रिफाइनरी का उद्‌घाटन पीएम मोदी ने किया:देश का 3.5 प्रतिशत कच्चा तेल पचपदरा में रिफाइन होगा; 54 हजार को नौकरी, जयपुर को मेट्रो 2.0

दशकों के इंतजार के बाद आखिरकार थार के रेगिस्तान की तकदीर बदल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पचपदरा में देश की सबसे आधुनिक और पहली ग्रीन फील्ड रिफाइनरी का उद्घाटन किया। साथ ही जोधपुर एयरपोर्ट पर टर्मिनल ‘उड़ान’ शुरू किया।जयपुर में मेट्रो के सेकंड फेज की आधारशिला रखी गई। इस मौके पर पीएम मोदी ने पश्चिमी राजस्थान के लिए रिफाइनरी को आर्थिक क्रांति का इंजन बताया। साथ ही, पिछली सरकारों की कार्यशैली पर सियासी प्रहार करते हुए कहा, ‘हम उन लोगों में से नहीं हैं, जो सिर्फ चुनाव के समय शिलान्यास पत्थर लगा देते हैं। हमारी सरकार जिस प्रोजेक्ट का शिलान्यास करती है, उसका तय समय पर लोकार्पण भी करती है।’ पचपदरा देश की 24वीं रिफाइनरी है। इससे पहले पीएम मोदी ने एचआरआरएल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। मोदी ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण 60% एलपीजी आयात प्रभावित थी फिर भी हमने ₹2,000 रुपए का सिलेंडर ₹950 रुपए से कम में दिया। कंपनियों के 75 हजार करोड़ का नुकसान सरकारी खजाने ने उठाया। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, सीएम भजनलाल शर्मा, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा मौजूद रहे। भास्कर एक्सप्लेनर – अमेरिका, जापान-यूरोप की तकनीक, 1.8 लाख बैरल तेल रोज रिफा​इन होगा 1 दिन में 54000 नियुक्ति पत्र बांटे राजस्थान के इतिहास में रोजगार के मोर्चे पर बड़ा कदम उठाते हुए एक ही दिन में 54,000 युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों के नियुक्ति पत्र सौंपे गए। पीएम ने कहा कि अब बाड़मेर, बालोतरा और जोधपुर के युवाओं को रोजगार के लिए दक्षिण भारत या गुजरात के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस प्रोजेक्ट से लाखों प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा हो रहे हैं। -राजस्थान पेज भी पढ़ें भास्कर किस्सा – मोदी ने चयनित सिपाही से कहा-डरो मत, भागो मत… पिंडवाड़ा निवासी पिंटाराम सिपाही का नियुक्ति पत्र लेकर हड़बड़ाहट में मंच से लौटने लगे। तभी पीएम मोदी ने हाथ पकड़ कर रोक लिया। मोदी ने कहा कि डरो मत, भागो मत…। प्रधानमंत्री ने पीठ थपथपाई और आगे भी मेहनत करते रहने का कहकर हौसला बढ़ाया। पिंटाराम ने बताया कि वर्ष 2025 में पुलिस कांस्टेबल के पद पर चयन हुआ है। नियुक्ति उदयपुर में है। यह मेरे परिवार की पहली सरकारी नौकरी है। प्रधानमंत्री से नियुक्ति पत्र प्राप्त करना मेरे जीवन का यादगार पल है। मोदी बोले- राजस्थान की मिट्‌टी का मैं कर्जदार हूं “मैं राजस्थान की मिट्टी का कर्जदार हूं। इस भूमि के हर कण ने स्वाभिमान का महत्व सिखाया है। स्वाभिमान तभी संभव है जब कोई आत्मनिर्भर हो। आज राजस्थान ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रिफाइनरी हजारों के लिए रोजगार का जरिया बनेगी।” -नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री (रिफाइनरी के उद्घाटन के मौके पर) राज्य की भाग्य रेखा बनेगी हमारी रिफाइनरी “80 हजार करोड़ से बनी रिफाइनरी राज्य की भाग्यरेखा बनेगी। रिकॉर्ड समय में 1.78 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और निजी क्षेत्र में 4 लाख से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं।” -भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री, राजस्थान

राजस्थान में 1.23 लाख नई नौकरी मिलेंगी:टीचर-लेक्चरर के सबसे ज्यादा पद बढ़े; 11 साल बाद पैटर्न बदलने का असर

