ब्रेकिंग न्यूज़
भास्कर अपडेट्स:हैदराबाद में ट्रेनी IPS ने जहर पीकर जान देने की कोशिश की, साथी ऑफिसर ने लगाए हैं यौन उत्पीड़न के आरोप

हैदराबाद में एक ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने जहर पी लिया था। हालांकि, अभी तक पुलिस या संबंधित अधिकारियों ने आत्महत्या का प्रयास की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अत्तापुर पुलिस ने एक महिला ट्रेनी IPS अधिकारी की शिकायत पर उदय कृष्णा रेड्डी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया था। NPA की आंतरिक जांच समिति ने उनके खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों में प्रथम दृष्टया ठोस सबूत पाए। इसके बाद अकादमी ने उन्हें निलंबित कर दिया था। शिकायतकर्ता 30 वर्षीय विवाहित ट्रेनी IPS अधिकारी हैं, जो कर्नाटक कैडर से हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ अपने ऑफिस में मृत मिले, सुसाइड की आशंका त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ अपने ऑफिस में मृत मिले हैं। उनका शव सोमवार को अगरतला पुलिस मुख्यालय में पाया गया। 1994 बैच के IPS अधिकारी धनखड़ को 18 मई 2025 को राज्य का पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया था। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि धनखड़ ने सुसाइड किया है। हालांकि, अधिकारियों ने मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच चल रही है। धनखड़ ने भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के खिलाफ CBI जांच की थी। मुंबई में कल्याण और मुंब्रा रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस मुंबई में सोमवार को कल्याण और मुंब्रा रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पुलिस हेल्पलाइन 112 पर बृजेश कुमार नाम के एक कॉलर ने दावा किया कि उसने 3 लोगों को रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की बात करते हुए सुना है। सूचना मिलते ही ठाणे पुलिस ने मुंबई जीआरपी को अलर्ट किया। इसके बाद जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और बम निरोधक दस्ते ने दोनों स्टेशनों पर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। मुंबई जीआरपी के मुताबिक, पुलिस अब कॉल करने वाले व्यक्ति का पता लगाने और उससे पूछताछ करने की कोशिश कर रही है। महाराष्ट्र के वर्धा में ट्रक-कार की टक्कर, 5 की मौत, 1 घायल महाराष्ट्र के वर्धा में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रक चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर यातायात सामान्य कराया। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। महाराष्ट्र के पुणे में बिल्डिंग में आग लगी, एक घायल महाराष्ट्र के पुणे में सोमवार सुबह एक बिल्डिंग में आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि दो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर जल गईं। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि सुबह 7:18 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इमारत में कुछ लोग फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी की मौत नहीं हुई है। कर्नाटक में स्कूल-अस्पतालों की कैंटीन में जंक फूड पर रोक लगेगी कर्नाटक में सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की कैंटीन में जंक फूड की बिक्री पर रोक लगेगी। स्वास्थ्य मंत्री यूटी खादर ने कहा कि बच्चों में किडनी रोग, कैंसर जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। राज्य में 10वीं तक के स्कूलों के आसपास भी इसकी बिक्री पर पाबंदी पर विचार कर रहे हैं। एअर इंडिया को 18 माह में 50-60 नए विमान मिलेंगे: निपुण अग्रवाल
एअर इंडिया के कॉमर्शियल प्रमुख निपुण अग्रवाल ने कहा कि ग्रुप को अगले 18 महीनों में 50-60 नए विमान मिलेंगे। अभी एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के पास 290 से अधिक विमान हैं, करीब 600 विमानों का ऑर्डर है। अगले 7-8 साल हर साल 50-60 विमान जुड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *