दौसा में बस अग्निकांड के बाद पुलिस ने हटाया अतिक्रमण:नेशनल हाईवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कार्रवाई

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बस अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने एक्शन शुरू कर दिया है। सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने नेशनल हाइवे एवं एक्सप्रेस-वे पर विशेष अभियान चलाकर 38 स्थानों से अवैध अस्थायी अतिक्रमण हटाए। अभियान के दौरान सड़क किनारे बनी थड़ियां, होटल, ढाबे और अन्य अस्थायी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को जेसीबी की सहायता से हटाया गया। यह कार्रवाई प्रशासन और NHAI अधिकारियों ने संयुक्त रूप से की। पुलिस के अनुसार अभियान के तहत नांगल राजावतान थाना क्षेत्र में 12, पापड़दा में 9, राहुवास में 7, लालसोट में 6, बांदीकुई में 2, कोलवा और झांपदा में 1-1 अवैध अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान लालसोट, बांदीकुई और नांगल राजावतान वृत्तों में तहसील प्रशासन एवं NHAI अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी से अतिक्रमण हटाकर हाईवे और एक्सप्रेस-वे को सुगम किया गया। अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात को सुचारू बनाना और आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करना है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेस-वे की भूमि पर किसी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *