ब्रेकिंग न्यूज़
ट्रैक्टर से कुचलकर पिता की हत्या:बेटे ने मारपीट की, घसीटते हुए सड़क पर ले गया; जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

झुंझुनूं के खेतड़ी इलाके में बेटे ने जमीनी विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर पिता की हत्या कर दी। बेटे ने पिता से मारपीट की और घसीटते हुए सड़क पर ले आया। घटना मेहाड़ा थाना क्षेत्र के गांव ढोसी में गुरुवार रात करीब 10ः30 बजे की है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। बेटे और पिता में 30 बीघा जमीन को लेकर तीन साल से विवाद चल रहा था। थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने बताया- महावीर प्रसाद (65) की हत्या की गई है। बेटे शमशेर सिंह (38) को पकड़ लिया है। घटना को लेकर बाढ़ड़ा निवासी राकेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। राकेश कुमार ने बताया- महावीर प्रसाद उसके ससुर थे। विवाद के चलते शमशेर अपने पिता से अलग रहता था। ग्राफिक में देखें पूरा घटनाक्रम…
धर्मशाला के पास बैठे थे राकेश कुमार ने बताया- गुरुवार को उनके ससुर घर पर अकेले थे, उनकी पत्नी रिश्तेदारों के यहां घरड़ाना गांव गई हुई थी। रात करीब 10ः30 बजे महावीर प्रसाद धर्मशाला के पास बैठे थे। इसी दौरान शमशेर सिंह वहां आया और पिता से मारपीट करने लगा। पिता को घसीटते हुए सड़क पर लाया, टक्कर मारी मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन शमशेर सिंह रुका नहीं और अपने पिता को पीटता रहा और घसीटते हुए सड़क पर ले आया। इसके बाद उसने वहां खड़े ट्रैक्टर से पिता को कुचल दिया। महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत खेतड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेटा-बेटियों में बराबर बांटना चाहते थे जमीन थानाधिकारी ने बताया- पिता और बेटे के बीच ढोसी गांव में 30 बीघा जमीन को लेकर तीन साल से विवाद चल रहा है। महावीर प्रसाद चाहते थे कि ये जमीन चारों बेटियों और बेटे शमशेर में बराबर बांटी जाए, जबकि शमशेर पूरी जमीन पर अपना हक चाहता था। मामले को लेकर कई बार रिश्तेदारों ने समझाइश भी की थी। महावीर प्रसाद खेती करते थे। ….. ये भी पढ़ें- जयपुर में बेटे ने पिता को थप्पड़-घूंसों से पीटा,VIDEO:लात भी मारी, जमीन पर गिरे तो घसीटता हुआ कमरे में ले गया; परिवार देखता रहा जयपुर में एक बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा। बेटे ने एक के बाद एक कई थप्पड़, लात और घूंसे पिता पर बरसाए। इस दौरान पिता सीढ़ियों में भी गिर गए। इसके बावजूद आरोपी बेटा नहीं रुका। वह जमीन पर गिरे पिता को हाथ से पकड़कर घसीटता हुआ कमरे में ले गया। इस दौरान पूरा परिवार देखता रहा। पूरी खबर पढ़ें…

कोटा में युवक के फोन से मिला पाकिस्तानी का ऑडियो:बोला-हमें शादीशुदा हिंदू महिलाएं चाहिए, वीडियो में मंगलसूत्र-सिंदूर दिखे; गृह मंत्रालय में शिकायत

