ब्रेकिंग न्यूज़
₹100 दे दो…किसी को गोली मारने का मन है':मोहाली का दुकानदार मजाक समझ हंसा; रिटायर्ड फौजी ने राइफल से उसे ही गोली मार दी

मोहाली में पूर्व सरपंच के पति रजनीश कुमार को गोली मारने के मामले में बड़ा दिलचस्प ट्विस्ट आया है। सियालबा के रहने वाले आरोपी पूर्व फौजी महिंदर सिंह उर्फ मिंदा ने गोली चलाने से पहले पूर्व सरपंच के पति से ही 100 रुपए शराब पीने के लिए उधार लिए थे। रुपए लेते समय महिंदर ने रजनीश कुमार से कहा था कि आज किसी को गोली मारनी है। उस समय रजनीश को लगा कि शायद महिंदर हंसी-मजाक कर रहा है, लेकिन थोड़ी देर बाद महिंदर शराब पीकर आया तो दुकान के बाहर बैठे रजनीश पर फायरिंग कर दी। सिलायबा के ही रहने वाले विजय कुमार ने बताया कि इस दौरान लोग इकट्ठे हो गए थे। लोगों ने पूर्व फौजी से राइफल छीनी। अगर थोड़ी सी चूक हो जाती तो कई लोगों की जान जा सकती थी, क्योंकि उस समय वहां कई बच्चे खेल रहे थे। वहीं, जांच अधिकारी परमिंदर कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई वारदात की पूरी कहानी जांच अधिकारी बोले- अभी तक बयान देने में घायल अनफिट थाना माजरी में तैनात मामले के जांच अधिकारी परमिंदर सिंह ने बताया- हमें सूचना मिली थी कि रजनीश पर महिंदर सिंह ने फायरिंग कर दी। उसे पीजीआई ले जाया गया। इसके बाद मैं पुलिस पार्टी के साथ पीजीआई पहुंचा, जहां उसकी हालत गंभीर थी। बयान लेने के लिए पीजीआई के एसएमओ से अनुमति ली गई, लेकिन उसे बयान देने के लिए अनफिट करार दिया गया था। जांच अधिकारी ने बताया कि मौके पर रजनीश कुमार के भाई विनोद कुमार ने शिकायत दी है, जिसके आधार पर महिंदर सिंह उर्फ मिंदा के खिलाफ BNS की धारा 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, 54 और 59 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को खरड़ अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। मामले की जांच जारी है। बेटियां ऑस्ट्रेलिया-कनाडा में सेटल, बेटा प्राइवेट जॉब करता है इलाके के लोगों ने बताया कि आरोपी महिंदर सिंह का परिवार काफी संपन्न परिवारों में गिना जाता है। उनका अपना रसूख है। उनकी 2 बेटियां ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में सेटल हैं, जबकि इकलौता बेटा मोहाली की एक नामी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। परिवार के पास अच्छी-खासी जमीन भी है। इसके अलावा उन्हें आर्मी से पेंशन भी मिलती है। सेल्फ सिक्योरिटी के लिए ले रखा था हथियार लोगों ने बताया कि आरोपी महिंदर सिंह ने सेल्फ सिक्योरिटी के लिए हथियार रखा था। हालांकि, बाद में उसने सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी भी की। अब पुलिस ने जिला प्रशासन को चिट्‌ठी लिखकर पूछा है कि नशा करने वाले व्यक्ति का आर्म्स लाइसेंस कैसे जारी किया गया? अब प्रशासन उसके लाइसेंस की पूरी प्रक्रिया की जांच करेगा। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… मोहाली में पूर्व सरपंच के पति पर फायरिंग का VIDEO:3 गोलियां लगीं, रिटायर्ड फौजी घर से लाइसेंसी राइफल लाया; चंडीगढ़ में जॉब कर रहा मोहाली में रिटायर्ड फौजी ने पूर्व सरपंच के पति पर फायरिंग कर दी। इसमें उन्हें 3 गोलियां लगीं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई। फायरिंग के बाद आरोपी घर में छिप गया। सूचना के बाद पुलिस उसके घर पहुंची और कॉलर से पकड़कर अपने साथ ले गई। पढ़ें पूरी खबर…

नूंह में टाइट सिक्योरिटी में निकली ब्रजमंडल यात्रा:80KM रूट पर साढ़े 6 घंटे लगे; मामन खान के गांव में फूल बरसे, योगी के हमशक्ल पहुंचे

हरियाणा के नूंह में सावन के पहले सोमवार को निकली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नल्हड़ेश्वर (नल्हड़) मंदिर से शुरू हुई यात्रा शाम करीब 7 बजे सिंगार गांव स्थित श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इससे पहले श्रद्धालु फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे थे, जहां भी जलाभिषेक किया गया। करीब 80 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के लिए 12 डीएसपी समेत 2200 पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस कमांडो पूरी यात्रा के दौरान साथ चलते रहे। यात्रा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल बिल्लू गुर्जर भी शामिल हुए। बिल्लू राजस्थान के भिवाड़ी के रहने वाले हैं। फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान के गांव भादस स्थित गुरुकुल में लोगों ने जेसीबी पर चढ़कर श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए और यात्रा का स्वागत किया। यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मीट की दुकानें बंद रहीं। सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी स्कूल भी बंद रहे। गौरतलब है कि 31 जुलाई 2023 को इसी ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान नूंह में हिंसा भड़क गई थी। पथराव, आगजनी और फायरिंग की घटनाओं में 7 लोगों की मौत हुई थी। इसी को देखते हुए इस बार प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए और यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई। ब्रजमंडल यात्रा से जुड़े PHOTOS… फरीदाबाद में बिट्‌टू बजरंगी के घर पहुंची पुलिस साल 2023 की नूंह हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को फरीदाबाद में पुलिस ने यात्रा से पहले ही उनके घर पर हाउस अरेस्ट कर लिया। वह सोमवार को ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान नूंह के शिव मंदिर में जल चढ़ाने जाने वाले थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी। इसके चलते रविवार देर रात से ही पुलिस की एक टीम उनके घर के बाहर तैनात कर दी गई। ब्रजमंडल यात्रा से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

