ब्रेकिंग न्यूज़
स्पोर्ट्स अपडेट:सर्वेश कुशारे डायमंड लीग में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय हाई जम्पर; आयरलैंड के खिलाफ मैथ्यूज ने 159 रन बनाए

महाराष्ट्र के 31 साल के हाई जम्पर सर्वेश कुशारे ने डायमंड लीग में इतिहास रचते हुए मोनाको मीट में तीसरा स्थान हासिल किया। वे डायमंड लीग में पॉडियम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय हाई जम्पर और ओवरऑल चौथे भारतीय एथलीट बन गए हैं। इससे पहले नीरज चोपड़ा, विकास गौड़ा और मुरली श्रीशंकर ही यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। सर्वेश ने 2.26 मीटर की छलांग लगाकर टोक्यो ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुतज एसा बारशिम, इटली के जियानमार्को तांबेरी और अमेरिका के जूवॉन हैरिसन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा। यूक्रेन के ओलेह डोरोशचुक (2.32 मीटर) ने गोल्ड और ब्रिटेन के जैक किमनि (2.30 मीटर) ने सिल्वर जीता। नासिक के एक प्याज किसान के बेटे सर्वेश ने बचपन में खेत के कचरे और कपास से बने अस्थायी गद्दे पर अभ्यास शुरू किया था। दो सप्ताह पहले ही उन्होंने भुवनेश्वर में 2.31 मीटर की छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इस प्रदर्शन के बाद वे मौजूदा सीजन में एशिया के नंबर-1 हाई जम्पर और दुनिया के संयुक्त चौथे सर्वश्रेष्ठ जम्पर बन गए हैं। स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़ें… वेस्टइंडीज महिला टीम का वनडे में सबसे बड़ा रन चेज आयरलैंड के ब्रेडी में आयरिश टीम और वेस्टइंडीज महिला टीम के बीच खेले गए वनडे में वेस्टइंडीज ने अपने इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज किया। टीम ने 270 रन का लक्ष्य सिर्फ एक विकेट खोकर 35.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के दौरान कप्तान हेली मैथ्यूज (159*) और रीआना ग्रिमंड (91) ने पहले विकेट के लिए 258 रन की साझेदारी की, जो वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट के इतिहास में किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले आयरिश टीम ने 50 ओवर में 269 रन बनाए थे। एमी हंटर ने 96 रन बनाए, जबकि वेस्टइंडीज की ओर से एफी फ्लेचर ने 4 और हेली मैथ्यूज ने 3 विकेट लिए। जवाब में मैथ्यूज ने पहले गेंद से 3 विकेट लिए और फिर बल्ले से नाबाद 159 रन बनाकर टीम को रिकॉर्ड जीत दिलाई। तजिंदर सिंह ने 27 गेंदों में नाबाद 66 रन की पारी खेली मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में एमआई न्यूयॉर्क ने सिएटल ऑर्कास को 17 रन से हराकर प्लेऑफ की रेस में मजबूत बढ़त बनाई। टीम के अब 9 मैचों में 10 अंक हो गए हैं और वह बेहतर नेट रन रेट के आधार पर सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूयॉर्क ने 12 ओवर में 73 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तजिंदर सिंह और कप्तान कीरोन पोलार्ड ने छठे विकेट के लिए 41 गेंदों में 80 रन जोड़े। पोलार्ड ने 54 रन बनाए, जबकि तजिंदर ने 27 गेंदों में नाबाद 66 रन की पारी खेली। आखिरी ओवर में उन्होंने 20 रन बटोरकर टीम का स्कोर 8 विकेट पर 179 रन तक पहुंचाया। सिएटल के कप्तान मार्कस स्टोइनिस ने 5 विकेट लिए। 180 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिएटल ने 16वें ओवर तक 1 विकेट पर 144 रन बना लिए थे। टिम सीफर्ट (88) और मैथ्यू ब्रीत्ज़के (44) ने दूसरे विकेट के लिए 117 रन जोड़े। लेकिन ब्रीत्ज़के के आउट होने के बाद टीम आखिरी 26 गेंदों में 5 विकेट गंवाकर सिर्फ 18 रन ही जोड़ सकी और 17 रन से मैच हार गई। न्यूयॉर्क के लिए पोलार्ड और रोमारियो शेफर्ड ने 2-2 विकेट लिए। जेएसडब्ल्यू इंस्पायर कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियनगेम्स में टीम इंडिया का स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस और लाइफस्टाइल पार्टनर जेएसडब्ल्यू ग्रुप का एक्टिववियर ब्रांड JSW इंस्पायर 2026 में होने वाले ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल, जापान एशियन गेम्स, डकार यूथ ओलिंपिक और रियाद एशियन इंडोर एंड मार्शल आर्ट्स गेम्स में भारतीय दल का आधिकारिक स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस और लाइफस्टाइल पार्टनर होगा। भारतीय खिलाड़ी इन सभी प्रतियोगिताओं में JSW इंस्पायर की आधिकारिक किट पहनेंगे। JSW स्पोर्ट्स के संस्थापक एवं निदेशक पार्थ जिंदल ने कहा कि नई किट खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। वहीं, IOA अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि JSW लंबे समय से भारतीय खेलों का सहयोगी रहा है। धाविका पारुल चौधरी और मुक्केबाज प्रीति साई पवार ने भी नई किट को खिलाड़ियों के प्रदर्शन के लिहाज से उपयोगी बताया।