‘इनके जहन में यह चीज बिठा दो कि मुस्लिम सुप्रीम है, बस अपना मिशन यही है। इनका भगवान कुछ नहीं। हिंदू लड़कियां जितनी भी मिले खासकर शादीशुदा, उनका मंगलसूत्र, माथे का सिंदूर सामने नजर जरूर आना चाहिए। उनसे वीडियो बनवाओ।’ ये ऑडियो कोटा में उस युवक के मोबाइल में मिले हैं, जिसके पास कुछ दिन पहले लड़कियों के धार्मिक प्रतीक के साथ अश्लील वीडियो मिले थे। जिस व्यक्ति का यह ऑडियो है, वह खुद के पाकिस्तान से होने का दावा कर रहा है और खास मकसद (जिहाद-अल-अकबर) के लिए शादीशुदा हिंदू महिलाओं को फंसाने और उनके शोषण करने की बात कर रहा है। इस ऑडियो से पाकिस्तान से रची जा रही एक और बड़ी साजिश सामने आई है। बजरंग दल कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस पहले ही युवक मनीष शर्मा उर्फ मोइन खान के खिलाफ धार्मिक भावना आहत करने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर चुकी है। उद्योग नगर थाना सीआई मांगेलाल ने बताया युवक का मोबाइल FSL जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही जयपुर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जो बबीता से खदीजा बनी थी। अब कोटा का ये मामला सामने आने के बाद पुलिस भी अलर्ट हो गई है। भास्कर एप के पास इस युवक के मोबाइल में मिले सभी ऑडियो, स्क्रीनशॉट मौजूद हैं, लेकिन उन्हें सुनाया या दिखाया नहीं जा सकता। इसलिए हम ऑडियो से सामने आई बड़ी साजिश और पाकिस्तान में बैठे साजिशकर्ताओं के इरादों को आपके सामने रख रहे हैं… कॉलेज मेट, दोस्त जो मुस्लिम लड़के हैं, उनको जगाओ वकास मैंने आपको बिल्कुल सेफ साइड रखा हुआ है। इसका कारण है, मैं खुद लड़ रहा हूं। अकेला लड़ रहा हूं। हर बात पर मना कर देता हूं कि तुम सामने मत आओ। सीरियसली मैं पाकिस्तान में बैठा हूं। खुदा न खास्ता कुछ ऐसा मसला बन जाए, तो तुम्हारे लिए सेफ्टी प्रॉब्लम हो जाएगी। इसीलिए तो मैंने तुम्हें सेफ साइड रखा हुआ है। तुम्हें वो ही काम दे रहा हूं। उसे काम में तुम कभी सामने नहीं आ सकते। अपने कॉलेज मेट, दोस्त जो मुस्लिम लड़के हैं। उनको जगाओ, उनसे मीटिंग करो, उनको समझाओ, उनमें जोश भरने के लिए सबसे पहले मजहबी दिखाओ। उनको बताओ कि यह लोग हमारे मजहब के साथ क्या कर रहे हैं। फिर उसको टीम के बारे में बताओ। हमारे मुसलमानों में कितने लोग उठे हैं, जो आज तक इनका मुकाबला कर रहे हैं। यह सब चीज उनको बताओ। जो इस काम में तुम्हारा साथ देने वाले हैं। जब वो उठे और कहें हम चलेंगे। फिर आगे उनको गाइड किया जाएगा। धीमे चलो,तरीके से चलो। बजरंग दल ने गृह मंत्रालय में की शिकायत
बजरंग दल कार्यकर्ता योगेश रेनवाल का आरोप है कि युवक हिंदू से मुस्लिम बना है। युवक के मोबाइल में पाकिस्तानी का ऑडियो मैसेज मिला है। जिसमें खास मकसद ( ‘जिहाद अल अकबर’) के लिए हिंदू लड़कियों को फंसाया जा रहा है। फिर हिंदू लड़कियों से टास्क (देवी-देवताओं की मूर्ति के साथ अश्लील वीडियो) करवाए जा रहे हैं। योगेश ने कहा कि यह बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहे हैं। इसे सुन और देखकर सरकारों और खुफिया एजेंसियों को सतर्क हो जाना चाहिए। बजरंग दल ने 22 जून को गृह मंत्रालय को ऑनलाइन शिकायत भेज कर मामले की जांच करवाने की मांग की है। योगेश ने कहा क्योंकि हाल ही में एटीएस ने जयपुर से एक महिला को गिरफ्तार किया था। महिला ,बबीता से खदीजा बनी और उस पर आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद समेत अन्य विदेशी कट्टरपंथी संगठनों से ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप है। पुलिस कर रही एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार इस पूरे मामले में पुलिस फिलहाल कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस ने युवक का मोबाइल एफएसएल रिपोर्ट के लिए भेजा है, रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में कुछ और खुलासे हो सकते हैं। वहीं, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि इस ऑडियो में पाकिस्तान में बैठा शख्स जिस वकास नाम के शख्स से बात कर रहा है, वो कहां का है। वहीं, यह भी जांच का विषय है कि मनीष शर्मा उर्फ मोइन खान का पाकिस्तान में बैठे शख्स से क्या कोई लिंक है? टेलीग्राम पर बना रखा चैनल
योगेश रेनवाल ने बताया कि हिंदू युवतियों और महिलाओं के धर्मांतरण के लिए सोशल मीडिया पर ग्रुप बना रखे हैं। युवक भी टेलीग्राम, स्नैपचैट, डिस्कार्ड चैनल के जरिए ऐसे ही ग्रुपों से जुड़ा हुआ है। जो खास मकसद ‘जिहाद अल अकबर’ को अंजाम देने में जुटे हैं। इसके तहत पहले हिंदुओं को मुसलमान बनाकर उनसे ही हिंदू नाबालिग लड़कियों और महिलाओं को फंसाया जाता है। उनके मन में सनातन के खिलाफ जहर भरा जाता है। फिर धार्मिक प्रतीकों के साथ युवतियों का अश्लील वीडियो बनवाया जाता है। ये वीडियो दूसरे चैनलों में भेजा जाता है। —– ये खबर भी पढ़ें- जयपुर से जैश-ए-मोहम्मद की महिला आतंकी गिरफ्तार:स्लीपर सेल के तौर पर एक्टिव थी, पाकिस्तानी मौलवी ने फोन पर करवाया था धर्म परिवर्तन जयपुर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की स्लीपर सेल महिला को राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने 22 जून को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार महिला बबीता (37) मूल रूप से सवाई माधोपुर जिले की रहने वाली थी। उसे जयपुर में वाटिका क्षेत्र से पकड़ा था। पूरी खबर पढ़ें…
युवक के फोन में धार्मिक प्रतीकों के साथ मिले अश्लील-वीडियो:बजरंग दल की कार्रवाई की मांग, पुलिस ने FIR दर्ज की कोटा में एक युवक के मोबाइल में लड़कियों के धार्मकि प्रतीक के साथ अश्लील वीडियो मिले हैं। बजरंग कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ धार्मिक भावना आहत करने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। बजरंग दल का आरोप है कि युवक हिंदू से मुस्लिम बना है। पूरी खबर पढ़ें…

