ब्रेकिंग न्यूज़
भारत पहली बार सीरीज में 4 मैच हारा:बटलर और ब्रूक की रिकॉर्ड साझेदारी; ट्रैफिक में फंसी टीम इंडिया, स्टेडियम देरी से पहुंची

इंग्लैंड ने पांचवे टी-20 मैच में भारत को 56 रन से हरा दिया। टीम इंडिया पहली बार किसी सीरीज या टूर्नामेंट में 4 मैच हारी है। इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 257 रन बनाए। यह भारत के खिलाफ किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर भी है। साउथैम्पटन में मुकाबला आधे घंटे से देरी से शुरु हुआ। दरअसल भारतीय टीम ट्रैफिक में फंस गई थी। इस वजह से 7 बजे शुरू होने वाला मैच 7:30 बजे स्टार्ट हुआ। IND Vs ENG मैच के टॉप रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स… 1. भारत के खिलाफ सबसे बड़ा टी-20 स्कोर बना इंग्लैंड ने टी-20 में भारत के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। टीम ने 3 विकेट पर 257 रन बनाए। इससे पहले भी यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के ही नाम था। टीम ने 2026 टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में वानखेड़े स्टेडियम में 246/7 का स्कोर बनाया था। हालांकि यह मैच भारत ने जीता था। 2. भारत सीरीज में 4 मैच हारा भारत को किसी टी-20 सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा हार मिली। टीम 4 मैच हार गई। इससे पहले भारत किसी भी सीरीज या टूर्नामेंट में 3 से ज्यादा मैच नहीं हारा था। 3. ब्रूक भारत के खिलाफ एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर हैरी ब्रूक ने 5 मैचों की टी-20 सीरीज में 229 रन बनाए। वे भारत के खिलाफ किसी बाइलेट्ररल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने 2022 में भारत के खिलाफ 3 मैचों में 184 रन बनाए थे। 4. इंग्लैंड ने 17 छक्के लगाए इंग्लैंड ने साउथैम्पटन में 17 छक्के लगाए। यह भारत का किसी टी-20 मैच में दूसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। वेस्टइंडीज ने 2016 में भारत के खिलाफ सबसे छक्के लगाए थे। उन्होंने लॉडरहिल में खेले गए मुकाबले में 21 छक्के लगाए थे। 5. श्रेयस ने धोनी की बराबरी की श्रेयस अय्यर ने टी-20 में लगातार टॉस जीतने के मामले में धोनी की बराबरी की। उन्होंने 2026 में लगातार 7वीं बार टॉस जीता। धोनी ने भी 2010 से 2012 के बीच लगातार 7 टॉस जीते थे। विराट कोहली 6 टॉस के साथ तीसरे नंबर पर हैं। 6. भारत के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी बटलर और ब्रूक ने 233 रन जोड़कर टी-20 में भारत के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी की। यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक और डेविड मिलर के नाम था। उन्होंने 2022 में गुवाहाटी में नाबाद 174 रन जोड़े थे। 7. बटलर-ब्रूक ने इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की बटलर और ब्रूक ने साउथम्पटन में 233 रन की पार्टनरशिप की। यह टी-20 में इंग्लैंड के लिए किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले डेविड मलान और ईयोन मॉर्गन ने 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में 182 रन जोड़े थे। 8. बटलर-ब्रूक ने 233 रन की पार्टनरशिप की बटलर और ब्रूक ने टी-20 में किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी की। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 233 रन जोड़े। अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजाई और उस्मान गनी टॉप पर हैं। उन्होंने 2019 में आयरलैंड के खिलाफ देहरादून में 236 रन की पार्टनरशिप की थी। 9. बटलर ने इंग्लैंड के लिए दूसरी सबसे बड़ी पारी खेली बटलर ने टी-20 में इंग्लैंड के लिए दूसरी सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने 131 रन बनाए। फिल साल्ट ने 2025 में टीम के लिए हाईएस्ट स्कोर बनाया था। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैनचेस्टर में नाबाद 141 रन की पारी खेली थी। 10. अभिषेक शर्मा का 53वें टी-20 मैच में रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा बिना कोई दूसरा फॉर्मेट खेले सबसे ज्यादा टी-20 इंटरनेशनल खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने भारत के लिए 53 टी-20 मैच खेले हैं। अभिषेक ने अब तक वनडे या टेस्ट में डेब्यू नहीं किया है। वेस्टइंडीज के सैमुअल बद्री 52 मैचों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। 11. भारत के खिलाफ हाईएस्ट इंडिविजुअल स्कोर बटलर भारत के खिलाफ टी-20 में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने साउथम्पटन में 131 रन बनाए। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के एविन लुईस के नाम था। उन्होंने 2017 में किंग्सटन में भारत के खिलाफ नाबाद 125 रन बनाए थे। यहां से टॉप मोमेंट्स… 1. भारतीय टीम ट्रैफिक में फंसी, मैच देर से शुरु हुआ मैच आधे घंटे की देरी शुरु हुआ। इसकी वजह ट्रैफिक रही। भारतीय टीम होटल से रोज बाउल ग्राउंड आने के लिए निकली, लेकिन ट्रैफिक मेें फंस गई। इसकी वजह से शाम 7:15 बजे टॉस हुआ और 7:30 बजे मैच शुरु हुआ। मैच का शेड्यूल शाम 7 बजे था। 2. शिवम दुबे ने 3 रन पर ब्रूक का कैच छोड़ा हैरी ब्रूक का कैच छूटना भारतीय टीम के लिए काफी महंगा साबित हुआ। शिवम दुबे ने पहली पारी के पांचवे ओवर में 3 रन पर ब्रूक का कैच छोड़ा। प्रिंस यादव ने ओवर की दूसरी गेंद शॉर्ट लेंथ डाली। ब्रूक ने शॉट लगाया, लेकिन गेंद बल्ले का टॉप एज लेकर हवा में खड़ी हो गई। शिवम दुबे गेंद को ठीक से जज नहीं कर पाए। टाइम होने के बावजूद वे गेंद के नीचे नहीं पहुंच पाए और कैच छूट गया। 3. भारत ने मिस फील्ड किए, 3 कैच छोड़े भारतीय फील्डर्स ने कम से कम 9 बार मिसफील्ड किए। इसकी वजह से करीब 15 रन एक्सट्रा गए। इसके अलावा टीम ने 3 कैच छोड़े। इनमें 2 कैच ब्रूक और एक कैच जोस बटलर का था।

