चित्तौड़गढ़ के 527 युवाओं को मिला सरकारी नौकरी का तोहफा:बांटे गए अपॉइंटमेंट लेटर, युवा बोले – इसी दिन का था इंतजार
सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे सैकड़ों युवाओं के लिए शनिवार का दिन यादगार बन गया। राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार उत्सव के तहत चित्तौड़गढ़ जिले के 527 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसी दौरान बालोतरा जिले के पचपदरा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से राजस्थान में करीब 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया। जिले में इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम के साथ निम्बाहेड़ा, सभी उपखंडों और ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। जिले में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के जरिए कुल 597 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था, जिनमें से 527 युवाओं को रोजगार उत्सव के दौरान नियुक्ति पत्र दिए गए। रोजगार के साथ विकास परियोजनाओं पर भी रहा फोकस जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री गौतम दक रहे। उनके साथ सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलक्टर डॉ. मंजू, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र और प्रमाण-पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दौरान रोजगार के साथ-साथ प्रदेश में शुरू होने वाली बड़ी विकास परियोजनाओं पर भी विशेष जोर रहा, जिन्हें भविष्य में रोजगार और विकास से जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार बोली- युवाओं के लिए बढ़ रहे अवसर सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई सालों में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिले हैं और भर्ती प्रक्रिया को पहले से ज्यादा पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से रिफाइनरी, यमुना जल परियोजना और जयपुर मेट्रो फेज-2 जैसी बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत राजस्थान के विकास को नई गति देगी। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सभी नवनियुक्त युवाओं को बधाई दी। रिफाइनरी बनेगी रोजगार और विकास का बड़ा आधार: सांसद सांसद सीपी जोशी ने कहा कि राजस्थान के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। करीब 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं की शुरुआत प्रदेश के विकास में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित रिफाइनरी परियोजना अब शुरू होने जा रही है, जिससे प्रदेश का राजस्व बढ़ेगा और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि यमुना जल परियोजना और जयपुर मेट्रो फेज-2 जैसी योजनाएं भी राजस्थान की तरक्की में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लगातार युवाओं को सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों में रोजगार मिल रहा है और ये सभी परियोजनाएं प्रदेश की प्रगति का नया आधार बनेंगी। मेहनत, जिम्मेदारी और सेवा भावना का दिया संदेश विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि युवाओं की मेहनत और लगन का परिणाम आज उन्हें नौकरी के रूप में मिला है। उन्होंने कहा कि विकास और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है और नई परियोजनाओं से आगे भी अवसर बढ़ेंगे। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने नवनियुक्त युवाओं से कहा कि यह उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। नई जिम्मेदारी को ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भावना के साथ निभाते हुए जनता के भरोसे पर खरा उतरना ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। कार्यक्रम में नवनियुक्त युवाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों तथा अपने निरंतर परिश्रम को दिया। कनेरा क्षेत्र की रहने वाली प्रियंका धाकड़ ने बताया कि वर्तमान में उनका पदस्थापन राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, सेंती (चित्तौड़गढ़) में हुआ है। उन्होंने आरपीएससी प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) सीधी भर्ती परीक्षा-2024 में जीव विज्ञान विषय से सफलता हासिल की है और पूरे राजस्थान में उनकी 9वीं रैंक रही। उन्होंने बताया कि यह 2024 की भर्ती थी, परीक्षा 2025 में हुई और 15 जून को उनका पदस्थापन सेंती स्कूल में हुआ। अब उन्हें जॉइनिंग लेटर भी मिल गया है। प्रियंका ने बताया कि उन्होंने बीएससी और बीएड के बाद वर्ष 2023 में वनस्पति विज्ञान से एमएससी पूरी की। उन्होंने कहा कि परिवार में सरकारी नौकरी पाने वाली वह पहली सदस्य हैं। परिवार खेती करता है। उनके पिता सुरेश चंद्र धाकड़ का साल 2009 में सड़क हादसे में निधन हो गया था। उस समय वह करीब 11 साल की थीं। उन्होंने बताया कि यहां तक पहुंचने में उनकी माता शांति देवी धाकड़ का सबसे बड़ा सहयोग रहा। परिवार में बड़े भाई सुनील धाकड़ खेती करते हैं। उनके बाद एक बहन है और फिर वह हैं। चित्तौड़गढ़ के बोदियाना निवासी लोकेश बैरागी ने बताया कि उनका चयन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर हुआ है। उनका घर सैनिक स्कूल के पास स्थित है। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को हुई भर्ती परीक्षा में उन्होंने हिस्सा लिया था, जिसका परीक्षा केंद्र चित्तौड़गढ़ में था। काफी समय से तैयारी करने के बाद उनका चयन हुआ। लोकेश ने बताया कि उन्होंने बीएससी के बाद बीएड किया है। इसके बाद वे रीट और राजस्थान की अन्य भर्तियों की भी तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान इस भर्ती में उनका चयन हो गया। उन्होंने बताया कि आज नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए बड़े स्तर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 45 हजार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों सहित विभिन्न भर्तियों के कुल लगभग 53,900 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। उन्होंने बताया कि फिलहाल जॉइनिंग की आधिकारिक सूचना का इंतजार है और उम्मीद है कि जुलाई या अगस्त तक जॉइनिंग हो जाएगी। चित्तौड़गढ़ पुलिस लाइन निवासी रीना कंवर भाटी ने बताया कि उन्होंने एमएससी (गणित) तक पढ़ाई की है। उनका चयन सहायक सांख्यिकी अधिकारी (Assistant Statistical Officer) के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि उनका परिणाम तीन दिन पहले ही घोषित हुआ है। फिलहाल जॉइनिंग नहीं हुई है और संभावना है कि करीब एक महीने में जॉइनिंग हो जाएगी। रीना कंवर भाटी ने बताया कि यह भर्ती 2024 की वैकेंसी के लिए थी, जबकि इसकी परीक्षा वर्ष 2025 में आयोजित की गई थी।