उदयपुर में बदला मौसम, कई इलाकों में हुई बारिश:एक्सपर्ट ने कहा- दक्षिणी राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हुईं; कल आंधी-बारिश का अलर्ट

उदयपुर में शुक्रवार दोपहर मौसम में अचानक बदलाव हुआ। सुबह से तेज धूप और उमस के बीच दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए। इसके बाद शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और फिर बारिश शुरू हुई। मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हिरणमगरी, सविना, चेतक सर्किल, कोर्ट चौराहा, रूपसागर रोड, शोभागपुरा, 100 फीट रोड से लेकर आसपास के इलाके में बारिश हुई। इससे लोगों को राहत मिली। यहीं नहीं जिले के कानोड़, भटेवर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश हुई। दोपहर में बूंदाबांदी के बाद शाम करीब चार बजे से बारिश को दौर शुरू हुआ। करीब 15 मिनट तक शहर में बारिश हुई। बारिश से जिन इलाकों में जल भराव की समस्या है वहां पानी भर गया। उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाइवे पर भटेवर में भी पानी भर गया। मौसम विशेषज्ञ और गुरुनानक स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. आर.एस. देवड़ा ने बताया- दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से दक्षिणी राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने बताया- उदयपुर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में आगामी दिनों में खंड वर्षा (छिटपुट बारिश) होने की संभावना है। बादलों की आवाजाही और नमी बढ़ने से मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 27 जून को आंधी-बारिश का अलर्ट उदयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इससे एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में हल्की कमी महसूस हुई और लोगों को तेज धूप व उमस से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार- यदि मानसूनी गतिविधियां इसी तरह आगे बढ़ती रहीं तो अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार- 27 जून को आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं 2 जुलाई तक बादल छाए रहेंगे।

NCERT ने 9वीं की सोशल साइंस से संविधान प्रस्तावना हटाई:SIR और इमरजेंसी पर चैप्टर जोड़ा, सोशलिस्ट और सेक्युलर शब्दों का भी जिक्र नहीं