रेप के आरोपी ने जमानत मिलते ही 6 हत्याएं कीं:पहले पत्नी-बच्चों, फिर पीड़ित और उसके परिवार को मार डाला, तेलंगाना की घटना

तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में नाबालिग से रेप के एक आरोपी ने शुक्रवार रात जमानत पर बाहर आते ही 6 हत्याएं कर दीं। पहले उसने अपनी 30 साल की पत्नी, 4 साल और 18 महीने के दो बेटों की हत्या की। इसके बाद वह करीब 6 किलोमीटर दूर दूसरे गांव पहुंचा। जहां उसने 17 साल की रेप पीड़ित, उसकी मां और नानी को भी मार दिया। लड़की ने 16 मई को पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत आरोपी राजकुमार के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया था। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें… परिवार बोला- पहले ही मारने की धमकी दी थी लड़की के मामा नरेश ने बताया, उसने मेरी चाची और भांजी की हत्या कर दी। उसने पहले भी लड़की को परेशान किया था और उस पर POCSO के तहत मामला दर्ज किया गया। उसने धमकी दी थी वह एक-दो हफ्ते में पूरे परिवार को मार डालेगा। मामला दर्ज होने के बाद भी उसे पूछताछ या रिमांड के लिए नहीं ले जाया गया। उसके परिवार को पता था कि वह कहां है, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी और मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। घटना के 20 दिन बाद हमने उन्हें फिर से बताया कि वह घूम रहा है और कह रहा है कि वह लड़की को मार डालेगा। उन्होंने कहा कि वे उसे ढूंढ रहे हैं। मामला दर्ज होने के सिर्फ दो दिन बाद ही वह जमानत पर बाहर आ गया था। उसने रिश्वत दी थी और मामला दबा दिया गया। अब उसने लड़की की हत्या कर दी है और यह सब पुलिस की लापरवाही की वजह से हुआ है। उन्हें सस्पेंड किया जाना चाहिए और आरोपी को हमारे हवाले कर देना चाहिए। क्या है पॉक्सो कानून POCSO एक विशेष कानून है, जो नाबालिग बच्चों के खिलाफ होने वाले यौन अपराधों की रोकथाम और सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए 2012 में लागू किया गया था। ————————- ये खबर भी पढ़ें… रेप-मर्डर के दोषी को फांसी की सजा: पुणे में 65 साल के व्यक्ति ने 3 साल की बच्ची से रेप किया था महाराष्ट्र के पुणे जिले में 3 साल की बच्ची से रेप और हत्या करने के आरोपी 65 साल के दोषी भीमराव कांबले को विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। कोर्ट का यह फैसला वारदात के 60 दिन में आया है। अदालत ने इस मामले को रेयरेस्ट ऑफ रेयर श्रेणी का बताते हुए कहा कि आरोपी का कृत्य बेहद क्रूर, अमानवीय और बर्बर था। पूरी खबर पढ़ें…

552 तहसीलदारों को किया इधर-उधर:रेवेन्यू बोर्ड ने जारी की लिस्ट; कइयों के जिले बदले, कई जिले में ही एडजस्ट

रेवेन्यू बोर्ड अजमेर ने 552 तहसीलदारों के ट्रांसफर किए गए हैं। इनमें अधिकांश का जिला व पद बदले गए हैं। वहीं कुछ को जिले में ही एडजस्ट किया गया है। इस संबंध में रजिस्ट्रार महावीर प्रसाद की ओर से आदेश जारी किए गए है। यहां देखें पूरी लिस्ट….