भास्कर अपडेट्स:लिव-इन रिलेशनशिप में भी पुरुष पर महिला के साथ क्रूरता का केस चलाया जा सकता है- सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कानून की धारा-498ए (पति या उसके रिश्तेदारों की क्रूरता से संबंधित) का दायरा बढ़ाते हुए फैसला सुनाया कि यह प्रावधान लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले पार्टनर पर भी लागू होगा, अगर शादी करने का इरादा साबित होता है। कोर्ट ने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप आज कमोबेश एक सच्चाई है, खासकर शहरी इलाकों में, जहां आबादी का एक बड़ा हिस्सा रहता है। लिहाजा कानून को ऐसे लोगों की जरूरतों के हिसाब से खुद को ढालना चाहिए जो इस तरह के रिश्ते चुनते हैं। जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह की बेंच ने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले पुरुष पर महिला के साथ क्रूरता करने के लिए मुकदमा चलाया जा सकता है, अगर रिश्ता शादी जैसा हो। आज की बाकी बड़ी खबरें… RSS प्रमुख मोहन भागवत 6 अगस्त को Gen Z और Gen Alpha से बातचीत करेंगे, मुंबई में होगा कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत 6 अगस्त को मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में Gen Z और Gen Alpha के साथ सेशन करेंगे। यह कार्यक्रम भारत के ‘इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस’ (IIMUN) की 15वीं वर्षगांठ और इसके सालाना चैंपियनशिप कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन समारोह के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें भारत भर के 100 से ज्यादा शहरों के 2,000 से ज्यादा हाई स्कूल छात्र शामिल होंगे।
15 से 19 साल की उम्र के ये प्रतिभागी अपने स्कूलों और कॉलेजों का प्रतिनिधित्व करेंगे। NEET पर क्या किया बताएगी सरकार,सुप्रीम कोर्ट बोला- हम भी जानने चाहते हैं
केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट को बताना चाहती है कि NEET पेपर की छपाई से लेकर छात्रों तक पहुंचने तक कौन से सुरक्षा उपाए अपनाए गए। कोर्ट ने कहा कि वह भी इस प्रक्रिया के बारे में जानना चाहता है।
जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि सरकार अपनाई गई कार्यप्रणाली के बारे में बताना चाहती है और इसे हलफनामे के जरिए रिकॉर्ड पर रखना चाहती है।
नीट पेपर्स के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की मांग करने वाली याचिकाओं पर अब गुरुवार को सुनवाई होगी। E20 फ्यूल के खिलाफ नागपुर में गडकरी के घर के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, कई हिरासत में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नागपुर में E20 ईंधन के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर का घेराव करने के लिए मार्च निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। यह मार्च गडकरी के निजी आवास तक गया।केंद्रीय मंत्री के घर के पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था और रास्ते में बैरिकेड लगाए गए थे, हालांकि प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने के लिए उन्हें पार करने का प्रयास किया। सुप्रीम कोर्ट का निर्देश- केंद्र सरकार यह पक्का करे कि हर सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए बिना कब्जे वाली जगह हो
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केंद्र को निर्देश दिया कि वह यह पक्का करे कि हर सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए ठीक से चिह्नित और बिना कब्जे वाली जगह हो। कोर्ट ने कहा कि पैदल चलने के लिए तय जगह को मोटर गाड़ियों की लेन से ठीक से अलग रखा जाए। जहां भी सड़क हो, वहां पैदल चलने वालों के लिए जगह होनी चाहिए। इसे रस्सी या किसी भी चीज से करें। पैदल चलने वालों को यह भरोसा होना चाहिए कि यह जगह उनके लिए है और वे बिना किसी चलती गाड़ी के खतरे के आजादी से चल सकते हैं। पुलवामा में संदिग्ध गिरफ्तार, ग्रेनेड, मोबाइल और देश विरोधी पोस्टर बरामद जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में पुलिस, सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF की 183वीं बटालियन ने जॉइंट ऑपरेशन में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक हैंड ग्रेनेड, तीन देश विरोधी पोस्टर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। जॉइंट नाका ड्रबगाम-पचार रोड पर लगाया गया था। जांच के दौरान संदिग्ध ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे फ्रूट मंडी के पास पकड़ लिया। आरोपी की पहचान तौसीफ अहमद डार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और UAPA की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दिल्ली में मकान की छत गिरी, मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत दिल्ली के उस्मानपुर स्थित जेपी नगर में रविवार देर रात एक मकान की छत गिर गई। मलबे के नीचे दबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान टिंकू (32) और उनकी पत्नी उर्मिला (30) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों को मलबे से निकालकर जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुणे में आर्थिक तंगी से परेशान पति-पत्नी और 19 साल की बेटी ने दी जान महाराष्ट्र के पुणे में एक दंपती और उनकी 19 साल की बेटी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी का जिक्र किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान विनोद पिल्लई (50), उनकी पत्नी सृजा पिल्लई (45) और बेटी पूर्णिमा पिल्लई (19) के रूप में हुई है। विनोद की शनिवार को मौत हो गई थी, जबकि सृजा और पूर्णिमा ने रविवार को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार मूल रूप से केरल का रहने वाला था और पिछले तीन साल से पुणे के पिंपरी इलाके में रह रहा था। सृजा मोरवाड़ी के एक स्कूल में कोऑर्डिनेटर थीं। रविवार को जब वह काम पर नहीं पहुंचीं और फोन का जवाब नहीं दिया, तो सहकर्मियों ने उनके रिश्तेदारों से संपर्क किया। रिश्तेदार जब घर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला। अंदर तीनों बेहोश पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। बिहार के सहरसा में सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में आग, इंजन और उसके पास वाला कोच जला बिहार के सहरसा में सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (नंबर 63344) के इंजन और उससे जुड़े कोच में आग लग गई। सुबह करीब 3 बजे हुई इस घटना से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन से आग की लपटें और घना धुआं निकल रहा था। आग में जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। महाराष्ट्र में धर्मांतरण-रोधी कानून लागू; जबरन धर्म बदलवाया तो 7 साल जेल, खुद से बदला तो 60 दिन पहले प्रशासन को बताना होगा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी मिलने और सरकारी गजट में प्रकाशित होने के बाद महाराष्ट्र में धर्मांतरण-रोधी कानून लागू हो गया है। इससे जबरदस्ती, धोखाधड़ी, लालच या शादी के जरिए किए जाने वाले धर्मांतरण के खिलाफ कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है। मार्च में बजट सत्र के दौरान राज्य विधानसभा के दोनों सदनों से पारित ‘महाराष्ट्र धर्म की स्वतंत्रता विधेयक, 2026’ को राष्ट्रपति की मंज़ूरी मिल गई और 30 जुलाई को इसे राज्य के राजपत्र में अधिसूचित किया गया। नए कानून के तहत, जो व्यक्ति दूसरा धर्म अपनाना चाहता है, उसे कम से कम 60 दिन पहलेज जिला मजिस्ट्रेट को सूचित करना होगा। धर्मांतरण के बाद की तय प्रक्रियाओं का भी पालन करना होगा। जम्मू-कश्मीर के रियासी में 2.9 तीव्रता का भूकंप नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रविवार देर रात 1:37 बजे जम्मू-कश्मीर के रियासी में 2.9 तीव्रता का भूकंप आया। यह 5 किलोमीटर की गहराई पर आया। भूकंप पृथ्वी की सतह से लेकर सतह के नीचे लगभग 700 किलोमीटर तक कहीं भी आ सकते हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस ने तीन दिन में दूसरी बार अहमदाबाद तक डोनर हार्ट पहुंचाया रविवार को वंदे भारत एक्सप्रेस से अंकलेश्वर से अहमदाबाद तक एक लाइव डोनर हार्ट पहुंचाया गया। तीन दिन के अंदर यह ऐसा दूसरा ऑपरेशन था। इससे पहले, वंदे भारत एक्सप्रेस से सूरत से अहमदाबाद तक एक लाइव डोनर हार्ट पहुंचाया था। वंदे भारत एक्सप्रेस ने डोनर हार्ट को चढ़ाने के लिए अंकलेश्वर रेलवे स्टेशन पर एक खास ऑपरेशनल स्टॉप लिया। इस अंग को श्रीमती जयाबेन मोदी मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल से निकाला गया और स्थानीय पुलिस द्वारा बनाए गए ग्रीन कॉरिडोर के ज़रिए स्टेशन तक पहुंचाया गया। स्नैक्स पैकेट में मिली टॉय बॉल निगलने से बच्चे की मौत कर्नाटक के मैसूर जिले में स्नैक्स के पैकेट में मिला प्लास्टिक का छोटा खिलौना 5 साल के बच्चे की मौत का कारण बन गया। पुलिस के अनुसार, हुनसूर के मुकुंद मयूर ने कुरकुरे स्नैक्स के पैकेट में मिली प्लास्टिक बॉल निगल ली। बॉल गले में फंसने से उसका दम घुटने लगा। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। हुनसूर ग्रामीण थाने में मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