नई भर्तियों का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए स्टाफिंग पैटर्न नई उम्मीद बन सकता है। माध्यमिक शिक्षा विभाग में 11 साल बाद स्टाफिंग पैटर्न करने की तैयारी है। इससे यहां पदों की संख्या में बड़ा बदलाव होगा। विभाग में 1 लाख 23 हजार 186 पोस्ट बढ़ाने का प्रस्ताव है। जो वर्तमान में स्वीकृत पदों का करीब 32 फीसदी है। विभाग की ओर से तैयार किए गए स्टाफिंग पैटर्न के प्रस्ताव के अनुसार वर्तमान में स्वीकृत पद 3 लाख 92 हजार 431 है। इन पदों की तुलना में अब 5 लाख 15 हजार 617 पदों की जरुरत बताई गई है। इससे पहले वर्ष 2015 में स्टाफिंग पैटर्न हुआ था। 2 कैडर की पोस्ट में होगी सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सबसे अधिक बढ़ोतरी स्कूल लेक्चरर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की प्रस्तावित है। वर्तमान में लेक्चरर के 55 हजार 114 पद स्वीकृत हैं, जबकि समीक्षा के बाद इनकी आवश्यकता 84 हजार 241 पोस्ट कैलकुलेट की गई है। यानी लेक्चरर के नए 29 हजार 127 नए पद जोड़ने का प्रस्ताव है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के वर्तमान में 27 हजार 720 पद स्वीकृत हैं। इन पदों में 23 हजार 840 की बढ़ोतरी कर 51 हजार 560 पद करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। क्या है स्टाफिंग पैटर्न स्टाफिंग पैटर्न वह व्यवस्था है जिसके आधार पर यह तय किया जाता है कि किसी स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या, कक्षाओं, विषयों और प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार कितने शिक्षक, प्रधानाचार्य, पुस्तकालयाध्यक्ष और अन्य कर्मचारी होने चाहिए। क्या होगा पैटर्न बदलने का असर विभाग का मानना है कि पदों में बढ़ोतरी से स्कूलों में बच्चों की विषयवार पर्याप्त शिक्षक मिल सकेंगे। स्कूलों की मॉनिटरिंग आसान होगी और स्कूलों में सफाई, रखरखाव और अन्य दैनिक व्यवस्थाओं में सुधार होगा। फिलहाल स्टाफिंग पैटर्न समीक्षा के आधार पर तैयार किया गया प्रस्ताव है। इसको वित्त विभाग को भेजा जाएगा। वित्तीय स्वीकृति मिलने पर राज्य सरकार नए पदों के सृजन को मंजूरी देगी। इसके बाद पदों का अंतिम निर्धारण, कैडरवार स्वीकृति और चरणबद्ध तरीके से भर्ती या पदस्थापन की प्रक्रिया शुरू होगी। अंतिम निर्णय राज्य सरकार की मंजूरी के बाद ही प्रभावी होगा। यह होगा फायदा
यदि स्टाफिंग पैटर्न को सरकार से मंजूरी मिलती है और यह लागू होता है तो विद्यालयों में शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात बेहतर होगा। विषयवार शिक्षकों की कमी दूर होगी। प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों का संचालन मजबूत होगा। शिक्षा में सुधार होगा। प्रमोशन के मौके पर भी बढ़ेंगे राजस्थान प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा ने बताया कि- यह प्रस्ताव बेरोजगार युवाओं के लिए ही नहीं, सेवारत शिक्षक-कर्मचारियों के लिए भी नई उम्मीद लेकर आया है। इससे नई भर्तियां निकलेंगी। पदोन्नति के अधिक अवसर मिलेंगे। सरकार को चाहिए कि इसके वर्तमान में चल रहे शिक्षा सत्र से ही लागू कर दिया जाए। पेपरलीक माफिया जगदीश की पत्नी गिरफ्तार पेपर लीक माफिया जगदीश की पत्नी ने लीक पेपर पढ़कर सुपरवाइजर भर्ती परीक्षा दी थी। एसओजी ने वर्ष 2019 में हुई भर्ती के मामले में जगदीश की पत्नी सरस्वती को गिरफ्तार किया है। सरस्वती अभी सेकंड ग्रेड टीचर है। एसओजी ने सोमवार तक रिमांड पर लिया है। इस मामले में एसओजी पोरव कालेर गैंग के सदस्यों सहित 10 आरोपी पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। इसी मामले में गिरफ्तार हर्षवर्धन पटवारी की पूछताछ में सरस्वती की भूमिका सामने आई। आवेदन में यूनिक भांबू वाले फ्लैट का एड्रेस उसने अन्य आरोपियों से पेपर लिया था। इस परीक्षा उसने पास कर ली थी, लेकिन वेटिंग क्लियर नहीं होने से चयन नहीं हुआ था। सरस्वती ने महिला सुपरवाइजर पद के लिए जो आवेदन किया था, उसमें अपना एड्रेस जयपुर के ग्रीन कॉलोनी स्थित फ्लैट में बताया था। एसआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले के आरोपी यूनिक भांबू का भी एड्रेस यही था। एसओजी जांच कर रही है कि पता गलत भरा गया था या इसके पीछे कोई साजिश थी।
…. ये खबर भी पढ़िए… सीनियर टीचर भर्ती के 886 पद घटाए:अब 9 हजार 651 पदों के लिए होगी परीक्षा; 12 लाख से ज्यादा कैंडिडेट्स राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सीनियर टीचर भर्ती के 886 पद घटा दिए गए है। अब यह भर्ती कुल 9,651 पदों पर की जाएगी। इस परीक्षा में 12 लाख तीस हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आवेदन किया है। पूरी खबर पढ़िए…