हाईकोर्ट ने पूछा-आवासीय भवन में संचालित कोचिंग वैध या नहीं:सरकार और अधिकारियों को रिपोर्ट पेश करने के आदेश, 23 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

राजस्थान हाईकोर्ट ने एक याचिका की सुनवाई के दौरान धार्मिक स्थल की आड़ में संभावित अतिक्रमण और आवासीय क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थान की वैधता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने राजेंद्र प्रसाद मित्तल की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि यह स्पष्ट किया जाए कि क्या राजस्थान धार्मिक भवन एवं स्थान अधिनियम, 1944 के प्रावधानों के विपरीत कहीं भी मंदिर या धार्मिक निर्माण किया जा सकता है। अधिकारी नहीं सुनते कोर्ट ने यह भी जानना चाहा कि क्या धार्मिक भावनाओं की आड़ में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण को वैध माना जा सकता है। याचिकाकर्ता का कहना है कि उनके कार्यस्थल के बाहर स्थित मंदिर परिसर में असामाजिक तत्व एकत्र होकर नशा करते हैं, जिसकी शिकायत अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 23 जुलाई को होगी अगली सुनवाई हाईकोर्ट ने साथ ही यह भी जांचने के निर्देश दिए कि आवासीय भवन में किराए पर संचालित कोचिंग संस्थान संबंधित नियमों के अनुरूप वैध हैं या नहीं। कोर्ट ने संबंधित अधिकारी को रिपोर्ट सहित अगली सुनवाई पर उपस्थित रहने के आदेश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 23 जुलाई को होगी।

बिना डेटा वाले मोबाइल रिचार्ज प्लान सस्ते हो सकते हैं:ट्राई ने ड्राफ्ट पेश किया, सुझाव मांगे; 70% तक घट सकती हैं कीमतें

बिना डेटा वाले मोबाइल रीचार्ज प्लान सस्ते हो सकते हैं। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) इस पर काम कर रहा है। TRAI ने ‘दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण विनियम, 2026’ का नया मसौदा जारी किया है। इसका मुख्य उद्देश्य है- ‘डेटा नहीं चाहिए, तो उसका पैसा क्यों दें?’ ट्राई ने इस पर सभी पक्षों से सुझाव मांगे हैं, फिर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। क्या है नया प्रस्ताव? अभी कंपनियां सीमित समय के लिए ही ‘केवल कॉल-SMS’ पैक देती हैं। इससे कई ग्राहकों को मजबूरी में डेटा वाला महंगा प्लान लेना पड़ता है। अब ट्राई ने प्रस्ताव दिया है कि कंपनियां जितने दिनों की वैधता जैसे 7, 28, 56 या 84 दिन का डेटा वाला प्लान लाती हैं, उतनी ही अवधि का ‘केवल कॉल व एसएमएस’ वाला प्लान भी लाना होगा। कीमतें कितनी कम होंगी? चूंकि मोबाइल प्लान्स में 50-70% खर्च डेटा का होता है, इसलिए नया नियम लागू होने पर सिर्फ कॉल-SMS वाले प्लान की कीमत आधी से भी कम हो सकती है। उदाहरण के लिए, 300 रुपए का प्लान 100 से 150 रुपए में मिल सकता है। फीचर फोन यूजर्स व बुजुर्गों को, जो डेटा इस्तेमाल नहीं करते। जो दूसरी सिम सिर्फ कॉल के लिए रखते हैं। इसके अलावा जिनके घरों में वाईफाई है। उनके लिए भी ये फायदेमंद रहेगा। 1600 और 140 सीरीज के जरूरी कॉल को ब्लॉक नहीं कर पाएंगे एप्स ट्राई ने साफ किया है कि ट्रूकॉलर जैसे कॉल मैनेजमेंट एप्स 1600 और 140 सीरीज वाले कॉल्स ब्लॉक नहीं कर सकते… कंपनियों को नए नियम लागू करने के लिए समय मिलेगा अंतिम कीमत टेलीकॉम कंपनियां तय करेंगी। नियम बनने के बाद कंपनियों को लागू करने के लिए समय दिया जाएगा। इससे दूरसंचार कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे यूजर्स के लिए सस्ते ऑप्शन मिलेंगे। सरकार को क्यों दखल देना पड़ा? इस ड्राफ्ट से साफ हो गया है कि ग्राहकों को सही रिचार्ज ऑप्शन नहीं मिल रहे थे, इसलिए सरकार और रेगुलेटर को बीच में आना पड़ा। अभी कंपनियां ग्राहकों को लंबी अवधि और महंगे प्लान खरीदने के लिए मजबूर करती हैं। लेकिन नए नियम लागू होने के बाद बुजुर्गों और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर से बिना वजह का आर्थिक बोझ खत्म हो सकता है। ट्राई इस नियम के लागू होने के 6 महीने बाद कंपनियों के कामकाज का रिव्यू भी करेगी। ——————————————————– बिजनेस से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… इस हफ्ते सोने-चांदी के दाम में गिरावट रही:चांदी ₹13,468 गिरकर ₹2.20 लाख किलो पर आई, 10 ग्राम सोना ₹2,976 सस्ता हुआ सोने-चांदी के दाम में इस हफ्ते गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 2,976 रुपए गिरकर 1.43 लाख रुपए हो गया है। इससे पहले ये बीते हफ्ते यानी 4 जुलाई को 1.46 लाख रुपए पर था। वहीं, चांदी 2.34 लाख रुपए किलो से गिरकर 2.20 लाख रुपए पर आ गई है, इसकी कीमत 13,468 रुपए कम हुई। पूरी खबर पढ़ें…