गोल्डन टेंपल के पास होटल में लड़की से रेप:नाबालिग को ब्लैकमेल कर अमृतसर लाया युवक, निहंगों ने आरोपी पकड़ा; होटल मालिक भी गिरफ्तार

अमृतसर में गोल्डन टेंपल के नजदीक होटल के युवक ने 14 साल की लड़की का रेप कर दिया। इसका पता चलने पर परिवार के लोगों ने निहंगों से संपर्क किया। जिसके बाद निहंग परमजीत सिंह अकाली अपने साथियों के साथ होटल पहुंच गए। वहां उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में होटल मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है। उसने बिना किसी डॉक्यूमेंट्स के लड़की और उसके साथ आए युवक को कमरा दिया था। अमृतसर के थाना बी डिवीजन पुलिस ने कहा कि आरोपी बच्ची को कैसे लेकर वहां आया, वह उसके बुलाने पर कैसे आई, इसके बारे में जांच की जा रही है। निहंग ने कहा- शनिवार सुबह लड़की से रेप हुआ
इस बारे में निहंग परमजीत सिंह अकाली ने कहा कि शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे होटल कक्कड़ इन में एक 14 साल की बच्ची के साथ रेप हुआ है। होटल में न तो बच्ची और न ही आरोपी का ID प्रूफ लिया गया। इसके बावजूद उन्हें रूम दे दिया गया। हमें ये पता चला कि आरोपी बच्ची को ब्लैकमेल कर होटल में लाया था। हम रात ही संबंधित अधिकारी को मिले थे। पुलिस ने रात ही आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने कहा- नाबालिग को जबरन ले जाकर संबंध बनाए
इस बारे में थाना बी डिवीजन के SHO इंस्पेक्टर किरनदीप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो चल रही है। जिसमें गोल्डन टेंपल के नजदीक एक होटल में 21-22 साल के युवक ने नाबालिग लड़की को ले जाकर संबंध बनाए गए। ये मामला सामने आते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद केस दर्ज किया गया। इसके बाद जांच शुरू की गई और आरोपी विशालदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। होटल मालिक को भी गिरफ्तार किया
इंस्पेक्टर किरनदीप ने आगे बताया कि जिस होटल में ये मामला हुआ, उस होटल के मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया है। जितने भी होटल वाले लोग हैं, उन्हें चेतावनी दी जा रही है कि वह साफ-सुथरा कारोबार करें। किसी भी नाबालिग लड़की को रूम न दें। अगर ऐसा कोई मामला आता है तो तुरंत पुलिस को बताएं। अगर कोई नाबालिग लड़की को रूम देगा तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में शख्स ने चप्पल फेंकी:समर्थकों ने पीटा, दावा- चाकू लेकर आया था; आरोपी यूपी में भाजपा के पदाधिकारी