कांग्रेस हाईकमान पंजाब प्रधान बदलने को राजी था:सिंगला पर चन्नी भी सहमत थे, अचानक वड़िंग की वापसी क्यों; चन्नी ने मीटिंग में क्या कहा

पंजाब कांग्रेस में टूट के खतरे के बीच नए खुलासे सामने आए हैं। कांग्रेस हाईकमान पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला को प्रधान बनाने वाला था। चन्नी को कैंपेन कमेटी का प्रमुख बनाना था। खुद चन्नी भी इसके लिए राजी थे। इसकी वजह ये थी कि विजयइंदर सिंगला हिंदू नेता हैं और पंजाब सिख स्टेट होने के नाते पहले भी कांग्रेस सुनील जाखड़ को सीएम बनाने से इनकार कर चुकी है। ऐसी सूरत में चन्नी ही सबसे बड़े दावेदार होते। मगर, ऐन वक्त पर हाईकमान ने फैसला बदलते हुए अमरिंदर राजा वड़िंग की प्रधानगी बरकरार रख दी। चन्नी की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह यही है। असल में ऐसा होने से 2027 के चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिलने की सूरत में राजा वड़िंग CM कुर्सी के दावेदार बन जाएंगे। प्रधान रहते टिकट बंटवारे में वड़िंग अपने समर्थकों को भी ज्यादा टिकट दिला सकते थे। इसी बीच चन्नी के घर 3 जुलाई को हुई करीब 50 नेताओं की मीटिंग की इनसाइड स्टोरी भी सामने आई है। जिसमें चरणजीत चन्नी ने दोटूक कहा कि असीं राजे दी प्रधानगी च कम्म नहीं कर सकदे (हम राजा वड़िंग के प्रधानगी के अधीन काम नहीं कर सकते)। मीटिंग में मौजूद नेताओं ने हाथ उठाकर इस पर सहमति जताई। राजा वड़िंग की अचानक प्रधानगी बरकरार रखने की सबसे बड़ी वजह क्या रही?, चन्नी के घर बंद कमरा मीटिंग में क्या-क्या हुआ, ये जानने के लिए पढ़िए दैनिक भास्कर की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट… कांग्रेस हाईकमान ने कमेटी की रिपोर्ट दरकिनार कर वड़िंग को प्रधान क्यों बनाए रखा? कांग्रेस हाईकमान से जुड़े सोर्सेस के मुताबिक अजय माकन की कमेटी और सर्वे रिपोर्ट में चरणजीत चन्नी सबसे बड़े नेता बनकर उभरे। रिपोर्ट में यहां तक दावा किया गया था कि 13 में से 7 लोकसभा सीटों में चन्नी CM भगवंत मान से भी ज्यादा पॉपुलर हैं। इसी वजह से चन्नी को प्रधान बनाने की सिफारिश की गई थी। चन्नी को भी इसका पता चल चुका था। इसीलिए चन्नी ने चंडीगढ़ में राजा वड़िंग और सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ सीएम भगवंत मान के खिलाफ चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसी बीच कांग्रेस हाईकमान को लगा कि चन्नी को प्रधान बनाने से हिंदू समीकरण फिट नहीं बैठ रहे। विधायक दल नेता जट्‌टसिख प्रताप बाजवा हैं और दलित सिख फेस चन्नी प्रधान बन जाएंगे तो हिंदुओं की एडजस्टमेंट में दिक्कत हो रही थी। दूसरा बड़ा कारण था कि इस फैसले से चन्नी पंजाब की पूरी पावर अपने हाथ में ले सकते हैं। इसलिए हाईकमान ने फिर मंथन किया और उसमें चन्नी को कैंपेनिंग कमेटी का चेयरमैन और विजयइंदर सिंगला को प्रधान बनाने पर मंजूरी दी। चन्नी को कहा गया कि कैंपेन कमेटी के चेहरे के तौर पर चन्नी ही उनके फ्रंट फेस होंगे। सिंगला सिर्फ हाईकमान के चेहरे के तौर पर रहेंगे। चन्नी को इस फैसले से भी कोई नाराजगी नहीं थी। लेकिन जब लिस्ट जारी हुई, तो उसमें प्रधान का नाम राजा वडिंग था। जिसकी वजह से चन्नी गुट नाराज हो गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हाईकमान को कुछ सीनियर लीडर्स का फीडबैक मिला कि पंजाब में हाल ही में जिला और ब्लॉक इकाइयों का गठन किया गया है। जिला व ब्लॉक इकाइयां राजा वड़िंग के नेतृत्व में बनी हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग उनके गुट के ही हैं। अगर अब नया प्रधान लगाया गया तो गुटबाजी के कारण ब्लॉक व जिला इकाइयों के नेता नए प्रधान को सहयोग नहीं करेंगे। जिसका खामियाजा पार्टी को ग्राउंड लेवल पर भी झेलना पड़ेगा। चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी ने भी कहा था कि यह समय नेतृत्व परिवर्तन का नहीं है। नए प्रधान से रिजल्ट लेने के लिए कम से कम 24 महीने का वक्त चाहिए जबकि आठ महीने बाद पंजाब में चुनाव हैं। इसी वजह से राजा वड़िंग की प्रधानगी बरकरार रख दी गई। अब जानिए, चन्नी के घर हुई मीटिंग में क्या-क्या हुआ देर शाम खड़गे का चन्नी को फोन आया
पूर्व विधायक के मुताबिक, बात बढ़ते देख देर शाम को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने खुद चन्नी को फोन किया। उन्होंने चन्नी से कहा कि वो गुस्से में आकर कोई जल्दबाजी न करें। खड़गे ने वादा किया कि वो एक-दो दिन के अंदर चन्नी से खुद मुलाकात करेंगे और बात सुलझाएंगे। विजयंइदर सिंगला प्रधान बनते तो चन्नी आश्वस्त थे कि सरकार बनने पर वही सीएम कुर्सी के सबसे बड़े दावेदार होंगे। पंजाब में कांग्रेस हिंदू नेता को सीएम नहीं बनाती। पहले सुनील जाखड़ को भी इसी वजह से नहीं बनाया था। अब वड़िंग प्रधान हैं तो बहुमत मिलने पर बराबर दावेदारी तो होगी ही, इसके साथ टिकट बंटवारे से लेकर हर काम में वड़िंग का दखल होगा। वड़िंग समर्थकों को ज्यादा टिकट मिले और वह जीतकर आए तो वड़िंग के लिए लॉबिंग करने भी आसानी होगी। इसी बात का चन्नी को डर है। राजा वडिंग गुट ने शुरू की लॉबिंग
चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने घर में नेताओं का जमघट लगाकर शक्ति प्रदर्शन किया तो इधर राजा वडिंग के गुट ने भी लॉबिंग शुरू कर दी। राजा वडिंग को प्रधान बनाए रखने की खुशी में जिला अध्यक्षों, हलका इंचार्जों ने लड्‌डू बांटने शुरू कर दिए। लड्‌डू बांटने के जरिए वो हाईकमान को मैसेज देना चाहते हैं कि उनके साथ कितने नेता हैं। लुधियाना में जिला प्रधान संजय तलवाड़, पूर्व जिला प्रधान पवन दीवान, पूर्व विधायक सुरिंदर डावर समेत कई नेताओं ने राजा वडिंग को प्रधान बनाए रखने पर हाईकमान का धन्यवाद किया और लड्‌डू बांटे। *********** ये खबर भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में टूट का डर, हाईकमान अलर्ट: दिल्ली से चन्नी को कॉल, बड़ा फैसले लेने से रोका; प्रधान वड़िंग बोले- मैं CM की रेस में नहीं बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की तरह पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से 8 महीने पहले ही टूट के आसार बने हुए हैं। सांसद राजा वड़िंग को प्रधान बनाए रखने को लेकर पूर्व CM व जालंधर से सांसद चरणजीत चन्नी के बगावती तेवर देख कांग्रेस हाईकमान एक्टिव हो गया है। दिल्ली से एक सीनियर नेता ने चन्नी को कॉल कर अभी कोई बड़ा कदम न उठाने को कहा है। (पढ़ें पूरी खबर)