जोकोविच विंबलडन सेमीफाइनल हारे, 25वां ग्रैंडस्लैम जीतने का सपना टूटा:15 साल छोटे सिनर ने सीधे सेटों में हराया, तेंदुलकर-गिल रोजर फेडरर से मिले

39 साल के दिग्गज टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच का 25वां ग्रैंड स्लैट जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया है। वे विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में खुद से 15 साल छोटे 24 साल के जैनिक सिनर से सीधे सेटों में हार गए। सर्बिया के जोकोविच ने पिछला ग्रैंड स्लैम 3 साल पहले 2023 में जीता था। तब वे यूएस ओपन में चैंपियन बने थे। लंदन के ऑल इंग्लैंड क्लब में शुक्रवार को इटली के सिनर ने जोकोविच को 6-4, 6-4, 6-4 से हराया। वे लगातार दूसरे साल फाइनल में पहुंचे हैं। वर्ल्ड नंबर-1 सिनर ने पिछले साल स्पेन के कार्लोस अल्काराज को हराया था। इस बार सिनर का मुकाबला रविवार को जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा। एक भी सेट नहीं जीत सके जोकोविच सिनर ने सेमीफाइनल मुकाबले में आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने जोकोविच को लगातार तीन सेटों में 2 घंटे 20 मिनट चले मैच में मात दी। इस जीत के साथ सिनर इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में मिली 5 सेटों की हार का भी बदला ले लिया। जोकोविच अब तक 24 ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं। वे 25वें टाइटल की तलाश में उतरे थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। उन्हें साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया ओपन के फाइनल में स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने हराया था। फ्रेंच ओपन में वे तीसरे राउंड से बाहर हो गए थे। जर्मनी के ज्वेरेव पहली बार विंबलडन फाइनल में जेंटलमेंन सिंगल्स कैटेगरी के पहले सेमीफाइनल में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने ब्रिटेन के वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी आर्थर फेरी को 7-6, 6-2, 6-4 से हराया। ज्वेरेव पहली बार विंबलडन के फाइनल में पहुंचे हैं। 29 साल के ज्वेरेव 1995 के बाद विंबलडन फाइनल में पहुंचने वाले पहले जर्मन खिलाड़ी बने हैं। साथ ही वे फ्रेंच ओपन जीतने के बाद अगले ही ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाले ओपन एरा के तीसरे खिलाड़ी भी बन गए। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ दो सेट गंवाए हैं। सचिन, गिल और लारा ने रॉयल बॉक्स से मैच देखा, फेडरर से मिले सेंटर कोर्ट के रॉयल बॉक्स में भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर, टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा और फुटबॉलर वर्जिल वान डाइक समेत कई खेल सितारे मौजूद रहे। विंबलडन ने सचिन का स्वागत करते हुए उन्हें क्रिकेट रॉयल्टी बताया। करीब 80 सीटों वाली यह दीर्घा 1922 से विम्बलडन की परंपरा का हिस्सा है। यह दुनिया के उन चुनिंदा स्थानों में है, जहां बैठना एक सुविधा नहीं, बल्कि सम्मान माना जाता है। रॉयल बॉक्स की सबसे बड़ी खासियत इसकी चयन प्रक्रिया है। यहां बिक्री के लिए कोई टिकट उपलब्ध नहीं होती। मेहमानों का चयन ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस क्लब के चेयरमैन खुद करते हैं। पढ़ें- 80 सीटों वाला रॉयल बॉक्स विम्बलडन का सबसे बड़ा सम्मान फेडरर से मिले तेंदुलकर, गिल और अंजली इस दौरान दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और अंजली तेंदुलकर ने टेनिस के लीजेंड रोजर फेडरर से मुलाकात की। तेंदुलकर ने सोशल प्लेटफार्म X पर मुलाकात की फोटो पोस्ट कर लिखा- ‘कुछ रैलियां कभी खत्म नहीं होतीं, जैसे हमारी दोस्ती। रोजर आपके साथ समय बिताना हमेशा अच्छा लगता है। फिर मिलेंगे।’ लेडीज सिंगल्स कैटेगरी का फाइनल आज, मुचोवा-नोस्कोवा में मैच शनिवार रात 8:30 बजे से चेक रिपब्लिक की 2 प्लेयर्स के बीच लेडीज सिंगल्स कैटेगरी का फाइनल मैच खेला जाएगा। सेंटर कोर्ट पर होने वाले इस मुकाबले में कैरोलिना मुचोवा और लिंडा नोस्कोवा आमने-सामने होंगी। ————————————————— विंबलडन से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… जर्मनी के ज्वेरेव ने ब्रिटेन के फेरी को सेमीफाइनल में हराया जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने ब्रिटेन के वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी आर्थर फेरी को 7-6, 6-2, 6-4 से हराकर पहली बार विंबलडन फाइनल में जगह बना ली। 29 साल के ज्वेरेव 1995 के बाद विंबलडन फाइनल में पहुंचने वाले पहले जर्मन खिलाड़ी बने हैं। पढ़ें पूरी खबर