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर उनके दिल्ली में स्थित आवास पर रविवार शाम एक शख्स ने हमला कर दिया। पप्पू यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, इसी बीच एक आदमी ने उनके ऊपर चप्पल फेंक दी। इसके बाद पप्पू के समर्थकों ने उसके साथ मारपीट की। वहां मौजूद पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाने लगे, लेकिन उनके सामने ही पप्पू यादव के समर्थकों ने आरोपी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हमला करने वाले युवक का नाम सुमित प्रधान उर्फ सुमित गिरि गोस्वामी है। वह बुलंदशहर में भाजपा का नगर मंत्री है। पप्पू ने आरोप लगाया कि एक युवक ने चाकू लेकर उनकी हत्या की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कुछ बाबा रोज कहते हैं- मुझे मार दो, जला दो, हम ₹51 लाख देंगे। हमने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अभी आरोपी को पकड़कर ले गई है। उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पप्पू यादव ने शुक्रवार को संसद में चंदा चोरी का नाटक किया था, जिसके बाद लखनऊ के एक हिंदूवादी नेता ने उनका सिर लाने वाले को 51 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया था। हमले के बाद पप्पू यादव ने मीडिया से कहा- आपके सामने ही हमला हुआ है? मेरा क्या गुनाह है? गुनाह बृजभूषण तिवारी का है, चंपत राय का है। पकड़े गए आरोपी सुमित उसके साथी हैप्पी शर्मा ने मीडिया से कहा- हमने पप्पू यादव पर हमला नहीं किया। उन्होंने संंसद में भगवा का अपमान किया था। हमने उनका विरोध किया तो उनके समर्थक पीटने लगे। हैप्पी बुलंदशहर में भाजपा के मंडल महामंत्री हैं। 8 तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम… समर्थकों का दावा- अतीक हत्याकांड जैसी वारदात की प्लानिंग थी पप्पू यादव के मीडिया संयोजक ने कहा- हमलावरों ने पहले चप्पल फेंकी, फिर चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश की। दिल्ली पुलिस मूकदर्शक बनी रही और हमलावरों को बचाने में लगी थी। उनका दावा है कि हमलावर प्रयागराज के अतीक अहमद हत्याकांड जैसी वारदात को अंजाम देने आए थे। एक समर्थक बोला- हमलावर के चाकू से उंगली में चोट लगी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद एक अन्य समर्थक ने कहा- तीन-चार लोग अचानक वहां पहुंचे और चाकू से हमला करने की कोशिश की। मैंने पप्पू यादव को बचाने के लिए अपना हाथ आगे कर दिया। चाकू से मेरी ऊंगली पर कट लगा, इसके बाद भी हमलावर हमला करते रहे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी का साथी बोला- हम चाकू लेकर नहीं गए थे पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने वाले हैप्पी शर्मा ने कहा- पप्पू यादव के घर के बाहर साधुओं का धरना चल रहा था। मैं और मेरा साथी सुमित गिरि गोस्वामी साधुओं का सपोर्ट करने गया था, लेकिन तब तक साधुओं को हटाया जा चुका था। इसलिए हम सांसद पप्पू यादव से मिलने पहुंच गए। हम जब गए तो हमारी चेकिंग भी हुई। वहां प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी। हमने उनसे कहा- आप साधुओं के भगवा वस्त्र पहनकर लोट रहे हैं। भगवान राम के चित्र को सांसद अवधेश प्रसाद के पैरों के पास रख रहे हैं, ये गलत है। इस पर सांसद के लोग हमें पीटने लगे। वह सुमित खींचकर घर से अंदर ले गए। इसी दौरान मैं घर के बाहर हो गया। चाकू लेकर जाने के आरोप पर हैप्पी ने कहा- जब उन लोगों ने हमें पीटा तो हमने उन पर चप्पल-जूते तो फेंके, लेकिन हम वहां चाकू लेकर नहीं गए थे। चाकू उन्होंने अपनी तरफ से लाकर मीडिया को दिखाया। सुमित और हैप्पी दोनों बुलंदशहर जिले के हैं। दोनों ठेकेदारी का काम करते हैं। हैप्पी का पूरा बयान यहां सुनें… शनिवार को हिंदू संगठनों ने पप्पू की पत्नी के घर के बाहर हंगामा किया था शनिवार को पप्पू यादव की पत्नी और राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के दिल्ली स्थित आवास के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और साधु-संतों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस पर रविवार को पप्पू यादव ने चेतावनी देते हुए कहा- अगर मेरे बच्चों और परिवार तक पहुंचे, तो महाभारत से भी बड़ा महाभारत होगा। हम अपनी लड़ाई में बच्चों को शामिल नहीं करते। हमें ऐसे कमजोर संस्कार नहीं मिले हैं। 31 जुलाई: पप्पू ने राममंदिर चंदा चोरी का नाटक किया मानसून सत्र के 10वें दिन पप्पू यादव भगवा चोला पहनकर साधु के वेश में दानपेटी लेकर संसद भवन पहुंचे थे। संसद परिसर में राममंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में एक शॉर्ट प्ले किया गया था। पुजारी बनकर आए पप्पू यादव ने जमीन पर बैठे थे। इसके बाद राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों ने उन्हें चंदा दिया। दान के पैसे पप्पू यादव पेटी में न डालकर अपने पास रख रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव अयोध्या सांसद के पैर छूते दिखाई दिए थे। अब संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें देखिए- सांसद पप्पू यादव दानपेटी लेकर मकर द्वार पर बैठ गए थे। राहुल गांधी ने भी दानपेटी में चंदा डाला था। कई विपक्षी सांसदों ने दानपेटी में चंदा डाला। चोरी पकड़ने का नाटक कर सांसदों ने पप्पू यादव की प्रतीकात्मक पिटाई कर दी थी। चढ़ावा चोरी का ‘नाटक’ करने पर राहुल-पप्पू यादव पर FIR
वाराणसी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सपा सांसद अवधेश प्रसाद और बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर FIR दर्ज हुई है। ये FIR पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक दास ने कोतवाली थाने में कराई है। लखनऊ में हिंदूवादी नेता ने कहा था- पप्पू यादव का सिर लाने वाले को 51 लाख देंगे लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुरोध राय ने चेतावनी देते कहा- पप्पू यादव के पापों का अंत हो गया है। सजा का समय आ गया है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी सनातन विरोधी हैं। अगर इन लोगों ने माफी नहीं मांगी तो सनातन रक्षा संगठन जुबान खींचकर खूंटे से बांध देगा। पप्पू यादव का सिर लाने वाले को ₹51 लाख देने का ऐलान किया। ————————————- ये खबर भी पढ़ें…
बुलंदशहर के 2 BJP-नेताओं ने पप्पू यादव पर हमला किया:एक नगर मंत्री, दूसरा मंडल महामंत्री; सांसद बोले- चाकू लेकर मेरी हत्या करने आए थे दिल्ली में बिहार के बाहुबली सांसद पप्पू यादव पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमला करने वाला युवक बुलंदशहर का रहने वाला है। उसका नाम सुमित शर्मा और उम्र 34 साल है। वह अपने दोस्त हैप्पी शर्मा के साथ दिल्ली गया था। सुमित भाजपा का नगर मंत्री तो हैप्पी मंडल महामंत्री है। पप्पू यादव के आवास पर हुए हंगामे के बाद सुमित को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें… संसद में पप्पू यादव पुजारी बनकर पहुंचे,राहुल ने चंदा दिया:राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विपक्ष का प्रदर्शन; मंत्री जितेंद्र सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार को संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर प्रदर्शन किया। सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे। राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने दानपेटी में चंदा डाला। साथ ही विपक्षी सांसद बैनर लेकर पहुंचे जिसमें ‘अमित शाह संसद से गायब क्यों’ लिखा हुआ था। पूरी खबर पढ़ें…