सिंधिया बोले- शिवपुरी में बने हथियार दुश्मन का सीना चीरेंगे:जीत अडाणी बोले- 1 लाख 20 हजार नौकरियां देंगे; 2500 करोड़ की फैक्ट्री में बनेंगी मिसाइलें

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 2500 करोड़ रुपए की अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया गया। फैक्ट्री में गोला-बारूद, हाईटेक हथियार, मिशन-रेडी मिसाइलें और हाईटेक डिफेंस प्रोडक्ट्स बनाए जाएंगे। मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में करीब 10 हजार लोगों को नौकरियां मिलेंगी। अदाणी समूह के डायरेक्टर जीत अदाणी ने कहा- समूह के चेयरमैन ने मध्य प्रदेश में 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की है। यह निवेश पंप हाइड्रो स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स और थर्मल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। अदाणी ग्रुप का लक्ष्य 2030 तक मध्य प्रदेश में करीब 1 लाख 20 हजार रोजगार उपलब्ध कराना है। सिंधिया बोले- युद्ध में शिवपुरी से हथियार और गोला-बारूद जाएंगे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, जब भी देश की रक्षा के लिए युद्ध होगा, तब शिवपुरी से हथियार और गोला-बारूद जाएंगे। यहां के युवाओं की मेहनत से बने हथियार दुश्मन का सीना चीरेंगे। गोला-बारूद दुश्मन को परास्त करेंगे। उन्होंने शिवपुरी के लिए CM मोहन से 4 मांगें भी कीं। CM मोहन बोले- महाराज ने थोड़ा ज्यादा मक्खन लगा दिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मांगों पर कहा- आज महाराज की आवाज कुछ अलग ही नजर आई। ऐसा लग रहा था जैसे रोटी पर थोड़ा ज्यादा मक्खन लगा दिया हो। हालांकि, मांगों को स्वीकार करते हुए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि शिवपुरी में 100 फीट से अधिक ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही करीब 120 करोड़ रुपए की सड़क परियोजना और नई तहसील को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज (SRVSMC) में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं, कार्डियोलॉजी विभाग और सीटी स्कैन जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिवपुरी के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करेगी। CM ने हथियारों, मिसाइलों और डिफेंस इक्विपमेंट का जायजा लिया शिलान्यास से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदर्शनी टेंट में रखे हथियारों, मिसाइलों और अन्य डिफेंस इक्विपमेंट का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें फैक्ट्री में बनने वाले डिफेंस प्रोडक्ट्स, उनकी तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी की जानकारी दी। नेशनल हाईवे-27 के किनारे बनाई जाएगी डिफेंस फैक्ट्री यह डिफेंस फैक्ट्री शिवपुरी के पाली गांव में नेशनल हाईवे-27 के किनारे बनाई जाएगी। इस परियोजना को प्रदेश के औद्योगिक विकास और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ क्षेत्र में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी समूह के निदेशक करण अदाणी और जीत अदाणी मौजूद रहे। डिफेंस फैक्ट्री शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

महाराष्ट्र के वसई में 20 कारें डूबीं:नदी खतरे के निशान के करीब; छत्तीसगढ़ में घरों में पानी घुसा; गुजरात में कार बही

देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। गुजरात के जूनागढ़ में तेज बारिश से कई इलाकों में 4 फीट तक पानी भर गया। सड़क पर नाव चलानी पड़ रही है। भावनगर में एक कार पानी में बह गई। उधर, महाराष्ट्र में बारिश से जनजीवन प्रभावित है। वसई के नालासोपारा में सड़क नदी जैसी बन गई। करीब 20 कारें उसमें डूब गईं। मुंबई में 64 पेड़ गिर गए और 8 मकानों की दीवारें ढह गईं। पालघर में बाढ़ के पानी में बहने से 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। प्रशासन ने 180 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया है। छत्तीसगढ़ के रायपुर में शनिवार रात आधे घंटे के भीतर ही 30 मिमी पानी बरसा। टाटीबंध में घरों में पानी भर गया। दिल्ली, यूपी, पंजाब और उत्तराखंड सहित देश के 13 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है। मानसून आज पूरे देश को कवर कर सकता है… देशभर से बाढ़-बारिश की 3 तस्वीरें… देशभर के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…

गोल्डन टेंपल हेरिटेज स्ट्रीट पर युवक की पिटाई,VIDEO:निहंग बोला- श्रद्धालुओं को कमरे लिए परेशान करता; फैमिली का वीडियो देख पहुंचे