सिरोही में दो ट्रेलर की भिंड़त के बाद लगी आग,VIDEO:जिंदा जला ड्राइवर, तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान; टायरों में हुए धमाके

दो ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। घटना में एक ट्रेलर का ड्राइवर जिंदा जल गया। घटना सिरोही जिले के अनादरा थाना क्षेत्र में कांडला हाईवे की है। थाना सीआई कमलेश गहलोत ने बताया- घटना शनिवार रात 9 बजे सिरोड़ी अस्पताल के पास की है। एक ट्रेलर जयपुर से मोरबी (गुजरात) की ओर जा रहा था। वहीं दूसरा ट्रेलर अनादरा से सिरोड़ी की ओर आ रहा था। सिरोड़ी अस्पताल के आगे दोनों ट्रेलर की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों ट्रेलर में आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि ट्रेलरों के टायर लगातार फटते रहे। जिंदा जला ट्रेलर ड्राइवर, मौत इस दौरान मोरबी जा रहे ट्रेलर के ड्राइवर और हेल्पर के साथ दूसरे ट्रेलर के हेल्पर ने कूदकर जान बचा ली। मगर ड्राइवर आग की चपेट में आने से जिंदा जल गया। दो दमकल मौके पर पहुंची घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना के 40 मिनट एक दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। हादसे के डेढ़ घंटे बाद पहुंची दूसरी दमकल के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हाइवे पर दोनों ओर लंबा जाम लगा है। … यह खबर भी पढ़े राजस्थान में कंटेनर में ब्लास्ट के बाद आग लगी, VIDEO:ड्राइवर जिंदा जला, कंकाल मिला; दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पोल से टकराने से हादसा राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कंटेनर में LED पोल से टकरा गया। टक्कर के बाद कंटेनर में ब्लास्ट हो गया और आग लग गई, जिससे ड्राइवर जिंदा जल गया। (पढ़े पूरी खबर)

