डिमांड कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें…

बाइक और किराना दुकान से अवैध अंग्रेजी शराब जब्त:दो सगे भाई गिरफ्तार, नाकाबंदी में कुंआ थाना पुलिस ने पकड़ी तस्करी

डूंगरपुर के कुंआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाइक और किराना दुकान से अंग्रेजी शराब व बीयर जब्त की है। नाकाबंदी के दौरान बाइक से तीन कार्टन शराब-बीयर मिलने के बाद सूचना के आधार पर किराना दुकान पर दबिश दी गई, जहां से भी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। नाकाबंदी में बाइक से मिली शराब कुंआ थाना प्रभारी रघुवीर सिंह ने बताया कि 4 जुलाई को बेडुवा पुल के पास नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान आनंदपुरी की ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नोलियावाड़ा निवासी मनोज पुत्र मोतीलाल कलाल के रूप में हुई। तीन कार्टन अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद बाइक की तलाशी लेने पर आगे रखे कट्टे से अंग्रेजी शराब और बीयर के तीन कार्टन बरामद हुए। शराब रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर ली। सूचना पर किराना दुकान में दबिश इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि साकोदरा में सड़क किनारे स्थित एक किराए की किराना दुकान पर अवैध शराब का भंडारण किया गया है। पुलिस ने दुकान पर दबिश देकर तलाशी ली, जिसमें अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। यह दुकान नोलियावाड़ा निवासी हितेश पुत्र मोतीलाल कलाल संचालित कर रहा था। दोनों भाइयों पर आबकारी अधिनियम में केस पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर मनोज और हितेश, दोनों सगे भाइयों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

दैनिक भास्कर ने चित्तौड़गढ़ में 507 स्टूडेंट्स को किया सम्मानित:कलेक्टर डॉ. मंजू बोलीं- मेहनत से मिलती है सफलता