गोल्डन टेंपल की हेरिटेज स्ट्रीट पर निहंग ने होटल के कर्मचारियों की पिटाई कर दी। निहंग ने डांटते हुए उन्हें थप्पड़ मारे। निहंग का कहना है कि ये गोल्डन टेंपल आने वाले श्रद्धालुओं को कमरे दिलाने की बात कहकर परेशान करते हैं। निहंग ने ये कार्रवाई एक परिवार के वीडियो की वजह से की। जिसमें फैमिली ने कहा कि हेरिटेज स्ट्रीट पर रूम वाले बहुत तंग करते हैं। फैमिली को भी नहीं छोड़ते, आगे आकर बोलते हैं। निहंग का तर्क है कि इस वजह से श्रद्धालुओं के मन में गलत छवि बन रही है। यही परमजीत सिंह अकाली नाम के निहंग पहले यहां श्रद्धालुओं से जबरन पैसे मांगने वाले किन्नरों की भी पिटाई कर भगा चुके हैं। निहंग ने हेरिटेज स्ट्रीट में ही घेरा
निहंग परमजीत सिंह अकाली ने हेरिटेज स्ट्रीट पर ही एक युवक को घेर लिया। वह लोगों को जबरन रूम लेने के लिए कह रहा था। निहंग ने पहले उसे डांटा और फिर जोरदार थप्पड़ मारा। इसके बाद उसे कहा कि वह होटल का कर्मचारी है तो वहीं रहे। इस दौरान युवक चुप रहा। निहंग बोले- पहले भी समझा चुके
निहंग परमजीत सिंह अकाली ने कहा कि ये युवक और इसके जैसे कुछ अन्य लोग दरबार साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे थे। ये श्रद्धालुओं को कमरे लेने का दबाव बनाते हैं। बहुत बार इनको समझा चुके हैं, मगर ये नहीं समझते। प्रशासन को भी बहुत बार कहा, मगर प्रशासन भी इस पर कोई लगाम नहीं लगा रहा। जिस कारण यह कार्रवाई करनी पड़ी। वह वीडियो, जिसकी वजह से निहंग ने पिटाई की
गोल्डन टेंपल में दर्शन करने आए एक परिवार ने वीडियो बनाई थी। जिसमें महिला ने कहा था- यहां गरीब आदमी भी घूमने क्या आए, रूम वाले बहुत तंग करते हैं। AC रूम..दूसरे रूम, रूम..रूम..रूम लगाकर रखते हैं। जिसके साथ ये हुआ हो, वह जरूर बताए। फिर युवक कहता है- फैमिली वाले रूम.. पंखे वाले रूम..रूम ही रूम। फैमिली को भी नहीं जीने देते। आगे-आगे आकर बोलते हैं। किन्नरों की भी पिटाई कर चुके निहंग अकाली
करीब 5 महीने पहले निहंग इसी हेरिटेज स्ट्रीट पर जबरन रुपए मांग रहे किन्नरों की पिटाई कर चुके हैं। इस पर निहंग सिंह परमजीत सिंह अकाली का कहना था कि हमें काफी लंबे समय से श्रद्धालुओं की ओर से फेसबुक और अन्य माध्यमों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। श्रद्धालुओं का आरोप था कि कुछ लोग दरबार साहिब और उसके आसपास खुद को महंत बताकर भीख मांग रहे हैं और श्रद्धालुओं को डराने-धमकाने के साथ उनसे पैसे वसूल रहे हैं। इससे न सिर्फ श्रद्धालु परेशान हो रहे थे, बल्कि पवित्र स्थल का माहौल भी खराब हो रहा था। ये लोग श्रद्धालुओं की जेबों से पैसे निकालने तक की कोशिश करते थे। अगर कोई श्रद्धालु पैसे देने से इनकार करता तो उसे श्राप देने की धमकी दी जाती थी। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰
ये खबरें भी पढ़ें… गोल्डन टेंपल में युवकों की पिटाई, VIDEO, 2 सेकेंड में 3 थप्पड़ जड़े अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल के मंजी साहिब दीवान हाल के बाहर जांच के दौरान 2 युवकों के पासे से इंजेक्शन, तंबाकू और बीड़ी मिली है। इसके बाद वहां पर मौजूद लोग भड़क गए और उन्होंने दोनों को पीट दिया है। इस दौरान एक युवक आरोपी दोनों को करीब 2 सेकंड में 3 थप्पड़ जड़ देता है। इसका वीडियो भी सामने आया है (पढ़ें पूरी खबर) गोल्डन टेंपल में महिला की पिटाई का VIDEO वायरल गोल्डन टेंपल में बिहार की महिला को थप्पड़ मारने के 2 साल पुराने वीडियो पर हंगामा मच गया है। सोशल मीडिया पर इसे वायरल किया गया तो आशुतोष झा नाम के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने महिला से इस व्यवहार की आलोचना की। निहंग विक्की थॉमस ने इसका विरोध किया। दोनों के बीच विवाद हुआ तो मुंबई के एडवोकेट आशुतोष ने इन्फ्लुएंसर झा का समर्थन कर दिया। इसके बाद निहंग विक्की थॉमस भड़क गया। विक्की ने दोनों को देख लेने की धमकी दे दी। विक्की ने कहा कि मैं दिल्ली आ रहा हूं। तुम लोगों को ढूंढ निकालूंगा। (पढ़ें पूरी खबर) गोल्डन टेंपल के रास्ते पर पिटाई, निहंगों ने थप्पड़ मारे अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ निहंगों ने एक व्यक्ति को घेरकर उसकी पिटाई कर दी। व्यक्ति को डांटते हुए पहले एक निहंग ने जोरदार थप्पड़ मारा। इसके बाद बाकी निहंगों ने एक-एक थप्पड़ जड़ा। इस दौरान व्यक्ति हाथ जोड़ते और पैर छूते नजर आया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें निहंग उस व्यक्ति को डांट रहे हैं और थप्पड़ मार रहे हैं। एक निहंग डंडे भी मारते दिख रहा है।(पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके-दूल्हे का नागिन डांस देखकर दुल्हन ने शादी तोड़ी:13000 फीट पर हवा में उड़ते हुए डिनर; इंसानों जैसे रोबोट्स के लिए खुला स्कूल

उत्तर प्रदेश में बारात में दूल्हे का नागिन डांस देखकर दुल्हन ने शादी तोड़ दी। वहीं, अमेरिका में एक कंपनी लोगों को 13000 फीट की ऊंचाई पर हवा में डिनर करवा रही है। उधर, चीन में इंसानों जेसे रोबोट्स के लिए स्कूल शुरू किया गया है। आंध्र प्रदेश में एक शख्स ने अपनी पत्नी की परेशानी दूर करने के लिए घर में खुद का एस्केलेटर बना दिया। वहीं, अमेरिका में एक पायलट ने विमान से हवा में अमेरिका का नक्शा बनाया और USA 250th लिखा। आज खबर हटके में जानेंगे ऐसी ही 5 रोचक खबरें… तो ये थी आज की रोचक खबरें, कल फिर मिलेंगे कुछ और दिलचस्प और हटकर खबरों के साथ… खबर हटके को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