100 करोड़ से संवरेगा चंबल गार्डन-किशोरपुरा मुक्तिधाम:ओम बिरला बोले- सिर्फ कोचिंग सिटी नहीं, खेल और पर्यटन का हब बनेगा कोटा

हाड़ौती की विरासत और कोटा की लाइफलाइन कहे जाने वाले ऐतिहासिक चंबल गार्डन का अब कायाकल्प होने जा रहा है। चंबल गार्डन और किशोरपुरा मुक्तिधाम के पुनर्विकास के लिए शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने करीब 100 करोड़ रुपए के कार्यों का शिलान्यास किया। ओम बिरला ने कहा कि 50 साल पुराने इस ऐतिहासिक स्थल को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर नया स्वरूप दिया जाएगा। आगामी दो वर्षों में यह गार्डन देश और प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
सिर्फ कोचिंग सिटी नहीं, खेल और पर्यटन का हब बनेगा कोटा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा के विकास का जो सपना हमने देखा था, वह अब धरातल पर उतर रहा है। आने वाले समय में कोटा सिर्फ कोचिंग सिटी ही नहीं, बल्कि खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और कनेक्टिविटी के मामले में देश के अग्रणी शहरों में शामिल होगा। कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र आने वाले समय में सबसे बेहतरीन कनेक्टिविटी वाला इलाका होगा। लोकसभा अध्यक्ष ने प्रशासनिक सुधारों पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से नगर निगम और कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) की कार्यप्रणाली को और सरल किया जाएगा। कोटा को मिल रही है नई वैश्विक पहचान: यूडीएच मंत्री खर्रा
स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के विजन के कारण ही आज कोटा की पर्यटन परियोजनाओं को नई दिशा मिल रही है। रिवर फ्रंट और चंबल गार्डन जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए कोटा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में कोटा विकास का नया मॉडल बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ‘सफेद हाथी’ साबित हो रहे रिवर फ्रंट को लेकर भी आगे काम करवाए जाएंगे।

बाइक चोरी के शक में युवक को पीट-पीटकर मार डाला:2 आरोपी गिरफ्तार, घर के बाहर से जबरन उठाकर ले गए थे साथ

जयपुर में आमेर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने 48 घंटे में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया- 8 जुलाई को अशरफ खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अशरफ खान ने बताया था कि 7 जुलाई की दोपहर करीब 2:30 बजे बेटा वसीम घर से खाना खाने के बाद निकला था। इसी दौरान बाबुल, अकील, साहिल, अज्जू, इस्माइल, सक्का, अल्फा सहित अन्य लोगों ने उसे जबरन अपने साथ ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के लोगों को भी आरोपियों ने धमकाया। घायल वसीम को एसएमएस (SMS) अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की रिपोर्ट के आधार पर आमेर थाने में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीमें लगातार दबिश देकर फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
बाइक चोरी के विवाद में की हत्या जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मृतक वसीम पर पहले एक मोटरसाइकिल चोरी का आरोप लगा था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसे पकड़कर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल खान (22) पुत्र ताहिर खान, निवासी गणनाथ शाह की गली, रामचंद्रजी का चौक, थाना रामगंज और नासिर खान उर्फ बाबुल (24) पुत्र गफ्फार खान, निवासी छोटा दरवाजा के पीछे, ठाठर रोड, हींडनपुरा, थाना आमेर के रूप में हुई है। यह भी पढ़े: जयपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या:भाई बोला- 8-10 बदमाशों ने घर से ले जाकर खेत-फार्म हाउस पर लाठियों-सरियों से मारा