कई बार अच्छे अंक आने के बाद भी बच्चों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि अब आगे क्या करें। कौन-सा करियर चुनें, यूपीएससी की तैयारी कैसे करें, कोचिंग जरूरी है या नहीं, पढ़ाई का दबाव कैसे संभालें और खुद पर भरोसा कैसे बनाए रखें। रविवार को चित्तौड़गढ़ में ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब दैनिक भास्कर स्टूडेंट अचीवर्स अवॉर्ड-2026 के दौरान होनहार स्टूडेंट्स ने अपने मन के सवाल सीधे जिले की कलेक्टर और 2016 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. मंजू के सामने रख दिए। कलेक्टर ने भी बिना किसी औपचारिकता के बच्चों से खुलकर बात की और अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक आपकी मेहनत का सबूत हैं, लेकिन आगे की मंजिल सिर्फ नंबरों से नहीं, बल्कि लगातार मेहनत, सही दिशा और आत्मविश्वास से मिलती है। 507 होनहार स्टूडेंट्स का सम्मान दैनिक भास्कर स्टूडेंट अचीवर्स अवॉर्ड-2026 में सीबीएसई और राजस्थान बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले जिले के 507 स्टूडेंट्स को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. मंजू ने सभी स्टूडेंट्स को सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि जीवन में लक्ष्य तय करना जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है उस लक्ष्य के लिए रोज मेहनत करना। अगर मेहनत ईमानदारी से होगी तो सफलता देर-सवेर जरूर मिलेगी। उन्होंने बच्चों से कहा कि अपनी तुलना किसी दूसरे से करने के बजाय खुद को हर दिन बेहतर बनाने की कोशिश करें। यूपीएससी की तैयारी पर बोले- कोचिंग से ज्यादा जरूरी नियमित पढ़ाई संवाद के दौरान छात्रा डिंपल तेली ने यूपीएससी की तैयारी को लेकर सवाल पूछा। इस पर कलेक्टर ने कहा कि कोचिंग सफलता की गारंटी नहीं होती। अगर पढ़ाई नियमित हो, सिलेबस की अच्छी समझ हो, शॉर्ट नोट्स बनाकर रिवीजन किया जाए और रोज अखबार पढ़ने की आदत हो तो बिना कोचिंग के भी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह मत सोचिए कि रोज कितने घंटे पढ़ना है। यह सोचिए कि आज आपने कितना सीखा और कितना समझा। वहीं निखिल दहिया और वंशिका शर्मा के सवाल पर उन्होंने कहा कि थोड़ा टेंशन हर छात्र के लिए जरूरी होता है, क्योंकि वही आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। लेकिन अगर वही तनाव बन जाए तो पढ़ाई पर असर पड़ता है। इसलिए खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखना भी जरूरी है। अपनी कहानी सुनाकर बताया- गांव से निकलकर भी बड़े सपने पूरे होते हैं बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए डॉ. मंजू ने अपनी जिंदगी का सफर भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उनका बचपन झुंझुनूं जिले के एक छोटे से गांव में बीता। पांचवीं तक गांव में पढ़ाई की और छठी में जाकर पहली बार अंग्रेजी सीखी। 10वीं में 83.5 प्रतिशत और 12वीं में 88 प्रतिशत अंक आए। पूरी स्कूली पढ़ाई हिंदी माध्यम से हुई। इसके बाद दिल्ली के प्रतिष्ठित लेडी मेडिकल कॉलेज से मेडिकल की पढ़ाई की। पीएमटी पहले प्रयास में नहीं निकली, लेकिन दूसरे प्रयास में सफलता मिली। बाद में यूपीएससी की तैयारी की और देशभर में 59वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनीं। उन्होंने कहा कि अगर एक गांव की हिंदी मीडियम की छात्रा आईएएस बन सकती है तो आज के बच्चों के पास उससे कहीं ज्यादा अवसर हैं। जरूरत सिर्फ मेहनत और विश्वास की है। पेरेंट्स से भी कहा- बच्चों को दबाव नहीं, भरोसा दीजिए डॉ. मंजू ने अभिभावकों से कहा कि बच्चों पर अपने अधूरे सपनों का बोझ न डालें। उन्हें अच्छे संस्कार दें, सही माहौल दें और उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का मौका दें। दूसरे बच्चों से तुलना करके उन पर दबाव बनाना सही नहीं है। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने कभी उन पर किसी खास करियर का दबाव नहीं बनाया। इसी वजह से वे बिना डर के अपने लक्ष्य तक पहुंच सकीं। उन्होंने सोशल मीडिया और नशे जैसी बढ़ती चुनौतियों से बच्चों को बचाने की जरूरत भी बताई। इतना ही नहीं, उन्होंने स्टूडेंट्स को अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि अगर कभी पढ़ाई या करियर को लेकर कोई परेशानी हो तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। शिक्षा अधिकारियों ने भी बढ़ाया हौसला कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार दशोरा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभूलाल सोमानी, मुख्य प्रायोजक आरएनटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. वसीम खान, श्रीसांवलियाजी मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव, विजन ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन ओमप्रकाश अग्रवाल, बिरला सीमेंट के एचआर हेड हेमंत श्रीवास्तव, आदित्य सीमेंट के लाइजनिंग हेड दीपक भट्ट, जेके सीमेंट के राहुल सिंह सहित कई अतिथि मौजूद रहे। दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ राकेश पटवारी ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि भीलवाड़ा चित्तौड़गढ़ सैटेलाइट यूनिट हेड मुकेश शर्मा ने आभार व्यक्त किया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार दशोरा ने कहा कि यह आयोजन मेधावी स्टूडेंट्स को सम्मान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला मंच भी है। आयोजन में ओम शिव संस्थान मंगलवाड़, भाटिया एंड कंपनी, एमपी बिरला ग्रुप, आदित्य सीमेंट, जेके सीमेंट, श्रीसांवलियाजी मंदिर मंडल, विजन ग्रुप ऑफ कॉलेज, प्रेरणा पब्लिक स्कूल, सरस डेयरी, श्री बालाजी इवेंट, संस्कार द स्कूल, श्रीकेसरियाजी जैन गुरुकुल स्कूल सहित कई संस्थानों का सहयोग रहा।