भास्कर अपडेट्स:कॉकरोच जनता पार्टी के साथ भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी, 5 किलो वजन घटा

परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन का शनिवार को 15वां दिन रहा। जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक 7वें दिन की भूख हड़ताल के बाद कमजोर पड़ गए हैं। उनका वजन लगभग 5 किलो घट गया है। इनकी मांग है कि परीक्षा सिस्टम की गड़बड़ियों की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाया जाए। आज की बाकी बड़ी खबरें… जम्मू कश्मीर में ​स्कूली किताब में हाफिज जैसे आतंकियों को बताया महान; LG सिन्हा ने 8 अधिकारियों को सस्पेंड किया जम्मू-कश्मीर LG मनोज सिन्हा ने सरकारी स्कूल की लाइब्रेरी के दो किताबों में आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर 8 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इन किताबों में हाफिज सईद और मकबूल भट्ट जैसे आतंकियों और अलगाववादियों को महान हस्ती बताया गया था और उनकी गतिविधियों का महिमामंडन किया गया था। दिल्ली-हलवारा फ्लाइट तकनीकी खराबी के बाद लौटी, दूसरी कोशिश में हुई लैंडिंग दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शनिवार सुबह हलवारा के लिए रवाना हुई एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-481 के यात्रियों को एक ही यात्रा में दो बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद तकनीकी खराबी आने पर विमान को एहतियातन दिल्ली लौटाया गया। इसके बाद दूसरे विमान से यात्रियों को रवाना किया गया, लेकिन हलवारा पहुंचने पर खराब मौसम के कारण पहली बार लैंडिंग नहीं हो सकी। पायलट ने दूसरी कोशिश में विमान को सुरक्षित उतार दिया, जिससे सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट एआई-481 शनिवार सुबह 5:55 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। तकनीकी खराबी का संकेत मिलने पर पायलट ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान को सुबह करीब 7 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया। एयर इंडिया ने सभी यात्रियों को दूसरे विमान में स्थानांतरित कर करीब सुबह 9 बजे दोबारा हलवारा के लिए रवाना किया। मणिपुर में हिंसा के बाद पहली बार चूराचांदपुर पहुंचे सीएम खेमचंद इंफाल| मणिपुर में दिवंगत भाजपा विधायक वुंग्जागिन वाल्टे का अंतिम संस्कार आखिर तकरीबन साढ़े चार माह बाद शनिवार को किया गया। इतने समय तक उनकी पार्थिव देह को चूराचांदपुर में सुरक्षित रखा गया था। इसमें शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद हेलीकॉप्टर से कुकी-बहुल चूराचांदपुर जिले पहुंचे। मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद सीएम की इस इलाके में पहली यात्रा मानी जा रही है।

जम्मू-कश्मीर में 2 लश्कर आतंकी मारे जाने की खबर:एक पहलगाम हमले के बाद बनी हिट लिस्ट में शामिल था; शोपियां में 3 घंटे चला एनकाउंटर