निकाय चुनाव पर मंत्री बोले-पिछली सरकार में दबाई गई फाइल:हमारा काम मार्च में ही पूरा हुआ, अब गेंद निर्वाचन-पिछड़ा वर्ग आयोग के पाले में

राजस्थान में लंबे समय से अटके निकाय चुनावों को लेकर स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बड़ा बयान दिया है। मंत्री खर्रा ने कहा- राज्य सरकार और मेरे विभाग के स्तर पर जो भी तैयारियां की जानी थीं, वो मार्च 2026 में ही पूरी की जा चुकी हैं। चुनाव में हो रही देरी के लिए सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए स्थिति स्पष्ट की। मंत्री ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के 2 स्पष्ट निर्णय हैं, जिनके अनुसार जब तक राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ओबीसी (OBC) वर्ग की जनसंख्या के सटीक आंकड़े राज्य सरकार को नहीं सौंप देता, तब तक सरकार उन्हें राजनीतिक आरक्षण नहीं दे सकती। मंत्री खर्रा शनिवार देर शाम को कोटा में चंबल गार्डन के पुनर्विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे थे।
शुरुआती आंकड़ों में थीं खामियां, दोबारा रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश मंत्री खर्रा ने माना कि शुरुआती दौर में प्रशासन द्वारा जुटाए गए आंकड़ों में कई खामियां थीं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में स्थानीय प्रशासन को डेटा जुटाने का काम सौंपा गया था। जब हमने इस पर काम शुरू किया, तब ज्यादा मैनपावर एसआईआर (SIR) में लगी हुई थी। ऐसे में जब पिछड़ा वर्ग आयोग ने स्थानीय स्तर पर इसकी जांच की, तो रिपोर्ट में कई विसंगतियां (गलतियां) पाई गईं। इसके बाद हमने स्थानीय प्रशासन को दोबारा से सही रिपोर्ट जल्द तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने उम्मीद जताई है कि चूंकि अभी जनगणना के काम में मैनपावर लगी हुई है, फिर भी अगले एक महीने में स्थानीय प्रशासन आंकड़े इकट्ठा करके दे देगा। जैसे-जैसे आंकड़े आएंगे, पिछड़ा वर्ग आयोग स्थानीय स्तर पर उनकी दोबारा जांच करेगा। कांग्रेस की नीयत पर उठाए सवाल चुनावों में देरी को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए यूडीएच मंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। खर्रा ने कहा- साल 2022 में ही सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला आ चुका था। तत्कालीन कांग्रेस सरकार के पास डेढ़ साल का लंबा समय था, वे चाहते तो इस दिशा में कदम बढ़ा सकते थे, लेकिन उन्होंने जानबूझकर इस फाइल को दबाकर रखा। हमारी सरकार आते ही हमने तुरंत आयोग का गठन किया। मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- विधानसभा में जब यह सवाल उठा था, तब भी उन्होंने कहा था कि अगर विपक्ष बिना पिछड़ा वर्ग को राजनीतिक आरक्षण दिए ही चुनाव करवाना चाहता है, तो वे हमें लिखित में मांग सौंपें। राज्य सरकार उस विकल्प पर भी विचार करने को तैयार है, लेकिन आज तक विपक्ष की ओर से ऐसी कोई लिखित मांग नहीं आई है।
रेलवे के आरोपों पर मंत्री का बयान कोटा में रेलवे की जमीन पर बीजेपी ऑफिस के निर्माण मामले में मंत्री खर्रा ने कहा कि पहले ही जमीन की पैमाइश हो चुकी है। लेकिन आज फिर केडीए (KDA) के अधिकारियों को कहा है कि रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखकर उनके पास जो दस्तावेज हैं, उनकी प्रति मंगवा ली जाए। इसके बाद रेलवे, केडीए और राजस्व की टीम मिलकर अपने-अपने दस्तावेजों के आधार पर फिर से पैमाइश कर लेंगी। सेवा शिविर की बढ़ सकती है समय सीमा मंत्री खर्रा ने बताया कि प्रदेश में चल रहे शहरी-ग्रामीण सेवा शिविर को लेकर विचार किया जा रहा है। जिस प्रकार का रुझान लोगों में इन शिविरों को लेकर है, हमें लग रहा है कि इसकी अवधि पंद्रह दिनों के लिए और बढ़ानी चाहिए। इसके लिए मुख्यमंत्री से बात कर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।