रेलवे ने भाजपा कार्यालय की जमीन को बताया अवैध:KDA को पत्र लिखकर कहा- सड़क के लिए दी थी जमीन, आपने बीजेपी को अलॉट कर दी

कोटा शहर के 80 फीट रोड पर बन रहे भाजपा के नए जिला कार्यालय को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पश्चिम मध्य रेलवे ने करीब 3 हजार वर्गमीटर भूमि पर हो रहे निर्माण को रेलवे की जमीन पर अवैध निर्माण बताया है। रेलवे ने 16 जून को वरिष्ठ मंडल अभियंता (दक्षिण) की ओर से सहायक मंडल अभियंता (रामगंजमंडी) को पत्र लिखकर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही कोटा विकास प्राधिकरण (KDA ) से भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। रेलवे के अनुसार, यह जमीन 10 जुलाई 2008 में तत्कालीन यूआईटी (अब KDA) को 35 साल की लीज पर केवल सड़क निर्माण के उद्देश्य से दी गई थी। लीज की शर्तों में स्पष्ट था कि इस जमीन का व्यावसायिक या अन्य किसी प्रकार का उपयोग नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद मौके पर भाजपा का जिला कार्यालय बनाया जा रहा है। साल 2020 में यूआईटी ने इसी जमीन का आवंटन भाजपा को कर दिया, जबकि यह लीज की शर्तों के विपरीत है। रेलवे के रिकॉर्ड में संबंधित जमीन की चौड़ाई 182.88 मीटर दर्ज है। पहले भी जताई थी आपत्ति रेलवे के एसएसई (परमानेंट-वे साउथ) ने 7 अप्रैल को उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर रेल लाइन के किलोमीटर 910/10 से 914/00 के बीच रेलवे जमीन पर अवैध निर्माण की जानकारी दी थी। इसके बाद 14 मई को रेलवे, KDA और राजस्व विभाग ने संयुक्त सर्वे किया। संयुक्त सर्वे में जमीन की चौड़ाई को लेकर भी विवाद सामने आया। राजस्व विभाग ने साल 1982 के रिकॉर्ड के आधार पर मौके पर रेलवे जमीन की चौड़ाई 72 मीटर बताई, जबकि रेलवे ने साल 1965 के संयुक्त लैंड प्लान के अनुसार चौड़ाई 182.88 मीटर होने का दावा किया है। सड़क के लिए दी थी जमीन सहायक मंडल अभियंता रामगंज मंडी पश्चिम मध्य रेलवे पुंडरिक चंद्र ने कहा कि यह जमीन सार्वजनिक हित यानी सड़क निर्माण के लिए लीज पर दी गई थी। वर्तमान निर्माण लीज की शर्तों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि KDA की कानूनी और नैतिक जिम्मेदारी है कि जमीन का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुसार हो। इस संबंध में कोटा विकास प्राधिकरण को पत्र भेज दिया गया है। रेलवे और KDA के बीच का विषय-भाजपा भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि पार्टी ने जमीन का पूरा भुगतान किया है। KDA ने विधिवत आवंटन किया है। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे का कोई दावा है तो वह रेलवे और KDA के बीच का विषय है। उनका कहना है कि रेलवे की जमीन यहां कहां से आ गई। पूरे क्षेत्र में कई निर्माण पहले से हो रखे हैं। बस स्टैंड तक बना हुआ है। सिर्फ हमारा ऑफिस ही थोड़ी बन रहा है। आवंटन का इतिहास भी विवादित भाजपा जिला कार्यालय के लिए इस भूखंड का आवंटन पहले भी विवादों में रहा है। भाजपा सरकार में साल 2016 में तत्कालीन यूआईटी ने भाजपा को भूखंड आवंटित किया था। जिसके लिए भाजपा ने 1 करोड़ 72 लाख 50 हजार रुपए जमा कराए और रजिस्ट्री के बाद कब्जा भी मिल गया था। लेकिन कांग्रेस सरकार के दौरान 2020 में यह आवंटन रद्द कर दिया गया। बाद में भाजपा सरकार बनने के बाद मार्च 2025 में विधानसभा में मामला उठने पर यूडीएच मंत्री ने आवंटन बहाल करने की घोषणा की। जिसके बाद यूडीएच विभाग ने दोबारा आवंटन जारी कर दिया।