जम्मू-कश्मीर के शोपियां के सैदपोरा इलाके में शनिवार शाम से चल रही मुठभेड़ में लश्कर के 2 आतंकियों के मारे जाने की खबर है। सुरक्षाबलों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मारे गए दोनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के टॉप ऑपरेटिव थे। एक आतंकी जाकिर अहमद गनी उन 14 आतंकियों की लिस्ट में शामिल था, जिसे पहलगाम हमले के बाद खुफिया एजेंसियों ने जारी किया था। दूसरा आतंकी जाकिर का साथी लतीफ भट है। सुरक्षाबलों को शोपियां के सैदपोरा पायीन के पास छानपोरा इलाके में आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। घेराबंदी के दौरान जब जवान आतंकियों के ठिकाने के करीब पहुंचे तो उन्होंने फायरिंग कर दी। मुठभेड़ 4 जुलाई की शाम 7:45 बजे शुरू हुई थी। अंधेरे के कारण एनकाउंटर और सर्च ऑपरेशन रात में रोक दिया गया था। अभी तक आतंकियों के शव भी बरामद नहीं हुए हैं। विक्टर फोर्स ने संभाला मोर्चा, आतंकी दिखे तो 4 गांव खाली कराए यह ऑपरेशन शुक्रवार दोपहर को शुरू किया गया था, जब सात गांव वाले मीमंदर इलाके के एक बाग में लगे सेना के कैमरे में ये दो आतंकी दिखाई दिए। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कई टुकड़ियों की टीम ने इलाके की घेराबंदी की और शाम तक 4 गांव खाली करा लिए। सेना की खास एंटी टेरेरिज्म यूनिट, ‘विक्टर फोर्स’ ने बाग के घने पेड़ों के बीच से भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद करने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए और इलाके में रोशनी का इंतजाम भी किया। जब सेना के जवान उनकी ओर बढ़े तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सेना ने भी प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई। रिपोर्ट्स में दावा- कुलगाम का रहने वाला था जाकिर सूत्रों के मुताबिक, कुलगाम के मुतलहम गांव के रहने वाले जाकिर अहमद गनी को सुरक्षा बलों ने कल दक्षिण कश्मीर के जिलों में दूसरे आतंकवादियों के साथ ट्रैक किया था। जाकिर का नाम पाकिस्तान से जुड़े कई आतंकी हमलों से भी जुड़ा था। अक्टूबर 2025 में NIA कोर्ट ने इनके खिलाफ नोटिस जारी किया था और हाल ही में उनका नाम अप्रैल 2026 के पहलगाम आतंकी हमले की जांच से भी जुड़ा था। पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कश्मीर में 14 आतंकवादियों की सूची जारी की थी और उनके घर भी गिरा दिए गए थे। सुरक्षा रिकॉर्ड के मुताबिक, जाकिर 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ है, जबकि लतीफ पिछले साल LeT में शामिल हुआ था। 14 लोकल आतंकियों में 9 मारे गए, अब 5 की तलाश अगर जाकिर गनी की मौत की पुष्टि हो जाती है तो 9वां आतंकी होगा, जिसे सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। जिन 14 आतंकियों की लिस्ट जारी की थी, जाकिर गनी को मिलाकर उनमें से अब तक 9 मारे जा चुके हैं। 6 आतंकी मई 2025 में शोपियां और पुलवामा में एनकाउंटर के दौरान मारे गए थे। पहलगाम हमले के बाद से चलाए गए सेना के मेजर ऑपरेशन —————— ये खबर भी पढ़ें… ऑपरेशन सिंदूर के 6 शहीदों के नाम पहली बार सार्वजनिक: 5 सेना, 1 एयरफोर्स का जवान, 2 को वीरता सम्मान मिला; वॉर मेमोरियल में नाम दर्ज ऑपरेशन सिंदूर में भारत के 6 जवान शहीद हुए थे। केंद्र सरकार ने 13 महीनों बाद पहली बार आधिकारिक तौर पर इनके नाम सार्वजनिक किए। इन नामों को नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में शामिल किया गया है। दिल्ली में बने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की 3D वॉल पर साल 2025 के खंड में भी उनके नाम अंकित किए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…

मुख्यमंत्री के काफिले को दिखाया काला झंडा:पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया; सर्किट हाउस से एयरपोर्ट जा रहा था काफिला

जोधपुर में सीएम भजनलाल शर्मा को एक युवक ने काला झंडा दिखाया। रातानाडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान जितेश्वर चौधरी के रूप में हुई है, जो छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) से जुड़ा बताया जा रहा है। दरअसल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पचपदरा रिफाइनरी और जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए थे। सीएम भजनलाल शर्मा जोधपुर दौरे पर आए हुए थे। शनिवार शाम को जब वह वापस जयपुर जाने के लिए जोधपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए और उनका काफिला भाटी चौराहे के पास पहुंचा, तो वहां पहले से खड़े युवक ने काफिले को काले झंडे दिखाए। विधायक जोशी से मिलने अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री शर्मा रिफाइनरी के कार्यक्रम के बाद जोधपुर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी का हालचाल जानने के लिए अस्पताल गए। इसके बाद उन्होंने भाटी चौराहे पर एक दुकान पर बैठकर चाय पी और वहां मौजूद आम लोगों से संवाद भी किया।

जोधपुर में सीएम भजनलाल शर्मा को युवक ने काल झंडा दिखाया। रातानाडा थाना पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान जितेश्वर चौधरी के रुप हुई है। वह एनएसयूआई से जुड़ा बताया जा रहा है। दरअसल सीएम भजनलाल शर्मा जोधपुर दौर आए हुए है। शनिवार शाम को वो वह वापस जयपुर जाने के लिए जोधपुर एयरपोर्ट के के लिए रवाना हुए। काफिला भाटी चौराहे के आगे पहुंचा तो वहां पहले से खड़े एक युवक ने काफिले को काले झंडे दिखाये। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पचपदरा रिफाइनरी और जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन समारोह में क लिए जोधपुर आए हुए थे।
विधायक जोशी से मिलने अस्पताल गए और भाटी चौराहे पर पी चाय मुख्यमंत्री शर्मा रिफाइनरी के उद्घाटन के बाद जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे और अस्पताल में भर्ती सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी का हालचाल जानने के लिए हॉस्पिटल गए। इसके बाद उन्होंने भाटी चौराहे पर एक दुकान पर बैठकर चाय पी और लोगों से संवाद भी किया।