मदन राठौड़ बोले-यह न्याय की नहीं,मीडिया में प्रचार-पाने की कोशिश:भाजपा मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठा परिवार; अपार्टमेंट के पोर्च में मिला था युवती का शव

जयपुर में अपार्टमेंट के पोर्च में मिली युवती के शव के मामले में परिजन शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने मामले की सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग करते हुए दावा किया कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्या है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठे परिजनों से बातचीत की। परिवार से 10 दिन का समय मांगते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। मीडिया से बातचीत में मदन राठौड़ ने कहा- कई लोग ऐसे मामलों में प्रचार-प्रसार (पब्लिसिटी) पर भी ध्यान देते हैं और मीडिया को भी ऐसे मामलों में जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। मुझे लगता है कि यह केवल न्याय पाने की कोशिश नहीं, बल्कि मीडिया में प्रचारित होने की भी कोशिश है। जिसकी बेटी गई है, वह मीडिया में प्रचारित क्यों होना चाहता है, यह समझ में नहीं आता। मुझे लगता है कि इन्हें किसी ने प्रेरित करके यहां भेजा है और मैं इसकी निंदा करता हूं। दरअसल, जयपुर में एक अपार्टमेंट के पोर्च में 6 जून को युवती का शव मिला था। युवती घर से साइकिलिंग करने निकली थी। काफी समय बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजन उसे ढूंढने निकले थे, जिसके बाद उसका शव बरामद हुआ था। युवती के परिवार ने कही ये बड़ी बातें… 1. लिखित आश्वासन मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन, भाजपा नेताओं को सौंपा ज्ञापन परिजनों ने साफ तौर पर कहा है कि जब तक सरकार की ओर से सीबीआई (CBI) जांच को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा, क्योंकि केवल मौखिक भरोसे से उन्हें संतुष्टि नहीं है। भाजपा पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की गंभीरता से जांच कराने और किसी स्वतंत्र एजेंसी से इसकी जांच कराने की मांग रखी है। अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए किसी भी हद तक संघर्ष करने को तैयार हैं। 2. प्रभावशाली लोगों और पुलिस पर लगाया दबाव बनाने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग मृतका के माता-पिता ने आरोप लगाया कि मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के कारण राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव के चलते इसे दबाने की कोशिश की जा रही है। हम पर लगातार दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है, मीडिया के सामने अपनी बात रखने से रोका जा रहा है और धरना समाप्त नहीं करने पर जबरन हटाने की धमकियां दी जा रही हैं मदन राठौड़ ने परिजनों से की बातचीत, डीजीपी को लगाया फोन और मांगा 10 दिन का समय धरने की सूचना मिलने के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने परिजनों से बातचीत की। उन्होंने तुरंत पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा से फोन पर संवाद किया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी आदित्य पूनिया की डीजीपी से बात करवाकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। राठौड़ ने कहा कि सरकार और भाजपा संगठन पूरी तरह से निष्पक्ष जांच के पक्षधर हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार से 10 दिन का समय मांगते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। ‘सीएम को लिखकर भेज दूंगा, लेकिन लिखित गारंटी नहीं दे सकता’ सीबीआई जांच की मांग पर मदन राठौड़ ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं सीबीआई जांच का आदेश नहीं दे सकते। वे मांग कर सकते हैं, मैं उनकी मांग मुख्यमंत्री को लिखकर भेज दूंगा कि परिवार सीबीआई जांच चाहता है। लेकिन मैं उन्हें यह लिखकर नहीं दे सकता कि जांच सीबीआई से ही होगी। उन्हें भी यह समझना चाहिए कि जांच की प्रक्रिया कैसे तय होती है। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर तैनात रही। फिलहाल परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जबकि भाजपा संगठन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए परिवार से 10 दिन का समय मांगा है। ——– यह खबर भी पढ़िए.. जयपुर में अपार्टमेंट के पोर्च में नाबालिग-छात्रा का शव मिला:घर से साइकिलिंग करने निकली थी; परिवार बोला- किडनैप करके मारा जयपुर में अपार्टमेंट के पोर्च में शनिवार सुबह एक नाबालिग छात्रा का शव मिला है। 16 साल की छात्रा 12वीं क्लास में पढ़ती थी। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वह साइकिलिंग करने निकली थी। काफी समय बाद भी घर नहीं लौटने पर परिजन छात्रा को ढूंढने निकले। पढ़ें पूरी खबर

