बारां के 23 छात्रावासों में होगी शिक्षकों की नियुक्ति:सामाजिक न्याय विभाग करेगा अधीक्षक पदों पर तैनाती, 5,000 रुपए मानदेय मिलेगा
बारां में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित 23 सरकारी छात्रावासों में शिक्षकों को अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया जाएगा। यह नियुक्तियां रिक्त पदों को भरने के लिए अतिरिक्त कार्य व्यवस्था के तहत की जा रही हैं। इनमें गवर्नमेंट अम्बेडकर एवं सावित्रीबाई फुले छात्रावास शामिल हैं। जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि चयनित शिक्षकों को प्रतिमाह 5,000 रुपए का समेकित मानदेय दिया जाएगा। यह नियुक्तियां 28 फरवरी 2027 तक या नियमित छात्रावास अधीक्षक की नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेंगी। बालिका छात्रावासों में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला शिक्षिकाओं को छात्रावास परिसर में अधीक्षक आवास में निवास करना अनिवार्य होगा। उन्हें छात्राओं की रात्रिकालीन देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। वहीं, पुरुष छात्रावासों के लिए निकटवर्ती स्कूल में कार्यरत या छात्रावास के समीप रहने वाले शिक्षकों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा जाएगा।