NCERT ने क्लास 9वीं की सोशल साइंस की किताब में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और इमरजेंसी पर एक नया चैप्टर जोड़ा गया है। किताब में बताया गया है कि SIR का मुख्य कार्य मतदाता सूची को अपडेट करना, मतदाताओं का सत्यापन करना और मतदाताओं की सूची में त्रुटियां दूर करना है। चैप्टर की मदद से छात्रों को यह भी समझाया जाएगा कि मतदाता सूची का निरीक्षण करने से चुनावी प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। वहीं, किताब से संविधान की प्रस्तावना हटा दी गई है। इसके अलावा सोशलिस्ट और सेक्युलर शब्दों का भी जिक्र नहीं है। किताब में अलग सेक्शन जोड़ा गया है। यह जानकारी गुरुवार को सामने आई। किताब के ‘अंडरस्टैंडिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड’ चैप्टर में इमरजेंसी को लोकतंत्र के सामने आई सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बताया गया है। जयप्रकाश नारायण के आंदोलन का भी जिक्र हालांकि, इसमें संविधान की चर्चा उसके निर्माण, लोकतांत्रिक संस्थाओं और मौलिक अधिकारों के माध्यम से की गई है, लेकिन सॉवरेन (संप्रभुता), ‘सोशलिस्ट’ (समाजवादी), ‘सेक्युलर’ (पंथनिरपेक्ष/धर्मनिरपेक्ष), ‘डेमोक्रेटिक’ (लोकतांत्रिक) और ‘रिपब्लिक’ (गणराज्य) जैसे शब्दों के बारे में नहीं बताया गया है। 9वीं की किताब में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की भूमिका को भी विस्तार से बताया गया है। इसमें कहा गया है कि उन्होंने छात्रों और आम लोगों को संगठित किया और बिहार, साथ ही गुजरात में बड़े जन आंदोलन खड़े हुए। पुस्तक के मुताबिक, 1977 में इमरजेंसी खत्म होने के बाद आम चुनाव कराए गए। जनता ने मतदान के जरिए अपनी राय दी और सत्तारूढ़ सरकार चुनाव हार गई। किताब में इसे भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का उदाहरण बताया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान आपातकाल के समय किए गए 42वें संविधान संशोधन (1976) के जरिए भारतीय संविधान की प्रस्तावना में ‘सेकुलर’ (पंथनिरपेक्ष), ‘सोशलिस्ट’ (समाजवादी) और ‘इंटीग्रिटी’ (अखंडता) जोड़े गए थे। इससे पहले ये संविधान में नहीं थे। लेकिन ये शब्द अभी भी संविधान में मौजूद हैं। किताब में लिखा- इंदिरा सरकार के खिलाफ लोगों में नाराजगी बढ़ी किताब में लिखा गया है कि 1970 के दशक की शुरुआत में इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी। बेरोजगारी, महंगाई और कुप्रबंधन के आरोपों के कारण कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए। इसके बाद जून 1975 में आंतरिक अशांति के आधार पर राष्ट्रीय इमरजेंसी लागू की गई। किताब के अनुसार, इस दौरान अधिकांश मौलिक अधिकार निलंबित कर दिए गए, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई और कई राजनीतिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। पुस्तक में कहा गया है कि इस दौर में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा और लोगों की स्वतंत्रता सीमित हो गई।
लोकतंत्र के सामने दूसरी चुनौतियां भी शामिल मनुस्मृति का श्लोक भी नई किताब में NCERT ने कक्षा 9 की नई सामाजिक विज्ञान की पुस्तक में वैदिक काल में महिलाओं की स्थिति समझाने के लिए मनुस्मृति का एक श्लोक शामिल किया है। किताब में कहा गया है कि वैदिक काल में महिलाओं को समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त था। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि समय के साथ उनकी स्थिति में उतार-चढ़ाव आया और बाद के दौर में वह कमजोर भी हुई। स्टेट एंड सोसाइटी अप टू 1000 CE अध्याय में लिखा गया है कि वैदिक काल को अक्सर ऐसा समय माना जाता है, जब महिलाओं को समाज में उच्च और सम्मानजनक स्थान प्राप्त था। पुस्तक के अनुसार महिलाएं शिक्षा प्राप्त करती थीं, कुछ धार्मिक अनुष्ठानों में पुरुषों के साथ भाग लेती थीं, सार्वजनिक सभाओं में शामिल होती थीं और ऋग्वेद के कई सूक्त अपाला, विश्ववारा, घोषा और लोपामुद्रा जैसी महिला ऋषियों से जुड़े माने जाते हैं। इसके बाद पुस्तक में मनुस्मृति का श्लोक 3.56 उद्धृत किया गया है। इसमें कहा गया है- जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवता प्रसन्न होते हैं और जहां उनका सम्मान नहीं होता, वहां सभी धार्मिक कर्म निष्फल हो जाते हैं। NCERT ने ऋग्वेद के एक मंत्र का उदाहरण देते हुए लिखा है- मैं कवि हूं, मेरे पिता वैद्य हैं और मेरी माता अनाज पीसने का काम करती हैं।” इसके जरिए पुस्तक में एक ही परिवार के भीतर अलग-अलग व्यवसाय होने का उल्लेख किया गया है। NCERT की किताब में चुनाव आयोग की तारीफ कक्षा 9वीं की सोशल साइंस की बुक में देश के चुनाव आयोग (ECI) की भी तारीफ की गई है। बुक में कहा गया है कि भारत में चुनाव कराना दुनिया के सबसे बड़े कामों में से एक है। इसके बावजूद चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने की कोशिश करता है। नई किताब ‘अंडरस्टैंडिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड- पार्ट 1’ के ‘इलेक्शंस’ चैप्टर में बताया गया है कि 2024 में देश में 96.8 करोड़ से ज्यादा वोटर थे। इतने बड़े स्तर पर चुनाव कराना आसान नहीं है, क्योंकि देश के अलग-अलग हिस्सों में भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियां अलग हैं। किताब में कहा गया है कि इतने बड़े देश में चुनाव कराना अपने आप में चुनौती है। इसके अलावा फेक न्यूज, गलत जानकारी फैलाना और मतदाताओं को डराने-धमकाने जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। इनसे निपटने के लिए चुनाव आयोग RPA कानून, आदर्श आचार संहिता, EVM, VVPAT और मतदाता जागरूकता अभियानों का इस्तेमाल करता है। किताब में कहा गया है कि सिर्फ चुनाव आयोग के प्रयास काफी नहीं हैं। निष्पक्ष चुनाव के लिए लोगों की जागरूकता और भागीदारी भी जरूरी है। नागरिक जितने सतर्क रहेंगे, लोकतंत्र उतना मजबूत होगा। चैप्टर में कहा गया है कि राजनीतिक दल लोकतंत्र का अहम हिस्सा हैं। वे अलग-अलग नीतियां और योजनाएं लोगों के सामने रखते हैं, जिससे मतदाता अपनी पसंद का फैसला कर सकते हैं। छात्रों को 1977 से 2024 तक हुए लोकसभा चुनावों में जीतने वाले गठबंधनों का अध्ययन करने के लिए भी कहा गया है। …………………… यह खबर भी पढ़ें… मूर्ति नग्न थी, NCERT ने ढंककर छापी: विवाद के बाद बदलने का फैसला; कांसे की प्रतिमा 1926 में मोहनजोदड़ो की खुदाई में मिली थी मोहनजोदड़ो की खुदाई में मिली कांसे की नर्तकी की मूर्ति की फोटो बदले हुए रूप में छापी गई है। NCERT की किताब में मूर्ति के ढंके धड़ वाली फोटो है। मूर्ति का रंग भी बदल दिया गया है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नर्तकी की तस्वीर 9वीं की किताब ‘मधुरिमा’ के पहले चैप्टर ‘हिस्ट्री ऑफ आर्ट्स’ में दी गई है। तस्वीर में कंधे से नीचे का हिस्सा ढंक दिया गया है, जबकि मूल मूर्ति में यह हिस्सा खुला दिखाई देता है। 25 साल से छप रही इस कांस्य मूर्ति के मूल स्वरूप में पहले कभी बदलाव नहीं किया गया था। पूरी खबर पढ़ें…