20 लाख का गांजा, स्मैक के साथ चार आरोपी गिरफ्तार:5 किलो गांजा, 69.35 ग्राम स्मैक और स्कॉर्पियो जब्त

उनियारा थाना पुलिस ने शनिवार को स्कॉर्पियो सवार चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 20 लाख रुपए का गांजा और स्मैक जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 60 ग्राम गांजा, 69.35 ग्राम स्मैक, एक स्कॉर्पियो गाड़ी, चार स्मार्टफोन और 4,780 रुपए भी जब्त किए हैं। उनियारा थाने के एएसआई रतनलाल मीणा ने बताया कि थाना प्रभारी कप्तान सिंह मय टीम शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कामधेनु सर्किल, उनियारा के आगे नैनवां रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर काले रंग की एक स्कॉर्पियो गाड़ी की जांच की। कार में सवार चारों युवकों के कब्जे से 5 किलो 60 ग्राम गांजा और 69.35 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने गांजा, स्मैक और स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया। पुलिस ने सलमान (34) पुत्र रशीद खान निवासी हसनपुर कॉलोनी, वार्ड नं. 16, बड़ौदा मार्ग, बंजारा डैम, पुलिस थाना कोतवाली, श्योपुर, जिला श्योपुर (मध्यप्रदेश), अमन सिंह (26) पुत्र रविंद्र सिंह भदौरिया निवासी हीरापुर, पुलिस थाना मानपुर, जिला श्योपुर (मध्यप्रदेश), राकेश (32) पुत्र प्रकाश सिंह भदौरिया निवासी गिरधरपुर, पुलिस थाना मानपुर, जिला श्योपुर (मध्यप्रदेश) तथा सुरेश (30) पुत्र मीठालाल निवासी बंसल पेट्रोल पंप के पीछे, वार्ड नं. 18, शिव सज्जन कॉलोनी, उनियारा, पुलिस थाना उनियारा, जिला टोंक (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया।

तिंवरी रेलवे स्टेशन पर VDU प्रणाली शुरू:परिचालन क्षमता बढ़ेगी, ट्रेन संचालन अब अधिक सुरक्षित होगा

उत्तर पश्चिम रेलवे ने जोधपुर मंडल के राईका बाग–जैसलमेर रेलखंड पर स्थित तिंवरी रेलवे स्टेशन पर आधुनिक विजुअल डिस्प्ले यूनिट (VDU) प्रणाली का शुभारंभ किया है। शनिवार सुबह सफल कमीशनिंग और सभी तकनीकी परीक्षण पूरे होने के बाद इसे नियमित संचालन के लिए सेवा में शामिल कर लिया गया। इस नई व्यवस्था से स्टेशन पर ट्रेन संचालन पहले से अधिक सुरक्षित, सुचारु और भरोसेमंद होगा। ट्रैक के ले आउट की होगी निगरानी जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया-VDU प्रणाली भारतीय रेलवे की इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से स्टेशन मास्टर कंप्यूटर स्क्रीन पर पूरे ट्रैक लेआउट की निगरानी करते हुए सिग्नल, पॉइंट और ट्रेनों के रूट का संचालन कर सकेंगे। यह प्रणाली ट्रेनों की आवाजाही को अधिक सटीक और व्यवस्थित बनाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि तिंवरी स्टेशन पर डुअल VDU प्रणाली स्थापित की गई है। इसमें दो स्वतंत्र नियंत्रण इकाइयां शामिल हैं। यदि किसी कारणवश एक इकाई में तकनीकी खराबी आती है, तो दूसरी इकाई तुरंत संचालन संभाल लेती है। इससे ट्रेन संचालन में कोई बाधा नहीं आएगी, डाउनटाइम कम होगा और रेल परिचालन की सुरक्षा व विश्वसनीयता में वृद्धि होगी। तिंवरी रेलवे स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ेगी रेलवे के अनुसार, यह तकनीकी उन्नयन न केवल तिंवरी रेलवे स्टेशन की परिचालन क्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के संचालन को भी अधिक सुरक्षित और समयबद्ध बनाएगा। रेलवे का मानना है कि यह कदम यात्रियों को बेहतर और भरोसेमंद रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