8300 साल पहले भी उत्तराखंड में मौजूद था इंसान:शिकार के साथ खेती कर पालता था परिवार, दावा- ये सबसे पुराने मानव सभ्यता प्रमाण

आज से करीब 8300 साल पहले उत्तराखंड की हिमालयी वादियों में इंसान अपने परिवारों के साथ रह रहा था। वह धान की खेती करता था, मिट्टी के बर्तन बनाता था और तांबे का उत्खनन भी करता था। यानी उत्तराखंड में मानव बसावट की शुरुआत अब तक माने जा रहे इतिहास से हजारों साल पुरानी हो सकती है। अब तक वैज्ञानिक उत्तराखंड में मानव सभ्यता के सबसे पुराने ठोस प्रमाण करीब 4 हजार साल पुराने मानते रहे हैं। लेकिन आईआईटी रुड़की के वैज्ञानिकों की नई रिसर्च ने इस इतिहास को सीधे 8300 साल पीछे पहुंचा दिया है। वैज्ञानिकों को इसके प्रमाण सेडा-DNA तकनीक से मिले हैं। यह शोध इंटरनेशनल साइंस् मैगजीन क्वाटरनरी साइंस रिव्यूज में पब्लिश हुआ है। शोधकर्ताओं का मानना है कि यह खोज हिमालय में मानव बसावट के इतिहास को लेकर अब तक की वैज्ञानिक समझ को नई दिशा दे सकती है। पहले उत्तराखंड का सबसे पुराना इतिहास क्या माना जाता था? अब तक उत्तराखंड में मानव उपस्थिति के सबसे पुराने ठोस प्रमाण करीब 4 हजार साल पुराने माने जाते थे। अल्मोड़ा की लगभग 3 हजार साल पुरानी रॉक आर्ट, रूपकुंड और मलारी से मिले करीब 1300 साल पुराने मानव कंकाल तथा बाद के मंदिर-मठ राज्य के सबसे पुराने पुरातात्विक साक्ष्य थे। नॉटिंघम विश्वविद्यालय के एक अध्ययन में मानव उपस्थिति करीब 4600 साल पुरानी बताई गई थी, लेकिन इससे पीछे का इतिहास वैज्ञानिक रूप से साबित नहीं हो पाया था। वैज्ञानिकों ने आखिर खोज कहां की? रिसर्च का केंद्र बना चमोली जिले के गोपेश्वर क्षेत्र की तोली ताल, जो समुद्र तल से 2650 से 2800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित मीठे पानी की झील है। आईआईटी रुड़की के डिपार्टमेंट ऑफ अर्थ साइंस के प्रोफेसर डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने झील की तलहटी में कई मीटर गहराई तक ड्रिलिंग कर तलछट के नमूने निकाले। इन नमूनों को पांच विश्लेषणात्मक इकाइयों में बांटकर उनकी उम्र, जैविक अवशेष और पर्यावरणीय बदलावों का अध्ययन किया गया। झील की मिट्टी ने 18 हजार साल का इतिहास कैसे बताया? झील की तलहटी में हर साल मिट्टी की एक नई परत जमा होती जाती है। हजारों साल बाद यही परतें प्राकृतिक इतिहास का रिकॉर्ड बन जाती हैं। अध्ययन में पता चला कि 18,100 से 13,600 साल पहले यह इलाका बेहद शुष्क था। यह हिमयुग के अंतिम चरण यानी लेट ग्लेशियल मैक्सिमम का समय था। इसके बाद ग्लेशियर पीछे हटे, तापमान बढ़ा, नमी बढ़ी और धीरे-धीरे यहां जंगल विकसित होने लगे। इसी बदलते पर्यावरण के बीच इंसानों की मौजूदगी के संकेत भी मिलने लगे। सेडा-DNA ने कैसे बताया कि यहां 8300 साल पहले इंसान रहते थे? आमतौर पर पुरातत्वविद किसी सभ्यता का पता कंकाल, औजार या बर्तनों से लगाते हैं। लेकिन सेडा-DNA तकनीक मिट्टी में मौजूद हजारों साल पुराने सूक्ष्म जैविक अंशों को पढ़ती है। जब कोई इंसान किसी जगह रहता है तो उसकी त्वचा की कोशिकाएं, बाल, मल या अन्य जैविक कण मिट्टी में मिल जाते हैं। ये डीएनए के सूक्ष्म अंश हजारों साल तक सुरक्षित रह सकते हैं। आधुनिक जीनोमिक तकनीक इन्हीं अंशों की पहचान कर यह बताती है कि उस समय वहां कौन-कौन से जीव, पौधे और इंसान मौजूद थे। तोली ताल की तलहटी में मिले ऐसे ही डीएनए संकेतों ने करीब 8300 साल पहले मानव उपस्थिति की पुष्टि की। सिर्फ इंसान नहीं, खेती और तांबा उत्खनन के भी मिले संकेत रिसर्च में मिले जैविक और पर्यावरणीय साक्ष्य बताते हैं कि उस समय यहां रहने वाले लोग केवल शिकार पर निर्भर नहीं थे। वे खेती कर रहे थे और तांबे जैसे प्राकृतिक संसाधनों का भी उपयोग कर रहे थे। इसके अलावा झील की तलहटी से करीब 3300 साल पुराने मिट्टी के बर्तनों के अवशेष मिले। वहीं लगभग 2400 साल पुराने पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) के निशानों ने यह साबित किया कि उस समय मनुष्य आग का उपयोग कर रहा था। यह खोज क्यों मानी जा रही है ऐतिहासिक? यह शोध सिर्फ उत्तराखंड का इतिहास कुछ हजार साल पीछे नहीं ले जाता, बल्कि पूरे हिमालय में मानव बसावट की वैज्ञानिक समझ को चुनौती देता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि उत्तराखंड की दूसरी हिमालयी झीलों में भी इसी तकनीक से अध्ययन किया जाए तो 8300 साल से भी पुराने मानव इतिहास के प्रमाण मिल सकते हैं। ऐसे में हिमालय में मानव सभ्यता की शुरुआत को लेकर दुनिया की इतिहास पुस्तकों में भी बदलाव संभव है। ——————— ये खबर भी पढ़ें… उत्तराखंड के 200 गांव बद्रीनाथ धाम को देते थे टैक्स:राजा को भी मंदिर से लेना पड़ा कर्ज, तिब्बत से लामा भेजते थे चाय-गाय इस साल महज 13 दिनों में 1.15 लाख से ज्यादा लोग बद्रीनारायण के दर्शन कर चुके हैं। लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब बद्रीनाथ की यात्रा में करीब एक महीने का वक्त लगता था। सिर्फ 90 साल पहले की बात करें तो देवप्रयाग तक भी सड़क नहीं थी, ऋषिकेश से ही यात्रा पैदल शुरू करनी होती थी। (पढ़ें पूरी खबर)