शादीशुदा महिला के साथ भाग रहे प्रेमी की हत्या:ससुराल वालों ने पकड़कर पीटा, 3 साल से चल रहा था लव अफेयर

बाड़मेर में 6 बच्चों की मां के साथ भाग रहे युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों के बीच 3 साल से अवैध संबंध थे। लाठी-डंडों से हमले में सिर में चोट लगने से युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना ग्रामीण थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे हुई। बाड़मेर ग्रामीण थाना प्रभारी विक्रम चारण – मागाराम (25) चौहटन थाना क्षेत्र के सांवलोर का रहने वाला था। बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र में रहने वाली 32 साल की महिला के साथ लव अफेयर था। महिला के गांव के पास में ही युवक की बहन का घर है। ऐसे में आने-जाने के समय दोनों की मुलाकात हुई थी। महिला के छह बच्चे हैं। अब पढ़िए… सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. टैक्सी से गांव पहुंचा, महिला को साथ लेकर निकल रहा था
बाड़मेर ग्रामीण थाना प्रभारी विक्रम चारण ने बताया – पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे मागाराम टैक्सी से महिला के गांव पहुंचा था। उस समय महिला घर में अपने छह बच्चों के साथ अकेली थी, क्योंकि उसका पति किसी काम से बाड़मेर गया हुआ था। पुलिस के अनुसार दोनों गांव से साथ निकल रहे थे। 2. ससुराल पक्ष ने देख लिया, फिर हमला कर दिया
पुलिस पूछताछ में सामने आया – महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने दोनों को साथ जाते देख लिया। इसके बाद उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि इस दौरान मागाराम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। युवक बचने के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि महिला वापस अपने घर चली गई। 3. पति लौटा तो घर के पास पड़ा मिला शव
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में महिला के पति ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं था और किसी काम से बाड़मेर गया हुआ था। शुक्रवार सुबह वापस लौटा तो घर के पास मागाराम का शव पड़ा मिला। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मागाराम और महिला के बीच पिछले करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे और पति की गैर-मौजूदगी में दोनों ने भागने की प्लानिंग की थी। 4. मौके से सबूत जुटाए, जांच जारी
बाड़मेर ग्रामीण थाना प्रभारी विक्रम चारण ने बताया – पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया हैं। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं मृतक युवक के परिजनों की रिपोर्ट की आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूछताछ के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।

ऑपरेशन सिंदूर के 6 शहीदों के नाम पहली बार सार्वजनिक:इनमें 5 सेना, 1 एयरफोर्स का जवान; पहलगाम अटैक के बाद PoK में हमला किया था

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए भारतीय सशस्त्र बलों के 6 जवानों के नाम पहली बार आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक किए गए हैं। इन नामों को नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में शामिल किया गया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की 3D वॉल पर साल 2025 के खंड में भी उनके नाम अंकित किए गए हैं। नेशनल वॉर मेमोरियल के त्याग चक्र में 16 गोल ग्रेनाइट की दीवारें हैं, जिन पर आजादी के बाद से देश के लिए अपनी जान देने वाले हर सैनिक का नाम, रैंक और यूनिट लिखी हैं। दरअसल, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। 26 टूरिस्ट की हत्या की गई थी। भारतीय सेना ने 6-7 मई रात PoK में आतंकी ठिकानों पर हमला किया था। इस दौरान 100 से ज्याद आतंकी मार गिराए थे। भारत पाकिस्तान के बीच 4 दिन हवाई युद्ध चला था। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हुआ था। 2 शहीदों को वीरता पुरस्कार मिला छह शहीदों में से दो को वीरता सम्मान मिल चुका है। राइफलमैन सुनील कुमार को मरणोपरांत वीर चक्र दिया गया, जबकि सार्जेंट सुरेंद्र कुमार को उनकी बहादुरी के लिए मरणोपरांत वायु सेना मेडल मिला था। 6 मई 2025: सेना ने PoK में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। भारत सरकार ने कहा था कि इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया था। इसके बाद 10 मई को भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (DGMO) के बीच बातचीत के बाद दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी। भारत की एयरस्ट्राइक में कई पाकिस्तानी एयरबेस तबाह हुए थे भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कई एयरबेस तबाह किए थे। प्राइवेट कंपनी मक्सर (Maxar) के सैटेलाइट ने इन तबाह एयरबेस की फोटोज जारी की थीं। मक्सर ने पाकिस्तान के जिनकी फोटोज जारी की, उनमें सरगोधा, नूर खान, भोलारी और सुक्कुर के एयरबेस थे। फोटोज में साफ देखा जा सकता है कि हमले के पहले और बाद में वहां क्या स्थिति थी। सेना ने बताया था कहां-कहां की थी एयरस्ट्राइक सेना ने 7 मई 2025 की सुबह बताया था कि पाकिस्तान और पीओके में 9 टारगेट पहचाने गए थे। इन्हें हमने तबाह कर दिया। लॉन्चपैड, ट्रेनिंग सेंटर्स टारगेट किए गए। इनके नाम हैं.. 2019 में हुआ राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का उद्घाटन राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का उद्घाटन 2019 में इंडिया गेट के पास हुआ था। यहां स्वतंत्रता के बाद देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों के नाम दर्ज किए जाते हैं। इन छह नामों के जुड़ने के साथ ही ऑपरेशन सिंदूर भी उन सैन्य अभियानों में शामिल हो गया है, जिन्हें राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर आधिकारिक रूप से सम्मान दिया गया है। …………… यह खबर भी पढ़ें… ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया में भारतीय हथियारों की डिमांड बढ़ी: ब्रह्मोस, आकाश और नेत्र खरीदने में कई देश रुचि दिखा रहे; ₹21,000 करोड़ की डील ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस, आकाश, लॉयटरिंग म्युनिशन और नेत्र जैसे भारतीय हथियारों के इस्तेमाल के बाद दुनिया में इनकी मांग तेजी से बढ़ी है। कई देशों ने इन्हें खरीदने में रुचि दिखाई है, जबकि कुछ के साथ हजारों करोड़ रुपए के सौदे भी हो चुके हैं। इनकी कीमत 21,000 करोड़ रुपए से अधिक है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, 2025-26 में भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपए पहुंच गया, जो पिछले साल से 62% ज्यादा है। ब्रह्मोस के लिए फिलीपींस, वियतनाम और दो अन्य देशों से करीब 12,500 करोड़ रुपए के सौदे हो चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें…