बुलडोजर चलने पर मंदिर भरभराकर गिरा, 1 की मौत:चंदौली में बीच सड़क पर बना था; रास्ता चौड़ा करने के लिए तोड़ रहे थे

यूपी के चंदौली में बुलडोजर एक्शन के दौरान काली माता मंदिर का गुंबद अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, दूसरा घायल हो गया। हादसे के वक्त दोनों मजदूर करीब 10 फीट दूर रस्सी पकड़े खड़े थे। लेकिन, गुंबद इतनी तेजी से गिरा कि दोनों भाग नहीं सके और उसकी चपेट में आ गए। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह गुंबद हटाकर दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। 200 साल पुराना यह मंदिर सड़क के बीचोंबीच बना था। मुगलसराय-वाराणसी मार्ग के चौड़ीकरण के चलते मंदिर को तोड़ा जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया। घटना मुगलसराय की शुक्रवार रात 11 बजे की है। मजदूर की पहचान 58 साल के बलदेव यादव के रूप में हुई है। 3 तस्वीरें देखिए- जानिए वीडियो में क्या दिख रहा वीडियो में दिख रहा है कि बलदेव यादव और दूसरा मजदूर रस्सी पकड़े खड़े हैं, जबकि बुलडोजर मंदिर तोड़ रहा है। तभी मंदिर भरभराकर गिरने लगता है। मंदिर का गुंबद बुलडोजर से टकराने के बाद दिशा बदलकर दोनों मजदूरों की तरफ मुड़ जाता है। दोनों भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन गुंबद बैरिकेडिंग तोड़ते हुए उन पर गिर जाता है। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने दोनों को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने बलदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे मजदूर का इलाज चल रहा है। भाई बोला- परिवार को 50 लाख मुआवजा मिले झुमरी के रहने वाले नथनी यादव ने आरोप लगाया कि भाई बलदेव की मौत के करीब एक घंटे बाद उन्हें घटना की जानकारी दी गई। जब वे मौके पर पहुंचे, तब भी किसी ने सही बात नहीं बताई। काफी पूछने पर एक पुलिसकर्मी ने भाई का मोबाइल फोन सौंपा। उन्होंने मांग की कि परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा और बलदेव के बेटे को नौकरी दी जाए। एसडीएम बोले- परिवार की हरसंभव मदद करेंगे एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने कहा कि परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। सड़क चौड़ीकरण का काम एक प्राइवेट कंपनी को मिला था। बलदेव पिछले 3 साल से उसी कंपनी में काम कर रहे थे। कंपनी की ओर से भी परिवार की मदद की जाएगी। ————————– यह खबर भी पढ़ें- गाजियाबाद में बेटी बोली- पापा को चाकू मारा-आंतें निकल आईं, मुझे जल्लादों की तरह पीटता था; दामाद ने की थी ससुर की हत्या मैं बता नहीं सकती कि मेरे पति ने मुझ पर क्या-क्या जुल्म किए। सालों तक सहती रही कि शायद वह बदल जाएगा, लेकिन वह शराब पीकर जल्लाद की तरह मारता-पीटता था। छह महीने पहले मेरी दोनों पसलियां तोड़ दी थीं। इस बार वह मुझे मारने आया था, लेकिन मेरे पिता बीच में आ गए और उन्होंने मेरी जान बचाने के लिए अपनी जान गंवा दी।’ यहां पढ़ें पूरी खबर