लॉर्ड्स टेस्ट- भारत को 115 रन की बढ़त:पहली पारी में इंग्लैंड विमेंस टीम 170 रन पर ऑलआउट; क्रांति गौड़ ने 5 विकेट लिए

लॉर्ड्स में खेले जा रहे एकमात्र महिला टेस्ट के दूसरे दिन भारत ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली है। इंग्लैंड की पहली पारी सिर्फ 170 रन पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 115 रन की बढ़त मिली। टीम ने 285 रन बनाए थे। भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने 37 रन देकर 5 विकेट लिए। सयाली सतघरे और स्नेह राणा ने 2-2 विकेट झटके। दीप्ति शर्मा ने 1 विकेट हासिल किया। इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर फेल इंग्लैंड ने पहले दिन के स्कोर 21/1 से आगे खेलना शुरू किया। भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने उनका टॉप ऑर्डर बिखर गया। क्रांति ने पहले माया बाउशियर (23) को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। इसके बाद सयाली ने कप्तान हीदर नाइट (6) को LBW आउट किया। इसके कुछ देर बाद ही क्रांति ने शानदार आउटस्विंगर पर एलिस कैप्सी (9) का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया। अब इंग्लैंड का स्कोर 47/4 हो गया। एमी जोन्स और नैट सिवर-ब्रंट ने संभाली पारी शुरुआती झटकों के बाद एमी जोन्स और कप्तान नैट सिवर-ब्रंट ने इंग्लैंड की वापसी कराई। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। एमी जोन्स ने 62 गेंदों में 52 रन बनाए। हालांकि लंच से ठीक पहले स्नेह ने उन्हें ऋचा घोष के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। दूसरे छोर पर नैट सिवर-ब्रंट ने 85 गेंदों में 44 रन बनाए। वे लंच के बाद क्रांति की गेंद पर LBW हुईं। निचला क्रम पूरी तरह बिखरा सिवर-ब्रंट के आउट होने के बाद इंग्लैंड की पारी तेजी से बिखर गई। सयाली ने सोफी एक्लेस्टोन (11) को विकेटकीपर यस्तिका भाटिया के हाथों कैच कराया। फिर स्नेह ने मैडी विलियर्स (10) को बोल्ड किया। क्रांति ने लॉरेन बेल (3) को स्लिप में कैच कराकर अपना पहला टेस्ट पांच विकेट हॉल पूरा किया। दीप्ति ने लॉरेन फिलर को LBW कर इंग्लैंड की पारी 170 रन पर समेट दी। क्रांति टेस्ट ने झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड तोड़ा 22 साल 333 दिन की उम्र में क्रांति गौड़ टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट लेने वाली यंगेस्ट इंडियन भारतीय महिला तेज गेंदबाज बन गईं। उन्होंने झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड तोड़ा। इसके अलावा इंग्लैंड में विमेंस टेस्ट में 2015 के बाद किसी तेज गेंदबाज का यह पहला पांच विकेट हॉल है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी ने 2015 में इंग्लैंड के खिलाफ 6 विकेट लिए थे। लॉर्ड्स में पहला महिला टेस्ट यह लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के 142 साल के इतिहास का पहला महिला टेस्ट मैच है। भारत और इंग्लैंड के बीच यह 16वां महिला टेस्ट है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 15 टेस्ट में भारत ने 3 और इंग्लैंड ने 1 मैच जीता, जबकि 11 मुकाबले ड्रॉ रहे। इंग्लैंड की ब्यूमोंट का आखिरी मैच इंग्लैंड की ओपनर टैमी ब्यूमोंट का यह आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच है। 35 साल की ब्यूमोंट 17 साल के करियर के बाद संन्यास ले रही हैं। उन्होंने 260 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने इंग्लैंड के लिए महिला वनडे में सबसे ज्यादा 12 शतक लगाए हैं। प्लेइंग-11 भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यस्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, सयाली सतघरे, श्री चरणी, क्रांति गौड़। इंग्लैंड: टैमी ब्यूमोंट, माया बाउशियर, हीदर नाइट, नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, एमी जोन्स (विकेटकीपर), मैडी विलियर्स, सोफी एक्लेस्टोन, इजी वोंग, लॉरेन बेल, लॉरेन फिलर। ————————- लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन का खेल… लॉर्ड्स विमेंस टेस्ट: भारत 285 रन पर ऑलआउट:पहली पारी में मंधाना, हरमन और दीप्ति शर्मा की फिफ्टी; जवाब में इंग्लैंड- 21/1 लॉर्ड्स में खेले जा रहे पहले महिला टेस्ट में भारत की पहली पारी 285 रन पर सिमट गई। पहले दिन ओपनर स्मृति मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने फिफ्टी लगाई। इंग्लैंड के लिए स्पिनर सोफी एक्लेस्टन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। पूरी खबर पढ़ें…