जयपुर में बेटे ने पिता को थप्पड़-घूंसों से पीटा,VIDEO:लात भी मारी, जमीन पर गिरे तो घसीटता हुआ कमरे में ले गया; परिवार देखता रहा

जयपुर में एक बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा। बेटे ने एक के बाद एक कई थप्पड़, लात और घूंसे पिता पर बरसाए। इस दौरान पिता सीढ़ियों में भी गिर गए। इसके बावजूद आरोपी बेटा नहीं रुका। वह जमीन पर गिरे पिता को हाथ से पकड़कर घसीटता हुआ कमरे में ले गया। इस दौरान पूरा परिवार देखता रहा। पिता के सिर और मुंह पर गंभीर चोट आई हैं। घटना सांगानेर थाना क्षेत्र के चंदलाई स्थित मारुति कॉलोनी की 19 जून की है। इसी दिन पीड़ित आनंदी लाल उच्चेनिया (67) की बेटी सुनेना थाने में मामला दर्ज करवाने पहुंची थी, लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया। सुनेना ने बताया- सिर्फ शिकायत लेकर पुलिस ने कहा कि सुबह आना। अगली सुबह पीड़ित पिता थाने पहुंचे। फिर बड़े साहब आने की बात कहकर अगले दिन मुकदमा दर्ज करने की बात की। 21 जून को पिता बेटियों के साथ थाने पहुंचे, तब जाकर मुकदमा दर्ज किया। आनंदी लाल के साथ उनके बड़े बेटे धनपत उच्चेनिया ने मारपीट की थी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। पहले देखिए, बेटे की बेरहमी की PHOTOS…
पीड़ित आनंदी लाल उच्चेनिया बीएसएनएल के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया- बड़ा बेटा चंदलाई गांव (जयपुर) में रहता है, जबकि छोटा बेटा मधुसूदन मेरे साथ रहता है। 19 जून 2026 की रात करीब 8 बजे मधुसूदन घर पहुंचा था। आते ही मारपीट शुरू कर दी थी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे किराएदारों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था। पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार किया सांगानेर थाना पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग की शिकायत पर घटना के तुरंत बाद मामला दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उसे कोर्ट से जमानत मिल गई। मामले में नियमानुसार कार्रवाई पहले से जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिता और पुत्र एक ही घर में रहते हैं। किसी घरेलू विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आरोपी के प्रति गहरा रोष है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। पीड़ित के चार बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें से छोटा बेटा मानसिक रूप से कमजोर है।
…. यह खबर भी पढ़ें… जयपुर में पीट-पीटकर मां को मार डाला, VIDEO:बेहोश होने के बाद भी मुक्के मारता रहा बेटा, पति बचाने की कोशिश करता रहा जयपुर में बेटे की ओर से मां की हत्या करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि युवक मां को बेरहमी से पीटता है। पत्नी को पिटते देख कॉन्स्टेबल पति बचाने आता है। मां के बेहोश होने पर भी बेटा मुक्के मारता रहा। मामला करधनी इलाके का 15 सितंबर का है। (पूरी खबर पढ़ें)

रेगिस्तानी इलाके में पहली बार दिखा घड़ियाल; VIDEO:इंदिरा गांधी नहर में पंजाब से बहकर आने का अनुमान; आसपास के गांवों के लोग डरे