कर्नाटक में जल्द हो सकता है कैबिनेट विस्तार:डीके शिवकुमार और कांग्रेस आलाकमान की दिल्ली में बैठक; 20 नए मंत्री शामिल हो सकते हैं

कर्नाटक में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथ लेने के करीब दो महीने बाद भी मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है। शिवकुमार और राज्य के कई कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आलाकमान से मुलाकात की। यहां कैबिनेट विस्तार पर चर्चा हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 नए मंत्रियों के नाम आज तय हो सकते हैं। वहीं, अगले सप्ताह शपथ ग्रहण हो सकता है। अभी कैबिनेट में सीएम समेत 14 मंत्री हैं। कर्नाटक की कैबिनेट में 34 मंत्री शामिल हो सकते हैं डीके शिवकुमार ने 3 जून को उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर और 12 अन्य मंत्रियों के साथ शपथ ली थी। कर्नाटक में संवैधानिक रूप से मुख्यमंत्री सहित कुल 34 मंत्री हो सकते हैं, जिसके चलते अभी भी लगभग 20 पद खाली हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी हाईकमांड जातीय, सामुदायिक और नए-पुराने नेताओं में बैलेंस बनाने की कोशिश कर रहा है जिसकी वजह से कैबिनेट विस्तार में देरी हो रही है। इसके अलावा, डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के गुटों की ओर से अलग-अलग नाम सुझाए जा रहे हैं। कर्नाटक की राजनीति में वोक्कालिगा, लिंगायत और कुरबा समाज अहम कर्नाटक में लिंगायत (लगभग 17%) सबसे बड़ा समुदाय है, जबकि दक्षिण कर्नाटक में वोक्कालिगा (लगभग 15%) का दबदबा है, जिसका नेतृत्व उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार करते हैं। वहीं, कुरबा (लगभग 7-8%) समाज एक प्रमुख पिछड़ा वर्ग है, जिससे मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आते हैं और वे अपनी अहिंदा राजनीति के जरिए मजबूत पकड़ रखते हैं। सिद्धारमैया के बेटे डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है। —————————— ये खबर भी पढ़ें… आज का एक्सप्लेनर:सबसे अमीर सीएम डीके शिवकुमार की कहानी; जमीन बेचकर चुनाव लड़ा, ED ने पकड़ा तो रो पड़े, जेल में मिलने पहुंचीं सोनिया गांधी बात अक्टूबर 1999 की है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 224 में 132 सीटें जीतीं। एसएम कृष्णा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले थे। कृष्णा के करीबी थे 37 साल के डीके शिवकुमार। इतने करीबी कि नए मंत्रिमंडल की लिस्ट भी दोनों ने साथ मिलकर तैयार की। लेकिन एक रात पहले कांग्रेस हाईकमान से मिली फाइनल लिस्ट में डीके का ही नाम नहीं था। पूरी खबर पढ़ें…

हर्षानंद गिरि बोलीं- मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया:संतों पर सवाल नहीं उठाए, आश्रम की जिम्मेदारी संभालने को भी तैयार हूं

साध्वी हर्षानंद गिरि ने आश्रम में न रहने संबंधी बयान से यू-टर्न ले लिया है। अब उन्होंने कहा है- मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। मेरा उद्देश्य किसी आश्रम या संत समाज पर सवाल उठाना नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाना था। भोपाल में रहने वाली साध्वी हर्षानंद गिरि ने ये बयान रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दिया है। किचन में खाना बनाते हुए रिकॉर्ड किए गए वीडियो की शुरुआत “जय श्रीराम” से करते हुए हर्षानंद गिरि ने कहा कि वे आश्रम में रहना पसंद करती हैं, क्योंकि वहां उनका समय धर्म-कर्म, अध्ययन और पूजा-पाठ में बीतता है। घर पर रहने पर उन्हें घरेलू काम भी करने पड़ते हैं। उन्होंने कहा- यदि कोई संत, संस्था या आश्रम सुरक्षा की गारंटी ले और यह भरोसा दे कि वहां कोई नुकसान नहीं होगा, तो मैं आज भी आश्रम में रहकर सेवा करने के लिए तैयार हूं। यदि किसी आश्रम की जिम्मेदारी सौंपी जाए तो मैं उसे संभालने के लिए भी तैयार हूं। घर पर खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करती हूं वीडियो में हर्षानंद गिरि ने उज्जैन में एक महामंडलेश्वर पर दर्ज रेप के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि आरोपी अब भी फरार है। ऐसी घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और इसी कारण वे अपने घर पर खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं। महिलाओं के लिए आश्रम बनाने की इच्छा जताई हर्षानंद गिरि ने कहा कि भविष्य में वे ऐसा आश्रम बनाना चाहती हैं, जहां घरेलू हिंसा, सामाजिक प्रताड़ना या अन्य कारणों से बेघर हुई महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित आश्रय मिल सके। उन्होंने कहा कि समाज में कई ऐसी महिलाएं हैं, जिनकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है। वीडियो के अंत में उन्होंने “हर-हर महादेव” से अपनी बात खत्म की। पहले कहा था- संत से ज्यादा मेरी सास बन गए मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया उर्फ साध्वी हर्षानंद गिरि ने इससे पहले 31 जुलाई को कहा था- ये कौन से संत हैं, जिन्हें मेरी हर बात बुरी लग जाती है? मैं खाऊं-पहनूं, कहीं रहूं-किसी से मिलूं। कहीं घूमूं तो इन्हें बुरा लग जाता है। ये कौन हैं, जो संत से ज्यादा मेरी सास बन गए हैं, जो हर बात पर मुंह फुला लेते हैं। उन्होंने कहा था- जिस समाज में 2 महीने की बेटी सुरक्षित नहीं है। हर जगह से रेप, कितने-कितने अपराध होने की सूचना मिलती है, वहां पर मैं कहां रहूं? मुझे बताओ। मैं कहां सुरक्षित हूं? जो संत बोल रहे हैं कि मुझे परिवार के साथ नहीं रहना, वो संत मेरी सुरक्षा की 100% गारंटी ले लें। मैं उनके आश्रम चली जाऊंगी। संतों को कब से छोटी-छोटी बातों का बुरा लगने लगा, मुझे यह नहीं समझ में आता है। उनका गुस्सा पानी के बुलबुलों के समान होता है। संत में तो राग, द्वेष, ईर्ष्या कुछ नहीं होता। संतों में सिर्फ प्यार होता है। वे बड़ी से बड़ी बातों को हवा में उड़ा देते हैं। खबर पर आप अपनी राय यहां दे सकते हैं… मामले से जुड़ा ये एक्सप्लेनर भी पढ़ें… आश्रमों में केरल से मसाज करने वाले आते हैं, हर्षा को दीक्षा देने वाले गुरु का खुलासा मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया उर्फ हर्षानंद गिरि फिर विवादों में हैं। उन्होंने कुछ संतों पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि वे उनके खाने-पहनने और माता-पिता के साथ रहने को लेकर लगातार टीका-टिप्पणी करते हैं। तो क्या संन्यास को लेकर कोई लिखित नियम हैं, हर्षा ने क्यों कहा कि बड़े-बड़े संत मेनिक्योर-पेडिक्योर करवाते हैं? पूरा विवाद क्या है, पढ़ें पूरी खबर…