एमडीएस यूनिवर्सिटी में एडमिशन आवेदन की डेट बढ़ाई:अब स्टूेडेंट्स 24 जुलाई तक भर सकेंगे फॉर्म, 27 को होगी काउंसलिंग

महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, सर्टिफिकेट एवं पीजी डिप्लोमा पाठ्‌यक्रमों में प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि को 24 जुलाई तक बढ़ा दिया है। वहीं विश्वविद्यालय के संबंधित विभागों में काउंसलिंग की तिथि 27 जुलाई निर्धारित की गई है। पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर एवं विभिन्न सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट प्रवेश संयोजक प्रो. सुभाष चंद्र ने बताया- स्नातक एवं स्नात‌कोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब 24 जुलाई तक बढ़ाई गई है। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीकरण कर सकते हैं। ये कोर्स हैं संचालित सिंधी में सर्टिफिकेट प्रोग्राम, नैचुरोपैथी एंड यौगिक साइंस, योगा इंस्ट्रक्टर कोर्स, बर्डिंग सर्टिफिकेट कोर्स, एआई एंड साइबर सिक्योरिटी सर्टिफिकेट कोर्स, बीएससी एनवायरमेंटल साइंस, बी फार्मा व डी फार्मा, बीएससी फुड साइंस एंड जुलॉजी, बॉटनी, पर्यावरण विज्ञान, खाद्य एवं पोषण, भूगोल, गणित, माइक्रो न्यूट्रिशियन एवं स्नातकोत्तर स्तर पर संचालित प्रमुख पाठ्यक्रमों में एमएससी बायोलॉजी, बायो टेक्नोलॉजी, केमिस्ट्री एवं अप्लाइड केमेस्ट्री, रिमोट सेसिंग एवं जियो इन्फॉर्मिटिक्स, एमकॉम आईएएफएम एवं एबीएसटी एमटेक कंप्यूटर साइंस के कोर्स शामिल है। एमसीए, एमसीए डाटा साइंस, एमाए हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, लाइब्रेरी साइंस, एमबीए सर्विस मैनेजेमेंट एवं एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम, राजनीति विज्ञान, जनसंख्या अध्ययन, सोशल वर्क, संस्कृत वैदिक वाह्वय, योग स्टडीज एवं धेरेपी मैनेजमेंट तथा पत्रकारिता एवं मास कम्युनिकेशन जैसे विविध विषय हेल्थ, खाद्य एवं पोषण, एनवायरमेट्रान लाजाच्या योग एजुकेशन सहित शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय की ओर से डिजास्टर मैनेजमेंट, इंडस्ट्रियल विभिन्न विषयों में पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। एग्जाम की लास्ट डेट बढ़ाई महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा सत्र 2025-26 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी बिना विलम्ब शुल्क 20 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। विद्यार्थी वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई व नेट बैंकिंग से किया जा सकत है। विद्यार्थी ई मित्र के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। मुख्य परीक्षा सत्र 2025-26 के लिए स्नातक द्वितीय, चतुर्थ, षष्टम परीक्षा जून 2026, बीए बीकॉम, बीएससी (बीएससी, नैचुरोपैथी एंड यौगिक साइंस, बीएससी आईटी), बीसोए, बीबीए, बीएससी होम साइंस, बीएससी फूड साइंस एंड न्यूट्रिशियन, बीपीईएस, बीए ऑनर्स, इकोनॉमिक्स, ज्योग्राफी, हिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस, बीकॉम ऑनर्स, एबीएसटी, ऑनर्स कैमेस्ट्री, 20 गणित (सेमेस्टर द्वितीय, चतुर्थ ऑनर्स) के विद्यार्थी बिना विलम्ब शुल्क जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। जबकि सौ रुपए विलम्ब शुल्क के साथ 24 जुलाई तक तथा परीक्षा शुल्क के बराबर विलम्ब शुल्क के साथ 28 जुलाई तक आवेदन किए जा सकेंगे। परीक्षा आवेदन भरने के निर्देश तथा परीक्षा फीस का विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध है। एमएससी सेमेस्टर चतुर्थ की संशोधित समय सारिणी जारी परीक्षा 2026 को संशोधित समय सारिणी जारी कर दी है। एसएससी गणित – एमडीएस विश्वविद्यालय ने एमएससी सेमेस्टर गणित सेमेस्टर चतुर्थ सेमेस्टर चार के मैथेमेटिकल स्टेटिस्टिक द्वितीय की परीक्षा अब 25 जुलाई सुबह 11 बजे से 2 बजे तक होगी। इसी तरह कॉस्मोलॉजी विषय की परीक्षा अब 27 जुलाई सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी।