जैसलमेर जिले के नाचना इलाके में इंदिरा गांधी नहर में पहली बार करीब 5 फीट लंबा घड़ियाल दिखाई दिया। ग्रामीणों ने नहर में घड़ियाल को तैरते देखा तो उसका वीडियो बना लिया। घड़ियाल पानी के तेज बहाव के साथ बहता हुआ पोकरण लिफ्ट तक पहुंच गया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रेगिस्तानी इलाके में घड़ियाल दिखाई देने का यह पहला मामला है। उनका अनुमान है कि यह पंजाब के हरीके बैराज से बहकर यहां पहुंचा है। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण अभी तक रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। पहले देखिए, रेगिस्तान में घड़ियाल की तस्वीरें… ग्रामीणों ने घड़ियाल देखा तो वीडियो बनाया
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार शाम को अवाय गांव के देवाराम और कालूराम इंदिरा गांधी नहर के पास से गुजर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नहर के पानी में एक अजीब जीव को तैरते देखा। दोनों ने तुरंत मोबाइल निकाला और उसके फोटो-वीडियो बना लिए। इन लोगों ने जब यह वीडियो गांव में दूसरे लोगों को दिखाया तो बड़ी संख्या में लोग नहर के पास पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि यह जीव पिछले कुछ दिनों से रोज शाम को नहर में दिखाई दे रहा है। अब यह अवाय गांव से आगे बढ़कर करीब आधा किलोमीटर दूर पोकरण लिफ्ट के पास नजर आया है। मगरमच्छ प्रजाति का जीव, लेकिन इंसानों पर हमला नहीं करता
वन्यजीव एक्सपर्ट और उप वन संरक्षक कुमार शुभम के अनुसार, घड़ियाल मगरमच्छ प्रजाति का ही हिस्सा है। हालांकि, इसका मुंह काफी पतला और लंबा होता है, इसलिए यह आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करता। यह मुख्य रूप से मछलियां खाता है। बहते पानी में रेस्क्यू मुश्किल, छोटी जगह आते ही पकड़ेंगे
डीएफओ (वन विभाग, IGNP स्टेज-2) देवेंद्र सिंह ने बताया- रेगिस्तान में पहली बार घड़ियाल दिखाई देने का मामला सामने आया है। अनुमान है कि घड़ियाल पंजाब के हरीके बैराज से छोड़े गए पानी के साथ बहकर इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP) के इस हिस्से तक पहुंचा है। पहले भी नहर बंदी के दौरान इसके दिखाई देने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि फिलहाल मुख्य नहर में पानी का बहाव बहुत तेज है, ऐसे में बहते पानी के बीच घड़ियाल का रेस्क्यू करना तकनीकी रूप से काफी मुश्किल है। हमारी टीम लगातार वन्यजीव विशेषज्ञों के संपर्क में है। जैसे ही घड़ियाल किसी छोटी डिग्गी, कम पानी वाले हिस्से या सुरक्षित स्थान पर रुकेगा, तुरंत रेस्क्यू कर लिया जाएगा। ग्रामीणों को घबराने की जरूरत नहीं है। ये खबरें भी पढ़ें अंडों से निकलते घड़ियाल के बच्चों का रोमांच:नेस्टिंग पॉइंट्स पर 40 दिन तक नजर रखी तब बना अद्भुत VIDEO अंडों से निकलते घड़ियाल के बच्चे, लाइव VIDEO:मां के कुकू कॉल पर बाहर निकलना शुरू कर देते हैं

राजस्थान के 307 बांध पूरी तरह खाली:44% पानी ही बचा, सिर्फ 5 फुल; उदयपुर जोन में पिछले साल से बेहतर हालात