गोवा में कांग्रेस-GFP में गठबंधन पर चर्चा:AAP ने साथ आने के संकेत दिए; अगले साल चुनाव, BJP का लगातार चौथी बार सरकार बनाने का लक्ष्य

गोवा में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी दलों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) ने गठबंधन को लेकर शुरुआती बातचीत शुरू कर दी है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी गठबंधन के संकेत दिए हैं। गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडंकर ने बताया कि उन्होंने GFP प्रमुख विजय सरदेसाई के साथ गठबंधन को लेकर चर्चा की है। दोनों नेताओं की शनिवार को दक्षिण गोवा के फतोरदा शहर में मुलाकात हुई थी। कांग्रेस और GFP ने 2022 का विधानसभा चुनाव भी साथ मिलकर लड़ा था। चोडंकर ने कहा कि शनिवार को हुई बातचीत शुरुआती दौर की थी। गठबंधन को आगे बढ़ाने पर अभी फैसला लिया जाना बाकी है। उन्होंने बताया कि सीट शेयरिंग समेत अन्य मुद्दों को अंतिम रूप देने के लिए वे जल्द ही फिर से मुलाकात करेंगे। AAP ने कहा- समान विचारधारा वाले दलों से गठबंधन के लिए तैयार वहीं आम आदमी पार्टी गोवा के अध्यक्ष वाल्मीकि नाइक ने शनिवार को अपनी पार्टी की उस कमेटी के साथ बैठक की, जिसे समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन पर फैसला लेने की जिम्मेदारी दी गई है। नाइक ने पत्रकारों से कहा कि AAP समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन के लिए तैयार है। पार्टी का मुख्य लक्ष्य बीजेपी सरकार को हराना है। AAP ने 2022 में 40 सीटों में 39 पर अपने उम्मीदवार उतारे और अलग चुनाव लड़ा। AAP ने 2 सीटें (बेनेउलिम और वेलिम) जीतीं और पहली बार गोवा विधानसभा में पहुंची। चुनाव के बाद AAP के दोनों विधायक पार्टी में बने रहे। लगातार 3 बार से सत्ता में बीजेपी, अभी 33 विधायक गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में होने की संभावना है। अभी बीजेपी 33 विधायकों के समर्थन से सत्ता में है। इनमें से 28 विधायक बीजेपी के हैं, तीन निर्दलीय हैं और दो विधायक महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 40 में से 20 सीटें जीती थीं। बाद में कांग्रेस के 8 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए, जिससे पार्टी का बहुमत और मजबूत हो गया। अब बीजेपी ने 2027 के चुनाव में 30 से ज्यादा सीटें जीतकर लगातार चौथी बार सरकार बनाने का लक्ष्य तय किया है। ये खबर भी पढ़ें… गेस्ट हाउस में बदलेगा पूर्व CM केजरीवाल का बंगला: दिल्ली सरकार जल्द मंजूरी देगी, मंत्री-अधिकारी ठहरेंगे; भाजपा ने शीश महल नाम दिया था दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास रहे सिविल लाइंस स्थित फ्लैगस्टाफ रोड के बंगले को राज्य सरकार स्टेट गेस्ट हाउस में बदलने की तैयारी कर रही है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर सरकार अंतिम फैसला लेने के करीब है। बंगला नंबर-6 को अन्य राज्य अतिथि गृहों की तरह विकसित किया जाएगा। यहां बाहर से आने वाले मंत्री और सरकारी अधिकारी ठहरेंगे। इसके लिए शुल्क भी लिया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें…

पीएम बोले- भारत में ड्रग्स सप्लाई आतंकी साजिश का हिस्सा:दुश्मन देश युवाओं को नशे में धकेलना चाहते हैं; हमें उनकी प्लानिंग नाकाम करनी है

