संत की दुखी व्यक्ति को सीख:कथा- सभी समस्याएं एक साथ कभी खत्म नहीं होतीं, समस्याओं को स्वीकार करें और उनका समाधान खोजने की कोशिश करें
एक लोक कथा है, पुराने समय में किसी गांव में एक बहुत मेहनती और ईमानदार व्यक्ति जीवन की परेशानियों से निराश हो गया था। कभी आर्थिक समस्या, तो कभी परिवार से जुड़ी चिंताएं उसे घेर लेतीं। वह हर समय यही सोचता था कि आखिर कब उसके जीवन की सभी परेशानियां खत्म होंगी। धीरे-धीरे उसका आत्मविश्वास कमजोर होने लगा और वह सुबह से शाम तक उदास रहने लगा। एक दिन उस गांव में एक संत का आगमन हुआ। दूर-दूर से लोग उनके दर्शन करने और अपनी समस्याओं का समाधान पूछने के लिए आने लगे। युवक को भी उम्मीद जगी कि शायद संत उसकी सभी परेशानियां एक साथ दूर करने का कोई उपाय बता देंगे। वह संत के पास पहुंचा और हाथ जोड़कर बोला, “गुरुदेव, मैं अपने जीवन की परेशानियों से बहुत दुखी हूं। कृपा करके मुझे ऐसा रास्ता बताइए, जिससे मेरी सभी समस्याएं एक साथ समाप्त हो जाएं और मेरा जीवन सुखी हो जाए।” संत ने युवक की बात ध्यान से सुनी और मुस्कुराते हुए कहा, “मैं तुम्हें तुम्हारी परेशानियों से निपटने का रास्ता जरूर बताऊंगा, लेकिन पहले तुम्हें मेरा एक काम करना होगा।” युवक ने तुरंत कहा, “गुरुदेव, मैं आपका काम करने के लिए तैयार हूं।” संत ने कहा, “आज रात तुम्हें मेरी गौशाला में गायों की देखभाल करनी है। जब सभी गाय सो जाएं, तब तुम भी आराम करना, सो जाना।” युवक गौशाला में चला गया। पूरी रात वह गायों की देखभाल करता रहा। वह एक गाय को बैठा हुआ देखता तो दूसरी गाय खड़ी हो जाती। वह दूसरी को संभालता तो तीसरी उठ जाती। इसी तरह पूरी रात बीत गई और युवक एक पल भी नहीं सो पाया और सुबह हो गई। सुबह होते ही वह संत के पास पहुंचा। संत ने पूछा, “बताओ, रात को तुम्हें अच्छी नींद आई?” युवक ने जवाब दिया, “नहीं गुरुदेव, मैं पूरी रात सो नहीं सका, क्योंकि सभी गायें एक साथ सोई ही नहीं। एक सोती थी तो दूसरी जाग जाती थी।” संत ने कहा, “यही जीवन का सत्य है। हमारी परेशानियां भी इन गायों की तरह ही हैं। जीवन में सभी समस्याएं एक साथ समाप्त नहीं होतीं। जब एक समस्या दूर होती है तो दूसरी चुनौती सामने आ सकती है। इसलिए परेशानियों से भागना नहीं चाहिए, बल्कि धैर्य और साहस के साथ उनका सामना करना चाहिए। जीवन में समस्याएं आती-जाती रहेंगी, हमें इनकी वजह से निराश नहीं होना चाहिए।” युवक को संत की बात समझ आ गई। उसने शिकायत करना छोड़ दिया और हर समस्या का समाधान खोजने का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ समय बाद उसका जीवन पहले से अधिक शांत और संतुलित हो गया। संत की सीख