राजस्थान में मानसून के इंतजार के बीच राज्य बांधों को लेकर जल संसाधन विभाग की ताजा रिपोर्ट सामने आई है। इसके अनुसार राज्य के बड़े, मध्यम और छोटे बांधों में अभी कुल क्षमता का 44.22 प्रतिशत पानी बचा है। राहत की बात यह है कि साल 2024 के मुकाबले 2025 और 2026 में करीब 15 फीसदी ज्यादा पानी एकत्र है। हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस बार पानी करीब 2 फीसदी कम है। उदयपुर जिले और संभाग के लिहाज से इस बार थोड़ी राहत है। यहां पानी की स्थिति पिछले साल के मुकाबले अधिक है। मेवाड़-वागड़ के मुख्य बांधों में इस समय जलस्तर बेहतर होने से मानसून से पहले शहर में पानी का बड़ा संकट टला है। उदयपुर के स्थानीय निवासी और सैलानियों के लिए अच्छी बात यह है कि यहां की मुख्य झीलों का जलस्तर अभी भी आधे से अधिक बना हुआ है। क्या मानसून तक नहीं होगा जल संकट? उदयपुर शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली मुख्य झीलों फतेहसागर और पिछोला में अभी भी 65 फीसदी से ज्यादा पानी है। जलदाय विभाग के अनुसार, झीलों में मौजूद यह पानी मानसून के आने और झीलों के दोबारा छलकने तक पूरे उदयपुर शहर की वाटर सप्लाई के लिए पर्याप्त है। शहर को पानी सप्लाई करने वाले मानसी वाकल बांध में भी 60 प्रतिशत से ज्यादा का स्टॉक है। इसका सीधा मतलब यह है कि मानसून में थोड़ी देरी होने पर भी उदयपुर शहर के लोगों को फिलहाल पानी की कटौती या किसी बड़े जल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। सैलानियों के लिए भी राहत की बात है कि जून के इस आखिरी हफ्ते में भी झीलों का नजारा सूखा नहीं, बल्कि पानी से लबालब दिख रहा है। राजस्थान के 307 बांध पूरी तरह खाली, रोज सूख रहा पानी जल संसाधन विभाग की लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार- राजस्थान के कुल 693 बांधों की निगरानी की जा रही है। इनमें से 307 बांध पूरी तरह से सूख चुके हैं, यानी इनमें बिल्कुल पानी नहीं है। वहीं, केवल 5 बांध ही ऐसे हैं, जो पूरी तरह से लबालब भरे हुए हैं। बाकी बचे 381 बांधों में थोड़ा-बहुत पानी है, जिन्हें आंशिक रूप से भरा हुआ माना गया है। बिना बारिश और तेज गर्मी के कारण पिछले 24 घंटों में ही राज्य के बांधों में कुल 11.88 एमसीएम पानी की कमी आई है। रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश के 23 सबसे बड़े और प्रमुख बांधों में अभी 56.09 प्रतिशत पानी मौजूद है। दूसरी तरफ, 263 मध्यम दर्जे के बांधों में 26.27 प्रतिशत पानी बचा है। सबसे चिंताजनक हालत 407 छोटे बांधों की है, जिनमें उनकी कुल क्षमता का महज 13.50 फीसदी पानी ही बचा हुआ है। अगर अलग-अलग इलाकों यानी जोन के हिसाब से देखें तो कोटा जोन के बांधों में सबसे ज्यादा 54.93 प्रतिशत पानी है, जबकि जोधपुर जोन के बांधों में सबसे कम 18.68 प्रतिशत पानी बचा है। उदयपुर संभाग (जोन) के अन्य जिलों में पानी की स्थिति

बांसवाड़ा में महिला का मुंह खा गया कुत्ता:होंठ से गाल तक मांस कटा, 40 टांके आए; खाना खाकर घर के बाहर बैठीं थी

बांसवाड़ा में खाना खाकर घर के बाहर बैठी एक महिला पर कुत्ते ने हमला कर दिया। महिला के हाथ और चेहरे को बुरी तरह नोचा। महिला के होंठ से गाल तक का मांस कटकर निकल गया। गंभीर रूप से घायल महिला के चेहरे और हाथ पर 40 टांके लगाने पड़े। ग्रामीणों के अनुसार, यही कुत्ता गांव के दो अन्य लोगों पर भी हमला कर चुका है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घटना सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम को हुई। खाना खाकर घर के बाहर बैठी थी, तभी कुत्ते ने हमला किया
जानकारी के अनुसार, बडवेल निवासी हीरा (50) पत्नी मकना गुरुवार शाम करीब 7 बजे खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता वहां आ गया और हमला कर दिया। महिला जब तक कुछ समझ पाती, तब तक कुत्ते ने उनके हाथ और गाल पर बुरी तरह काट लिया। लोगों ने कुत्ते को भगाया, अस्पताल में आए 40 टांके
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत सज्जनगढ़ के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कुत्ते के हमले में महिला के हाथ और गाल पर 40 टांके आए हैं। एक दिन में तीन लोगों को बनाया शिकार, गांव में दहशत
108 एम्बुलेंस के पायलट पंकज कुमार जाटव ने बताया- इस कुत्ते ने हीरा देवी के अलावा गांव के 2 अन्य लोगों को भी काटकर घायल कर दिया। एक ही दिन में तीन लोगों पर हुए हमले के बाद बडवेल गांव में दहशत का माहौल है। घायल महिला का फिलहाल अस्पतााल में इलाज जारी है। — कुत्ते के हमले की ये खबर भी पढ़ें… कुत्ते ने 2-घंटे में 36 को काटा,लोगों ने घेरकर मारा:घर के बाहर खेल रही बच्ची का गाल नोंचा; बुजुर्ग का अंगूठा चबा डाला बांसवाड़ा के गढ़ी में बुधवार को कुत्ते ने 2 घंटे में 36 लोगों को काट दिया। एक बच्ची का गाल नोंच लिया। बुजुर्ग का अंगूठा पर काट लिया। लोगों ने घेरकर कुत्ते को मार डाला। पूरी खबर पढ़िए जर्मन शेफर्ड डॉग ने 4 साल की बच्ची को नोंचा:सिर पर हमला कर लहूलुहान कर डाला, पड़ोसी ने तड़पती बच्ची को देख गेट बंद कर लिया जयपुर में जर्मन शेफर्ड डॉग ने एक 4 साल की बच्ची पर हमला कर दिया। सिर नोंचकर लहूलुहान कर डाला। घायल बच्ची का एसएमएस हॉस्पिटल में इलाज करवाया गया। पूरी खबर पढ़िए