पीएम मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि भारत में ड्रग्स की सप्लाई दुश्मन देशों की आतंकी साजिश का हिस्सा है। पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने संबोधन में कहा- दुश्मन देश भारतीय युवाओं को नशे के जाल में धकेलना चाहते हैं। इस साजिश को मिलकर नाकाम करना होगा। विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होने के साथ नशे से भी दूर रहेगा। उन्होंने बताया कि अगले 100 सप्ताह तक हर रविवार कला, संस्कृति, खेल और अन्य गतिविधियों के जरिए नशा मुक्ति का संदेश देशभर में पहुंचाया जाएगा। पीएम ने युवाओं से इस अभियान का नेतृत्व करने और 2047 तक विकसित भारत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। पीएम की स्पीच की 5 बड़ी बातें… 1. नशा सपनों और परिवार दोनों को तोड़ देता है PM मोदी ने कहा कि नशा युवाओं का फोकस भटकाकर उन्हें धीरे-धीरे उनके सपनों से दूर ले जाता है। आज भारत के युवा स्टार्टअप, AI और स्पेस जैसे क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन अगर कोई युवा ड्रग्स की गिरफ्त में आ जाए तो सिर्फ उसका सपना ही नहीं, पूरा परिवार हार जाता है। नशा एक पिता के सपनों और बहन की उम्मीदों को भी तोड़ देता है। 2. दुश्मन देश ड्रग्स के जरिए युवाओं को निशाना बना रहे नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि राष्ट्र की ताकत को भी कमजोर करता है। दुश्मन देश भारतीय युवाओं को ड्रग्स के जाल में फंसाने की साजिश रचते हैं। सरकार नशे के कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। 3. ड्रग्स थोड़ी देर का हाई, लेकिन जिंदगीभर का नुकसान ड्रग्स कुछ समय के लिए हाई देता है, लेकिन करियर और फैमिली लाइफ को बर्बाद कर देता है। हमारे संतों और गुरुओं ने भी नशे से दूर रहने की सीख दी है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जो नशा इंसान की बुद्धि और विवेक छीन ले, वह उसे पतन की ओर ले जाता है। 4. नशे से बाहर निकले युवाओं को दूसरा मौका मिलना चाहिए नशे की लत से लड़कर बाहर निकलने वाले असली योद्धा हैं। किसी व्यक्ति का अतीत उसकी पहचान नहीं होता, बल्कि मुश्किलों से बाहर निकलने का उसका साहस उसकी असली पहचान होता है। 5. ड्रग्स माफिया पर कार्रवाई कई गुना बढ़ी देश में नशे के कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। बड़ी मात्रा में ड्रग्स जब्त की जा रही है और कार्रवाई पहले के मुकाबले कई गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का प्रमाण है। नशा मुक्त युवा कार्यक्रम में 1 करोड़ से ज्यादा युवा शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ सुबह 11 बजे से शुरू हुआ। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले देशभर के युवाओं ने एक साथ ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ ली। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के 28 हजार से ज्यादा स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। अभियान में 1 करोड़ से ज्यादा युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में 5 प्रमुख आध्यात्मिक गुरु—अम्मा, श्री श्री रविशंकर, दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी भी वर्चुअली जुड़े। इसके अलावा कई मुख्यमंत्री और राज्यपाल भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। 100 हफ्तों तक हर रविवार कार्यक्रम होगा इस कार्यक्रम का मकसद युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने समाज में बदलाव लाने के लिए आगे बढ़ाना है। यह अभियान अगले 100 हफ्तों तक चलेगा। इसके तहत हर रविवार देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम होंगे, जिनके जरिए लोगों को नशे के नुकसान बताए जाएंगे और नशा मुक्त भारत का संदेश दिया जाएगा। नशे के खिलाफ जन आंदोलन बनाने की कोशिश यह अभियान 125 से ज्यादा आध्यात्मिक संगठनों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, सामाजिक संस्थाएं और उद्योग संगठन भी इस अभियान से जुड़े हैं। सरकार चाहती है कि इस अभियान में स्कूल, कॉलेज, युवा संगठन, सामाजिक संस्थाएं, उद्योग संगठन और आध्यात्मिक संस्थाएं मिलकर काम करें। उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस मुहिम से जुड़ें और नशे के खिलाफ इसे जन आंदोलन बनाया जाए। भास्कर नॉलेज | नशे का आतंकवाद से कनेक्शन सवालः नार्को-टेररिज्म क्या है? जवाबः जब ड्रग्स बेचकर कमाए गए पैसे का इस्तेमाल आतंक फैलाने, हथियार खरीदने और आतंकी गतिविधियां चलाने में होता है, तो इसे नार्को-टेररिज्म कहा जाता है। सवालः नशा फैलाने में पाकिस्तान का नाम क्यों आता है? जवाबः पंजाब और जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान सीमा से हेरोइन और दूसरे नशे की तस्करी बड़ी चुनौती है। ड्रोन और सीमा पार नेटवर्क के जरिए नशा भेजा जाता है। हालांकि, भारत में आने वाले कुल ड्रग्स में पाकिस्तान का कितना हिस्सा है, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। सवालः नशे से आतंकवाद को कैसे फायदा होता है? जवाबः ड्रग्स बेचकर मिलने वाले पैसे से आतंकी संगठन हथियार खरीदते हैं, नए लोगों को जोड़ते हैं और अपने नेटवर्क को चलाते हैं। इसलिए सरकार इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा भी मानती है। सवालः भारत तस्करों के निशाने पर क्यों है? जवाबः भारत दुनिया के दो सबसे बड़े अवैध ड्रग्स उत्पादन क्षेत्रों गोल्डन क्रिसेंट (अफगानिस्तान, पाकिस्तान, ईरान) और गोल्डन ट्रायंगल (म्यांमार, लाओस, थाईलैंड) के बीच स्थित है। इस भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर तस्कर भारत का इस्तेमाल ड्रग्स को दूसरे देशों तक पहुंचाने के रास्ते (ट्रांजिट रूट) और बड़े बाजार दोनों के रूप में करने की कोशिश करते हैं। यही वजह है कि भारत ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क के निशाने पर रहता है। —————————- पीएम मोदी से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… पीएम मोदी बोले- जंतर-मंतर पर मुझे गालियां दीं, मेरी मां को अपशब्द कहे; ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें राह दिखाने का समय है, इन्हें माफ करना चाहता हूं पीएम मोदी ने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर रील शेयर की। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ शरारती बच्चों ने मुझे और मेरी मां को भद्दी-भद्दी गालियां दीं, लेकिन बचपन में गलतियां होती हैं। उन्होंने आगे कहा कि बचपन गलतियों को सुधारने का अवसर भी होता है। ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें राह दिखाने का समय है, इन्हें माफ करना चाहता हूं। पूरी खबर पढ़ें…