ASI ने रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंके, SP ने किया सस्पेंड:CCTV में कार से उतरते दिखा, बोला- जो दिख रहा है, वो मैं नहीं हूं

कोटा में रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंकने के आरोप में लैंडमार्क पुलिस चौकी के ASI वेद प्रकाश को शनिवार को निलंबित कर दिया गया। एसपी सिटी तेजस्विनी गौतम ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। घटना 4 जुलाई की रात करीब डेढ़ बजे की है। रेस्टोरेंट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एएसआई कार से उतरकर रेस्टोरेंट की ओर पत्थर फेंकता और फिर वापस कार में बैठता नजर आ रहा है। रेस्टोरेंट संचालक ने कुन्हाड़ी थाने में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के 6 दिन बाद एएसआई वेद प्रकाश को निलंबित कर दिया गया। मामले से जुड़ी 2 PHOTOS… डीएसपी ने कहा- शराब के नशे में ASI ने फेंका था पत्थर डीएसपी पूनम चौहान ने बताया- ASI वेद प्रकाश ने शराब के नशे में अमर पंजाबी रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंका था। CCTV फुटेज में वह साफ तौर पर नजर आ रहे हैं। रेस्टोरेंट के मालिक ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद एसपी सिटी ने एएसआई को सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी में दिखने वाला व्यक्ति मैं नहीं, निष्पक्ष जांच हो निलंबित ASI वेद प्रकाश ने कहा- सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाला व्यक्ति मैं नहीं हूं। मैंने पत्थर नहीं फेंके हैं। यदि मुझे ऐसा कुछ करना होता, तो मैं स्वयं ऐसा क्यों करता? मेरा रेस्टोरेंट संचालकों से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है। कोचिंग क्षेत्र होने के कारण मैं देर रात तक गश्त कर दुकानों को समय पर बंद करवाता हूं, जिससे कुछ लोगों को मुझसे नाराजगी हो सकती है। मैं पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करता हूं। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज करवाई थी शिकायत अमर पंजाबी रेस्टोरेंट के संचालक टिंकू ने बताया-चार-पांच दिन पहले एक अज्ञात व्यक्ति हमारे रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंककर फरार हो गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपकर हमने अज्ञात आरोपी के खिलाफ ही कुन्हाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। हमें बाद में पता चला कि पत्थर फेंकने वाला व्यक्ति पुलिस विभाग का ही ASI है।