दस साल बाद बनी शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी:5 उपाध्यक्ष, 7 महासचिव व 15 सचिव बनाए, कमल वर्मा फिर से प्रवक्ता

करीब एक दशक बाद अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की मंजूरी के बाद शुक्रवार रात को संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने सूची जारी की। 2016 के बाद पहली बार नई कार्यकारिणी का गठन शहर कांग्रेस की पिछली कार्यकारिणी वर्ष 2016 में तत्कालीन शहर अध्यक्ष विजय जैन के कार्यकाल में घोषित हुई थी। उस समय प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट थे और कार्यकारिणी में 100 से अधिक पदाधिकारी व सदस्य शामिल किए गए थे। उस सूची में डॉ. राजकुमार जयपाल और विवेक पाराशर भी शामिल थे। इन्हें दी गई जिम्मेदारी कार्यकारिणी में महेंद्र चौधरी को संगठन महासिचव, चंद्रशेखर बालोटिया, मुकेश पंवार, ईश्वर टहलियानी, प्रमोद शर्मा, नितिन जैन, ईश्वर राजोरिया हेमंत जोधा को महासचिव तथा कोषाध्यक्ष अमित गर्ग बनाए गए। इसके साथ ही सैयद फखे मोइन, विवेक पाराशर, नौरत गुर्जर, गजेंद्र सिंह रलावता व नवीन कच्छावा -उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए। कार्यकारिणी में अनिल खंडेलवाल, गीता गुर्जर, अनिता रावत, योगेश जाटोलिया, मुख्तार अहमद नवाब, हेमराज ख्यालिया, हरपाल छाबड़ा, मुकेश, धनेवाल, चन्द्रकान्त पालीवाल, सुरेन्द्र गुर्जर, हरि प्रसाद जाटव, मोहम्मद परवेज खान, आरिफ खान,कशिश कुमार बायला और सुमित मित्तल सचिव बनाए गए। कमल वर्मा को फिर से प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चंदेश सुनिया सोशल मीडिया प्रभारी बनाए गए। कार्यकारिणी के साथ पदेन सदस्यों की सूची भी जारी की है। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी और पीसीसी पदाधिकारी, ब्लॉक व नगर अध्यक्ष, पार्षद, जिला परिषद सदस्य, प्रधान तथा कांग्रेस के विभिन्न – प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष शामिल रहेंगे। पायलट खेमे की दूरी पर संगठन में चर्चाएं तेज संगठन में यह चर्चा भी है कि नई कार्यकारिणी में सचिन पायलट गुट को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। विजय जैन और हेमंत भाटी समर्थक नेताओं के नाम सूची से बाहर रहने को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग चर्चाएं हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इधर, यह भी दावा किया जा रहा है कि द्रोपदी कोली और रलावता के समर्थकों को भी स्थान मिल गया है। जबकि 10 साल पहले की कार्यकारिणी में डॉ. जयपाल खेमे के 6 लोगों को कार्यकारिणी में लिया गया था। डॉ. जयपाल ने बताया कि कार्यकारिणी का विस्तार अभी बाकी है और जल्द ही एक और सूची जारी की जाएगी। यह सूची राहुल गांधी के पुष्कर दौरे से पहले जारी होने की चर्चा थी, लेकिन बाद में इसे टाल दिया गया।